लवलेश दत्त का उपन्यास ‘दर्द न जाने कोई ‘ भाग -15

दर्द न जाने कोई
भाग -15
अचानक उसने महसूस किया कि किसी का सख्त हाथ उसकी पीठ को मसल रहा है। उसके शरीर के अंगों को दबा रहा है और धीरे-धीरे उसकी पैंट में हाथ डाल रहा है। वह हड़बड़ाकर उठ गया। उसने चारों तरफ देखा—‘ओह, यह तो सपना था’। उसने राहत की साँस ली। घंटी बज चुकी थी और परीक्षा का समय समाप्त हो गया था। कक्षा के बहुत से बच्चे अपनी-अपनी उत्तर पुस्तिकाएँ जमा करके चले गये थे। केवल तीन-चार बच्चे ही रह गए थे उनमें एक वह भी था। उसने अपनी कॉपी उठायी और जमा करने के लिए मास्टर साहब की तरफ चला। मास्टर साहब ने उसकी ओर देखा और मुस्कराकर बोले, “क्या नाम है तुम्हारा?”
“सर, देवेन्द्र…” कहकर उसने अपनी नज़रें झुका लीं क्योंकि वह देख चुका था कि मास्टर साहब की नज़रों में खोट है।
“देssवेssन्द्र” उसके नाम को खींचते हुए वे अपनी तालिका से उसका रोल नंबर ढूँढ़कर बोले, “उधर बैठ जाओ…रोल नंबर से ही कॉपी जमा होंगी…तुम्हारा नंबर इन तीनों के बाद है।” मास्टर साहब ने उसकी कॉपी उसे वापस कर दी और अपनी गिद्ध जैसी दृष्टि उसके पूरे शरीर पर डाली।
‘अपना स्कूल होता तो वह पहले ही कॉपी जमा कर लेता लेकिन दूसरे स्कूल के नियम शायद अलग हैं’ देवेन्द्र के भोले मन में यह बात आयी और वह सामने की बैंच पर बैठ गया। लगभग दस मिनट में ही जब वे तीनों बच्चे भी  कॉपियाँ जमा करके चले गए तो मास्टर साहब ने  देवेन्द्र को इशारे से बुलाया, “आओ, देवेन्द्र…अपनी कॉपी ले आओ।”
देवेन्द्र ने जैसे ही कॉपी दी, मास्टर साहब ने उससे कॉपी लेकर उसका हाथ पकड़ लिया और उसे अपनी ओर खींचते हुए बोले, “कहाँ रहता है तू?”
देवेन्द्र एकदम घबरा गया। उसका चेहरा उतर गया। उसकी आवाज़ नहीं निकल पा रही थी। फिर भी उसने खुद को छुड़ा ने की कोशिश करते हुए कहा, “दा…दानपुर गाँव में सर…”
“ओह…अच्छा…तेरा पेपर कैसा हुआ?” मास्टर ने उसकी पीठ पर हाथ फेरते हुए कहा।
“अच्छा…हुआ…सर…” खुद को उसके चंगुल से छुड़ाने का असफल प्रयास करते और कुछ हकलाते हुए देवेन्द्र ने कहा।
अब तक मास्टर का हाथ देवेन्द्र के नितंबों तक पहुँच चुका था। देवेन्द्र भी खुद को छुड़ाने का प्रयास कर रहा था लेकिन मास्टर के मजबूत और कठोर हाथों के चंगुल से चौदह वर्षीय किशोर के कोमल हाथों का छूटना इतना आसान नहीं था। पर देवेन्द्र ने अपना प्रयास जारी रखा और वह छूटने के लिए ऐसे तड़पने लगा जैसे किसी आजाद जानवर को रस्सी से बाँध दिये जाने पर वह रस्सी से छूटने के लिए मचलता है। मास्टर की सख्त पकड़ से देवेन्द्र की कलाई लाल पड़ने लगी और उसकी आँखों में आँसू आने लगे।  एक पल को देवेन्द्र के मन में आया कि वह मास्टर की टाँगों के बीच में लात मारकर भाग जाए लेकिन उसकी परीक्षा का सवाल था और उसमें इतनी हिम्मत भी नहीं थी। उसकी बड़ी-बड़ी आँखों में आँसू देखकर मास्टर की पकड़ ढीली पड़ गयी और उसने देवेन्द्र को पीछे से अपनी बाहों में कस लिया तथा उसके गाल चूमकर उसे छोड़कर ‘ही-ही’ करके खीस निपोरने लगा। आँखों में आँसू भरे देवेन्द्र ने उसकी ओर बिना देखे ही कक्षा से बाहर दौड़ लगा दी।
रास्ते भर देवेन्द्र को मास्टर की पकड़ और जबरदस्ती चूमना याद आता रहा। देवेन्द्र को बहुत बुरा लग रहा था। उसके दिल में कुछ पल के लिए मास्टर के प्रति नफरत बैठ गयी लेकिन अगले ही पल उसे लगा कि शायद मास्टर ने उसके अन्दर की लड़की को पहचान लिया। जब भी देवेन्द्र को अपने अन्दर की लड़की का ध्यान आता, उसकी चाल में लचक आ जाती। आँखें नशीली होने लगतीं। इससे पहले की उसके अन्दर बैठी लड़की अँगड़ाई लेती उसने सोचा कि ‘भले ही मास्टर ने उसके अन्दर की लड़की को पहचान लिया लेकिन इसका मतलब यह तो नहीं कि वह मेरे साथ जबरदस्ती करेगा’। उसका किशोर मन मास्टर से बदला लेने की बात सोचने लगा लेकिन परीक्षाओं का ध्यान आते ही उसका मन बदल गया। किशोर मन में विचारों का आना जाना ठीक उसी प्रकार होता है जैसे किसी रस्सी के एक छोर को बाँधकर दूसरे छोर को हिलाने पर उसमें लगातार लहरें उठती हैं—हर पल नयी और अलग। वैसे भी मन को सबसे चंचल कहा माना जाता है, उस पर किशोरावस्था का मन—जैसे करेला और नीम चढ़ा।
देवेन्द्र ने घर आकर सबसे पहले दीदी को अपना पर्चा दिखाया और अपने प्रश्नों के उत्तर बताए। दीदी ने अनुमान लगाया कि उस पर्चे में उसे अस्सी से नब्बे अंक तक मिलने चाहिए। देवेन्द्र बहुत खुश हुआ। छोटी-छोटी सफलताएँ व्यक्ति को बड़े काम करने के लिए प्रेरित करती हैं। देवेन्द्र ने भी अपनी आने वाली सभी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने की ठानी और हर पर्चे की खूब तैयारी की। प्रतिदिन स्कूल जाते समय उसे उसके दिल में मास्टर का डर बना रहता था। वह स्कूल पहुँच कर यही प्रार्थना करता कि उसके कक्ष में उस मास्टर की ड्यूटी में न पड़े लेकिन न जाने क्यों एक ओर उसके अन्दर की दमित किशोरी गुपचुप उस मास्टर को ढूँढ़ा करती। वह चाहकर भी उस चुम्बन को नहीं भुला पा रहा था। कुछ समय के बाद उस चुम्बन की याद उसके शरीर में हलचल पैदा करने लगी थी, विशेषकर रात में जब वह अपने बिस्तर में लेटता तो उसे लगता कि ‘कोई उसे उसी प्रकार पकड़कर, उसके शरीर को अपनी बाहों में जकड़ ले और वैसे ही चूमे जैसे मास्टर ने…पर कौन?’ यह सोचते ही उसे कभी अपना मित्र राकेश याद आता तो कभी पुलिसवाला दोस्त। उनकी याद आते ही उसके अन्दर की किशोरी बाहर आने को तड़प उठती और देवेन्द्र अपनी छातियाँ दबाने लगता।
देवेन्द्र की परीक्षाएँ बहुत अच्छी तरह से सम्पन्न हो गयीं। अब परीक्षाफल की प्रतीक्षा थी। परीक्षाएँ होने के बाद वह माँ के साथ उसके कामों में हाथ बँटाने लगा। वैसे भी बड़े भाई राजेन्द्र को तो घर के कामों से मतलब ही नहीं था। दिन भर इधर-उधर घूमना और मटरगश्ती करना ही उसका काम था। घरेलू कामों में तो माँ का हाथ बँटाने के लिए दीदी थी लेकिन पिछले कुछ समय से वह भी अपने मनमौजी हो गयी थी। जब मन करता खुश रहती और जब मन न हो तो सबसे ऐंठी-ऐंठी घूमती। बेचारी क्या करती? उसके पति ने एक बार कुछ रुपया लाने को कहकर उसे मायके भेजा लेकिन न रुपया हुआ और न ही वह वापस गयी। उसे याद है एक दिन वह स्कूल से लौटा तो दीदी माँ के पास बैठी सुबक रही थी। उस रात दोनों भाई, माँ और दीदी बहुत देर तक बातें करते रहे थे। वह थोड़ी देर तो उनकी बातें सुनता रहा लेकिन फिर उसे कब नींद आ गयी पता ही नहीं चला। उनकी बातों से जितना वह समझ पाया उसी से उसे पता चला कि दीदी से दहेज के नाम पर कुछ रूपया जीजा जी के घरवालों ने माँगा है और साथ में यह भी कहा है कि यदि रूपया न मिले तो कभी मत आना क्योंकि जीजा जी की दूसरी शादी करवा दी जाएगी। उसी दिन से दीदी घर में ही रहती थी। कभी-कभी तो मन-ही-मन गाती-गुनगुनाती थी लेकिन जब उदास और दुखी होती थी तो चिड़चिड़ी हो जाती थी। बात-बात में सबको डाँटती-फटकारती रहती थी।
परीक्षाओं के बाद बिल्कुल खाली देवेन्द्र अपने सबसे चहेते मनु भइया के साथ जंगल में जाकर तेंदु पत्ते, महुआ, जड़ी-बूटियाँ तो कभी साग-सब्जियाँ लाने लगा। माँ के साथ सामान बेचने बाजार जाने लगा। देवेन्द्र को माँ पर बहुत तरस आता था। वह यही सोचता कि कैसे भी हो वह पढ़-लिखकर अच्छी नौकरी करेगा और अपनी माँ को यह सब नहीं करने देगा। वह उसे अपने साथ रखकर उसकी खूब सेवा करेगा तथा उसे हर सुख देगा पर ऐसा होने में अभी बहुत समय था।
उस दिन देवेन्द्र माँ के साथ सामान बेचने बाजार गया तो माँ ने उसे किसी काम से बस स्टैण्ड भेजा। वह बस स्टैण्ड तक पहुँचा ही था कि उसे राकेश दिखाई दिया। राकेश को देखते ही उसका चेहरा ऐसे खिल गया जैसे उसे कोई खोई हुई कीमती चीज़ मिल गयी हो। वह दौड़कर राकेश के पास गया और उसे लिपट गया। राकेश भी उससे मिलकर खुश हुआ। दोनों साथ-साथ पहले माँ के पास फिर उसे साथ लेकर गाँव आ गए। रास्ते में दोनों एकदूसरे को उलाहना देते हुए चल रहे थे।
क्रमशः
लवलेश दत्त
WhatsApp Image 2026-08-10 at 16.21.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment