मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -53

वहाँ कौन है? — भाग 53

वेलकार कुछ देर तक चुप खड़ा रहा। उसके चेहरे पर कई भाव एक साथ आ-जा रहे थे। सामने खड़ी लेविरा के लिए उसके मन में नाराज़गी थी लेकिन उससे कहीं अधिक उसे यह समझने की बेचैनी थी कि उस दिन वास्तव में हुआ क्या था।

“तुमने कहा था कि नैव ने एलवारा से उस अंश के बारे में जानकारी हासिल कर ली थी,” उसने पैनी निगाह से लेविरा को देखते हुए कहा, “लेकिन उसने उसे हासिल कैसे किया? तुम वहाँ नहीं थीं, फिर तुम्हें कैसे पता चला कि उसने क्या किया?”

लेविरा ने कुछ क्षण आँखें बंद रखीं, “जो मैं बता रही हूँ, उसमें कुछ बातें मुझे बाद में एलवारा से समझ में आईं और कुछ उस दिन की मेरी अपनी स्मृति से मगर उस दिन मैंने जो देखा और महसूस किया था, वह आज भी मेरे भीतर वैसे ही मौजूद है।”

वह कुछ क्षण रुक कर फिर बोली जैसे अतीत की घटना उसकी आँखों के सामने घटित हो रही हो, “उत्सव चल रहा था। पूरा द्युति लोक उत्सव की तैयारियों में लगा था। मैं भी वहीं थी। मैंने नैव से साथ चलने के लिए कहा था पर उसने मना कर दिया। उसने कहा कि वह एलवारा के पास जाना चाहता है।”

” हम सुन रहे हैं, बोलती रहो।”, लेविरा के चुप होते ही रेवनोर ने कहा।

लेविरा ने पलकें जल्दी–जल्दी झपकाई और आगे बोली, “वह अपनी पुरानी जिंदगी को भूल चुका था। उसे अपना नाम तक ठीक से याद नहीं था। वह अक्सर कहता था कि उसके भीतर कुछ है जिसे वह समझ नहीं पा रहा। उसे लगता था कि अगर वह अपनी चेतना को गहराई तक ले जाए तो शायद उसे अपने अतीत की कोई स्मृति मिल जाए। मैंने उसकी बात पर विश्वास किया।”

“और वह अकेला एलवारा के पास चला गया?”, वेलकार ने पूछा।

“हाँ।”

लेविरा का स्वर धीमा हो गया, “मुझे तब बिल्कुल अंदेशा नहीं था कि वह वहाँ क्या करने जा रहा है।”

वेलकार ने उसकी ओर देखा, लेकिन इस बार उसने उसे टोका नहीं।

लेविरा बताती रही, “बाद में मुझे पता चला कि नैव ने एलवारा के सामने बहुत देर तक अपनी चेतना के जागरण की बात की थी। उसने उससे ऐसे प्रश्न पूछे जिनसे उसे लगता रहा कि वह अपनी खोई हुई स्मृतियों को वापस पाने की कोशिश कर रहा है। एलवारा ने उसे ध्यान करने और अपनी चेतना को भीतर की ओर केंद्रित करने का तरीका बताया।”

लेविरा ने एक गहरी साँस ली, “लेकिन नैव केवल ध्यान नहीं कर रहा था। उसके भीतर ऐसी कोई शक्ति थी जिसके बारे में मुझे ही नहीं शायद एलवारा को भी कभी पता नहीं चला। हो सकता है कि नैव को स्वयं भी उसके पूरे स्वरूप का ज्ञान नहीं हो… उसने अपनी चेतना को जिस तरह फैलाया, उससे वहाँ की प्रकाश-धाराओं में असामान्य हलचल होने लगी।”

उदय ध्यान से सुन रहा था, “क्या हुआ फिर?”

“पहले तो केवल रक्षक असहज हुए। उन्हें चक्कर जैसा महसूस हुआ। उनमें से एक को नैव पर कुछ संदेह हुआ। उसने उसकी ओर बढ़ने की कोशिश की लेकिन कुछ ही क्षण में वह गिर पड़ा।”

“नैव ने उन्हें मारा था?”, सुक्खी ने पूछा।

“नहीं।”, लेविरा ने तुरंत कहा, “यही बात सबसे विचित्र है। उसने उन्हें छुआ तक नहीं था।”

सब चुपचाप उसे सुन रहे थे।

“उसने अपने आसपास एक ऐसी तरंग पैदा की थी जो सीधे शरीर पर नहीं, चेतना पर असर कर रही थी। रक्षक जैसे अपनी ही चेतना के भीतर भारीपन महसूस करने लगे। उनकी आँखें खुली थीं लेकिन वे प्रतिक्रिया नहीं कर पा रहे थे। एक-एक करके सब बेहोश हो गए।”

“और तुम कैसे बेहोश हुई?”

लेविरा ने वेलकार की ओर देखा।
वेलकार की भौंहें सिकुड़ गईं।“तुम भी वहाँ पहुँच गई थीं?”

“नहीं। मैं उसी समय उत्सव में थी। लेकिन नैव की उस शक्ति का प्रभाव केवल एलवारा के क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा। मुझे अचानक लगा जैसे मेरे सिर के भीतर किसी ने सारी आवाजें बंद कर दी हों। मेरे आसपास के लोग धुंधले पड़ने लगे। मैं कुछ समझ पाती, उससे पहले मेरी चेतना चली गई।”

वह कुछ क्षण चुप रही।,“जब मेरी आँखें खुलीं, तब तक सब कुछ हो चुका था।”

वेलकार ने पूछा,“और एलवारा?”

“वह भी उस समय तक समझ नहीं पाई थी कि नैव वास्तव में क्या कर रहा है।”

लेविरा की आँखें नम हो गईं,“एलवारा को लगा था कि वह अपनी चेतना के किसी बंद हिस्से तक पहुँचने की कोशिश कर रहा है। वह उसे रोकना नहीं चाहती थी लेकिन जब नैव ने उस हरी प्रकाश-परत के भीतर प्रवेश किया जहाँ एलवारा का वह अंश सुरक्षित था, तब उसे पहली बार संदेह हुआ।”

मायरा ने पूछा, “वही जीव-स्मृति को संतुलित रखने वाला अंश?”

लेविरा ने सिर हिलाया, “हाँ। वह केवल द्युति लोक के लिए महत्वपूर्ण नहीं था। जीव-स्मृति की धाराएँ पूरे संसार के जीवों की स्मृतियों और चेतना के संतुलन से जुड़ी थीं। वह अंश कमजोर पड़ता तो स्मृतियों की धाराएँ असंतुलित हो सकती थीं। कुछ स्थानों पर जीव अपने अतीत को खो सकते थे, कुछ में पुरानी स्मृतियाँ वर्तमान पर हावी हो सकती थीं। धीरे-धीरे यह असंतुलन दूसरे लोकों तक फैल सकता था।”

उदय ने गंभीरता से कहा, “तो वह सिर्फ एलवारा की शक्ति का हिस्सा नहीं था।”

“नहीं,” लेविरा बोली, “वह उससे कहीं अधिक था।”वह फिर उस दिन की ओर लौट गई, “नैव उस हरी परत के भीतर पहुँचा। वहाँ प्रकाश की कई धाराएँ एक-दूसरे में मिल रही थीं। उनके बीच वह अंश सुरक्षित था। वह सामान्य प्रकाश जैसा नहीं था। वह जैसे चेतना का सघन रूप था—बहुत छोटा पर उसके भीतर असंख्य जीवित स्मृतियों की गति महसूस की जा सकती थी।”

“और नैव ने उसे निकाल लिया?”

“हाँ।”

लेविरा ने आँखें झुका लीं,“उसने उसे छुआ और उसी क्षण एलवारा को सब समझ में आ गया।”

कमरे में सन्नाटा फैल गया, “उसने नैव को रोकने की कोशिश की?”

“उससे पहले नैव अंश को अपने साथ ले चुका था।”,लेविरा की आवाज काँपने लगी।

“एलवारा की वह आवाज… जिसे हमने सुना था… वह किसी घायल शरीर की पीड़ा की आवाज नहीं थी। वह छल की पीड़ा थी। उसे दुख इस बात का था कि उसने किसी पर विश्वास किया था और उसी विश्वास का इस्तेमाल उसके विरुद्ध हुआ।”

वेलकार ने धीरे से आँखें बंद कर लीं।उसे अचानक वही दृश्य याद आया…उत्सव..लेविरा…उसकी ओर उछाली गई रंगों की थाली…और फिर सब कुछ अंधेरा।

“उसकी चीख सुनकर सभी उसके क्षेत्र की ओर भागे,” लेविरा ने कहा। “जब रक्षकों को होश आया, तब तक नैव वहाँ नहीं था। एलवारा का अंश भी गायब था।”

“और उसके बाद?”

“उसके बाद एलवारा ने ध्यान लगाया। उसने उस अंश की स्थिति महसूस करने की कोशिश की। उसे इतना पता चल गया कि वह द्युति लोक के भीतर नहीं है।”

मायरा ने धीरे से पूछा,“तो नैव उसे लेकर कहीं और चला गया?”

“हाँ।”

“लेकिन कहाँ?”

लेविरा ने सिर हिला दिया,“मुझे नहीं पता।”

कुछ क्षण तक कोई नहीं बोला।

फिर सुक्खी ने पूछा,“ हमें एलवारा इतनी शक्तिशाली है ,उसने नहीं रोका तुरंत?”

” पता नहीं कैसे ,क्या हुआ? वह शक्ति के अंश के साथ एक पल से भी कम समय में गायब हो गया। शायद वह पहले से ही पूरी तैयारी के साथ आया था या फिर यहां आने के बाद ही उसने योजना बनाई…पर जो भी हो, हमने उस शक्ति को खो दिया

उदय ने उसकी ओर देखा,” जो होना था हो चुका, अब हम जान चुके हैं क्या हुआ। लेविरा को दोष देने का कोई लाभ नहीं । वह खुद भी छली गई है।” यह सुनते ही लिवरा की आंखें छलछला उठीं। वही मायरा ने यदि को गर्व से देखा। उसे खुशी हुई कि उदय स्थिति समझ कर उसे दोष नहीं दे रहा था।

उदय ने मायरा की वह दृष्टि देखी लेकिन इसका अर्थ नहीं समझ पाया। “अब बताओ, आगे क्या किया जाएगा?”, उसने वेलकार से पूछा।

वेलकार ने उन सभी को शक्ति के विषय में बताया जिसके द्वारा वे उस अंश को खोज सकते थे साथ ही उसे जागृत करने की बात भी याद दिलायी। वह उन सभी को अपने भवन में ले गया और उन्हें सुरक्षित पात्र में रखा वह बीज दिखाया।

सभी को पांडुलिपि में पढ़ी हुई विधि याद थी। अब उन्हें उस विशेष स्थान तक जाना था जहाँ एलवारा की चेतना से जुड़ी ऊर्जा-धारा सबसे स्पष्ट रूप में अनुभव होती थी। वहाँ बीज को उस दिशा में स्थापित करना था जिसे पांडुलिपि ने किसी पृथ्वी जैसी दिशा के नाम से नहीं, बल्कि ‘चेतना-अभिमुख’ संकेत से पहचाना था…वह दिशा जहाँ से एलवारा की मूल ऊर्जा-धारा उस लोक में प्रवाहित होती थी।

प्रभात ने बीज को पात्र सहित सावधानी से उठा लिया, “तो चलें?”

रेवेनोर भी उनके साथ हो लिया।कुछ समय बाद वे उस ऊँचे चट्टानी क्षेत्र में पहुँचे जहाँ पांडुलिपि के संकेत उन्हें ले जा रहे थे। वहाँ चारों ओर अजीब-सी शांति थी। कोई हवा नहीं थी, फिर भी वातावरण में सूक्ष्म कंपन महसूस हो रहा था।

प्रभात ने चारों ओर देखा, “यही जगह है।”

उदय ने पांडुलिपि के संकेत से मिलान किया और सिर हिलाया।
“हाँ।”

प्रभात आगे बढ़ा।बीज उसकी हथेली में था।वह उस दिशा में खड़ा हुआ जिसे पांडुलिपि में चेतना-अभिमुख कहा गया था।

कुछ क्षण तक कुछ नहीं हुआ फिर उसके आसपास तैरते प्रकाश-कण एक निश्चित लय में घूमने लगे।प्रभात ने आँखें बंद कर लीं।
उसने पांडुलिपि में बताए आह्वान के शब्दों को उसी क्रम में दोहराया।पहले धीमे स्वर में…फिर कुछ अधिक स्पष्टता के साथ।

मायरा, उदय, प्रभा और सुक्खी कुछ दूरी पर खड़े होकर उसे देखते रहे।अचानक प्रभात की हथेली गर्म होने लगी।उसने आँखें खोलीं, “यह… गर्म हो रहा है।”

उदय आगे बढ़ा लेकिन उसी क्षण मायरा ने उसका हाथ रोक दिया, “रुको।”

बीज के ऊपर एक महीन दरार उभर आई थी…फिर दूसरी..फिर तीसरी…कुछ ही क्षणों में उसकी पूरी सतह पर महीन रेखाएँ फैल गईं।

सुक्खी की आँखें फैल गईं…” इसमें कुछ हो रहा है।”

बीज धीरे-धीरे खुलने लगा लेकिन उसके भीतर कोई साधारण प्रकाश नहीं था। एक– एक करके कई प्रकाश रश्मियां निकलने लगीं। वे न हरी थीं, न सुनहरी, न गुलाबी और न नीली।

उनका रंग ऐसा था जिसे उन्होंने पहले कभी किसी वस्तु में नहीं देखा था जैसे पारदर्शी प्रकाश के भीतर बैंगनी, रजत और हल्के ताम्र रंग एक-दूसरे में घुलकर भी अलग-अलग चमक रहे हों।

वे रश्मियाँ ऊपर उठीं और प्रभात के चारों ओर घूमने लगीं फिर अचानक वे एक बिंदु पर आकर ठहर गईं।उस बिंदु से एक गहरी, शांत ध्वनि निकली जैसे कोई बहुत पुरानी शक्ति लंबे समय बाद जागी हो।

उदय ने विस्मय से कहा,“यह क्या है?”

किसी के पास उत्तर नहीं था।सिर्फ बीज के भीतर से निकलती वे अनोखी रश्मियाँ थीं जो अब धीरे-धीरे अपना आकार बदल रही थीं।
Megha
( शक्ति जागृत हो रही है, अब प्रभात का रक्त कैसे काम करेगा? बताइए अगर आपको ऐसी शक्ति मिल जाए तो आप क्या करेंगे)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment