रामबाबू नीरव का उपन्यास अग्निशिखा द्रौपदी :प्रथम आख्यान

धारावाहिक पौराणिक उपन्यास
—————————–
*अग्निशिखा : द्रौपदी*
– रामबाबू नीरव
*(प्रथम खंड)*
*प्रथम आख्यान*
*मित्रता और शत्रुता*
पांचाल राज्य की राजधानी काम्पिल्य की भव्य अट्टालिका के झरोखे पर महाराज द्रुपद अपने दोनों हाथों को पीछे की ओर एक-दूसरे से बांधे हुए बड़ी बेचैनी के साथ चहल कदमी कर रहे थे। उनके मुखमंडल पर क्रोध की लालिमा छाई हुई थी। ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे उनके हृदय में ज्वालामुखी धधक रहा हो। उस ज्वालामुखी का वेग इतना तीव्र था कि किसी भी समय भयानक विस्फोट हो सकता था। भारत भूमि के एक संप्रभुता सम्पन्न प्रतिष्ठित राज्य के वैभव को एक साधारण से भिक्षुक ब्राह्मण ने मिट्टी में मिलाने की धृष्टता की थी। जिस राज्य की ओर आंखें उठाकर कर देखने का दुस्साहस आज तक बड़े बड़े शक्तिशाली राजा महाराजा नहीं कर सके उस राज्य की गरिमा को एक साधारण से ब्राह्मण ने रौंद डाला। ओफ्…. ओफ् ! असह्य है यह अपमान ! अपमान के इस मर्मभेदी दंश को महाराज द्रुपद कैसे सहन कर गये यह आश्चर्य की बात है। यदि वह निर्धन ब्राह्मण उनके बचपन का मित्र न रहा होता तो वे स्वयं अपने ही हाथों से उसकी धृष्टता का समोचित दंड दे चुके होते। परंतु अफसोस वह उनका बाल सखा था। चहलकदमी करते करते हठात् उनके पांव थम गये। उनकी दृष्टि पश्चिम दिशा की ओर उठ गई। उन्हें लगने लगा, जैसे अस्त हो रहे भगवान भास्कर भी आज उनकी हीनावस्था का उपहास उड़ा रहे हों। क्यों….? क्यों वे स्वयं को आज इतना असहाय महसूस कर रहे हैं ? क्यों भारत भूमि में अजेय माने जाने वाला शक्तिशाली राज्य पांचाल का प्रभुत्व बालू की भीत की तरह डगमगा रहा है। उन्हें लगने लगा जैसे उनकी शक्ति क्षीण होती जा रही है। बड़ी कठिनाई से उन्होंने स्वयं पर काबू पाया और किसी थके हुए मुसाफिर की तरह धप से झरोखे पर रखे एक स्वर्णिम सिंहासन पर बैठ गये।
धीरे धीरे सूर्य की लालिमा को गहन अन्धकार निगलता जा रहा था। परंतु महाराज को इसकी रत्ती भर भी चिंता न थी। अचानक इस गहन अन्धकार में उन्हें अपनी आंखों के समक्ष एक कुटिल चेहरा उभरता हुआ दृष्टिगोचर हुआ। हां, वही है, वही है वह कुटिल ब्राह्मण जिसने पांचाल नरेश की संप्रभुता को चुनौती दी है। द्रोण….. भारद्वाज ऋषि का पुत्र। जो कभी उनका सहपाठी हुआ करता था। सच तो यह था कि वह उनका सहपाठी कम और मित्र अधिक था। गुरुकुल में उन दोनों की मित्रता की तूती बोला करती थी। बाल्यावस्था के वे दिन कितने उमंग भरे थे। सारी दुश्चिंताओं से मुक्त। अल्हड़ बाल्यावस्था के उन्हीं दिनों में अपने मित्र द्रोण की विपन्नावस्था को देखते हुए उन्होंने बिना कुछ सोचे समझे वचन दे दिया था -“प्रिय मित्र द्रोण, तुम चिंता मत करो, यदि मैं भविष्य में कभी पांचाल राज्य का राजा बना तो तुम्हें अपने राज्य का आधा भाग दे दूंगा।”
बात आयी-गयी हो गयी। दोनों मित्र गुरुकुल की शिक्षा पूर्ण कर अपने अपने घरों को लौट गये।
*****
कालांतर में युवराज द्रुपद पांचाल राज्य* के राजा बने। शीघ्र ही उन्होंने पूरे भारत भूमि में अपने शौर्य का डंका पिटवा दिया। उस काल के भारत के कुल 16 महा जनपदों में पांचाल महा जनपद (संप्रभुता सम्पन्न राज्य) का प्रमुख स्थान हुआ करता था। पांचाल राज्य की तरह पांचाल नरेश महाराज द्रुपद की भी तूती बोला करती थी। वे सिर्फ पराक्रमी और शौर्यवान ही नहीं बल्कि एक प्रजा-पालक राजा के रूप में विख्यात हो गये। प्रजापति होने के कारण प्रजा उन्हें प्राणों से भी अधिक चाहने लगी। कई वर्ष बीत गये। राज-काज में महाराज द्रुपद इतने व्यस्त हो गये कि वे अपने बचपन की सारी बातों को भूल चुके थे। इस बात को भी कि उनका कोई द्रोण नाम का मित्र भी हुआ करता था।
इसी आपाधापी के बीच एक कुलीन राजघराने की सुशिक्षित, सुलक्षणा और सर्वगुण संपन्न राजकुमारी पृशति के साथ उसका विवाह हो गया। राजमहल में आने के बाद राजकुमारी पृशति अब महारानी पृशति में बन गई। सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा था। राज-काज भी और उन दोनों का वैवाहिक जीवन भी। परंतु किसे पता था कि आनंद पूर्वक जीवन जी रहे महाराज द्रुपद के समक्ष अचानक उनका बाल सखा द्रोण ही काल बनकर उनके समक्ष उपस्थित हो जाएगा। एक दिन दरबार में आकर द्वारपाल ने उन्हें सूचना दी – “महाराज द्रुपद की जय हो। आपके बाल सखा आचार्य द्रोण आप से मिलने को इच्छुक हैं।” आचार्य द्रोण का नाम सुनते ही महाराज द्रुपद उछल पड़े। उनकी प्रसन्नता का ठिकाना न रहा। उन्होंने द्वारपाल को आज्ञा देते हुए कहा -” मेरे मित्र आचार्य द्रोण को पूरे राजकीय सम्मान के साथ दरबार में उपस्थित किया जाए।”
जब दीन-हीन अवस्था में आचार्य द्रोण दरबार में उपस्थित हुए तब उनकी हीनावस्था को देख कर महाराज द्रुपद की आत्मा कांप उठी। उनकी आंखें छलछला पड़ी। वे समझ गए -“उनके मित्र कुछ याचना लेकर आए हैं।” उन्होंने शीघ्र ही सोने की अशर्फियां उन्हें भेंट की । परंतु यह क्या? उनके मित्र द्रोण ने उपेक्षा भाव से वह उपहार उनके कदमों में फेंकते हुए क्रोध से चिल्ला पड़े -“अभिमानी राजा द्रुपद, मैं तुम्हारे दरबार में भिक्षा की याचना लेकर नहीं आया हूं।”
“क्या….?” मात्र महाराज द्रुपद ही नहीं, बल्कि महामंत्री और सेनापति से लेकर सभी सभासद भी उस विप्र की इस धृष्टता को देखकर अचंभित रह गये। पांचाल नरेश महाराज द्रुपद के समक्ष आजतक ऐसी धृष्टता करने का दुस्साहस किसी ने भी नहीं किया था। परंतु महाराज द्रुपद अपने मित्र पर कुपित होने की बजाए हंस कर बोले -“मित्र द्रोण, मुझसे ऐसा कौन सा अपराध हो गया जो तुमने धनलक्ष्मी का इस तरह से निरादर कर दिया?”
“निरादर…..निरादर की बात करते हो राजा द्रुपद! क्या तुम नहीं जानते कि तुमने एक ब्राह्मण का कितना बड़ा अपमान किया है।”
“अपमान….. कैसा अपमान?” चकित रह गए महाराज द्रुपद और उनके सभी सभासद।
“मेरे ही राजकोष में से तुम मुझे भिक्षा दे रहे हो। यह मेरा अपमान नहीं तो और क्या है?”
“तुम्हारा राजकोष? यह कैसी पहेली है मित्र?” ब्राह्मण द्रोण की एक एक बातें चूभ रही थी महाराज द्रुपद को। फिर भी उन्होंने अपना धैर्य नहीं खोया, जबकि सेनापति और महामंत्री से लेकर सभी सभासदों की सहनशक्ति ज़वाब देने लगी थी।
“यह पहेली नहीं बल्कि सच्चाई है राजा द्रुपद। स्मरण करो आज से दस वर्षों पूर्व की बातें क्या तुमने मुझसे नहीं कहा था कि मित्र द्रोण, जब मैं पांचाल राज्य का राजा बनूंगा तब अपना आधा राज्य तुम्हें दे दूंगा।”
“क्या मैंने ऐसा कहा था?” महाराज द्रुपद साश्चर्य अपने बाल सखा की ओर देखने लगे। सचमुच उन्हें कुछ भी स्मरण न था।
“कृतघ्न….दिये हुए वचन को भी भूल गये तुम।” क्रोध से कांपने लगे विप्रवर।
“हो सकता है मैंने ऐसा कहा हो, परंतु वे बचपन की बातें थीं, उन बातों को तुमने सत्य कैसे मान लिया?” अब धीरे-धीरे महाराज द्रुपद की क्रोधाग्नि भी भड़कने लगी। सेनापति ने अपने म्यान से तलवार खींच लिया। परंतु महाराज का संकेत पाकर रूक गया।
“वचन बचपन में दिया गया हो, अथवा युवावस्था में, वचन वचन होता है द्रुपद” सेनापति और सैनिकों के तेवर को देखकर द्रोण कुछ नम्र तो पड़ गये, परंतु उनका अहंकार यथावत था -“एक आदर्श राजा का कर्तव्य होता है कि वह अपने वचन का यथासंभव पालन करे।”
“ठीक है मित्र मैं मानता हूं कि मैंने ऐसा कहा था, परंतु वह बाल्यावस्था की मेरी भूल थी। मैं अपनी उस भूल के लिए तुमसे क्षमा याचना करता हूं।” शांत भाव से क्षमा याचना करते हुए बोले महाराज द्रुपद -“फिर भी पांचाल देश का प्रतापी राजा होने के नाते मैं तुम्हें अपने राज्य का महामंत्री पद पर नियुक्त करता हूं।”
“नहीं…..!” चीख पड़े द्रोण -“लूंगा तो आधा राज्य ही, अन्यथा तुम्हारा कोई भी प्रलोभन मुझे स्वीकार नहीं।”
“असंभव।” उसी भांति चीख पड़े महाराज द्रुपद भी -“न तो तुम कभी मेरे मित्र थे और न हो। मित्रता समान कोटि के लोगों के साथ किया जाता है। तुझ जैसे विपन्न ब्राह्मण से नहीं। हम क्षत्रिय हैं, शासक हैं हम। तुम ब्राह्मण हो, तुम मंत्री बन सकते हो, परंतु राजा नहीं और फिर मैं अपने पुरखों द्वारा अर्जित किये गये राज्य आधा तुम्हें कैसे दे दूं?” महाराज ने अपना अंतिम निर्णय सुना दिया। फिर तो ऋषि भारद्वाज पुत्र द्रोण तिलमिला उठे। उनका ब्राह्मणत्व जाग्रत हो गया। अपनी बंधी हुई शिखा को खोलकर महाराज द्रुपद की ओर आग्नेय नेत्रों से देखते हुए बोले द्रोण -“तो ठीक है, मैं, महर्षि भारद्वाज पुत्र आचार्य द्रोण आज काम्पिल्य की इस भरी हुई राजसभा में प्रण करता हूं कि जब तक इस राज्य का आधा भू-भाग अपने अधीन न कर लूंगा और तुम्हें अपने पांवों में झुकने को विवश न कर दूंगा तब तक अपनी शिखा नहीं बांधूंगा।” इतना कहकर वे द्वार की ओर
मुड़ गये ! जाते हुए द्रोण के कानों में महाराज द्रुपद का भी प्रण सुनाई दिया -“द्रोण, तुम भी कान खोलकर सुन लो पांचाल देश की भूमि में से सूई के नोक बराबर भी तुम्हें नहीं मिलेगी। यदि तुमने मेरे राज्य की ओर बक्र दृष्टि से भी देखने की धृष्टता की तो महाराज पृशत पुत्र द्रुपद तुम्हारी आंखें निकाल लेगा।”
“हुंह….देख लूंगा।” क्रोध से कांपते और पांव पटकते हुए राजसभा से बाहर निकल गये द्रोण। उन्होंने स्वयं को अपमानित महसूस किया।
उनके जाने के बाद राजसभा में पूर्णतः निस्तब्धता छा गयी। कुछ क्षण तक स्वयं महाराज द्रुपद भी स्तब्ध थे – “आखिर यह हो क्या गया ।” सभासद साश्चर्य से एक-दूसरे का मुंह निहार रहे थे!
∆∆∆
काम्पिल्य की राजसभा से अपमानित होकर निकलने के पश्चात आचार्य द्रोण विक्षिप्तता की सी अवस्था में निरुद्देश्य बढ़े जा रहे थे पूरब दिशा की ओर। जेष्ठ की चिलचिलाती हुई धुप उनके शरीर को झुलसा रही थी। परंतु अपने बाल सखा द्वारा मिले अपमान की वेदना उन्हें किसी अन्य पीड़ा की अनुभूति नहीं होने दे रही थी। बड़ी उम्मीद लेकर आए थे द्रोण अपने बाल सखा महाराज द्रुपद के दरबार में। परंतु अपने अहंकार में चूर होकर द्रुपद उनके साथ ऐसा दुर्व्यवहार करेगा उन्होंने स्वप्न में भी ऐसी कल्पना तक न की थी। माना कि वे एक उच्च ब्राह्मण कुल में उत्पन्न हुए हैं, इसका मतलब यह तो नहीं हुआ कि वे राज प्रबंधन के अयोग्य हैं। ऐसा तो कोई विधान नहीं कि राजा कोई क्षत्रिय ही बन सकता है। इस भारत भूमि पर चाहे धार्मिक अनुष्ठान हों अथवा राज-काज की जिम्मेदारी सभी कार्यों में ब्राह्मणों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया है। क्या महर्षि विश्वामित्र पूर्व में राजा नहीं थे? राह चलते हुए सोचते सोचते द्रोण स्वयं को थका थका सा महसूस करने लगे। एक घने तरुवर के नीचे वे विश्राम के निमित्त बैठ गये। प्रचण्ड गर्मी के कारण पसीने से नहा चुके थे द्रोण । ठंडी ठंडी हवा ने उन्हें नींद की गोद में समेट लिया। अभी वे प्रथम झपकी ही ले पाए थे कि उनकी आंखों के समक्ष उनकी धर्मपत्नी कृपि देवी का कुम्हलाया हुआ मुखड़ा नाच गया और इसके साथ ही उनकी नींद उचट गयी। उन्हें प्रतीत हुआ जैसे उनकी पत्नी बड़ी व्याकुलता से उनकी प्रतीक्षा कर रही है। वे झटपट उठकर खड़े हो गए। और लम्बे लम्बे डग भरते हुए अपने घर की ओर प्रस्थान कर गये।
***

WhatsApp Image 2026-05-27 at 16.08.03 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment