12
ससुराल के द्वार पर उतरते ही फिर तरह-तरह के रिवाजों में उलझा दी गई। सजे-सँवरे परिच्छन की थाल से गालियों के बीच उसका स्वागत किया गया। बलैंयाँ ली गई। घी के दीए की लौ में उसके सर में सिदूर लगा, आशीर्वाद-अक्षत छींटकर, उसकी बलैंयां लेती चाची-सास ने उच्छवास् भरी,
“बहू सुन्दर है, बेटे को सँमाल लेगी।”
दौरे में पैर रख-रखकर, एक-एक पग धरते हुए वह अंदर ले जाई गई। कुलदेवी के सामने प्रवेश से पहले एक बकरे को मिमियाते देखा। मे…मे सुनकर घुँघट की ओट से ही झाँका। बकरा बेहद विह्वल। सामने तलवार लेकर खड़े व्यक्ति को देख, जब तक कुछ समझती, बकरे की बलि दी जा चुकी थी। उसकी चीख निकलते-निकलते बची।
“यह कौन सी परंपरा?”
पूछना चाहा, किससे पूछती।
खून की धार…बकरे का छटपटाना, पूरे फर्श का लाल हो उठना, काले सर का लाल रक्त मे डूबना बहुत बेचैन करनेवाला था। यह सब देखते हुए ही कुलदेवी के सामने ले जाए गए दोनों।
“बहू के स्वागत के लिए…यहाँ की यही परंपरा है।” सुनकर विचलित भी हुई।
फिर कोहबर-पूजन, दही-बरेड़ी और न जाने क्या-क्या परंपराओं की बंदिशें।
देर तक नीलिमा के दिमाग में बकरे की कातर आवाज, छटपटाता धड़ और रक्त सना फर्श घूमता रहा।
बहुत तरह के नेग-जोग के बाद उसे एकांत मिला। उस एकांत कक्ष में बेहद थकी नीलिमा। नैहर से मिले सामान बाहर बरामदे में पड़े थे। सब रिश्तेदार बहू देखने की उत्सुकता शांत होने पर दहेज देखने में लग गए।
“ऊँहू! टी. वी. कलर देने की बात थी, सादा ही दिया है।””और यह पलंग देखो तो। रंग कितना पुराना है।”
“सोफा भी थोड़ा कम ही मूल्य का लगता है।”
सास-ननदें थीं।
सास ने अफसोस जाहिर किया,
“हमने तो समझा था, ऊँचे खानदान के हैं, जरूर दान-दहेज से घर भर देंगे। ये तो छिछोरे निकले।”
“कार की बात थी, कहा कि बाद में देंगे। बाद में कोई देता है कहीं? यह सब फुसलाने की बातें हैं। ठग लिया मेरा बेटा।”
“अच्छा-अच्छा! चुप भी करो। अंदर बहु बैठी है, सुनेगी तो क्या कहेगी ?” एक दबी मर्दानी आवाज।
“कहेगी क्या? उसे तो पता ही होना चाहिए, बाप ने कटौती कर ली है। कहा हुआ भी नहीं दिया।”
एक तीखी, ऊँची आवाज कमजोर माने जानेवाली स्त्री की।
“मेहमानों को जाने तो दो, फिर जो बोलना होगा, बोलती रहना।”
दबी आवाज पूर्ववत।
नीलिमा के मन में भी उठ रहा था, “आज भर चुप रहिए न।bदान-दहेज पापा ने जरूरत से ज्यादा दिया। फिर भी…”
पर कह नहीं सकी।
इंतजार करते हुए दरवाजे की आहट से चौंक उठी। पति नहीं, ननद थीं, दूर की ।
“बहू! थोड़ा बाल-बगैरह बना लो। रास्ते की परेशानी और रस्मो रिवाज से पस्त हो गई होगी। चलो, मुँह-हाथ धोकर ये क्रीम, सेंट वगैरह लगा लो।”
कहकर वे वहीं पड़ी क्रीम की शीशियाँ जमाने लगीं।
“दीदी! यूँ ही ठीक है।”
नीलिमा बरामदे की आवाजों से अभी भी पीछा न छुड़ा सकी थी।
“नहीं। ऐसे नहीं चलेगा। मैं ही ठीक कर दूँगी। चलो, मुँह-हाथ धोने।”
बाहर निकलते ही ननद से कुछ औरतें पूछने लगीं,
“अब तक
दोस्तों के बीच से आया नहीं नलिन? आज भर तो…।”
“…?”
कुछ अबूझा लगा उसे। ननद के साथ खुले बरामदे से होकर बाथरूम जाते हुए ठंडी हवा ने सहलाया। घुँघट के पार भी शीतल स्पर्श से उसे अच्छा लगा। मुँह में पानी के छींटे मारने
से और ज्यादा। आँखों में भी छींटे मारकर तरोंताजा महसूस करती नीलिमा ननद संग फिर बरामदे में।
“आज भी चढ़ाने गया क्या?”
फुसफुसाहटें उसके कानों में जहर घोल रही हैं।
“चढ़ाने गया?…क्या चीज?”
कमरे में उसने वाल घड़ी पर नजरें डालीं।
‘दीवारों के भी कान होते हैं। हे दीवारें! तू अगर जानती है, मुझे बता, ये फुसफुसाहटें क्या कह रही हैं?… नहीं! यह जरूर किसी और के बारे में पूछा गया होगा। पापा जानते हैं, मुझे शराब से कितनी नफरत है। उन्होंने पता जरूर किया होगा।’
उसकी आती नींद भाग गई और वह दो बजे भी जगी बैठी रही। दुल्हन के भाव से भरी-भरी।
दो बजकर पाँच मिनट हए थे, जब दरवाजा बंद करने की आवाज नीलिमा के कानों में पड़ी। वह सहम उठी। इतनी रात? तारे अँधेरे में गुम थे। चाँदनी जो न थी। चाँद कहीं मुँह छिपाए पड़ा था, नहीं दिखा।
वह नलिन ही था, उसका दूल्हा। नशे में झूमता हुआ। जब तक नशे में झूमता उसका दुल्हा उस तक पहुँचा, वह न जाने क्या-क्या सोच चुकी,
‘यह मेरा पति? परमेश्वर? एकदम नहीं!’
प्रतिभा दी…इसी शराब ने प्रतिभा दी की सारी रूप-संपन्नता, उसका यौवन, उसकी कोमल कल्पनाएँ, सब छीन ली थी। गाँव में जीजा जी ने उसे शहर ले जाने से पूर्व कितने वादे किए थे,
“नहीं! अब शराब को कभी हाथ नहीं लगाऊँगा।”
कितनी खूबसूरत हुआ करती थी प्रतिभा दी। गाँव की सोंधी मिट्टी का सोंधापन लिए हुए उनका यह अछूता सौन्दर्य मलिन होकर गाँव वापस पहुँचा था। सोंधी मिट्टी सा चेहरा अपना लावण्य खो चुका था। निस्तेज प्रतिभा दी बड़े चाचा के पास आई थीं।
“चाचा! मुझे अपने गाँव पहुँचा दीजिए। वो मुझे नहीं रखना चाहते चाचा। उन्होंने…उन्होंने मुझे छोड़ दिया। मैं टोकती थी न। सारे जेवर, बर्तन बेच डाले। चाचा देखो…देखो, ये जलाने के दाग।”
प्रतिभा दी आई थी तो गर्मी की छुट्टियाँ थीं। उनकी बेचैनी नीलिमा तक पहुँची थी।
“मुझसे पैसे माँग रहे थे। कहाँ थे पैसे, जो देती। अब तो एक पल, एक भी पल दारू के बिना नहीं रह पाते हैं। या उन्हें समझाओ चाचा, या मुझे लौटा दो वहीं, गाँव।”
एक गदबदा, प्यारा, मगर गंदा बच्चा उनकी गोद में था। अपने पति की निशानी लिये प्रतिभा दी बेतरह घबराई हुई थीं।
“वो मार डालेंगे। मुझे मार डालेंगे। हम दोनों को। गाँव से जाकर भारी भूल की मैंने।”
नीलिमा अपने में सिमट गई। उसका भी अंजाम। ननदों, जेठानियों ने गुलाब, जूही की कलियाँ बिस्तर और तकिए पर सजा दी थीं। लेकिन सुगंध पर भारी दुर्गंध।
“सुनो।” तेज भभका।
नीलिमा ने नाक हौले से बंद करके सुना,
“मैं तुम्हें किसी धोखे में नहीं रखना चाहता।…मैं किसी और लड़की को चाहता हूँ।…बहुत ही ज्यादा।”
उसकी मांग का सिंदूर काँपा।
“मैंने बाबूजी से कहा भी था। मेरे घर वाले विजातीय के साथ विवाह को तैयार नहीं हुए। उनकी जिद पर मैंने शादी तो कर ली, लेकिन…।”
उसके सर पर पड़ी लाल चुनरी और बनारस से मँगाई गई कीमती साड़ी काँपी।
“…मैं अब भी उसे भूल नहीं सकता। पर तुम्हें तुम्हारा हक मिलता रहेगा।”
नीलिमा के हृदय की धड़कन बढ़ गई। उसकी देह काँप उठी।
“पैसा-कौड़ी, जेवर-साड़ी जो चाहो लेती रहो, कोई भो रोकेगा-टोकेगा नहीं।”
सुहाग चिन्ह नाक की लौंग भी काँपी।
“मैं तन दे सकता हूँ, मन नहीं। कभी मत माँगना।”
हिकारत से मन भर गया।
“यह दोगे, या लोगे?”
उसके अधर काँप उठे, जिससे चार शब्द निकल पड़े।
एक और याद जवां हुई। दिवा की एक सहेली की शादी अल्पवय में ही हो गई थी। उसका पति उसे माँ-बाप के पास छोड़कर, खुद दूसरे शहर भाग गया था। उस सहेली ने कभी भी अपने पति का शहर नहीं देखा। शादी के पाँच वर्ष बाद भी।
अब भी वह घर आता है लेकिन पत्नी से बात नहीं करता। उसको हमेशा काली-कलूटी कह कर चिढ़ाया करता है। फिर भी उसके दो बच्चे हैं। वह न बच्चों को प्यार करता है, न पत्नी को। नीलिमा को सदा यह बात तकलीफ देती थी।
“ऐसी हालत में बच्चे क्यों? पति देवता की यह कृपा क्योंकर?”
कहती भी थी,
“उस लड़की ने विद्रोह क्यों नहीं किया? लेकिन यह अकेली पतिव्रता तो नहीं। ऐसी कितनी ही पतिव्रताएँ हैं, जो आरंभ से ही सौत को सहती हैं। पति द्वारा प्रत्ताड़ित होती हैं फिर भी मशीन बनी रहेंगी। फिर भी उनके बच्चे रहेंगे।”
वह सदा गुस्सा होती रही है।
नीलिमा ने फिर कहा,
“तुम दोगे या लोगे? मुझे क्षमा करो।”
वह शराब की गंध में गुलाब-जूही की महक को आत्महत्या करते नहीं देख सकती थी।
“मैं दिवा की नासमझ दोस्त नहीं। मैं घर की सिर्फ बहू कैसे बनी रह सकती हूँ, जब तुम पत्नीत्व की गरिमा नहीं दोगे?”
उसने पँखुड़ियों को जमीन पर बिखेर दिया। भय नहीं, हिकारत की लहर।
“अपने मन को तुम उस अनाम लड़की के पास ले जाओ, फर्क नहीं पड़ता। पैर पकड़कर लौटने की राह देखा करूँगी…एक न एक दिन वापस आ जाने की आशा में…ऐसी उम्मीद मुझसे न पालना।”
वह उठ खड़ी हुई।
“तन सौंपने की तो बात ही दूर है। मैं कल यहाँ से जा रही हूँ।”
“तुम यहाँ की बहू हो। इज्जत हो।”
उसकी आँखों की सुर्खी बढ़ गई।
“ऐसे कैसे जा सकोगी?”
इधर नीलिमा के भीतर अपनी माँ की दृढ़ता जन्म ले चुकी थी, उकसा रही थी। माँ कहती थी,
“गलत बातों से हारना नहीं नीली, कभी भी नहीं।”
वह आलिंगन करने दोनों बाँहें फैलाए आगे बढ़ा।
“बहू? इज्जत? तुम्हारे घर का यही चलन है क्या कि घर की बहू को पैर की जूती समझो और खुद दूसरों की बाँहों में पड़े रहो।”
“ज्यादा बक-बक मत करो। इधर आओ।”
कहते हुए नलिन पास आ गया।
“नहीं।”
बाहर कोई सुन लेगा, यह होश नीलिमा को नहीं था। अलग भड़काऊ लाल वस्त्र, अलग मुद्रा, अलग-अलग पोज में विद्रोह नलिन के अधिकार बोध को उकसा रहा था। अलग कोण से निकटता और मिलन की छटपटाहट में लड़खड़ाता नीलिमा के दर्प को काबू में करने के लिए उसका मदमस्त दूल्हा आगे बढ़ा।
फिर मदालस आँखो में नींद झाँकने लगी। दोस्तों की कृपादृष्टि उसकी भरी जेब पर थी, इसलिए पीने-पिलाने का खूब दौर चला था। और दिनों की अपेक्षा ज्यादा। नलिन एक कदम भी चल न सका, ढेर हो गया।
बाहर की ओर निकलती नीलिमा निश्चिंत हो गई। अब शराब में धुत्त उसका नौशा सवेरे के पहले आँख न खोल सकेगा, यह वह अच्छी तरह समझ गई। पुनः पलंग पर उठंगकर बैठ गई। लड़ियाँ पँखे की हवा संग झूमती हुई उसे छूने की नाकाम कोशिश करती रहीं, वह कन्नी काट चुकी थी।