दर्द न जाने कोई
भाग -17
अगले दिन का सूरज देवेन्द्र के जीवन में सुनहरी आभा लेकर आया। वह राकेश के साथ जैसे ही स्कूल पहुँचा तो पता चला कि वह पूरे स्कूल में फर्स्ट आया है। स्कूल के प्रधानाचार्य और अध्यापकों ने खुशी के साथ उसका स्वागत किया। आँसुओं की कहानी निराली होती है। लगता है कि कोई ऐसा स्वचालित मोटर मन में फिट होता है जिसके दो पाइप आँखों तक आते हैं। मन में फिट मोटर गम और खुशी के भावों की आहट पाकर स्वतः संचालित होकर पानी को आँखों में फेंकने लगता है। देवेन्द्र की आँखें भी खुशी के आँसुओं से भर आईं। खुशी के मारे वह एक पल के लिए राकेश से लिपट गया लेकिन अगले ही पल स्वयं को सँभलाते हुए उसने प्रधानाचार्य और अध्यापकों के पैर छुए। सभी उसे आशीर्वाद देकर तालियाँ बजाईं। प्रधानाचार्य ने तो तुरन्त चपरासी से मिठाई मँगवाकर और उसे अपने हाथों से खिलायी। परीक्षाफल तो घोषित हो चुका था लेकिन अभी अंकपत्र नहीं आए थे। अंकपत्र आने में लगभग सप्ताह भर का समय लगने वाला था। देवेन्द्र सभी को प्रणाम करके राकेश का हाथ थामकर घर की ओर चल पड़ा।
राकेश जानता था कि देवेन्द्र को उसे छूने का बहाना चाहिए इसलिए वह बार-बार उसे स्पर्श करता रहता है, लेकिन आज उसने खुद देवेन्द्र के हाथ को कसकर पकड़ लिया। वह उसकी खुशी में कोई कमी नहीं करना चाहता था। देवेन्द्र तेज कदमों से घर की ओर बढ़ रहा था क्योंकि उसे जल्दी-से-जल्दी घर पहुँचकर अपनी माँ को यह खुशखबरी सबसे पहले देनी थी। जल्दी-जल्दी चलने से उसके पेट से नीचे गुदगुदी हो रही थी जो उसे मज़ा दे रही थी। ऊपर से राकेश का स्पर्श भी उसे आज बहुत सुखद लग रहा था।
“थोड़ी-सी मिठाई तो ले ले, क्या खाली हाथ घर जाएगा?” मस्ती में कदम बढ़ाते हुए देवेन्द्र से राकेश ने कहा।
“अ…हाँ…पर…पैसे?” देवेन्द्र ठिठका।
“अरे मैं दे दूँगा…आज तो बहुत खुशी का दिन है…चल उधर मिठाई की दूकान पर चल…” राकेश उसे खींचकर सामने ‘गुलाब मिष्ठान्न भंडार’ पर ले गया। वह दोनों मिठाई लेकर दूकान से उतरे ही थे कि सामने से मनु भैया हँसते हुए आते दिखाई दिए। देवेन्द्र को सीने से लगाते हुए वे बोले, “तूने तो कमाल कर दिया देबू…पूरे स्कूल में फर्स्ट आया है…तेरा नाम और फोटो कल के अखबार में छपेगा।”
देवेन्द्र की आँखें फिर सजल हो उठीं। राकेश ने उसके सिर पर टीप मारते हुए कहा, “फिर लड़कियों की तरह रोने लगा…अरे कितनी खुशी की बात है…चल घर चल।” मनु भैया ने भी हँसते हुए कहा, “अरे राकेश…मुझे तो लगता है कि मेरा भाई टू-इन-वन है।” दोनों ठहाका मारकर हँसे लेकिन देवेन्द्र ने झेंपते हुए सिर नीचे झुका लिया। तीनों घर की ओर बढ़ने लगे। देवेन्द्र ने मन-ही-मन सोचा, ‘मनु भैया आज आपने मेरे मन की बात कह दी…सच में मैं बाहर से लड़का और अन्दर से लड़की हूँ…हाँ…मैं टू-इन-वन हूँ…काश मैं यह बात सबको बता पाता।’ देवेन्द्र का मनोमन्थन चल ही रहा था कि दरवाजे पर पहुँचते ही मनु भैया ने माँ को पुकारा, “माँ…ओ माँ…जल्दी बाहर आओ माँ…” कुछ ही पलों में अपना पल्लू सँभालती माँ दरवाजे पर आ गयी।
“अरे, अपना देबू पूरे स्कूल में फर्स्ट आया है…कल अखबार में फोटो भी छपेगी,” मनु भैया ने घर में घुसने से पहले ही सब कह दिया।
माँ ने देबू को सीने से लगा लिया। उसका गला रुंध गया। आवाज़ भर्राने लगी। उसका माथा चूमते हुए बोली “ऐसे ही नाम रोशन करते रहना मेरे लाल! तुझसे बहुत उम्मीदें हैं।” इसके बाद उससे कोई शब्द न कहा गया। देवेन्द्र भी माँ के सीने से लगकर अन्दर तक भीग चुका था।
अपने हाथों से सबको मिठाई खिलाकर देवेन्द्र बैठा ही था कि दरवाजे से दीदी आती दिखाई दी। दीदी को देखकर देवेन्द्र दरवाजे की ओर दौड़ा और उससे लिपट गया। दीदी ने अपना बैग उतारा और उसे प्यार करने लगी। उसे भी खबर लग चुकी थी। आज दीदी का चेहरा बहुत खिला-खिला लग रहा था। उसके चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। वह देवेन्द्र को लेकर अन्दर आई और अपने बैग से मिठाई का डिब्बा निकालकर उसमें देवेन्द्र को मिठाई खिलाते हुए बोली, “आज का दिन बहुत शुभ है…आज मेरी भी नौकरी लग गयी।” जिस घर में हमेशा दुख और परेशानियाँ ही पसरी रहती हों, वहाँ इस प्रकार एक के बाद एक खुशी मिलने से घर का कोना-कोना चहकने लगता है। खिड़की-दरवाज़े, बर्तन, चारपाई, आँगन, छत मानो झूमने लगते हैं। दीदी ने देवेन्द्र के सिर और गालों पर हाथ फेरते हुए आगे कहा, “देबू की आगे की पढ़ाई मैं करवाऊँगी। वह जितना भी पढ़ना चाहेगा, मैं उसे पढ़ाऊँगी।” दीदी ने उसे सीने से लगाकर उसका माथा चूम लिया। माँ चाय बनाने के लिए रसोई की तरफ चली गयी। देवेन्द्र की खुशी का ठिकाना नहीं था। उसे लगा, ‘केवल आठवीं में फर्स्ट आने से सब लोग उसे प्यार करने लगे, उसकी इज्जत करने लगे हैं। ऐसे ही अगर वह हर क्लास में फर्स्ट आता गया तो पूरा गाँव उसकी इज्जत करेगा। फिर कोई उसे ‘छक्का’ कहकर नहीं बुलाएगा। पर…वह यह बात कैसे किसी को बताए कि उसके भीतर एक लड़की रहती है, जो बाहर आने के लिए छटपटा रही है,’ अगले ही पल उसे अपने इस प्रश्न का उत्तर भी मिल गया, ‘जब वह खूब पढ़-लिख लेगा और अंग्रेजी बोलने लगेगा तो गाँव वाले उसकी हर बात मानेंगे क्योंकि जो अंग्रेजी बोलता है, उसकी बातें सब मानते हैं, चाहें समझ आए या नहीं क्योंकि अंग्रेजी बोलने वाला बहुत पढ़ा-लिखा माना जाता है और सब उसके कहे अनुसार ही काम करते हैं। वह भी अंग्रेजी बोलेगा और तब सबको बताएगा कि असल में वह एक लड़की है जो लड़के के शरीर में कैद है। पर कैसे….उसके लिए तो उसे बहुत पढ़ना पड़ेगा…क्या वह उतना पढ़ पाएगा? क्या कभी अंग्रेजी बोल पाएगा?’ खुशी का चमकता सूर्य कुछ पलों के लिए निराशा के बादलों में घिर गया लेकिन अगले ही पल दीदी की बातें उसे हवा के ऐसे झोंके की तरह लगीं जो निराशा के बादलों को अपने साथ उड़ाकर ले जाता है। देबू की खुशी का सूरज फिर से चमकने लगा था।
क्रमशः
लवलेश दत्त