मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -56

वहां कौन है? भाग 56

प्रभा की आवाज में उदासीनता थी। वह उठकर बाहर जाने लगी। तभी उदय ने उसे टोका।

“रुको प्रभा, क्या हुआ है तुम्हें? ऐसे क्यों जा रही हो और मायरा से इस तरह…”

“क्या करें सर? बोलिए?” प्रभा ने उसकी बात बीच में ही काट दी। “जब इस खोज में आए थे तब यही सोचा था कि केवल एक मंदिर खोजना है, जिसका संबंध किसी पुरानी सभ्यता से होगा। मगर यहाँ तो एक के बाद एक नए राज सामने आ रहे हैं। कभी कुमार वेलकार बनकर द्युतिलोक में चला जाता है, तो अब पता चलता है कि मायरा तो इंसान है ही नहीं, जलपरी है… और अब हम उसके प्रायश्चित के लिए उसकी मदद करें। बहुत सारा समय है हमारे पास, केवल यही काम तो बाकी है!”

कहते हुए उसने मुँह बना लिया।सभी सन्न रह गए।कुछ देर तक वे एक-दूसरे का चेहरा देखते रहे। किसी की समझ में नहीं आया कि प्रभा को क्या कहा जाए। उसकी झुँझलाहट में केवल गुस्सा नहीं था, बल्कि थकान और असमंजस भी था। इतने दिनों में उन्होंने जितना कुछ देखा था, उसके बाद सामान्य दुनिया में लौटकर फिर से किसी रहस्य की तलाश करना आसान नहीं था।

कुछ देर बाद सुक्खी ने ही चुप्पी तोड़ी,“प्रभा, हम सभी एक टीम हैं। हमारी टीम का उद्देश्य ही रहस्य सुलझाना है। और रही समय की बात, तो माना कि इस बार समय कुछ ज्यादा लग रहा है, मगर रहस्य भी तो कितना बड़ा है।”

“और ऐसे कितने लोग होंगे जिन्हें इस तरह दूसरे लोक की यात्रा करने का मौका मिलता है?” प्रभात ने भी आगे कहा। “यह तो हमारी किस्मत है यार! हमें जो देखने को मिला, वह शायद पूरी जिंदगी में किसी को न मिले।”

प्रभा ने उसकी तरफ देखा, “तो तुम लोग अपनी किस्मत पर इतराओ। मैं सोने जा रही हूँ।”

कहकर वह पैर पटकती हुई वहाँ से चली गई।सभी ने उसे रोकने की कोशिश की, सिवाय मायरा के।वह चुपचाप सिर झुकाए बैठी रही।

उदय उसके पास आया,“मायरा, यार, तुम तो सच में परी निकली। बस तुम्हारे पंख की जगह पूँछ है। जरा दिखाओ तो अपना परियों वाला रूप।”

सुक्खी ने भी माहौल हल्का करने की कोशिश की, “हाँ, एक सेल्फी हो जाए जलपरी के संग।”

मगर मायरा पर किसी बात का कोई असर नहीं हुआ।उसकी आँखों में आँसू झिलमिला उठे।अचानक वह उदय के गले लग गई और फूट-फूटकर रोने लगी।

एक पल के लिए उदय सकपका गया, लेकिन फिर उसने मायरा की पीठ थपथपाकर उसे शांत करने का प्रयास किया। कुमार ने उसे इशारा किया कि वह मायरा को जी भरकर रो लेने दे। शायद इतने समय से भीतर दबा हुआ बोझ आँसुओं के रास्ते ही बाहर निकलना चाहता था।

कुछ देर बाद मायरा की रुलाई कम हुई। वह उदय से अलग होकर बैठ गई।उदय की नजर अपने कंधे पर गई, जहाँ मायरा के आँसुओं से उसकी शर्ट अभी भी भीगी हुई थी।उसकी आँखों में एक अजीब-सा संतोष उतर आया।

“अब सही लग रहा है?”,कुमार ने मायरा की ओर पानी का गिलास बढ़ाया।

मायरा ने केवल सिर हिला दिया।उदय उसके सामने बैठ गया,“देखो मायरा, अब चाहे जो हो, हम लोग इन सभी से जुड़ चुके हैं। शायद नियति ने हम सभी को मिलाया ही इसलिए है कि हम इस रहस्य को खोजें और एलवारा की शक्ति का अंश वापस लाने में मदद करें। अप्रत्यक्ष रूप से तुम भी इन सब से जुड़ी हुई हो। इसलिए जो हुआ, उसे केवल अपना अपराध मानकर बैठ जाना ठीक नहीं है।”

मायरा ने धीरे से पूछा,“लेकिन प्रभा…”

“प्रभा को समय दो,” कुमार ने खिड़की से बाहर देखते हुए कहा। “उसने जो कुछ देखा है, उसकी कल्पना हममें से किसी ने नहीं की थी। अभी वह विचलित है। हो सकता है बाद में वह फिर से हमारे साथ आ जाए। और यदि नहीं भी आती है, तब भी…”

वह कुछ क्षण रुका, “हममें से कोई पीछे नहीं हटेगा।”

काफी देर तक वे लोग मायरा को समझाते रहे।उसके बाद सभी सोने चले गए।मायरा की आँखों में नींद नहीं थी।उसने दूसरे बिस्तर पर सो रही प्रभा को देखा। सोते हुए भी उसके चेहरे का तनाव साफ दिखाई दे रहा था।

मायरा कुछ देर उसे देखती रही फिर धीरे से उठी और हॉल में जाकर एक कुर्सी पर बैठ गई।कुछ ही देर बाद पीछे से आवाज आई, “नींद नहीं आ रही? चाय लाऊँ?”

मायरा ने पलटकर देखा।रामसेवक खड़ा था, “अरे नहीं, आप क्यों तकलीफ कर रहे हैं।”

रामसेवक को उसके रहस्य के बारे में जानने के बाद मायरा को अब उससे किसी काम के लिए कहना अजीब लग रहा था।

रामसेवक ने उसे गहरी दृष्टि से देखा,“यहाँ मैं उस गेस्ट हाउस का सेवक हूँ। मैं नहीं चाहता कि कोई मेरे बारे में जाने, जैसे तुम नहीं चाहती थीं कि कोई तुम्हारे बारे में जाने।”

मायरा के चेहरे पर हल्की मुस्कान आई,“फिर भी…”

“मैं चाय लाता हूँ।”,रामसेवक भीतर चला गया।

कुछ ही देर बाद वह दो कप चाय लेकर लौटा और मायरा के सामने वाली कुर्सी पर बैठ गया।

दोनों चुपचाप चाय पीते रहे।बाहर रात गहरी हो चुकी थी। जंगल की तरफ से आती हवा में पेड़ों की सरसराहट सुनाई दे रही थी।
कुछ देर बाद रामसेवक ने ही चुप्पी तोड़ी, “मायरा, खुद को दोष मत दो।”

मायरा ने उसकी ओर देखा।

“तुम हो या लेविरा… तुम दोनों ने प्रेम को सर्वस्व मानकर भरोसा किया था। उस भरोसे का किसी ने छल के लिए इस्तेमाल किया तो उसमें दोष केवल तुम्हारा नहीं है।”

मायरा ने कप को दोनों हाथों में थाम लिया,“पर मुझे समझना चाहिए था। अपने लोक का रहस्य मैंने उस… अम्भोर को बताया। अपने लोगों के बारे में बताया। मैं ही जिम्मेदार हूँ अपने लोक की तबाही की।”

रामसेवक कुछ देर शांत रहा, “एक तरह से हो।”

मायरा ने उसकी ओर देखा।

“लेकिन दूसरी तरह से देखा जाए तो शायद यह सब पहले से ही तय था।”

“पहले से तय?”

“हाँ।”

रामसेवक ने धीरे से चाय का कप मेज पर रखा, “एक अज्ञात सत्ता है, जिसे तुम ईश्वर कहती हो। हम उसे एलवारा में देखते हैं। नाम अलग हो सकते हैं, रूप अलग हो सकते हैं, लेकिन सत्ता शायद वही है। वही जन्म देती है, वही परिस्थितियाँ बनाती है और वही कभी-कभी उन परिस्थितियों को इस तरह मोड़ देती है कि हमें लगता है सब कुछ हमारे अपने फैसलों से हुआ।”

मायरा ध्यान से सुन रही थी।

रामसेवक ने आगे कहा, “अगर जीवन में हर घटना पहले से सीधी और स्पष्ट होती, तो मनुष्य सीखता कैसे? उसे अपने निर्णयों का अर्थ समझने के लिए रास्ते पर चलना पड़ता है। कभी वह सही चुनाव करता है, कभी गलत। कभी उसकी भूल से उसे पीड़ा मिलती है और कभी वही भूल आगे आने वाली पीढ़ी के लिए सीख बन जाती है।”

“तो फिर गलतियाँ भी जरूरी हैं?”

“गलतियाँ नहीं,” रामसेवक ने धीरे से कहा, “गलतियों से सीखना जरूरी है।”

मायरा चुप रही।

“जिसे हम लीला कहते हैं, उसका अर्थ यह नहीं कि किसी को दुख देकर कोई खेल खेला जा रहा है। लीला शायद उस बड़े क्रम का नाम है, जिसे हम अपनी छोटी-सी दृष्टि से पूरा देख ही नहीं पाते। हमें केवल अपना हिस्सा दिखाई देता है। पूरी कहानी नहीं।”

रामसेवक कुछ क्षण रुका, “सोचो, अगर हर पीढ़ी को अपने पूर्वजों से जीवन का हर उत्तर पहले ही मिल जाए तो वह अपने भीतर प्रश्न करना बंद कर देगी। धीरे-धीरे उसे अपने लोक, अपनी संस्कृति, अपनी परंपराओं और अपने अस्तित्व के पीछे छिपे अर्थ का महत्व महसूस होना बंद हो जाएगा।”

मायरा अब पूरी तरह उसकी बात में डूब चुकी थी।

“इसलिए शायद कभी-कभी समय कुछ बदलता है, कोई रहस्य छिप जाता है, कोई व्यक्ति रास्ते से भटकता है, कोई संकट आता है। ताकि अगली पीढ़ी उस चीज को फिर से खोजे जिसे पिछली पीढ़ी सहज मानकर भूल चुकी थी।”

“मतलब…”

“मतलब यह कि तुम्हारे लोक के साथ जो हुआ, वह केवल विनाश नहीं हो सकता। शायद वह तुम्हारे लोगों के लिए अपने अस्तित्व को फिर से समझने का अवसर भी बने। तुम्हारी गलती ने बहुत कुछ छीना होगा लेकिन उसी घटना ने तुम्हें आज यहाँ तक भी पहुँचाया है।”

मायरा ने धीरे से पूछा, “और अगर मैंने वह गलती न की होती?”

रामसेवक मुस्कुराया,“तो शायद कोई दूसरी घटना तुम्हें यहाँ तक लाती।”

“आपको इतना विश्वास कैसे है?”

“क्योंकि मैं वर्षों से इस रहस्य की रक्षा कर रहा हूँ और मैंने एक बात समझी है—हम अपने जीवन को जितना अपने हाथ में समझते हैं, वह उतना हमारे हाथ में होता नहीं लेकिन इसका अर्थ यह भी नहीं कि हमें कुछ करना ही नहीं है। नियति रास्ते खोल सकती है, मगर उस रास्ते पर चलना हमें ही पड़ता है।”

मायरा ने पहली बार थोड़ी राहत महसूस की।उसने कप में बची चाय की आखिरी चुस्की ली, “तो मुझे अब क्या करना चाहिए?”

“जो सामने है, उसे ईमानदारी से करना चाहिए।”, रामसेवक उठ खड़ा हुआ।

“और अभी सामने क्या है?”

“सोना। नींद।”

मायरा के चेहरे पर हल्की मुस्कान आई, “यह काम भी नियति ने ही तय किया होगा?”

रामसेवक हँस पड़ा, “इसमें मुझे एलवारा की मदद लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।”

मायरा भी हल्का-सा हँसी।वह उठी और अपने कमरे की ओर चली गई।काफी देर बाद उसकी आँखें बंद हुईं और नींद ने उसे अपने आगोश में ले लिया।

सुबह उसकी आँख देर से खुली।कुछ क्षण तक उसे समझ ही नहीं आया कि वह कहाँ है फिर पिछली रात की सारी बातें धीरे-धीरे याद आने लगीं।

वह उठकर बैठी।सामने वाले बिस्तर पर नजर गई।प्रभा वहाँ नहीं थी।मायरा ने सोचा शायद वह जल्दी उठकर बाहर गई होगी।
लेकिन कमरे में उसकी नजर घूमते ही उसे कुछ अजीब लगा।
प्रभा का सामान भी वहाँ नहीं था।वह तुरंत उठी।कमरे से बाहर आई तो हॉल लगभग खाली था।

“उदय?”

कोई उत्तर नहीं मिला।वह बाहर की ओर भागी।कुछ दूरी पर कुमार और प्रभात खड़े दिखाई दिए।

“प्रभा कहाँ है?”,उसकी आवाज में आशंका थी।

उदय ने उसकी ओर देखा, “वह चली गई।”

मायरा जैसे वहीं जम गई,“चली गई?”

कुमार ने सिर हिलाया, “सुबह उठकर उसने अपना सामान लिया और निकल गई। बस इतना कहा कि उसे वापस जाना है।”

मायरा धीरे-धीरे वहीं पड़ी कुर्सी पर बैठ गई।उसके चेहरे पर अपराधबोध फिर लौट आया,“मेरी वजह से।”

कुमार तुरंत उसके पास आया,“नहींमायरा,वह हमारे साथ आई थी। उसे क्या पता था कि यहाँ क्या-क्या होगा? हमने उसे किस दुनिया में ला दिया…”,कुमार ने उसकी बात रोक दी।“तुम अकेले खुद को दोष क्यों दे रही हो?”

मायरा ने उसकी ओर देखा।कुमार ने शांत स्वर में कहा,“ऐसे तो मैं भी दोषी हूँ।एलवारा के खोए हुए अंश को खोजने की जिम्मेदारी मुझे मिली है। मैं तुम सभी को इस यात्रा में लेकर आया। मैंने ही वह रास्ता खोला, जिसके बारे में कोई नहीं जानता था।”

“लेकिन मैंने अपने लोक का रहस्य…”

“और मैंने क्या किया?” कुमार ने उसकी बात काट दी। “मैंने भी अपनी पहचान तक नहीं समझी थी। पहले कुमार था, फिर वेलकार बना, फिर अपनी ही स्मृतियों से अनजान रहा। अगर हर घटना की जिम्मेदारी किसी एक व्यक्ति पर डाल देंगे तो इस पूरी यात्रा में कोई भी निर्दोष नहीं बचेगा।”

मायरा चुप हो गई।कुमार उसके सामने बैठ गया, “प्रभा का जाना उसका फैसला है। हमें उसका सम्मान करना होगा। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम अपने रास्ते से हट जाएँ।”

मायरा की आँखों में फिर आँसू आ गए।कुमार ने इस बार कुछ नहीं कहा।उसे रोने दिया क्योंकि कभी-कभी किसी को समझाने से ज्यादा जरूरी होता है कि उसे यह महसूस कराया जाए कि उसके साथ कोई खड़ा है।

और उस सुबह मायरा को लगा कि शायद वह अकेली नहीं थी।
उसके पीछे उसका लोक था, उसके भीतर उसकी स्मृतियाँ थीं और उसके सामने एक ऐसी यात्रा थी जिसका अंत अभी किसी को नहीं पता था।
Megha
(साथ बने रहिए)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment