“महाभारत कथा”
*अग्निशिखा : द्रौपदी*
(प्रथम खंड)
(चतुर्थ आख्यान)
*कर्ण की माता कुंती*
———————————
मथुरा के राजा शूरसेन की सबसे बड़ी पुत्री का नाम था पृथा। राजा शूरसेन के एक फुफेरे भाई थे, जिनका नाम था राजा कुन्ती भोज। राजा शूरसेन ने अपने भ्राता कुन्तीभोज को बचन दिया था कि जब उनकी पहली संतान होगी तब वे उस संतान को उन्हें सौंप देंगे। अपने वचन को निभाते हुए राजा शूरसेन ने अपनी पुत्री पृथा को उन्हें सौंप दिया। राजा कुन्तीभोज की पुत्री होने के नाते राजकुमारी पृथा का नाम पड़ा राजकुमारी कुन्ती। उनका लालन-पालन राजा कुन्तीभोज के राजमहल में ही हुआ। वे अपने पाल्य पिता की दुलारी थी।
राजकुमारी कुन्ती जब पूर्ण युवावस्था को प्राप्त हुई तब उनके यहां एक दिन दुर्वासा ऋषि अपने शिष्यों के साथ पधारे। राजकुमारी कुंती ने दुर्वासा ऋषि तथा उनके शिष्यों का स्वागत-सत्कार बड़े ही श्रद्धाभाव से किया। उसकी सेवा भावना से प्रसन्न होकर दुर्वासा ऋषि ने उन्हें एक ऐसा मंत्र दिया जिसके पाठ करने से जिस किसी भी देवता का आह्वान किया जाता, वे सदेह उपस्थित होकर पुत्र-रत्न का उपहार प्रदान कर सकते थे। जब दुर्वासा ऋषि राजकुमारी कुन्ती को वह अद्भुत मंत्र प्रदान कर चले गए, तब कुन्ती के मन में उस मंत्र के प्रभाव की परीक्षा लेने की इच्छा जाग्रत हुई। वे एक एकांत कक्ष में उस मंत्र का जाप करती हुई सूर्य देव का स्मरण करने लगी। मंत्र का जाप समाप्त होते ही वह कक्ष चकाचौंध प्रकाश से जगमगा उठा। जब कुन्ती ने अपनी आंखें खोली तब उनके समक्ष साक्षात् सूर्यदेव खड़े थे। उन्हें अपने समक्ष देखकर वे एकदम से घबरा गयी। उन्होंने तो दुर्वासा ऋषि द्वारा दिये गये मंत्र का जाप केवल उस मंत्र की शक्ति को परखने के लिए जिज्ञासावश किया था, परंतु उनके समक्ष तो साक्षात सूर्य देव आकर खड़े हो चुके हैं। यदि इनकी कृपा से वे अविवाहित अवस्था में ही गर्भवती हो जाएंगी, तब क्या होगा। समाज, लोकराज और परिवार के अपमानित होने की परिकल्पना मात्र से ही उनका सर्वांग कांपने लगा। अपनी भूल का एहसास होते ही वे सूर्यदेव के समक्ष हाथ जोड़ कर खड़ी हो गयी और अपनी इस धृष्टता के लिए उनसे क्षमा याचना करती हुई बोली –
“हे देव! मुझसे बहुत भारी भूल हो गयी। बिना कुछ सोचे-समझे मैंने दुर्वासा ऋषि के मंत्र का जाप करते हुए आपका आह्वान कर दिया। मेरी इस भूल के लिए मुझे क्षमा करें और कृपया आप लौट जाएं।” कुन्ती की बातें सुनकर सूर्यदेव किंचित मुस्कुराते हुए बोले –
“हे कुमारी कन्या कुंती! दुर्वासा ऋषि का मंत्र निष्फल नहीं जा सकता। मुझे तुम्हारे साथ संसर्ग करना ही होगा। हां, मैं इतना कर सकता हूं कि कुमारी मां बनने के बाद भी तुम्हारा कौमार्य भंग नहीं होगा। तुम अक्षत कुमारी बनी रहोगी। मेरे औरस से जो संतान तुम्हें प्राप्त होगा वह मेरी तरह ही प्रतापी और तेजस्वी होगा।” कुन्ती के साथ कुछ पल बीता कर सूर्य देव अन्तर्ध्यान हो गये। कुमारी कुन्ती सूर्यदेव की कृपा से गर्भवती हो गयी। वे भारी संकट में फंस चुकी थी। उनकी समझ में न आया कि वे क्या करें? अब तो हर परिस्थिति में उस अनचाहे बच्चे को जन्म देना ही था। वे नौ महीनों के लिए अज्ञातवास में चली गयी।
****
*कुमारी मां बनी कुन्ती*
ठीक नौ महीने बाद राजकुमारी कुन्ती ने एक हृष्ट-पुष्ट बालक को जन्म दिया। वह बालक अलौकिक और तेजस्वी दिखाई दे रहा था। उसकी छाती पर सोने का कवच और कानों में कुंडल थे। यह सबकुछ सूर्यदेव ने उसके जन्म लेते ही अपने पुत्र को उपहार स्वरूप प्रदान किया था। सूर्यदेव का पुत्र होने के कारण उस बालक के मुख मंडल पर एक अद्भुत तेज चमक रहा था। ऐसा लग रहा था जैसे उषाकाल के सूर्य की पहली किरण प्रकाशित हो रही हो उस बालक के शरीर से। अपने नवजात शिशु के उज्जवल मुखड़े और सूर्य के समान चमकते कवच और कुंडल को देखकर कुन्ती का वात्सल्य चरम पर पहुंच गया। अपने प्रथम पुत्र को छाती से लगाने और उसके मुंह से “मां” शब्द सुनने की कुन्ती की अभिलाषा मन में ही दब कर रह गयी। समाज की निन्दा और कुल की मर्यादा तथा कुमारी मां बनने पर अपने ऊपर उठने वाली अंगुलियों के भय से कुन्ती ने अपनी छाती पर धैर्य का पत्थर रख लिया। उनके समक्ष भगवान सूर्य की कृपा से प्राप्त इस बालक को जल में प्रवाहित कर देने के अतिरिक्त दूसरा कोई विकल्प न था। उनके मन में जब उस मासूम शिशु को जल में प्रवाहित कर देने का विचार आया तब वे अपराध बोध से ग्रसित हो गयी। परंतु उनके समक्ष विवशता थी। यदि वे ऐसा न करती तो यह निष्ठुर समाज उन्हें जीवित न रहने देता। उन्होंने अपने पुत्र को अंतिम बार अपनी छाती से लगाया और चूम कर उसे एक मंजूषा में रख दिया। फिर निस्तब्ध अंधेरी रात में उस मंजूषा को ले जाकर अपने महल के पीछे से होकर बह रही अश्व नदी में प्रवाहित कर दिया, इस आशा में कि किसी न किसी दयालु पुरुष अथवा महिला की दृष्टि उनके पुत्र पर पड़ ही जाएगी और उसकी जान बच जाएगी। फिर भी उनका हृदय कांप रहा था और आंखों से आंसुओं की मोटी मोटी धारा प्रवाहित हो रही थी। अपने पुत्र को अश्व नदी में प्रवाहित करने के पश्चात वे हताश, निराश और लूटी-पीटी सी अपने महल में लौट आयी।
***
बह मंजूषा बहता हुआ चर्मण्वती नदी (चम्बल नदी) से होते हुए पहले यमुना फिर गंगा नदी में आकर एक सुन्दर घाट के किनारे पर लग गया। उस समय उस घाट पर अधिरथ नाम के एक सारथी स्नान कर रहे थे। अधिरथ हस्तिनापुर के राजा धृतराष्ट्र के रथ के सारथी थे। उनकी दृष्टि उस मंजूषा पर पड़ी। उत्सुकतावश उन्होंने उस मंजूषा को खोल कर देखा। सूर्य की भांति देदीप्यमान बिहंस रहे एक बालक को देखते ही उनकी आंखें चौंधिया गई। सबसे अधिक आश्चर्य उन्हें उस बालक की छाती से चिपके हुए कवच तथा कानों में पहने हुए कुंडल को देखकर हुआ। ऐसा अद्भुत बालक वे अपनी जिन्दगी में प्रथम बार देख रहे थे। उनकी प्रसन्नता का ठिकाना न रहा। वे अब तक नि: संतान थे। सूर्यदेव की कृपा से उन्हें एक तेजस्वी पुत्र की प्राप्ति हो गयी। उस अलौकिक बालक को अपनी छाती से चिपकाए हुए वे घर ले आए।
***
*सूर्य पुत्र कर्ण का लालन-पालन*
जब अधिरथ उस दिव्य बालक को लेकर अपने घर पहुंचे तब उनकी पत्नी राधा उस बालक को देखकर फूली न समाई। उसने अपने पति की गोद से उस बालक को छीन लिया। उसे अपनी गोद में लेते ही उनकी ममता जाग उठी। वे अब तक किसी नवजात शिशु को अपनी गोद में लेने को तरस रही थी, आज भगवान भास्कर ने उनकी मनोकामना पूर्ण कर दी। वे उस बालक को बेतहाशा चूमने और पुचकारने लगी। अधिरथ और राधा ने अपने उस अपने दिव्य पुत्र का नाम वसुसेन* रखा। प्यार से कभी कभी अधिरथ उसे अपनी पत्नी के नाम से “राधेय” कहकर पुकारा करते। उनके पड़ोसी भी उसे राधेय कहकर ही पुकारने लगे। दोनों पति-पत्नी बड़े मनोयोग से अपने पुत्र का लालन-पालन करने लगे।
जैसे जैसे राधेय बढ़ता गया उसकी तेजस्विता भी निखरती गयी।
सूत-पुत्र होने के बावजूद भी कर्ण (वसुसेन/ राधेय) के लक्षण क्षत्रियों जैसे थे। उसकी रुचि अपने पिता की तरह रथ चलाने में नहीं, बल्कि अस्त्र-शस्त्र चलाने में थी। उनकी इस अभिरुचि को देखकर अधिरथ ने उनके लिए एक गुरु की व्यवस्था कर दी, जो उसे तलवारबाजी और तीरंदाजी सिखाने लगे।
अब कर्ण किशोर वय के हो चुके थे। चूंकि उनके पिता अधिरथ हस्तिनापुर नरेश महाराज धृतराष्ट्र के रथ के सारथी थे, इस कारण यदा-कदा वे अपने पिता के साथ राजमहल में भी जाया करते थे। राजमहल में ही कर्ण की पहली मुलाकात कुमार दुर्योधन से हुई थी। धीरे-धीरे उन दोनों में मित्रता स्थापित हो गयी।
जिस गुरु से कर्ण अस्त्र-शस्त्र चलाने की शिक्षा ले रहे थे, वे स्वयं अपरिपक्व थे। उन्हीं दिनों द्रोणाचार्य हस्तिनापुर के राजकुमारों को अस्त्र-शस्त्र चलाने की शिक्षा दे रहे थे। किशोर कर्ण के मन में भी द्रोणाचार्य से शिक्षा लेने की ललक उत्पन्न हुई। फिर क्या था, वे भी पहुंच गये उनके आश्रम में। उस समय गुरु द्रोणाचार्य के समीप कुमार दुर्योधन भी खड़े थे। कर्ण द्रोणाचार्य के समक्ष आकर उनके चरणों में झुक गये और उनसे विनती करते हुए विनम्र स्वर में बोले –
“आचार्यश्री, मैं भी आपसे धनुर्विद्या की शिक्षा लेना चाहता हूं।” कर्ण की धनुर्विद्या के प्रति तीव्र अभिरुचि तथा उनकी छाती पर चिपके कवच और कानों में कुंडल को देखकर द्रोणाचार्य उनकी तेजस्विता से प्रभावित तो हुए परंतु उनकी वास्तविकता को जाने बिना वे उन्हें शिक्षा कैसे दे सकते थे? उन्होंने कर्ण से पूछा –
“तुम कौन हो किशोर, पहले अपना परिचय दो?”
“मेरा नाम वसुसेन है आचार्यश्री। वैसे लोग मुझे राधेय कहकर भी पुकारते हैं। मेरे पिता, श्री अधिरथ जी महाराज धृतराष्ट्र के रथ के सारथी हैं।” कर्ण का परिचय जानकर द्रोणाचार्य की भृकुटी तन गयी। वे तिरस्कृत दृष्टि से उन्हें देखते हुए बोले –
“अर्थात तुम सूत पुत्र हो ।”
“हां आदरणीय लोग तो यही समझते हैं।” निर्भीक होकर उत्तर दिया कर्ण ने।
“तब तो मैं तुम्हें शिक्षा नहीं दे सकता।”
“क्यों नहीं दे सकते आप इन्हें शिक्षा?” तभी उनके पार्श्व में खड़े राजकुमार दुर्योधन कुपित स्वर में बोल पड़े – “वसुसेन मेरे मित्र हैं, इन्हें आपको शिक्षा देना ही होगा।” कुमार दुर्योधन की जिद के समक्ष द्रोणाचार्य को झुक जाना पड़ा।
“ठीक है, मैं इसे भी शिक्षा दूंगा परंतु गुप्त रूप से।”
“मुझे स्वीकार है।” वसुसेन ने हर्षित स्वर में कहा।
उसके दूसरे दिन से ही गुप्त रूप से वसुसेन (कर्ण) की भी शिक्षा आरंभ हो गयी। उनकी शिक्षा की जानकारी पांडवों को भी न हो सकी।
कुछ दिनों तक शिक्षा लेने के पश्चात ही वसुसेन को इस बात का आभास हो गया कि आचार्यश्री उन्हें पूर्ण मनोयोग से शिक्षा नहीं दे रहे हैं। कर्ण असल में उनके पास ब्रह्मास्त्र के साथ साथ अन्य दिव्यास्त्रों की शिक्षा लेने आए थे, परंतु उनकी उदासीनता को देखकर वसुसेन को घोर निराशा हुई। उन्होंने द्रोणाचार्य की इस उदासीनता पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और आश्रम में आना छोड़ दिया।
*महर्षि परशुराम के शरण में*
वसुसेन को हर हाल में आर्यावर्त का सर्वश्रेष्ठ धनुर्धर बनना था। उन्हें महर्षि परशुराम के बारे में जानकारी मिली। उन्हें यह भी ज्ञात हुआ कि गुरु द्रोणाचार्य तथा हस्तिनापुर के संरक्षक महामहिम भीष्म पितामह जी भी उनके शिष्य रह चुके हैं। परंतु समस्या यह थी कि परशुराम क्षत्रियों के शत्रु थे और उन्हें शिक्षा नहीं दिया करते थे। फिर भी कर्ण अपनी तीव्र लालसा को रोक नहीं पाए और ब्राह्मण कुमार का वेश धारण करके पहुंच गये महर्षि परशुराम के आश्रम में। उनकी अभ्यर्थना करने के पश्चात उनसे अपना शिष्य बनाने का अनुरोध किया महर्षि परशुराम ने उनके अनुरोध को उन्हें ब्राह्मण समझ कर स्वीकार कर लिया। कर्ण कठिन तपस्या करते हुए महर्षि परशुराम से हर तरह की विद्या प्राप्त करने लगे। शिक्षा प्राप्त करने के साथ साथ वे गुरु भक्ति में भी संकोच न करते। उनके गुरु महर्षि परशुराम भी उनकी गुरुभक्ति तथा विद्यार्जन की ललक से प्रसन्न होकर उन्हें ब्रह्मास्त्र से लेकर अन्य दिव्यास्त्रों की भी शिक्षा देने लगे। कुछ ही दिनों में कर्ण सभी तरह के दिव्यास्त्रों को चलाने में निपुण हो चुके थे।
*महर्षि परशुराम का श्राप*
एक दिन कर्ण घने पेड़ की छाया तले बैठकर अपने गुरु महर्षि परशुराम का मस्तक अपनी गोद में लिए हुए उनका सर दबा रहे थे। ठंडी ठंडी हवा चल रही थी। इस हवा के सुखद स्पर्श से महर्षि परशुराम की आंखें लग गयी। तभी एक कीड़े ने कर्ण के जांघ में घुसकर काट लिया। कीड़े के काटने से उनके जांघ से रक्त स्राव होने लगा साथ ही उन्हें असह्य पीड़ा भी होने लगी। “कहीं गुरु जी की नींद उचट न जाए” इस भय से न तो वे अपने स्थान से हिले और न ही मुंह से आह! तक निकलने दी। उनके जांघ से बहने वाले रक्त की गर्मी को महसूस करते ही महर्षि परशुराम की आंखें खुल गयी। आंखों के खुलते ही उनकी दृष्टि कर्ण की जांघ से बहते हुए रक्त की धारा पर पड़ी। वे समझ गये कि किसी कीड़े ने उनके शिष्य को काट लिया है। निश्चित रूप से कीड़ा काफी विषैला रहा होगा। उन्हें यह देखकर भी महान आश्चर्य हुआ कि उनके शिष्य के मुंह से आह तक भी नहीं निकली है। उन्हें शंका हो गयी, इतना सहनशील कोई ब्राह्मण नहीं हो सकता। निश्चित रूप से यह किशोर क्षत्रिय है और इसका संबंध किसी राज घराने से हैं। वे कर्ण की इस धृष्टता पर अन्दर ही अन्दर क्रोधित हो उठे। आग्नेय नेत्रों से कर्ण को घूरते हुए उन्होंने कड़कते स्वर में पूछा –
“सच सच बताओ तुम कौन हो और मेरे साथ तुमने ऐसा छल क्यों किया?” उनके क्रोध को देखते ही कर्ण की बोलती बंद हो गयी। उनकी आत्मा कांप गयी। बड़ी मुश्किल से उन्होंने स्वयं को संभाला और महर्षि परशुराम के समक्ष अपने दोनों हाथ जोड़कर विनम्रता से बोले-
“क्षमा करें गुरु देव, थोड़ी धृष्टता हो गयी मुझसे। यदि मैं सत्य बताता तब आप मुझे शिक्षा न देते। इसलिए मुझे झूठ बोलना पड़ा कि मैं ब्राह्मण हूं।”
“हुंह….” महर्षि परशुराम के मुंह से हुंहकारी निकली -“जाओ दुष्ट तुम्हारी गुरुभक्ति को देखते हुए मैं तुम्हारा वध नहीं करता हूं। परंतु तुम्हें श्राप दे रहा हूं कि ऐसे समय पर तुम दिव्यास्त्रों को चलाने की कला को भूल जाओगे जिस समय तुम्हें इसकी आवश्यकता होगी।” अपने प्रिय शिष्य को श्राप देकर वे क्रोध से कांपते हुए वहां हैं चले गये। अब क्या करें कर्ण? वे महर्षि परशुराम के क्रोध से परिचित थे।उनके समक्ष अब गिड़गिड़ाने से भी कुछ न होने वाला था। कुछ पल किंकर्तव्यविमूढ़ से खड़े वे जाते हुए महर्षि परशुराम को देखते रहे फिर हताशा से उनके आश्रम से बाहर निकल गये।
∆∆∆∆ ——————————–
*वसुसेन (राधेय) ही आगे चलकर कर्ण के नाम से विख्यात हुआ। अधिरथ अथवा सूर्य के पुत्र का नाम कर्ण कैसे पड़ा इस कथा का उल्लेख आगे किया जाएगा। चूंकि उनका कर्ण नाम ही अधिक विख्यात है इसलिए अब आगे से उन्हें कर्ण नाम से ही सम्बोधित किया जाएगा।
∆∆∆∆∆