पारुल अग्रवाल मित्तल का उपन्यास ‘कहानी एक रात की ‘ भाग-25

कहानी एक रात की
भाग 25
अनिमेष जाने के लिए कहने आए थे। उन्होंने विद्या को कुछ गिफ्ट दिए जो घर से माँ ने उनकी पत्नी ने भेजे थे। विद्या ने भी सुगंधा और माँ के लिए कुछ चीज़े भेजी जैसे वो हर बार भेजती थी और एक हरी साडी सरिता के लिए भी भेजी…… विद्या को लगता था किसी दिन तो उसे माफ़ी मिलेगी सरिता से…..
” विद्या, वीर ठीक है अब, और तुम….. अनिमेष ने चश्मे को कुर्ते से पूछते हुए कहा।
” हाँ…. अरसे बाद उसने बहुत सारी बातें की, अच्छा लगा मुझे…… अनिमेष जी धन्यवाद, और हाँ कुर्ते से चश्मा साफ़ करने की आदत गई नहीं आपकी…. विद्या ने मुस्कुराते हुए कहा।
” नही, कुछ आदते अच्छी होती है, एक और बात विद्या, जब माफ़ी आसानी से मिल जाए तो उसकी कीमत कम हो जाती है..समझ रही हो ना, तुम्हे थोड़ी सख़्ती करनी होंगी वीर पर, नज़र रखनी होंगी, अपनी वैल्यू समझानी होंगी….. तभी वो सही रास्ते पर टिका रहेगा। चलो मै चलता हूं। और हाँ मै तुम्हारे साथ हमेंशा हूं….. बस याद भर करना होगा तुम्हे पहुंच जाऊंगा…… कहकर अनिमेष ने अपनी अटैची का लॉक लगा दिया।
” जी, आप मेरे जीवन का अहम् किरदार है, कदम कदम पर आपकी जरूरत होंगी, आपका साथ मेरे लिए ऊर्जा है…… विद्या ने कहा।
“वीर….. वीर…
” जी चाचू….
“वीर अब मुझे जाना होगा, लेकिन हाँ जो कहा उसका ध्यान रखना, रोहन को भी समझा दिया गया है…. टेक अ डिस्टेंस…… अपनी माँ का ध्यान रखो…. और हाँ अब तुम पर मेरी निगाह है……. कहकर अनिमेष चले गए।

कमरे में घड़ी की टिक टिक सुनाई दे रही थी…… राजवीर चुप था।कुर्सी पर बैठा हुआ वो अपने पैर हिला रहा था…..उसका चश्मा उसकी नाक तक आ गया था। उसके जूतों से आती आवाज़ अब मोहिनी को परेशान कर रही थी।
” फिर क्या हुआ?
लेकिन राजवीर चुप रहा, उसने मोहिनी की ओर देखा भी नहीं……. कुछ था उसकी आँखों में लेकिन क्या?
” बोलो फिर क्या हुआ?
” मुझे लगता है, थोड़ी देर रेस्ट करना चाहिए,मै थक गया हूं…. आँखे भारी हो रही है और मन भी….. राजवीर ने कहा।
” राजवीर मै समझ सकती हूं….. लेकिन 1.25 बज चुका है। सुबह बहुत जल्दी मुझे निकलना होगा….. मै इस कहानी को अधूरा नहीं छोड़ना चाहती। प्लीज…. कम बैक…. मोहिनी ने कहा।
” तुमने मेरा नाम लिया……
” हाँ क्यूंकि अब लगा कि ले लेना चाहिए। अब बताओ तुम…..
” नहीं मोहिनी, अब सब सुबह…… अब मुझमे जान नहीं, नींद मेरी पलकों को भारी कर रही है, वैसे ही मुझे नींद नहीं आती। तुम भी सो जाओ, थोड़ी देर से निकल लेना, मै सोफे पर सो जाता हूं……. कहकर राजवीर सोफे की ओर मुड़ा।
” राजवीर, अच्छा ये चॉकलेट खाओ, नींद खुल जाएगी…. मोहिनी ने मुस्कुराते हुए कहा।
” यार तुम भी ना, नही खानी मुझे….. राजवीर ने झल्लाते हुए कहा।
“खा कर देखो, फ्रांस से मंगवाई थी……
” तुम बहुत जिद्दी हो, कहकर राजवीर ने थोड़ी सी चॉकलेट खा ली। फिर थोड़ी सी और और फिर उसने पूरी चॉकलेट एक बच्चे की तरह खत्म कर दी। उसके होंठ की पास लगी चॉकलेट के कारण वो बच्चे सा लग रहा था।
” क्यूट लग रहे हो तुम…. मोहिनी ने कहा।
” तुम बहुत जिद्दी हो,
” बच्चों को सुधारना आता है मुझे, अब बताओ क्या हुआ फिर, तुम सुधरे कि नहीं…..
” अनिमेष चाचू की बात मेरे दिमाग़ से कभी निकली ही नहीं। वो हमारे जीवन में फ़रिश्ते की तरह थे। बचपन से मैंने माँ की साइड से अनिमेष चाचू और उनकी फैमिली को ही देखा। लेकिन हाँ उस दिन पिता की कमी बहुत खली। फिर मैंने सोच लिया कुछ भी हो अब अपनी डगर से हिलना नहीं है, अपनी माँ को गर्व कराना है। उन्हें मालकिन बनाना है। माना की अनुज अंकल ने माँ को कभी नौकर की तरह ट्रीट नहीं किया लेकिन इससे सच नहीं बदल जाता।
रोहन मुझे बिगाड़ना ही चाहता था। मुझे आज तक समझ ना आया कि उसे किस बात की चिढ़ थी मुझसे।
” अनुज जी ने तुमसे कुछ कहा…… मोहिनी ने पूछा।
” नहीं, कुछ विशेष तो नहीं बस यही कि जीवन में कुछ बन जाओ, तब जो चाहे वो करना लेकिन हाँ अच्छे इंसान बने रहना…..
उन्होंने रोहन को भी दूसरे शहर वाली फैक्ट्री में भेज दिया। मुझे समझ आ गया था कि रोहन के पैसे मुझे बिगाड़ने के लिए हो सकते है संभालने के लिए नहीं। मैंने अनुज अंकल से पैसे लेने भी बंद कर दिए।
चार दिन बाद मुझे हॉस्टल जाना था। माँ ने तैयारी कर दी। अब अनुज जी किसी बात की जिद्द नहीं करते थे। माँ ने मुझे बस से जाने के लिए कहा तो वो चुप ही रहे।

क्या रोहन अब फिर कुछ करेगा?
क्या राजवीर अब समझदारी से काम लेगा.?
क्या अनुज के मन में अपराध बोध है?
जानने के लिए पढ़िए अगला भाग

WhatsApp Image 2026-05-29 at 19.02.32 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment