दर्द न जाने कोई
भाग -13
“सुन यार…तुझसे एक बात कहनी है,” राकेश ने एक कंकड़ नहर में फेंकते हुए कहा।
पत्थर नहर के पानी पर उछलता हुआ तेजी से आगे बढ़ गया लेकिन उसकी तरंगें लेकिन देवेन्द्र ने महसूस कीं। उसके अंग-अंग में रोमांच हो उठा। अभी-अभी जो उदासी के बादल उस पर छाए थे, मानो एकाएक हट गए और रोशनी की पतली-सी किरण चमकने लगी। सहसा उसके मन में उठा, ‘ओह…लगता है, इसे भी मुझसे प्यार हो गया है, शायद यही कहेगा’ और उसकी तरफ देखते हुए बोला, “हाँ बोल…क्या कहना है?”
“यार…व…वह जो तेरे पड़ोस में ज्योति रहती है ना…”
“हाँ…वह जिसका एक पैर खराब है?”
“हाँ…हाँ…वही”
“क्यों क्या हुआ उसे…?”
“यार…तुझसे क्या छुपाना…मैं उसे चाहता हूँ।”
देवेन्द्र के ऊपर मानो पहाड़ टूट पड़ा। उसे लगा कि सामने नहर का पानी उसके ऊपर चढ़ा आ रहा है और वह उसमें डूब रहा है। दूर बहुत दूर से राकेश की आवाज़ आ रही है… ‘मैं उसे चाहता हूँ’। देवेन्द्र के हाथ पैरों में कम्पन होने लगा। नथुने फूलने लगे, होंठ फड़कने लगे। आँखों में आई नमी इतनी बढ़ गयी कि बूँदें पलकों से गाल पर अब टपकीं कि तब टपकीं। उसे लगा कि राकेश का वाक्य ‘मैं उसे चाहता हूँ’ किसी तेज चाकू के समान उसके सीने में चुभा और दिल के आरपार निकल गया। देवेन्द्र ने झट अंजली में पानी भरा और मुँह पर छपाक से मारा जिससे उसके चेहरे के भाव राकेश को न पता चलें। भीगे चेहरे ने उसके आँसू, फड़कते होंठ और फूलते नथुनों को अपने पीछे छुपा लिया। दिखावटी मुस्कान होंठों पर सजाकर वह राकेश से बोला, “अच्छा…पर कब से?”
“जन्माष्टमी वाले दिन जब हमने एक-दूसरे को देखा तभी से…मुझे लगता है कि वह भी मुझे चाहती है…पर क्या करूँ, हम दोनों ही अपने दिल का हाल एक-दूसरे को नहीं बता पा रहे हैं। इतनी बार तेरे घर आया लेकिन मौका ही नहीं मिलता,” राकेश के चेहरे पर निराशा उभर आयी।
“तो क्या तू इसीलिए मेरे घर आता है,” दर्द की एक लहर देवेन्द्र के दिल में उठी। उसने अपने होंठ भींच लिए।
“हाँ यार, इसीलिए मैं तेरे घर आता हूँ…”
“हम्म…” कहकर पानी का एक और छपाका देवेन्द्र ने अपने मुँह पर मारा।
“यार…तू मेरा अच्छा दोस्त है…मेरा एक काम करेगा?”
“…”
“मेरी यह चिट्ठी उसे दे देगा…और देख उससे इसका जवाब भी ले आना…समझ गया,” राकेश ने जेब से चिट्ठी निकाल कर देवेन्द्र के हाथ में थमा दी। गुलाबी काग़ज़ देखकर देवेन्द्र की आँखों के डोरे लाल हो गए। मन तो किया कि अभी इस चिट्ठी को चिंदी-चिंदी करके नहर के पानी में फेंक दूँ लेकिन वह राकेश से प्यार करता है और उसने टीवी में ही एक फिल्म में सुना था कि ‘सच्चा प्यार पाने में नहीं खोने में है।’ राकेश उससे भले ही प्यार नहीं करता लेकिन वह तो राकेश से सच्चा प्यार करता है। वह उसकी चिट्ठी ज्योति तक जरूर पहुँचाएगा…आखिर अपने प्यार को उसके प्यार से मिलवाना भी तो प्यार का एक रूप है। राकेश की चिट्ठी अपनी कमीज की जेब में रखकर देवेन्द्र ने पानी का तीसरा छपाका अपने मुँह पर मारा और राकेश के साथ वापस आ गया।
ज्योति और राकेश के दिलों की बातें एक दूसरे तक चिट्ठी के माध्यम से पहुँचने लगीं। कुछ दिनों के बाद दोनों देवेन्द्र के कमरे में मिलने भी लगे। देवेन्द्र अपने कमरे में बैठा दोनों की बातें सुनता रहता था। उसके मन में किसी भी प्रकार का द्वेष या दुख नहीं था। वह खुश था कि उसने दो प्यार करने वालों को मिलवाया। उसे विश्वास था कि एक-न-एक दिन उसे उसका प्यार भी मिलेगा क्योंकि जो दो प्रेमियों को मिलवाता है, ईश्वर उसे उसके प्रेमी से मिलवाता है। लेकिन ये सारी बातें मन को तसल्ली देने के लिए ही थीं। अकेले में उसका मन रोता था, वह भी इतना जबरदस्त होती कि देवेन्द्र के आँसू बहने लगते और दिल में हूक उठने लगती। वह सोचता कि अगर वह मन के साथ-साथ तन से भी लड़की होता तो राकेश उसका होता। वह अक्सर रात में अपने कमरे से चाँद देखकर यही सोचता कि ‘काश वह लड़की होता, काश कुछ ऐसा हो जाए कि वह सुबह उठे तो वह लड़की बन जाए।’ आकाश में हँसिये की तरह चमकता चाँद, जो राकेश के साथ उसे मुस्कुराता हुआ लगता था, अब उसे सचमुच किसी हँसिये की तरह ही लगता था, जो उसके दिल को अपनी तेज़ धार से दो टुकड़ों में काट डालने के लिए ऊपर लटक रहा था। वह रह-रहकर लड़की बनने के सपने देखता। सपने देखते-देखते उस पर लड़की बनने का ऐसा नशा छा जाता कि वह अपनी शर्ट के अन्दर हाथ डालकर अपनी छातियों को दबा-दबाकर सोचता कि ‘काश ये उभर आयें तो वह देखने में लड़की लगेगा। उसने सुना था कि ‘खट्टा खाने से लड़की बन जाते हैं’ इसलिए वह अब अक्सर खट्टा खाने लगा था। कभी इमली, कभी कच्ची अमिया तो कभी आम का अचार उसके खाने में शामिल हो गए थे। देवेन्द्र का मन बाल कटवाने को भी नहीं करता वह कई-कई महीनों तक बाल नहीं कटवाता लेकिन जब भाई की नजर उस पर पड़ती तो वह उसे पकड़कर नाई के पास ले जाकर उसके बाल कटवा देता था। अपने लम्बे बाल कटते देख देवेन्द्र दुखी हो जाता था लेकिन अगले ही पल वह सोचता कि ‘जब वह बड़ा हो जाएगा तो उसे लड़की बनने से कोई नहीं रोक पाएगा। तब तक तो वह खूब पढ़ लेगा और अच्छी सी नौकरी भी कर लेगा। फिर जैसा उसका मन कहेगा वह वैसा ही करेगा।’ यह सोचकर वह अपने मन को तसल्ली दे देता था। पर सच तो यह था कि देवेन्द्र का घायल मन चीत्कार करता रहता था और उसके दर्द को जानने वाला कोई नहीं था।
प्यार और सुगंध छुपाए नहीं छुपते। राकेश और ज्योति का प्रेम भी अधिक समय तक छुपा नहीं रहा। एक दिन ज्योति के घरवालों को दोनों के प्यार का पता चल गया। उन्हें यह भी पता चल गया कि दोनों के प्रेम में देवेन्द्र ही माध्यम है तो वे उसके घर आकर उसे व उसकी माँ को बुरा-भला कह गए। साथ-ही-साथ राकेश को जान से मारने की धमकी भी दे गए। देवेन्द्र बुरी तरह डर गया। वह राकेश को किसी खतरे में डालना नहीं चाहता था। इसलिए उसने उसे अपने घर आने से मना कर दिया लेकिन राकेश को यह बात बहुत बुरी लगी और वह उससे नाराज़ हो गया तथा फिर कभी उसके घर नहीं आया। देवेन्द्र को राकेश की बहुत याद आती थी। जब-जब यादों का सैलाब आता वह तड़प उठता और उसे एक के बाद एक पोस्टकार्ड लिखा करता लेकिन राकेश का कभी कोई जवाब नहीं आया। राकेश के इस प्रकार रूठकर जाने से देवेन्द्र का दिल बुरी तरह से टूट गया था। प्यार तो पहले ही खो चुका था अब दोस्ती भी समाप्त हो गयी थी।
क्रमशः
लवलेश दत्त