*अग्नि शिखा : द्रौपदी*
*पूर्व कथन*
“महाभारत की आदर्श नारी : द्रौपदी”
– रामबाबू नीरव
———————————
भारतीय वांग्मय में महाभारत का अपना एक महत्वपूर्ण स्थान है। इस विशाल धार्मिक ग्रंथ में मात्र ज्ञान की बातें और उपदेश ही नहीं है और न सिर्फ अपने अधिकार और वर्चस्व के लिए कुरुक्षेत्र के मैदान में लड़ा जाने वाला अठारह दिनों का महाविनाशकारी युद्ध मात्र है, बल्कि यह मानवीय संवेदनाओं, जटिल रिश्तों और नीयति के क्रूर खेल की एक ऐसी हृदय विदारक महागाथा है, जिसके केन्द्र में एक स्त्री खड़ी है। एक ऐसी स्त्री जिसका जन्म स्वाभाविक रूप से नहीं हुआ। जिसने अपने बचपन को नहीं देखा। जो बचपन में मिलने वाले माता-पिता के स्नेहिल
लाड़-दुलार से बंचित रही। वह सीधे अग्नि की लपटों से युवावस्था के रूप में अवतरित हुई थी। अग्नि की उन लपटों से उत्पन्न हुई उस युवती का नाम था “अग्निशिखा” जो पांचाल नरेश महाराज द्रुपद की पुत्री थी , इसलिए उसे द्रौपदी के नाम से ख्याति मिली। द्रौपदी को अग्निशिखा, पांचाली, अग्नि सुता, याज्ञसेनी आदि अनेक नामों से जाना जाता है।
द्रौपदी, जिसे इतिहास में अक्सर “प्रतिशोध की ज्वाला” या फिर विनाशकारी महाभारत युद्ध का कारण मानकर उसके व्यापक व्यक्तित्व को बहुत ही सीमित कर दिया गया है, वह वास्तव में अदम्य साहस और गरिमा की प्रतीक है। वह स्त्री के उस वर्ग का प्रतिनिधित्व करती है, जो समाज की सड़ी-गली परंपरागत मान्यताओं के विरुद्ध आवाज उठाती हुई, उसे चुनौती देती है। वह मौन रहकर पुरुष प्रधान समाज द्वारा जबरन स्त्रियों पर थोपे गए दकियानूसी नियमों को स्वीकार नहीं करती, बल्कि अन्याय के विरुद्ध जोरदार आवाज उठाती है। उसके मौन में भी विद्रोह की झलक दिखाई देती है। वह अपने विद्रोही तेवर के द्वारा यह सिद्ध कर देती है कि स्त्री किसी भी रूप में अवला नहीं है। यदि वह पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सकती है तो समय आने पर मुखर होकर उसके जुल्मो-सितम़ का विरोध भी कर सकती है। *अग्निशिखा* केवल उसके जन्म का ही परिचायक नहीं है, बल्कि उसकी उस तेजस्विता का परिचायक है, जिसने समय समय पर राजसभा के मौन को भंग किया और धर्म की नयी व्यवस्थाएं दी।
अपनी इस शोधपरक पुस्तक में मैंने द्रौपदी के चरित्र के उन उदात्त पहलुओं को छूने का प्रयास किया है, जिन्हें प्रायः नीयति का खेल या विडंबना मानकर छुपा दिया जाता है। इतिहास में मेरे समझ से शायद द्रौपदी ही ऐसी नारी हुई है जो पांच पतियों की पत्नी बनकर भी *पतिव्रता* बनी रही। पूरी निष्ठा के साथ वह अपने पांच पतियों (युधिष्ठिर, भीम, अर्जुन, नकुल और सहदेव) के साथ जीवन यापन करती रही। साथ ही एक आदर्श भारतीय नारी के स्त्रीयोचित धर्म का निर्वाह भी करती रही। किसी स्त्री के लिए पांच पतियों को संतुष्ट करके प्रत्येक के साथ एकात्मकता बनाए रखना बहुत बड़ी चुनौती हो सकती है। द्रौपदी ने इस चुनौती को सिर्फ स्वीकार ही नहीं किया, बल्कि पूरी निष्ठा पूर्वक उसका निर्वाह भी किया। ऐसा करके वह न सिर्फ एक आदर्श और आज्ञाकारी बहू होने का परिचय देती है, बल्कि एक नारी की गरिमा को शिखर तक पहुंचा देती है।
जहां वह अपने पांचों पतियों के साथ पूर्णरूपेण समर्पित रहती है, वहीं अपने उस पति के साथ कुछ अधिक ही अनुराग रखती है जो वास्तव में उसका सिर्फ पति ही नहीं बल्कि प्रेमी भी है और वह है पांचों पांडवों में तीसरा भाई महान धनुर्धर कुन्ती पुत्र अर्जुन। क्योंकि वह उसके पराक्रम और शौर्य को देखकर न सिर्फ उससे प्रभावित थी बल्कि मन ही मन उसे चाहने भी लगी थी। अर्जुन ने ही स्वयंवर में लक्ष्यवेध कर उसे जीता था। यह महज एक संयोग था या फिर विधि का विधान कि उसकी सासु मां कुंती ने बिना उसे देखे और कुछ समझे-बूझे एक वस्तु समझ कर अपने पांचों पुत्रों को आपस में बांट लेने की आज्ञा सुना दी। अपनी मां की आज्ञा का पालन करना न सिर्फ पांचों पांडवों के लिए बल्कि द्रौपदी के लिए भी धर्म था। इस विचित्र आज्ञा को शिरोधार्य कर पांचाली ने एक आदर्श बहू होने का परिचय दिया।
महाभारत की नायिका द्रौपदी सिर्फ एक आदर्श नारी ही नहीं है, बल्कि उसमें तेजस्विता के साथ साथ स्वाभिमान भी कूट-कूट कर भरा है। उसका वह स्वाभिमान तब मुखर होकर सामने आता है, जब भरी सभा में दुर्योधन और दुस्सासन अपने सत्ता के अहंकार में चूर होकर उसके स्त्रित्व को तार-तार करने की कुचेष्टा करता है। उस समय वह मात्र पांचाल नरेश महाराज द्रुपद की पुत्री नहीं रहती और न ही हस्तिनापुर साम्राज्य की कुल वधू रहती है, बल्कि उस समय वह उस समस्त नारी जाति का प्रतिनिधित्व करती हुई प्रतीत होती है, जिस नारी जाति का क्रूर पुरुष प्रधान समाज द्वारा सदियों से मान-मर्दन किया जाता रहा है। वह अकेली नारी कुरु वंश के समस्त पराक्रमी पुरुषों पर भारी पड़ जाती है। अपने वाक् बाणों से वेध कर वह उन तमाम वीर योद्धा को इस तरह क्षत-विक्षत कर देती है कि वे सारे के सारे सूरमा आहत होकर तड़पने लग जाते हैं। वे सभी अपना कलुषित मुखड़ा दिखाने लायक तक नहीं रह जाते। उस समय द्रौपदी को क्रोध दुर्योधन और दुस्सासन पर नहीं आता, क्यों कि वह जानती है कि ये दोनों भाई जन्मजात दुष्ट हैं और ऐसे दुष्टों से सदाचरण की अपेक्षा नहीं रखी जा सकती। उसे क्रोध अपने पांचों पतियों पर आता है और खासकर धर्मराज माने-जाने वाले युधिष्ठिर पर जो धर्मनिष्ठ होकर भी इस अधर्म को होते देखकर मौन साध लेते हैं। उसे क्रोध भीष्म पितामह पर भी आता है जो शौर्यवान और हस्तिनापुर के संरक्षक होते हुए भी अपने झूठे आदर्श और राजा के प्रति अपनी निष्ठा की दुहाई देते हुए इस पूरे घृणित दुष्कर्म पर निरीह प्राणी बने रहते हैं। महाभारत की इस घृणित घटना को हम सभी *चीरहरण* के नाम से जानते हैं। उस समय द्रौपदी की मनोदशा घोर अपमान जनक, असहाय, क्षोभ से भरी हुई और अंततः अपने स्त्रीत्व की रक्षा हेतु प्रगाढ़ आत्मविश्वास से मिश्रित भावों को अभिव्यक्त कर रही होती है।
पुरुषों की उस सभा में मात्र दो व्यक्ति ही ऐसे होते हैं जो पूरी मानव सभ्यता को धूलधूसरित कर देनेवाली इस घटना का मुखर होकर विरोध करते हैं। उनमें से एक हैं महात्मा विदुर और दूसरे हैं दुर्योधन के अपने सगा भ्राता विकर्ण। ये दोनों भरी सभा में कुरु राजवंश की एक कुलवधु का चीरहरण जैसा घृणित दुष्कर्म नहीं देख पाते और कठोरतम शब्दों में इस मानवता को लज्जित कर देनेवाली घटना का विरोध करते हैं। परिणाम यह होता है कि दुष्ट स्वभाव वाले दुर्योधन और दुस्सासन द्वारा उन दोनों पर राजद्रोह का अभियोग लगाकर सभा से निष्कासित कर दिया जाता है।
अपने असहाय पतियों और स्वयं को महापराक्रमी मानने वाले भीष्म पितामह की ओर से निराश होकर द्रौपदी अपने सखा भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण करती है। उसकी मूक प्रार्थना को सुनकर द्वारिका में बैठे हुए श्रीकृष्ण ही उसके स्त्रित्व की रक्षा करते हैं। यह द्रौपदी के आत्मविश्वास और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति उसकी अटूट आस्था का परिचायक है। यही आस्था भक्ति की वह पराकाष्ठा है जो भगवान और भक्त को एकाकार कर देता है।
द्रौपदी एक दृढ़ निश्चयी स्त्री है। जहां उसने *चीरहरण* जैसे दुष्कर्म का अपमान सहा वहीं वह अपने संकल्प पर पत्थर की भांति अटल खड़ी रही। जहां उसे मौन रहना चाहिए वहां उसने मौन धारण किया और जहां मुखर होना चाहिए वहां उसने बुलंद आवाज में अधर्म का विरोध किया। उसने अपने दुस्साहस का परिचय देते हुए तथा अपनी ओजपूर्ण वाणी में विरोध प्रदर्शित करते हुए हस्तिनापुर के राजसिंहासन को हिलाकर रख दिया। उसने भरी सभा में प्रण किया था कि जब तक वह चीरहरण करने वाले दुष्ट दुस्सासन की छाती के रुधिर से अपने बाल नहीं भींगो लेगी तब तक वह अपना जुड़ा नहीं बांधेगी। और अंतोगत्वा उसने अपना प्रण पूरा करके ही दम लिया। वह दृढ़ निश्चयी के साथ साथ ममता की प्रतिमूर्ति भी थी। महाभारत युद्ध की समाप्ति के पश्चात एक मध्यरात्रि में द्रोणाचार्य के पुत्र अश्वत्थामा द्वारा द्रौपदी के भाइयों तथा पांचों पांडवों से उत्पन्न पुत्रों की सुप्तावस्था में हत्या कर दिये जाने जैसे जघन्यतम अपराध को भी वह यह मानकर क्षमा कर देती है कि अश्वत्थामा उसके पतियों के तथा उसके अपने भ्राता धृष्टद्युम्न के गुरु भाई हैं। इतना बड़ा विशाल हृदय किसी ममता की देवी का ही हो सकता है। इस उपन्यास में द्रौपदी महज एक पात्र नहीं हैं, बल्कि एक दृष्टिकोण है। मेरा यह उपन्यास पाठकों को उस पीड़ा, उस अलौकिक प्रेम, उस त्याग से परिचित कराएगा, जो इतिहास के पन्नों में कहीं गुम हो चुका है। महाराज द्रुपद की पुत्री, कुरु राजवंश की कुलवधु, पांडवों की पत्नी और भगवान श्रीकृष्ण की सखी का इन तमाम रिश्तों के बीच खुद के द्वारा स्थापित किया गया अपना एक अलग और महत्वपूर्ण अस्तित्व था। यही मेरे इस उपन्यास का मूल भाव है।
∆∆∆∆∆
।