दर्द न जाने कोई
भाग -14
जब प्रेम में हृदय टूटता है तो लोग प्रायः अन्तर्मुखी हो जाते हैं। अपनी जीवनधारा को किसी और दिशा में घुमा देते हैं। कुछ होते हैं जो अपने जीवन का लक्ष्य पाने के लिए जी-जान से जुट जाते हैं तो वहीं कुछ लोग अपना जीवन बर्बाद भी कर लेते हैं। देवेन्द्र के किशोरवय के प्रेम को भी ठेस लगी थी। उसका हृदय भी टूट चुका था। उसने जिससे प्रेम किया वह किसी और को चाहता था। देवेन्द्र ने अपने मन पर पत्थर रखकर अपने असफल प्रेम से मुँह मोड़ लिया और जी-जान से पढ़ाई में लग गया। आठवीं की वार्षिक परीक्षाएँ आने वाली थीं। इस बार बोर्ड की परीक्षाएँ थीं। किसी और स्कूल में जाकर परीक्षाएँ देनी थीं। दूसरे स्कूल में जाकर परीक्षाएँ देने के नाम से ही आठवीं के बच्चे घबरा रहे थे। हालांकि टीचर ने सारे बच्चों को खूब समझाया था कि ‘घबराने या डरने की कोई ज़रूरत नहीं है जैसा यह स्कूल वैसा ही वह’। और यह भी बताया था कि ‘अपने स्कूल के टीचर भी वहाँ होंगे। यदि कोई समस्या हो तो उनसे बात करने की छूट मिलेगी।’। अन्य बच्चों की तरह देवेन्द्र को भी थोड़ी-सी घबराहट हो रही थी। सबकी तरह उसका भी मानना था कि ‘अपने स्कूल की बात अलग है, सबकुछ जाना पहचाना होता है कि कहाँ क्या है? किधर कमरे हैं, कहाँ पानी पीने के लिए नल लगा है, कहाँ पेशाब घर है…पेशाब घर…यह याद आते ही उसे बेचैनी होने लगी। अपने स्कूल में तो जैसे-तैसे छुप-छुपाकर वह लड़कियों वाले वाशरूम में चला जाता है, लेकिन दूसरे स्कूल में कैसे जाएगा? इसी उथल-पुथल में वह परीक्षाएँ देने गया। स्कूल थोड़ी दूरी पर था। कुछ-कुछ उसके स्कूल जैसा ही।
पहले पर्चे वाले दिन वह सुबह जल्दी उठ गया। नहा-धोकर उसने मन से भगवान की पूजा की और रोली की बिंदी माथे पर लगाकर खुद को शीशे में निहारने लगा। एकाएक वह खुद से ही लजाने लगा। हल्की-सी मुस्कुराहट से उसके होंठ फैलने लगे। जब उसके होंठ फैलते हैं तो उसकी आँखें नशीली हो जाती हैं। उसे अपने पुलिसवाले दोस्त की याद आई, वह यही तो कहता था। एकाएक उसे याद आया कि उसने उसे परीक्षाओं में स्कूल छोड़ने के लिए कहा था। पर, न जाने वह अचानक कहाँ चला गया। यह याद आते ही उसके चेहरे पर उदासी छाने लगी लेकिन उसने खुद को संभाल लिया और नाश्ता करके परीक्षा देने के लिए घर से निकल पड़ा। सुबह-सुबह की सुनहरी धूप और ठंडी हवा उसके मन की कली को खिला रही थी। देवेन्द्र रात भर पढ़ता रहा था। इसलिए हल्की-सी झपकी भी आ रही थी। परीक्षा भवन में बैठे हुए वह पर्चा मिलने का इंतजार करने लगा। घबराहट के कारण हाथ और पैरों में कंपन हो रहा था। वह अपने स्कूल की ड्रेस, सफेद कमीज और नीली पैंट पहने था और हर प्रकार से अपने हाव-भाव पर नियंत्रण रखते हुए वह स्वयं को लड़के जैसा ही प्रस्तुत कर रहा था लेकिन फिर भी न जाने क्यों उसकी कक्षा में बैठे मास्टर साहब उसे घूरे जा रहे थे। उनका इस तरह घूरना उसे अटपटा सा लग रहा था। वह अपनी नज़रें इधर-उधर घुमाने लगा। इतने में घंटी बजी और मास्टर साहब ने पर्चा बाँटना शुरू कर दिया। उसे पर्चा देकर मास्टर साहब ने उसकी पीठ पर धीरे से अपना हाथ फेर दिया। देवेन्द्र के रोंगटे खड़े हो गए। उसके शरीर में सिहरन होने लगी। उसे लगा कि मास्टर जी की नीयत उसके प्रति ठीक नहीं है। सामान्यतः स्त्रियों में इस प्रकार के स्पर्श या दृष्टि को परखने की अद्भुत क्षमता होती है। वे दूर से देखकर ही सामने वाले इंसान की अच्छी और बुरी नीयत को पहचान जाती हैं। देवेन्द्र को यह बात पता नहीं थी कि उसमें भी यह गुण विकसित हो रहा था। वह भी सामने वाले की नज़रें और स्पर्श पहचानने लगा था। हालांकि मास्टर साहब के स्पर्श से उसके शरीर में गुदगुदी होने लगी और धीरे-धीरे उसके शरीर में तनाव आने लगा। उसे अपना पुलिसवाला दोस्त फिर से याद आने लगा। देवेन्द्र अपने मन पर नियंत्रण करके अपना पूरा ध्यान परीक्षा पर केंद्रित करने का प्रयास करने लगा और धीरे-धीरे उसे सफलता मिलने लगी। पर्चा पढ़ते ही उसके शरीर का विचलन कम होने लगा। देवेन्द्र जो भी प्रश्न पढ़ता उसका उत्तर उसे याद होता। वह बहुत खुश हो गया। उसने देखा कि वह सारे प्रश्नों के उत्तर जानता है। उसने उत्तर पुस्तिका खोली और उत्तर लिखने आरंभ कर दिये। तीन घंटे का पेपर उसने ढ़ाई घंटे में ही बिना सिर उठाए पूरा कर लिया। उसके आसपास उसकी ही कक्षा के बच्चे बैठे थे जो लगातार उसे इशारा करके उससे प्रश्नों के उत्तर पूछने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन देवेन्द्र का पूरा ध्यान अपनी परीक्षा में ही था। लिखते-लिखते जब उसका हाथ थक जाता या लगातार झुके रहने के कारण गर्दन में दर्द महसूस होता तो वह कुछ पलों के लिए अपनी गर्दन ऊपर उठाकर इधर-उधर घुमाता और उसकी नज़रें सामने बैठे मास्टर साहब पर पड़ जातीं जो उसे अभी तक टकटकी लगाए देख रहे थे। उन पर नज़र पड़ते ही उसे महसूस होता कि मास्टर साहब उसे देखकर मुस्कुरा रहे हैं या फिर कुछ इशारा करने की कोशिश कर रहे हैं तो वह झट से नजरें झुका लेता और फिर से अपनी परीक्षा में लग जाता। परीक्षा पूरी होने के बाद उसने कक्षा में लगी घड़ी देखी, ‘अभी तो आधा घंटा है,’ यह सोचकर उसने एक बार फिर से सारे उत्तर पढ़े और कॉपी बन्द करके उस पर अपना सिर झुकाकर बैठ गया। रातभर पढ़ते रहने के कारण उसकी आँखें भारी होने लगीं और उसे झपकी आ गयी।
क्रमशः
लवलेश दत्त