दर्द न जाने कोई
भाग -19
सुख-दुख, धूप-छाँव की तरह होते हैं। सुख की छाँव तभी अच्छी लगती है जब दुखों की धूप झेली जाए। देवेन्द्र के जीवन में तो दुखों की धूप उसके होश सँभालते ही आ गयी थी, सुख की तो केवल कहानियाँ ही उसने सुनीं थीं। माँ अक्सर बताया करती थी कि ‘जब वह शादी होकर इस घर में आयी थी तो सामने के बड़े से छप्पर में गाय और भैंसे थीं। घर में दूध-दही की कमी नहीं थी। हर प्रकार के सुख थे। अच्छा खाना, अच्छा पहनना, समय-समय पर बाजार जाना, सबकुछ इतना बढ़िया था कि लोगों को उनकी किस्मत से ईर्ष्या होती थी। देवेन्द्र के पिता अन्न-धन से लोगों की मदद किया करते थे। गाँव में कोई धार्मिक कार्यक्रम हो, लड़की की शादी हो या किसी के यहाँ कोई गमी हो गयी हो, उसके पिता सबसे पहले वहाँ खड़े मिलते थे। पूरे गाँव में उनका बहुत सम्मान था। इसी कारण कुछ रिश्तेदार और कुछ आस-पड़ोस वाले उनसे जलने लगे थे। सबकुछ हमेशा एक-सा नहीं रहता। पिता की आकस्मिक मृत्यु के बाद घर की स्थिति खराब होती गयी। गाय-भैंसे बेचनी पड़ीं और धीरे-धीरे खेती का बड़ा हिस्सा भी बिक गया। हालात यहाँ तक आ गए कि माँ को मजदूरी करनी पड़ी।’ देवेन्द्र ने होश सँभालते ही माँ को तड़के उठकर घर का सारा काम करके मजदूरी करने के लिए जाते हुए, बाजार जाकर सामान बेचते हुए, लकड़ियों का मोटा गट्ठर सिर पर उठाकर लाते और बाजार ले जाते हुए देखा था। माँ की इस दशा पर देवेन्द्र को बहुत दुख होता था। इसलिए उसने अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया था कि कैसे भी हो वह अपनी माँ को इन सारे कामों से छुट्टी दिला देगा और उसे बहुत सुखी रखेगा। जैसे-जैसे उसकी समझ विकसित होती गयी उसने माँ के साथ सुबह तड़के उठना और घर के कामों में हाथ बँटाना शुरू कर दिया था। कभी-कभी तो वह माँ के उठने से पहले ही उठ जाता और पूरे आँगन में झाड़ू लगाता, पानी भरकर लाता और बर्तन धोता। उसकी खट-पट से कभी-कभी मानवेन्द्र यानी मनु की आँख भी खुल जाती और वह भी देवेन्द्र के साथ लग जाता। एक बर्तन माँजता तो दूसरा पानी भरकर लाता या कभी-कभी सब्जियाँ भी काट देता था। माँ उठती तो कभी खुशी में हँसती तो कभी उस पर ममता बरसाते हुए रोने लगती। देवेन्द्र को लगता इतना काम करके वह अपनी माँ की कुछ मदद कर पा रहा है। दीदी को जब उसकी ससुराल वालों ने छोड़ दिया तो घर का सारा काम वही सँभालने लगी थी। माँ केवल बाहर का काम ही देखती थी लेकिन देवेन्द्र उसी तरह सुबह उठकर अपनी दीदी की मदद करता रहा।
दीदी की नौकरी ने घर की आर्थिक तंगी को काफी हद तक ठीक कर दिया था। उसकी नौकरी एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में लगी थी। इसलिए घर को भी वह पर्याप्त समय दे पाती थी। घर के खर्च के साथ दीदी ने उसकी पढ़ाई का खर्चा भी उठा लिया था। वह दीदी के साथ ही सुबह जल्दी उठकर घर के कामों में उसका हाथ बँटाता और फिर स्कूल के लिए निकलता था। देवेन्द्र की कक्षा नौ की पढ़ाई शुरू हो गयी थी। इस बार वह अपनी पढ़ाई को लेकर शुरू से ही गंभीर था। स्कूल में भी अब पहले की तरह उसके सहपाठी उसे छेड़ते नहीं थे और न ही कोई अश्लील टिप्पणी करता था। देवेन्द्र को यह देखकर अच्छा लगा कि उसकी गिनती स्कूल के मेधावी छात्रों में होने लगी थी। उसकी कक्षा में जो भी टीचर आते वह बाकी बच्चों को देवेन्द्र की तरह ही मेहनत करने और फर्स्ट आने की प्रेरणा देते। देवेन्द्र का मन पढ़ाई में रमने लगा था। उधर दीदी भी अब हर समय खुश रहती थी। माँ को भी अब बाजार जाने और सामान बेचकर सौदा लाने की जरूरत नहीं पड़ती थी। जब वह स्कूल से घर पहुँचता तो माँ अक्सर उसे घर में ही मिलती थी। जब तक वह अपनी ड्रेस उतारकर हाथ-मुँह धोता, माँ खाना लगाकर उसे अपने पास बैठाकर खिलाती थी। ऐसी ज़िन्दगी की कल्पना भी उसने नहीं की थी। ‘दीदी की नौकरी लगते ही कितना कुछ बदल गया है। जब उसकी नौकरी लगेगी तब तो वह न जाने क्या-क्या कर सकता है,’ यह सोचकर ही उसका चेहरा खिल जाता। खाना खाते-खाते जब उसकी नजर माँ के रूखे और बिबाइयों से फटे पैरों पर पड़ती तो दिल में एक टीस उठती थी। निवाला मुँह में ही रुक जाता और उसके दिमाग में एक ही बात आती कि ‘जब वह पढ़-लिख जाएगा तो अपनी माँ का पैर जमीन पर नहीं पड़ने देगा। उसे बैठे-बैठे ही हर चीज़ दिया करेगा। जब वह अपने काम पर जाएगा तो माँ के लिए एक नौकर रख लेगा जो उसकी माँ की दिन-रात सेवा करेगा’, यही सब सोचते-सोचते उसका खाना पूरा हो जाता और वह अपनी किताबें लेकर पढ़ने बैठ जाता।
क्रमशः
लवलेश दत्त