वहां कौन है? भाग 55
पत्थर का सिंहासन एक बार फिर उसी चट्टानी गुफा के भीतर स्थिर था। उसके चारों ओर फैली रोशनी धीरे-धीरे सिकुड़ रही थी। पहले तक जो प्रकाश उन्हें द्युतिलोक की ओर ले गया था, अब उसी तरह उन्हें वापस पृथ्वी की ओर खींच रहा था।
कुमार ने आँखें बंद कर रखी थीं। उसके भीतर जागी हुई वह नई शक्ति शांत थी लेकिन निष्क्रिय नहीं। उसे ऐसा लग रहा था जैसे उसके भीतर कोई बहुत गहरी धारा बह रही हो, जिसकी दिशा वह समझ तो नहीं पा रहा था लेकिन उसकी उपस्थिति से परिचित हो चुका था।
अचानक उसके पैरों के नीचे की चट्टान का स्पर्श बदल गया।
उसने आँखें खोलीं।कुछ क्षण तक कोई कुछ नहीं बोला।
प्रभात ने सबसे पहले बाहर की ओर देखा और लंबी साँस ली।
“हम सच में वापस आ गए।”
सुक्खी ने गुफा की दीवार छूते हुए कहा,“हाँ। और इस बार दीवार के अंदर से कोई नई दुनिया निकल आए तो मैं बाहर ही रहूँगा।”
उदय हँस पड़ा,“तुम्हें डर लग रहा है?”
“डर नहीं लग रहा। अब अनुभव हो गया है। हर चमकती चीज के पीछे दूसरी दुनिया हो, यह जरूरी नहीं है लेकिन अगर हो तो पहले से बता देना चाहिए।”
कुमार भी मुस्कुरा दिया लेकिन अगले ही क्षण उदय का चेहरा कुछ पल के लिए गंभीर हो गया, “कितना समय हुआ होगा?”
यही सवाल सबके मन में था।
द्युतिलोक में बिताया समय उनके लिए कितना था, इसका पृथ्वी के हिसाब से कोई अनुमान नहीं लगाया जा सकता था। अगर वहाँ का समय पृथ्वी से अलग गति से चलता था तो संभव था कि यहाँ लौटने तक वर्षों बीत चुके हों।
लेकिन उन्हें एलवारा की बात याद थी।उसने पहले ही उनके लिए पृथ्वी का समय उसी बिंदु पर स्थिर कर दिया था, जिस समय वे गुफा में प्रवेश करके द्युतिलोक गए थे। इसलिए उनकी यात्रा चाहे जितनी लंबी रही हो, पृथ्वी पर समय उसी तरह आगे बढ़ा था जैसे वे गए ही न हों।
कुमार ने घड़ी देखी फिर उदय की ओर देखा,“समय वही है।”
उदय ने राहत की साँस ली,“तो एलवारा ने सच में…”
“जो कहा था, वही किया,” कुमार ने कहा।
कुछ क्षण के लिए सभी के चेहरे पर संतोष आ गया।अब उनके सामने पृथ्वी थी लेकिन वे पहले वाले लोग नहीं थे।वे अपने साथ केवल द्युतिलोक की स्मृतियाँ लेकर नहीं लौटे थे। उनके भीतर एक ऐसी शक्ति जाग चुकी थी, जिसका उद्देश्य अभी पूरी तरह उनके सामने नहीं था।
वे गुफा से बाहर निकले।कुछ दूरी पर वन विभाग की गाड़ी खड़ी थी।वनरक्षक और ड्राइवर ने उन्हें देखते ही लगभग दौड़कर उनकी तरफ कदम बढ़ाए।
“अरे! आ गए आप लोग!”, उनके चेहरे पर राहत साफ दिखाई दे रही थी।“इस बार थोड़ा ज्यादा समय लग गया।”
उदय ने सहजता से कहा, “हाँ, थोड़ा लग गया।”
ड्राइवर ने हँसते हुए सिर हिलाया, “हम लोग तो सोच रहे थे कि अब आपको ढूँढने निकलना पड़ेगा। अभी तो मैं विभाग में संपर्क करने ही जा रहा था। टीम का कोई पता ही नहीं चल रहा था। सोचा, कहीं जंगल में आगे न निकल गए हों या कोई दिक्कत न हो गई हो।”
उसने सबको एक बार फिर देखा,“लेकिन चलिए, आप लोग मिल गए। अब मैं सूचना कर देता हूँ कि टीम वापस आ गई है।”
सुक्खी ने धीरे से प्रभात के कान में कहा, “इनको क्या पता कि हम जंगल में नहीं, एक दूसरे लोक में घूमकर आए हैं।”
प्रभात ने मुस्कुराकर कहा,“बताओगे तो शायद नौकरी छोड़ देंगे।”
दोनों हँस पड़े।
गेस्ट हाउस पहुँचते-पहुँचते थकान सबके शरीर पर उतर आई थी।दरवाजे पर रामसेवक उन्हें दिखाई दिया।उन्हें देखते ही वह कुछ पल चुप रहा फिर बोला, “सकुशल लौट आए।”
इस बार उसके सामने खड़े पाँचों लोगों के मन में उसके लिए भाव बिल्कुल अलग था।कुछ समय पहले तक उनके लिए रामसेवक केवल उस गेस्ट हाउस का देखभाल करने वाला व्यक्ति था। एक ऐसा आदमी जो जंगल, गुफा और आसपास के रास्तों के बारे में कुछ जानता था लेकिन अब वे जानते थे कि वह केवल इतना नहीं था। वह उस रहस्य का रक्षक था जिसे पीढ़ियों से उसके परिवार ने संभालकर रखा था।
पृथ्वी और द्युतिलोक के बीच उस मार्ग की रक्षा करने वाला।
एलवारा के रहस्यों को सुरक्षित रखने वाला।कुमार आगे बढ़ा और उसके सामने हाथ जोड़ दिए,“हमने आपको पहले जितना समझा था, आप उससे कहीं ज्यादा हैं।”
रामसेवक ने हल्की मुस्कान के साथ कहा,“मैं वही हूँ जो पहले था।”
उदय ने कहा,“लेकिन अब हम जानते हैं कि आप क्या संभालते आए हैं।”
रामसेवक ने इस बार उनकी आँखों में देखा।उसने उनके सम्मान को न तो टाला और न ही विनम्रता का दिखावा किया।
बस इतना कहा,“कुछ जिम्मेदारियाँ ऐसी होती हैं जिन्हें निभाते-निभाते आदमी खुद भी उस रहस्य का हिस्सा बन जाता है।”
कुमार ने सिर झुका दिया।रामसेवक ने भीतर आने का संकेत किया, “पहले आराम कर लीजिए। आगे का रास्ता बाद में सोचेंगे और यहां बिल्कुल पहले की तरह ही मुझसे व्यवहार करें। हमें नहीं पता कि कौन व्यक्ति असल में क्या हो।”
उसकी बात सही थी। सभी अपने कमरों में चले गए और रात में भोजन के समय हॉल में एकत्र हो गए।रात का खाना सामान्य था।इतने असाधारण अनुभवों के बाद साधारण भोजन भी उन्हें अच्छा लग रहा था।
सुक्खी ने अपनी प्लेट की तरफ देखते हुए कहा,“एक बात माननी पड़ेगी।”
उदय ने पूछा,“क्या?”
“द्युतिलोक कितना भी सुंदर हो लेकिन अपने छोले भटूरे की बात ही अलग है।”
प्रभात हँस पड़ा, “तुमने वहाँ भी यही याद रखा?”
“भाई, आदमी आखिर आदमी है। ब्रह्मांड का संतुलन अपनी जगह है और छोले भटूरे अपनी जगह।”
मायरा भी हँसी।कुमार ने कहा,“तुम्हें कभी किसी दूसरे लोक की यात्रा पर अकेले भेजना हो तो हम तुम्हारे लिए खाने का सामान बाँध देंगे।”
“अकेले क्यों? तुम सब भी चलोगे। मै अकेला ठंडे छोले भठूरे क्यों खाऊंगा!”
इस बार कमरे में सचमुच सहज हँसी फैल गई।कुछ देर तक वे द्युतिलोक की छोटी-छोटी बातों को याद करके हँसते रहे। किसी को सुक्खी की खाने की चिंता याद आ रही थी, किसी को वहाँ की अजीब व्यवस्थाएँ।मायरा भी उनके साथ हँस रही थी लेकिन उसके भीतर एक बात लगातार घूम रही थी।एलवारा ने कहा था—“तुम्हारे बीच ही कोई है।”
वह जानती थी कि वह संकेत किसकी ओर था और अब उसे यह बात छिपाना पहले जैसा आसान नहीं लग रहा था।खाना समाप्त हुआ तो बाकी लोग उठने लगे।
मायरा ने संकोच के साथ धीरे से कहा, “तुम लोग थोड़ी देर रुक सकते हो?”
उदय ने उसकी ओर देखा,“क्या हुआ?”
“मुझे तुम लोगों से कुछ कहना है।”,उसकी आवाज में ऐसी गंभीरता थी कि सभी फिर बैठ गए।मायरा कुछ क्षण चुप रही।
फिर उसने कहा, “सबसे पहले… मुझे माफ कर देना।”
उदय ने तुरंत पूछा,“किस बात के लिए?”
“मैंने तुम लोगों से कुछ छिपाया है।”
उदय ने हल्की साँस छोड़ी, “मै भी माफी चाहता हूं सभी से … अपने चचेरे भाई की बात मैंने भी नहीं बताई थी।”
मायरा ने सिर हिलाया, “नहीं, उदी, वो बात इतनी बड़ी नहीं है।”
उदय का चेहरा गंभीर हो गया, “तो फिर?”
मायरा ने उसकी आँखों में देखते हुए कहा, “असल बात जो मैं बताने जा रही हूँ, वो उससे बहुत बड़ी है।”
कमरे में चुप्पी छा गई। मायरा ने धीरे-धीरे बोलना शुरू किया, “मैं इस पृथ्वी की नहीं हूँ।”
प्रभात ने ध्यान से उसकी ओर देखा, “मतलब?”
“मेरा जन्म… जल-लोक में हुआ था।”
कुमार की आँखें सिकुड़ गईं।
उसे एलवारा की कही हुई बात याद आई थी—जल जैसी तरंगें, पृथ्वी के नीचे की धाराएँ और वह रहस्यमय स्थान जहाँ उन्हें आगे जाना था।
मायरा बोलती रही, “वहाँ पानी केवल पानी नहीं है। वहाँ की दुनिया तरंगों से बनी है। वहाँ स्मृतियाँ भी धाराओं की तरह बहती हैं। वहाँ रहने वालों की चेतना का संबंध उन जल-तरंगों से है। मैंने अपना बचपन वहीं बिताया।”
वह कुछ पल रुकी,“मेरा परिवार वहीं था।”मायरा के चेहरे पर अब वह सहजता नहीं थी जो कुछ देर पहले हँसते समय थी।
“मैंने वहाँ सब कुछ देखा था। अपने लोगों का जीवन, अपने परिवार का प्यार, अपने लोक की जिम्मेदारियाँ… लेकिन फिर मेरे जीवन में प्रेम आया।”
उसने आँखें नीचे कर लीं, “और उस प्रेम ने धीरे-धीरे मेरी पूरी दुनिया बदल दी। मुझे लगा था कि अगर वह मेरे साथ है तो बाकी सब बाद में देखा जा सकता है। परिवार… जिम्मेदारियाँ… मेरा लोक… सब।”
सुक्खी ने लंबी साँस ली,“तो तुमने भी वही किया?”
मायरा ने उसकी ओर देखा, “हाँ।” और संक्षेप में अम्भोर…नागमणि की शक्ति…उसके पिता और भाई का लुप्त होना ,सब कुछ बता दिया।
कुछ क्षण तक सुक्खी चुप रहा फिर उसने बहुत सहज, बिना किसी कटाक्ष के कहा, “यार, एक बात मेरी समझ में आज तक नहीं आती।” सबकी नजरें उसकी तरफ उठीं“प्यार में लोग इतने पागल क्यों हो जाते हैं?”
मायरा चुप रही।
सुक्खी ने आगे कहा, “मतलब माँ-बाप बचपन से पालते हैं। परिवार होता है। अपना घर, अपनी दुनिया होती है और फिर कोई एक इंसान जिंदगी में आता है और आदमी उसके लिए सब कुछ दाँव पर लगाने लगता है।”
उसने सिर हिलाया, “समझ नहीं आता कि कुछ समय का प्यार इतना बड़ा कैसे हो जाता है कि बचपन से मिले माँ-बाप के प्यार तक पर भारी पड़ जाए।”
प्रभा ने कुछ कहने के लिए मुँह खोला लेकिन सुक्खी बोलता गया, “और तुम्हारे मामले में तो बात परिवार तक भी नहीं रही। तुमने अपने पूरे लोक को पीछे छोड़ दिया।”
मायरा की आँखें झुक गईं।कुछ क्षण बाद उसने बहुत धीमे कहा, “तुम सही कह रहे हो।”
कमरे में फिर सन्नाटा हो गया लेकिन इस बार वह असहज नहीं था।वह उस स्वीकार का सन्नाटा था जिसमें कोई पहली बार अपने किए हुए फैसले को बिना किसी बहाने के देख रहा था।
” मुझे भी प्रायश्चित करना है और सब सही करना है।”, मायरा ने कहा।
” तो करो प्रायश्चित, इसमें हम क्या मदद कर सकते हैं?”, इस बार प्रभा ने अपने दोनों हाथ सीने पर बांधते हुए मायरा को देख कर कहा।
Megha
( आप लोग भी टिप्पणी कीजिए और अभी तक पढ़कर भी बिना टिप्पणी के निकले हैं उसका प्रायश्चित कीजिए।😈)