लवलेश दत्त का उपन्यास ‘दर्द न जाने कोई ‘ भाग -20

दर्द न जाने कोई
भाग -20
देवेन्द्र का हर सपना उसकी माँ के चारों ओर ही निर्मित हो रहा था। वह जल्दी-जल्दी अपनी पढ़ाई पूरी करके माँ को जीवन का हर सुख देना चाहता था। ऊँट की करवट का तो पता लग भी जाए पर समय की करवट का अंदाजा कोई नही लगा सकता। देवेन्द्र की नवीं कक्षा की वर्षिक परीक्षाएँ होने वाली थीं। उस वर्ष विद्यालय ने कुछ ऐसी व्यवस्था की थी कि नवीं और ग्यारहवीं की परीक्षाएँ समय से पहले करवाकर दसवीं और बाहरवीं की कक्षाएँ लगाना आरंभ की जानी थीं जिससे दसवीं और बाहरवीं के बच्चों को अपनी बोर्ड परीक्षाओं के लिए भरपूर समय मिल सके। देवेन्द्र नवीं की परीक्षाओं की तैयारी में लगा था—रात में देर तक पढ़ना और फिर सुबह तड़के उठकर फिर से अपनी पढ़ाई में लग जाना—उसने यही अपना नियम बना रखा था।
देवेन्द्र की नवीं की परीक्षाएँ अच्छी तरह हो गयीं। उसका अथक परिश्रम व्यर्थ नहीं गया। इस बार भी कक्षा में उसके अंक सबसे अच्छे थे। वह अब दसवीं में आ चुका था। दसवीं की पढ़ाई का आरंभ भी बहुत अच्छी तरह हुआ। एक दिन जब वह स्कूल से आकर खाना खा ही रहा था कि दीदी किसी के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर आई। मोटरसाइकिल वाले ने दीदी के साथ ही घर में प्रवेश किया और दीदी ने दौड़कर कमरे से एक कुर्सी लाकर आँगन में डाल दी। माँ और देवेन्द्र आश्चर्य से उस व्यक्ति को देख ही रहे थे कि दीदी ने कहा, “यही हैं पांडेय जी…जिन्होंने मेरी नौकरी लगवाने में बहुत दौड़-धूप की है।”
पांडेय जी ने हाथ जोड़कर माँ को प्रणाम किया और एक नजर देवेन्द्र की ओर डाली। देवेन्द्र ने नज़रें झुका लीं। दीदी माँ से कुछ और भी कहना चाह रही थी लेकिन न जाने क्यों उसकी आवाज़ साफ नहीं निकल रही थी। वह पांडेय जी के लिए चाय बनाने के लिए रसोई में चली गयी। माँ वहीं बरांडे में पड़े तख्त पर बैठ गयी जिसपर देवेन्द्र खाना खा रहा था। देवेन्द्र ने फटाफट खाना समाप्त किया और ऊपर अपने कमरे में जाकर पढ़ने बैठ गया। कुछ ही देर में उसे पांडेय जी, माँ और दीदी की मिली जुली आवाज़ें भी सुनाई पड़ने लगीं। पांडेय जी दीदी से शादी करना चाहते थे। माँ ने उसकी ससुराल और उसके बीते जीवन के विषय में बताया। पांडेय जी को कोई ऐतराज नहीं था। वह चाहते थे कि शादी जल्दी-से-जल्दी हो जाए। माँ ने शायद ‘हाँ’ कर दी थी। थोड़ी देर में मोटरसाइकिल स्टार्ट होने की आवाज़ आई जो धीरे-धीरे धीमी पड़ती गयी। माँ और दीदी की खुसुर-पुसुर अभी तक देवेन्द्र के कानों में आ रही थी। शायद बड़े भैया से पूछने की बात पर ही माँ और दीदी में कुछ बातें हो रही थीं।
दीदी और पांडेय जी की शादी एक मंदिर में करा दी गयी। शादी में पांडेय जी की तरफ से कोई नहीं था। दीदी की तरफ से माँ के अलावा राजेन्द्र, मनुराज और देवेन्द्र थे। विदा के समय दीदी माँ और देवेन्द्र से लिपट कर  बहुत रोई। माँ और देवेन्द्र भी बुरी तरह बिलख रहे थे लेकिन पांडेय जी ने सबको समझाया और अक्सर आते-जाते रहने की बात कहकर दीदी को विदा कराकर ले गये। सब बुझे मन से घर लौट आए। एक ओर दीदी की ज़िन्दगी में नयी खुशी आने की सबको खुशी थी लेकिन दूसरी ओर घर के खर्चों की चिन्ता माँ को परेशान कर रही थी। देवेन्द्र को भी अपनी पढ़ाई की चिन्ता हुई। थोड़ा घर में जो कुछ थोड़ा-बहुत रखा था, वह धीरे-धीरे खत्म होने लगा।
एक शाम देवेन्द्र जब अपनी पढ़ाई कर रहा था तो उसे राकेश की आवाज़ सुनाई दी। उसने ऊपर के कमरे की खिड़की से झाँक कर देखा राकेश आँगन में खड़ा माँ से बातें कर रहा था। देवेन्द्र तुरन्त सीढ़ियाँ उतरकर राकेश के पास आ गया। राकेश कह रहा था, “आंटी जी, राजेन्द्र भैया और मनु यदि चाहें तो कंडक्टरी कर सकते हैं। गाँव से शहर के लिए मेरे मामा दो बसें चलवा रहे हैं।” राकेश के मामा पड़ोस के गाँव में रहते थे। वे गाँव के धनी व्यक्तियों में गिने जाते थे। राकेश जब भी उनके घर आता तो देवेन्द्र से मिलने भी आता था। उस दिन भी वह मामा के घर से देवेन्द्र के घर मिलने आया था।
“बेटा, यह बात तो राजेन्द्र और मनु से ही पूछनी पड़ेगी। वैसे अगर ये दोनों कुछ काम धंधा करने लगें तो मुझे चैन मिल जाए। घर की हालत तो तुमसे छुपी नहीं है,” कहते हुए माँ के चेहरे पर उदासी उतर आई, “सुशीला के जाने के बाद तो हालात खराब ही हो रहे हैं। अब बेटी पराए घर की हो गयी उससे बार-बार माँगना अच्छा नहीं लगता। वैसे भी कब तक वह हमारी मदद करेगी? घर में दो-दो जवान लड़कों के होते हुए बेटी के सामने हाथ फैलाना कितने शर्म की बात है?” अंतिम वाक्य कहते-कहते माँ रूआंसी हो गयी।
देवेन्द्र ने माँ के चेहरे की ओर देखकर सोचा, ‘न जाने माँ को क्या हो गया है? ज़रा-ज़रा सी बात पर आँसू बहाने लगती है। पहले तो वह इतनी कमजोर नहीं थी।’ माँ की हिम्मत उसके बच्चे होते हैं। वह उन्हीं के सहारे बड़ी-से-बड़ी मुसीबतों का सामना करने को तैयार रहती है लेकिन जब बच्चे ही उसका विश्वास तोड़ दें तो माँ की हिम्मत भी जवाब देने लगती है। ऐसा ही कुछ देवेन्द्र की माँ के साथ भी हो रहा था। महेन्द्रप्रताप का व्यवहार तो ऐसा रुखा हो गया था कि वह उसकी सगी नहीं, सौतेली माँ हो, ऊपर से राजेन्द्र भी अक्सर माँ को आँखें दिखाने लगा था। मानवेन्द्र व्यवहार में तो ठीक था लेकिन काम-धंधे के विषय में कुछ नहीं सोचता था। देवेन्द्र तो अभी बहुत छोटा था। थोड़ी बहुत उम्मीद देवेन्द्र से उसी प्रकार लगी थी जैसे डूबते को तिनके का सहारा होता है।
कुछ पल के मौन के बाद राकेश ने बात आगे बढ़ायी, “ठीक है आँटी, मैं राजेन्द्र और मनु से बात कर लूँगा,” फिर उसने देवेन्द्र तरफ मुँह करके कहा, “यार देवेन्द्र…अगर तू मेरा साथ दे तो मैं एक कोचिंग सेंटर खोलना चाहता हूँ…तू आठवीं तक के बच्चों को पढ़ा सकता है?”
“पढ़ा तो सकता हूँ लेकिन मेरा भी तो टेंथ है…मुझे भी तो अपनी पढ़ाई करनी है,” देवेन्द्र से गहरी साँस छोड़ते हुए कहा।
“अरे परीक्षाओं से एक महीने पहले तू कोचिंग छोड़ देना, बाकी मैं देख लूँगा,” राकेश ने समस्या का हल निकालते हुए कहा।
देवेन्द्र देख रहा था कि घर की स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। जैसे-तैसे दो वक्त की रोटी ही नसीब हो पा रही थी। अधिक तंगी होने पर माँ को फिर से मजदूरी करने जाना पड़ जा रहा था जो देवेन्द्र को अच्छा  नहीं लगता था। इसलिए उसने राकेश की कोचिंग वाली बात को स्वीकारने में बहुत देर नहीं लगायी क्योंकि वह तो खुद ही चाहता था कि जैसे भी हो जल्द-से-जल्द घर में चार पैसों की मदद कर सके और माँ को मजदूरी करने न जाना पड़े।
क्रमशः
लवलेश दत्त
WhatsApp Image 2026-08-10 at 16.21.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment