दर्द न जाने कोई
भाग -16
“तेरी परीक्षाएँ कैसी हुईं देवेन्द्र?” राकेश ने पूछा।
“तुझे क्या…कैसी भी हों?” देवेन्द्र ने नकली गुस्सा दिखाते हुए कहा।
“हाँ सही बात है मुझे क्या?और तुझे इतना पढ़ाया मैंने उससे कोई मतलब नहीं है ना?”
“हाँ…पढ़ाया लेकिन एग्ज़ाम से पहले ही…” कहते-कहते देवेन्द्र रुक गया।
“अच्छा छोड़…यह बता रिजल्ट कब आ रहा है?” राकेश ने भी बात बदल दी।
“पता नहीं…हो सकता है एक दो दिन में आ जाए…स्कूल जाकर पूछना पड़ेगा,” देवेन्द्र ने राकेश का हाथ पकड़ते हुए कहा।
“ठीक है कल चलेंगे और पता करेंगे,” कहकर राकेश ने भी देवेन्द्र का हाथ पकड़ लिया।
देवेन्द्र के मन में फिर से हिलोर उठने लगी। वह फिर से ख्यालों में खो गया। उसे लगा कि ‘वह राकेश का हाथ पकड़कर सामने की पहाड़ी पर चढ़ रहा है। उसे लगा कि चढ़ते-चढ़ते उसका पैर फिसला और वह गिरने ही वाला था कि राकेश ने उसकी कमर में हाथ डालकर उसे संभाल लिया। फिर क्या दोनों की नज़रें मिलीं और ….’
“अबे किधर जा रहा है…” राकेश ने उसका कंधा झकझोरा और देवेन्द्र अपनी ख्यालों की दुनिया से बाहर आ गया। उसने देखा कि उसका घर दाईं ओर है और वह बाईं ओर बढ़ रहा था। माँ अब तक घर में प्रवेश कर चुकी थी। शाम के चार बज रहे थे। गर्मी भी थी। दोनों पसीने-पसीने हो रहे थे। राकेश ने माथे का पसीना पोंछते हुए कहा, “चल नहर पर चलते हैं…वहीं नहाएँगे।”
देवेन्द्र ने घर से दो तौलिये लिए और दोनों नहर की ओर निकल पड़े। उस दिन नहर पर गाँव के कई लड़के पानी में उछल-कूद कर रहे थे। नहर का पानी बहुत साफ था। सूरज की किरणें पानी पर तैरती सुनहरी लकीरों की तरह लग रही थीं। आज बहुत दिनों के बाद देवेन्द्र का मन खिला हुआ था। उसका सबसे प्यारा दोस्त जो उसे वापस मिल गया था। दोस्त तो ऊपरी दिखावे के लिए था। उसके अन्दर की किशोरी के लिए तो वह उसका प्यार था…सच्चा प्यार। अपने सच्चे प्यार के साथ हर कोई अकेले समय बिताना चाहता है और फिर देवेन्द्र के अन्दर की अँगड़ाती किशोरी तो न जाने कितनी बार खुली आँखों से यह स्वप्न देख चुकी थी कि उसके सपनों का राजकुमार उसके साथ नदी में रहा है, उसे प्यार कर रही है, उससे प्यारभरी छेड़खानी कर रहा है और वह दिखावटी रूप से लजा रही है। अन्दर और बाहर की स्थितियाँ हमेशा अलग होती हैं। बाहरी रूप से दिखने वाले हँसते-मुस्कुराते चेहरों के पीछे का दर्द कोई नहीं जान सकता। देवेन्द्र के मन में क्या था, भला राकेश को क्या पता? उसने तो छट से अपने कपड़े उतारे और केवल अण्डरवियर में छपाक से नहर में कूद पड़ा। देवेन्द्र की नज़र जब पानी में भीगे राकेश के शरीर पर पड़ी तो उसका चेहरे पर मुस्कुराहट और नजरों में शर्म आ गयी। राकेश के साथ अपने प्रेम की कल्पना करके वह पहले ही प्रेमासक्त हो रहा था, ऊपर से राकेश के भीगे हुए जिस्म के आकर्षण ने उसके अन्दर की किशोरी को सक्रिय कर दिया था। किशोरवय में काम का आवेग कुछ अधिक ही होता है। देवेन्द्र के अन्दर की किशोरी राकेश के शरीर से लिपटने के लिए मचलने लगी। कामासक्त नशीली नजरों से उसने राकेश को देखा, वह इशारे से उसे नहर में आने के लिए आमंत्रित कर रहा था। कामदेव के बाणों से घायल देवेन्द्र पर जैसे कोई नशा हावी हो गया। अब तक जो कपड़े उतारकर पानी में जाने में हिचकिचा रहा था, वही अब एक पेड़ की ओट में कपड़े उतारने लगा। देवेन्द्र ने कपड़े उतार कर तौलिया वैसे ही लपेट लिया जैसे उसने फिल्मों की हीरोइनों को देखा था। वह तैलिया लपेटे नज़ाकत के साथ नहर में नहाते राकेश की ओर देखते हुए किसी अभिसारिका की तरह आगे बढ़ने लगा कि ठहाकों और तालियों की आवाज़ ने उसका ध्यान भंग किया। उसने देखा कि आसपास के लड़के उसे देखकर हँस रहे हैं। कोई कह रहा है ‘देख लौंडियों की तरह तौलिया लपेटकर आया है’, तो कोई कह रहा था ‘अबे छक्का है’, किसी ने आवाज दी, ‘इसका नेकर उतारकर देखें कि अन्दर क्या है?’ देवेन्द्र ने देखा कि राकेश भी हँस रहा था। उसके कोमल मन पर सबकी बातें पत्थर की तरह लगीं। उसकी आँखें झुक गयीं इससे पहले कि वह कुछ प्रतिक्रिया देता राकेश उससे बोला, “अबे तौलिया क्यों लपेटे है?”
देवेन्द्र से कुछ कहा नहीं गया और वह ऐसे ही पानी में उतरने लगा। अभी उसके घुटने ही भीग पाए थे कि एक लड़के ने पीछे से आकर उसका तौलिया खींच लिया। देन्द्र ने घबराहट और शर्म के साथ वह अपने दोनों हाथों को क्रास करके ठीक वैसे ही अपनी छाती छुपाने लगा जैसे उसने फिल्मों की नायिकाओं को देखा था। नहर के पानी में छपाक-छपाक कूदते लड़के जोर-जोर से हँसने लगे और उस पर पानी फेंकने लगे। राकेश अभी तक उसे देखकर हँस रहा था। इससे पहले कि वह वापस मुड़ता राकेश ने उसका हाथ पकड़कर खींच लिया। छपाक की आवाज़ के साथ देवेन्द्र पानी में चला गया और राकेश से लिपट गया। दोनों के खुले शरीर जब आपस में मिले तो दोनों ही सकुचा गये। अगले ही पल राकेश ने देवेन्द्र को अपने से अलग किया और पानी में गोता लगाने लगा। उधर देवेन्द्र भी अपनी झेंप मिटाते हुए पानी में गोते लगाने लगा। करीब आधे घंटे तक दोनों एक-दूसरे पर पानी फेंक-फेंककर खेलते रहे। सचमुच देवेन्द्र के लिए यह अवसर किसी उपहार से कम नहीं था। अपने दोस्त और प्यार के साथ कितने दिनों के बाद उसने इतनी मौजमस्ती की। ऐसा मज़ा तो तब भी नहीं आता था जब वह और राकेश जंगलों में घूमते हुए नहर में नहाते थे। आज का दिन उसे सचमुच बहुत कीमती लग रहा था। देवेन्द्र मौका पाकर अपना शरीर राकेश के शरीर से सटा देता था जिससे उसे एक अनोखा सुख मिल रहा था। ठंडे पानी में शरीर की गर्मी रोम-रोम को हिला रही थी और शरीर में विचित्र-सी हरकत हो रही थी। देवेन्द्र उसी हरकत को महसूस करके आनन्दित हो रहा था।
ऐसा नहीं था कि राकेश उसकी मनःस्थिति नहीं समझता था लेकिन वह उसे इस बात को स्वीकार नहीं करने देता था कि वह अन्दर से लड़की है। वह देवेन्द्र को लड़का ही मानता था, जब भी देवेन्द्र उसके सामने लड़कियों जैसे हाव-भाव प्रकट करता तो वह तुरन्त उसे टोक देता और कहता, “ये क्या लड़कियों जैसे हरकतें करता है? अबे लड़कों जैसा रहा कर।“ देवेन्द्र को मन मारकर रह जाना पड़ता। पानी में नहाते हुए राकेश देवेन्द्र के मनोभावों को समझ रहा था क्योंकि जब-जब देवेन्द्र के शरीर का स्पर्श राकेश को मिलता वह उससे अलग होकर पानी में गोता लगा लेता।
क्रमशः
लवलेश दत्त