दर्द न जाने कोई
भाग -18
देवेन्द्र कहने के लिए चौदह साल का अपरिवक्व किशोर था लेकिन उसके मन में बसी स्त्री बहुत परिपक्व थी। वह अच्छा-बुरा सब समझती थी। इसीलिए देवेन्द्र अपनी वय के आम लडकों की तरह नहीं था। उसका सोचना, समझना और व्यवहार सबसे अलग था। जैसे लड़कियाँ कम उम्र में ही समझदार हो जाती हैं, वैसे ही देवेन्द्र भी समझदार हो रहा था। हर बात को गंभीरता से समझता और उस पर विचार करता था। उस रात राकेश उसी के घर रुका था। रात में पहले की तरह जब वह राकेश के साथ बैठा चाँद देख रहा था तो उसके मन में तरह-तरह की बातें चल रही थीं। उसने सोचा कि ‘आज वह राकेश से अपने मन की बात कह ही दे।’ अगले ही पल उसे लगा कि ‘कहीं राकेश फिर उससे नाराज़ न हो जाए और उसे छोड़कर चला न जाए’ लेकिन कल नहर में नहाते हुए और आज स्कूल से लौटते हुए तो राकेश ने जैसे व्यवहार किया उससे उसे ऐसे संकेत मिल रहे थे जैसे राकेश भी उसे चाहने लगा है। यह विचार मन में आते ही उसने जी कड़ा करके राकेश से कहा, “यार राकेश…एक बात कहूँ?”
“हम्म…बोल…” राकेश ने मुस्कुराती हुई दृष्टि उस पर डाली।
“तू बुरा तो नहीं मानेगा ना…और न ही मुझसे नाराज़ होगा?”
“अरे बोल तो…क्या कहना है तुझे?”
“पहले वादा कर कि तू बुरा नहीं मानेगा”
“ओफ्फो…अच्छा चल किया वादा…अब बता क्या बात है?”
“र…राकेश…म…मेरे अन्दर एक…लड़की है…मतलब मैं मन से लड़की हूँ…केवल शरीर से लड़का हूँ,” देवेन्द्र ने झेंपते, घबराते और नजरें चुराते हुए राकेश से कहा।
“क्या…वैसे तेरी हरकतों से यही लगता है…हा हा हा…” कहकर राकेश ने जोरदार ठहाका लगाया।
“मैं मजाक नहीं कर रहा हूँ…सच कह रहा हूँ…मुझे कई बार ऐसा लगता है कि मैं लड़की हूँ…”
“अबे ज्यादा टीवी देखना छोड़ दे…लगता है तुझे हीरोइनों को देखकर ऐसा लगने लगा है…”
“नहीं यार…मेरे शरीर में एक लड़की की ही आत्मा है…बचपन से…तभी तो मैं…” देवेन्द्र का गला रुंध गया। उससे आगे नहीं कहा गया और वह राकेश के सीने से ठीक वैसे ही लिपट कर सुबकने लगा, जैसे फिल्मी नायिका नायक के सीने से लिपटकर सुबकती है।
इस बार राकेश ने उसे अपने से अलग नहीं किया बल्कि उसके सिर पर हाथ फेरते हुए कहा, “यार…लगता है कि तुझे कोई बीमारी है…तभी तो तू ऐसा व्यवहार करता है।”
“नहीं यार कोई बीमारी नहीं है…सच में मुझे लड़कियों की तरह रहना, काम करना, बातें करना, कपड़े पहनना, सजना-सँवरना ही पसंद है…मुझे लड़कों की तरह रहना बिल्कुल अच्छा नहीं लगता है। न जाने क्यों लड़कों के कपड़ों में मुझे बनावटीपन लगता है। मेरा मन करता है कि मैं लड़कियों की तरह ही सज-सँवर कर रहूँ,” देवेन्द्र राकेश के सीने से अलग होकर सामने खाट पर बैठते हुए बोला।
राकेश खिड़की के पास ही खड़ा था। देवेन्द्र की बातें सुनकर उसके चेहरे पर आश्चर्य के भाव आने लगे। वह बोला, “पर ऐसा कैसे हो सकता है? क्या तूने आंटी से कहा या किसी और से इस बात की चर्चा की?”
“नहीं…नहीं…किसी से नहीं…और तू भी मत कहना…मैंने बस तुझसे ही कहा है क्योंकि मैं तुझे प्यार करता हूँ और तुझसे शादी करना चाहता हूँ?” देवेन्द्र ने राकेश के करीब आकर कहा।
“क्या…” राकेश का मुँह खुल गया, “प्यार वाली बात तो समझ आई पर शादी? अबे एक लड़का दूसरे लड़के से शादी कैसे कर सकता है?”
“पर मैं तो मन से लड़की हूँ ना”
“ओफ्फो मन से क्या होता है…शरीर से भी तो लड़की होना चाहिए…” राकेश ने थोड़ा शरारती होते हुए कहा, “तेरे पास वह चीज़ नहीं है जो लड़कियों के पास होती है। देख ले…मेरे और तेरे पास एक जैसे अंग ही हैं…दिखाऊँ तुझे,” राकेश अपनी पैंट की जिप खोलने लगा।
“अरे…नहीं…नहीं…प्लीज़ यार यह सब बदतमीजी मत कर”
“और जो तू कह रहा है वह बहुत बदतमीज़ी नहीं है?”
“मैं क्या करूँ? मैं तो खुद परेशान हूँ, कभी-कभी मुझे खुद से ही नफरत होने लगती कि मैं ऐसा क्यों हूँ? अगर मैं लड़का हूँ तो लड़कियों जैसा क्यों सोचता हूँ…क्यों वैसा रहने में मुझे अच्छा लगता है? क्यों मैं आम लड़कों की तरह नहीं हूँ?”
“मैंने कहा ना किसी डॉक्टर को दिखा, लगता है तुझे कोई दिमागी बीमारी है,” राकेश ने देवेन्द्र का हाथ पकड़ते हुए कहा, “वैसे एक बात बोलूँ…कोई गर्ल फ्रेंड ढूँढ़ ले…जब वह तेरी ज़िन्दगी में आ जाएगी तो तू खुद लड़कों की तरह हो जाएगा।”
“राकेश, यार सच तो यह है कि मैं लड़कों की तरफ ही आकर्षित होता हूँ…बहुत सारी लड़कियाँ मेरी सहेलियाँ हैं लेकिन मुझे उनसे वैसा कोई लगाव नहीं है…मेरा मन तो लड़कों की तरफ ही खिंचता है…तभी तो मैं तुझसे पागलों जैसा प्यार करता हूँ…मैं चाहता हूँ मैं तेरी दुल्हन बनूँ,” कहकर वह फिर राकेश के सीने से लग गया। गहराती रात में, अकेले कमरे में बार-बार देवेन्द्र के गर्म शरीर के स्पर्श और बातें सुनकर राकेश के अन्दर भी धीरे-धीरे उत्तेजना आ रही थी। उसने अपने सीने से लगे देवेन्द्र को अपनी बाहों में कस लिया।
“अच्छा एक बात बता?” गहरी साँस छोड़ते हुए देवेन्द्र ने कहा।
“पूछो,” अपनी बाहों की पकड़ ढ़ीली करते हुए राकेश ने कहा।
“अगर मेरे नीचे ‘वह’ नहीं हो, जो तेरे पास है, तो क्या तू मुझसे शादी कर लेगा?”
“अरे यार…केवल ‘उसके’ न होने से तू लड़की थोड़े ही हो जाएगा। क्या तू नहीं जानता कि लड़के और लड़कियों के शरीर में बहुत अन्तर होता है?” देवेन्द्र ने उसे अपने से अलग करते हुए कहा, “फिर यार, शादी के बाद बच्चे भी तो होते हैं…तू समझ क्यों नहीं रहा?”
“जिनके बच्चे नहीं होते क्या वो नहीं रहते हैं? क्या बच्चे पैदा करना जरूरी है?” इस बार देवेन्द्र की आवाज़ में दर्द और गुस्सा मिश्रित था।
“ओफ्फो…तुम तो यार ज़िद ही पकड़ बैठे…मैं तुम्हें शुरू से लड़का ही मानता आया हूँ और अपना अच्छा दोस्त समझता हूँ…मुझे तुम्हारे मन से मतलब नहीं है कि वह लड़की का है या लड़के का…तुम लड़के हो और मैं तुम्हें लड़की नहीं समझ सकता। अगर मन से मानने से लड़का या लड़की बना जा सकता तो ऊपर वाला अलग-अलग लड़के और लड़की पैदा नहीं करता। बस…अब मुझे इस बारे में कुछ और नहीं सुनना,” राकेश ने भी सख्ती से कह दिया।
“ऊपर वाले ने मेरे साथ अन्याय किया है,” देवेन्द्र रुआंसा हो गया, “शरीर लड़के का देकर आत्मा लड़की की दी है…तुम मेरी तकलीफ़ और दर्द नहीं समझ रहे हो और खुद को मेरा अच्छा दोस्त बता रहे हो,” आँखों में आए पानी को पोंछते हुए वह आगे बोला, “मुझे तुमसे उम्मीद थी कि कोई समझे या न समझे पर तुम मेरे अन्दर के दर्द को जरूर समझोगे…पर तुम भी…” देवेन्द्र दोनों हाथों से मुँह छिपाते हुए रोने लगा।
देवेन्द्र का रोना राकेश से देखा नहीं गया क्योंकि उसका रोना केवल बाहरी नहीं बल्कि अंदरूनी था। आँसू तो आँखों से निकल रहे थे लेकिन रो उसका दिल रहा। सबके रोने में अन्तर होता है। पारखी लोग असली और नकली रोना समझ जाते हैं। असली रोने में भले ही आँसू न निकलें लेकिन उसमें पत्थर को पिघलाने वाली आह छुपी होती है। राकेश तो फिर भी देवेन्द्र का पुराना और एकमात्र दोस्त था, उसका मन कैसे न पिघलता। देवेन्द्र के आर्तनाद से राकेश का दिल पसीज गया। वह उसके पास गया और उसे अपने सीने से लगा लिया। राकेश के अपनेपन के बाँध ने कुछ ही पलों में देवेन्द्र के आँसुओं की धारा को रोक दिया। जब वह शान्त हो गया तो राकेश ने उसे प्यार से समझाना शुरू किया, “देख यार, तेरा रिजल्ट कितना अच्छा आया है। तू इस तरह की बातें करके क्यों अपना जीवन खराब करना चाहता है। तू खूब पढ़ जिससे तुझे अच्छी नौकरी मिले और फिर तू ही तो कहता था कि ‘मैं नौकरी करके मम्मी को सारे सुख देना चाहता हूँ’। अगर तू इस तरह की बातें करेगा तो क्या आंटी को दुख नहीं पहुँचेगा। वह तो तुझे बड़ा आदमी बनाने के सपने देख रही हैं और तू है कि लड़की बनने की ज़िद पर अड़ा है। हो सकता है जो तू कह रहा है वह सही हो लेकिन क्या तेरे मन की बात आंटी की खुशी से बढ़कर है? देख, दीदी की भी नौकरी लग गयी है और वह तुझे आगे पढ़ाना भी चाहती है तो तू सिर्फ अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे। बाकी की बातों से दिमाग हटा ले। परिवार की खुशी से बढ़कर कोई खुशी नहीं होती और हो सकता है धीरे-धीरे तेरे मन से यह बात निकल जाए कि तू लड़का नहीं लड़की है…मेरे दोस्त मैं भी खूब पढ़ना चाहता था लेकिन मुझे पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी। आज मैं ही जानता हूँ कि सही से न पढ़ पाने के कारण मैं क्या-क्या झेल रहा हूँ। मेरे यार पढ़ाई से बढ़कर कुछ भी नहीं है। अच्छी पढ़ाई ही इंसान को मान-सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा दिलाती है। मेरी बात मान, तू सिर्फ और सिर्फ पढ़ाई पर ध्यान दे।” देवेन्द्र को समझाकर राकेश अपने बिस्तर में चला गया और चादर से मुँह ढँककर सोने की कोशिश करने लगा। देवेन्द्र भी उदास मन लिए अपनी चारपाई पर लेट गया और खिड़की से झाँकते चाँद को निहारने लगा। उसने देखा कि आकाश में चमकते चाँद को बादल का कोई टुकड़ा कुछ पल के लिए ढँकने की कोशिश करता है लेकिन अगले ही पल चाँद मुस्कुराते हुए बादल के टुकड़े के बाहर आ जाता है। मानो वह उससे आँख-मिचौली खेल रहा हो। चाँद के साथ आँख मिचौली खेलते-खेलते देवेन्द्र का मन शान्त होने लगा और उसकी आँखें भारी होने लगीं।
क्रमशः
लवलेश दत्त