“धारावाहिक पौराणिक उपन्यास”
*अग्नि शिखा : द्रौपदी*
(प्रथम खंड)।
(तृतीय आख्यान)
*हस्तिनापुर के राजकुमारों के आचार्य*
——————————–
आचार्य द्रोण की पत्नी कृपी देवी और हस्तिनापुर के कुल गुरु कृपाचार्य जुड़वा भाई बहन थे। कृपाचार्य अपनी बहन कृपी से बड़े थे। इसलिए कृपी उन्हें भैया कहकर पुकारा करती थी। हस्तिनापुर के राजदरबार में कृपाचार्य की बड़ी प्रतिष्ठा थी। जब अपने पति आचार्य द्रोण और पुत्र अश्वत्थामा के साथ कृपी उनके घर आयी तब उन्होंने उन लोगों का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया। कृपी ने अपना दुखड़ा अपने भैया को सुनाई। उन लोगों के हीनावस्था को जानकर कृपाचार्य को अतिशय दुख हुआ। उन्होंने अपने बहनोई से कहा –
“आप यदि हस्तिनापुर राज्य की सेवा में रहना चाहते हों तो मैं महाराज धृतराष्ट्र तथा आदरणीय भीष्म पितामह से आपकी अनुशंसा कर सकता हूं।”
“नहीं….! मैं किसी अनुशंसा से नहीं बल्कि अपनी प्रतिभा से जीवन में कुछ प्राप्त करना चाहता हूं। आदरणीय कृपाचार्य जी, आपसे मेरी एक ही विनती है कि मेरे हस्तिनापुर आगमन की बात को कुछ दिनों तक गुप्त रखें तो मुझ पर आपकी बड़ी कृपा होगी।” कृपाचार्य अपने बहनोई के इस आग्रह को टाल न सके। वे आचार्य द्रोण के स्वाभिमान से परिचित थे, अतः उन पर अधिक दबाव डालना उन्हें उचित नहीं लगा।
कई माह बीत गये आचार्य द्रोण को हस्तिनापुर में रहते हुए, परंतु उन्हें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का कोई सुयोग मिल नहीं रहा था। इस बीच उनके हृदय में अपने चिर शत्रु महाराज द्रुपद के प्रति प्रतिशोध की जो ज्वाला धधक रही थी उसका ताप और भी बढ़ने लगा था। उन्होंने मन ही मन दृढ़ संकल्प ले लिया था कि अब चाहे जो हो जाए एक न एक दिन वे अपने शत्रु महाराज द्रुपद के अभिमान को चकनाचूर करके ही दम लेंगे।
एक दिन वे अनमने भाव के हस्तिनापुर के राजमार्ग पर चहलकदमी कर रहे थे। चहलकदमी करते हुए वे काफी दूर तक निकल गये। वे जहां पहुंचे वह सूनसान इलाका था। राजमहल से काफी दूर। अनायास उनकी दृष्टि एक कुएं पर पड़ी। उस कुएं को चारों ओर से घेरे हुए कुछ किशोर खड़े थे। उन किशोरों के पहनावे को देखकर वे समझ गये कि ये सभी किशोर हस्तिनापुर के राजकुमार हैं। उन में से कुछ कुएं के अंदर झांकते हुए एक लकड़ी से कुएं में से कोई वस्तु निकालने की असफल चेष्टा कर रहे थे। आचार्य द्रोण की उत्सुकता जग गयी कि आखिर ये लोग कुएं के अंदर से निकालना क्या चाह रहे हैं? वे लपकते हुए उन लोगों के निकट पहुंचे और कुएं के अन्दर झांक कर देखने लगे। कुएं की सतह पर एक गेंद तैर रहा था। चूंकि राजकुमारों का ध्यान उस गेंद पर ही टिका हुआ था इसलिए उन्हें आचार्य द्रोण के वहां आने का आभास तक न हुआ।
“इस तरह के प्रयास से गेंद कुएं के अंदर से बाहर नहीं निकल पाएगा राजकुमारों।”
इस स्नेहासिक्त आवाज को सुनकर सभी राजकुमार चौंक कर उछल पड़े और आश्चर्य से आचार्य द्रोण की ओर देखने लगे। आचार्य द्रोण मंद मंद मुस्कुराए जा रहे थे। उनकी वेशभूषा ब्राह्मणों जैसी थी और उनके मुखमंडल पर छाया हुआ देदीप्यमान तेज बता रहा था कि वे प्रकांड विद्वान होंगे। तभी उनमें से एक किशोर जो सौम्य और अत्यंत ही गंभीर स्वभाव का दिख रहा था, आदरभाव से विनम्र स्वर में पूछा बैठा –
“आप कौन हैं आदरणीय?”
“मैं अपना परिचय बाद में दूंगा पहले आपलोग अपना परिचय दें।’
“हमलोग हस्तिनापुर साम्राज्य के राजकुमार हैं।” वही किशोर बड़ी विनम्रता पूर्वक अपना तथा अन्य राजकुमारों का परिचय देने लगा -“मैं दिवंगत महाराज पांडु का पुत्र युधिष्ठिर हूं और वे महाराज धृतराष्ट्र के बड़े पुत्र दुर्योधन हैं। वे चारों जो आपकी बायीं ओर खड़े हैं मेरे भ्राता भीम, अर्जुन, नकुल तथा सहदेव हैं। और उनके दायीं ओर जो खड़े हैं वे सभी भ्राता दुर्योधन के ही अनुज हैं। मैंने अपना तथा अपने अनुजों का परिचय दे दिया। अब कृपा कर आप भी अपना परिचय दें आदरणीय।” आचार्य द्रोण राजकुमार युधिष्ठिर की विनम्रता को देखकर उनसे काफी प्रभावित हुए।
“मेरा नाम आचार्य द्रोण है। मैं महर्षि भारद्वाज का पुत्र तथा भगवान परशुराम का शिष्य हूं। भगवान परशुराम ने ही मुझे धनुर्विद्या का ज्ञान दिया है।” सभी राजकुमार उनका परिचय पाकर प्रसन्नता से झूम उठे और उनके सम्मान में नतमस्तक हो गये। आचार्य द्रोण ने उन सबों को आशीर्वाद दिया फिर शांत स्निग्ध भाव से बोले-
“तुमलोग ध्यान पूर्वक देखो, मैं इस गेंद को किस भांति बाहर निकालता हूं।” इतना कहकर वे वहां यत्र-तत्र फैले हुए सींकों में से एक सींक उठाकर मंत्रोंच्चार के साथ, लक्ष्य साधते हुए उस गेंद की ओर फेंका। वह अभिमंत्रित सींक उस गेंद में जाकर धंस गया। फिर उन्होंने दूसरा सींक भी उसी भांति अभिमंत्रित कर उस गेंद में धंसे हुए सींक की ओर लक्ष्य साधकर फेंका। यह दूसरा सींक पहले वाले सींेक में जाकर धंस गया। फिर उन्होंने सींकों की एक शृंखला बना दी। वह श्रृंखला इतना मजबूत था कि उन्होंने ऊपर वाले सींक को पकड़ कर अपनी ओर खींचा। उन सींकों के सहारे गेंद बाहर आ गया। उनके इस चमत्कार पूर्ण कौशल को देखकर सभी राजकुमार आश्चर्य चकित रह गये। सबसे अधिक प्रसन्नता पांचों पांडवों को हुई। खासकर तृतीय पांडुपुत्र अर्जुन को। वह अभिभूत सा होकर आचार्य द्रोण के निकट आया और उनके चरणों में झुक गया। वह भावविभोर होते हुए बोला –
“गुरुदेव आप आर्यावर्त के सर्वश्रेष्ठ धनुर्धर हैं। फिर वह अपने अग्रज युधिष्ठिर की ओर देखते हुए विनीत स्वर में बोला -“भ्राताश्री आप गुरुदेव से पूछिए न, क्या ये हमलोगों को धनुर्विद्या की शिक्षा देंगे?” आचार्य द्रोण अर्जुन की इस विनती को सुनकर मंद मंद मुस्कुराने लगे थे। यही तो वे चाहते थे, किसी भी तरह से हस्तिनापुर के राजदरबार में प्रविष्ट होना। आज उनकी चिर-परिचित वह अभिलाषा पूर्ण होने जा रही थी। उनकी पारखी आंखों ने परख लिया – इन राजकुमारों में अर्जुन ही सबसे अधिक मेधावी और धनुर्विद्या सिखने के प्रति जिज्ञासु हैं। भविष्य में अर्जुन आर्यावर्त का सर्वश्रेष्ठ धनुर्धर होगा।
अपने अनुज की विनती सुनकर युधिष्ठिर आचार्य द्रोण के समक्ष आए और अपने दोनों कर जोड़ कर उनसे आग्रह करते हुए विनीत स्वर में बोले –
“हे आचार्यवर! मेरे अनुज अर्जुन की हार्दिक इच्छा है कि आप हमलोगों को धनुर्विद्या की शिक्षा दें। क्या आपको हमारा गुरु बनना स्वीकार है?”
“राजकुमार युधिष्ठिर, जब-तक मुझे राजाज्ञा नहीं मिलेगी तब तक मैं इस दायित्व को कैसे स्वीकार कर सकता हूं?”
“तो इसमें बाधा क्या है?” युधिष्ठिर बोल पड़े -“आप अभी हमारे साथ राजदरबार में चलें महाराज धृतराष्ट्र तथा हस्तिनापुर के संरक्षक आदरणीय भीष्म पितामह हमारी इच्छा की पूर्ति अवश्य करेंगे।”
“तो ठीक है युधिष्ठिर चलो।” आचार्य द्रोण मन ही मन प्रफुल्लित होते हुए राजदरबार की ओर चल पड़े।
***
हस्तिनापुर के राजदरबार में आचार्य द्रोण जैसे ही राजकुमारों के साथ प्रविष्ट हुए कि वहां यथायोग्य आसनों पर विराजमान कुरु राजवंश के संरक्षक वयोवृद्ध भीष्म पितामह, महामंत्री महात्मा विदुर तथा वर्तमान कूल गुरु कृपाचार्य से लेकर सभी सभासद चौंक पड़े। चूंकि महाराज धृतराष्ट्र जन्मजात अंधे थे इसलिए वे नहीं देख पाए कि उनके पुत्रों तथा स्वर्गवासी महाराज पांडु के पुत्रों के साथ एक अपरिचित ब्राह्मण ने दरबार में पदार्पण किया है। अपने बहनोई आचार्य द्रोण को हस्तिनापुर के राजकुमारों के साथ अचानक दरबार में देखकर सबसे अधिक आश्चर्यचकित थे कुल गुरु कृपाचार्य। उन्हें आशा न थी कि अचानक आचार्य द्रोण यहां उपस्थित हो जाएंगे। आचार्य द्रोण ने तो उन्हें यही कहा था कि वे स्वयं को अभी गुप्त रखना चाहते हैं। फिर अचानक यहां….? वे एकटक आचार्य द्रोण को निहारे जा रहे थे।
दरबार में उपस्थित होने के पश्चात आचार्य द्रोण तथा सभी राजकुमारों ने भीष्म पितामह, महाराज धृतराष्ट्र, कुलगुरु कृपाचार्य, महामंत्री विदुर के साथ साथ सभी श्रेष्ठ जनों को नमन किया।
-“कुमार युधिष्ठिर, ये कौन हैं?” महामंत्री विदुर ने राजकुमार युधिष्ठिर से प्रश्न किया। महामंत्री विदुर के इस प्रश्न का उत्तर कृपाचार्य देना चाह ही रहे थे कि आचार्य द्रोण ने संकेत से उन्हें रोक दिया।
“आदरणीय महामंत्री जी ये हैं आर्यावर्त के महान धनुर्धर आचार्य द्रोण।” उत्तर राजकुमार युधिष्ठिर ने ही दिया।
“क्या कहा, आचार्य द्रोण।” भीष्म पितामह चौंक पड़े -“कहीं ये वही आचार्य द्रोण तो नहीं हैं जिन्होंने महर्षि परशुराम से शिक्षा ली थी?” भीष्म पितामह गहरी दृष्टि से आचार्य द्रोण को देखने लगे।
“हां आदरणीय भीष्म पितामह जी, आपने सही पहचाना, मैं परम पूज्य महर्षि परशुराम जी का शिष्य रह चुका हूं। संभवतः आपने भी उनसे ही धनुर्विद्या की शिक्षा ली थी।”
“हां आचार्य द्रोण, मैं भी उनका शिष्य रह चुका हूं। परंतु आपका अचानक राजकुमारों के साथ हस्तिनापुर के राजदरबार में उपस्थित होने का औचित्य मैं जान सकता हूं?”
“परम आदरणीय पितामह!” आचार्य द्रोण के बदले युधिष्ठिर बोल पड़े -“अनुज अर्जुन की हार्दिक इच्छा है कि आचार्य द्रोण हमें धनुर्विद्या की शिक्षा दें।”
“यह तो अति उत्तम है कुमार युधिष्ठिर। मेरी भी हार्दिक इच्छा है कि आचार्य द्रोण सभी राजकुमारों को शिक्षा दें।” पितामह रूक कर महाराज धृतराष्ट्र की ओर देखने लगे फिर बोले -“परंतु आज्ञा तो महाराज धृतराष्ट्र ही दे सकते हैं।”
भले ही महाराज धृतराष्ट्र देख नहीं सकते थे, परंतु सुन तो सबकुछ सकते थे। भीष्म पितामह की बात सुनकर वे तपाक से बोल पड़े –
“आपकी आज्ञा सर्वोपरि है पितामह। आपकी आज्ञा का अनादर भला मैं कैसे कर सकता हूं।” महाराज धृतराष्ट्र ने अपनी आज्ञा दे दी।
“परम आदरणीय भीष्म पितामह जी मुझे यह बताते हुए अतिव प्रसन्नता हो रही है कि आचार्य द्रोण मेरे बहनोई हैं।” कृपाचार्य के इस रहस्योद्घाटन को सुनकर दरबार में हर्ष की लहर दौड़ गयी।
“ओ हो….! यह तो और भी उत्तम है ।” हर्ष से ताली पीटते हुए महात्मा विदुर बोल पड़े -“आज से आचार्य द्रोण भी हस्तिनापुर के कुल गुरु नियुक्त किये जाते हैं।” महामंत्री विदुर की इस घोषणा को सुनकर सभी राजकुमार प्रसन्नता से झूम उठे। सर्वाधिक प्रसन्नता अर्जुन को हुई।
“साधु साधु!” की करतल ध्वनि दरबार में गूंज उठी। सभी दरबारियों ने भी आचार्य द्रोण का हार्दिक स्वागत किया।
***
*आचार्य द्रोण से द्रोणाचार्य*
हस्तिनापुर के महामंत्री विदुर ने आचार्य द्रोण को उनके साला कृपाचार्य की तरह उन्हें भी द्रोणाचार्य के नाम से पुकारा उस दिन से ही आचार्य द्रोण द्रोणाचार्य बन गये। राज्य की ओर से उन्हें अपना आश्रम निर्माण करने हेतु हस्तिनापुर के उत्तरी छोर पर भूमि आबंटित करके आश्रम बनाने हेतु सारा खर्च भी दिया गया। जब उनके आश्रम का निर्माण हो गया तब वे कृपाचार्य का आश्रम त्याग कर सपरिवार अपने आश्रम में आ गये। उनकी इस उपलब्धि से उनकी पत्नी कृपी देवी के साथ साथ पुत्र अश्वत्थामा को भी अतीव प्रसन्नता हुई।
महाराज धृतराष्ट्र के सौ पुत्र थे और वे सभी कौरव के नाम से विख्यात हुए। वहीं दिवंगत महाराज पांडु पुत्र पांडव कहलाए।अब वे सभी राजकुमार गुरु द्रोणाचार्य के आश्रम में ही रहकर धनुर्विद्या के साथ साथ राजनीति की भी शिक्षा लेने लगे। उन राजकुमारों के साथ ही द्रोणाचार्य के पुत्र अश्वत्थामा भी अपने पिता के आश्रम में ही शिक्षा प्राप्त करने लगे। पांडवों और कौरवों में सबसे बड़े युधिष्ठिर थे। उसके बाद दुर्योधन। दुर्योधन अपने किशोरावस्था से ही अति महत्वाकांक्षी, अहंकारी, ईर्ष्यालु होने के साथ साथ कूटनीति से भरा था। वह पांडवों खासकर भीम से काफी द्वेष भाव रखा करता था। उसका छोटा भाई दुस्सासन उसका अंधभक्त था। उसमें सही और ग़लत का बोध नहीं था। ये दोनों भाई आश्रम में उदंडता और अमर्यादित कार्य किया करते थे। वहीं दुर्योधन के तीसरे भाई विकर्ण का स्वभाव इन दोनों भाइयों के बिल्कुल उलट था। वह सत्यवादी और धर्मनिष्ठ था। वह अन्याय और अधर्म का विरोधी था। इन बुरे आचरणों के बावजूद भी दुर्योधन साहसी और बलवान था। उसकी रुचि धनुर्विद्या में न होकर गदा विद्या एवं मल्ल विद्या में थी।
पांचों पांडवों के सबसे बड़े युधिष्ठिर का स्वभाव, चरित्र और व्यक्तित्व बिल्कुल अनोखा था। किशोरावस्था से वे धर्म, सत्य और न्याय के प्रतीक थे। उनमें शान्ति, धैर्य, नीति और सत्यनिष्ठता कूट कूट कर भरी थी। भीम असाधारण शक्ति के स्वामी थे। वे भी गदा तथा मल्ल युद्ध में पारंगत थे। उनकी इस अपार शक्ति को देखकर ही दुर्योधन उनसे इर्ष्या करता और बैर भाव रखा करता था। भीम ने भी अपने अग्रज युधिष्ठिर के धर्म और सत्य मार्ग को अपनाया। पांडवों के तृतीय भ्राता अर्जुन अपने मन में विश्व का महान धनुर्धर बनने की इच्छा पाल रहे थे। वे भी धर्म परायण और सत्यनिष्ठ थे। ये तीनों महाराज पांडु की प्रथम पत्नी महारानी कुंती के पुत्र थे। महारानी कुंती द्वारिकाधीश श्रीकृष्ण की बुआ थी। वहीं पांडवों के भ्राता नकुल और सहदेव महाराज पांडु की द्वितीय पत्नी रानी माद्री के पुत्र थे। ये दोनों भाई भी अपने अन्य भाइयों की तरह ही धर्मनिष्ठ और सत्य मार्ग पर चलने वाले थे।
∆∆∆∆∆