मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -59

वहां कौन है? भाग 59

झाड़ियों के पीछे से फिर सरसराहट हुई।इस बार आवाज इतनी करीब थी कि सबके कदम वहीं थम गए।

कुमार ने हाथ उठाकर सबको रुकने का संकेत किया। उदय ने तुरंत अपनी टॉर्च बंद कर दी। सुक्खी ने नाइट-विजन दूरबीन आँखों के सामने लगा ली।

“कुछ दिख रहा है?” प्रभात ने बहुत धीमे पूछा।

सुक्खी ने कोई जवाब नहीं दिया। वह लगातार उसी दिशा में देख रहा था फिर उसकी आवाज निकली, “हाँ… कुछ है।”

“क्या?”

“पता नहीं… लेकिन बड़ा है।”

अगले ही पल झाड़ियों के बीच दो चमकती हुई आँखें दिखाई दीं।
उदय का चेहरा सख्त हो गया, “बाघ है।”

झाड़ियों के पीछे से एक बाघ धीरे-धीरे बाहर आया। उसकी चाल में ऐसी शांति थी कि सूखे पत्तों पर उसके पंजों की आवाज तक सुनाई नहीं दे रही थी। वह उनकी ओर नहीं बल्कि थोड़ी दूर घनी झाड़ियों की तरफ देख रहा था। शायद वहाँ कोई हिरन या छोटा जंगली जानवर उसकी निगाह में था।

वह शिकार की तलाश में था।पाँचों वहीं खड़े रह गए।किसी ने हिलने की कोशिश नहीं की।उदय ने बहुत धीरे से गर्दन घुमाकर कुमार की तरफ देखा। कुमार ने केवल आँखों से इशारा किया…”शांत रहो।”

बाघ कुछ कदम आगे बढ़ा।अब वह उनसे बहुत दूर नहीं था।
सुक्खी की साँसें तेज हो गई थीं। उसने धीरे से प्रभात की बाँह पकड़ ली।प्रभात ने उसकी तरफ देखा और बिना कुछ कहे उसके हाथ पर अपना दूसरा हाथ रख दिया। मायरा बिल्कुल स्थिर खड़ी थी।

बाघ ने अचानक अपना सिर उनकी तरफ घुमाया।उसकी आँखें कुछ क्षण तक सीधे उनकी ओर टिकी रहीं।किसी के शरीर में जैसे जान ही नहीं थी।उदय को लगा, अगर इस समय किसी ने एक कदम भी गलत दिशा में उठा दिया तो स्थिति बिगड़ सकती है।

बाघ ने हवा सूँघी।फिर उसने अपना सिर दूसरी ओर घुमा लिया।
उसे उनमें कोई दिलचस्पी नहीं थी।अगले ही क्षण वह बहुत सहजता से दूसरी झाड़ियों की ओर बढ़ा और अँधेरे में गायब हो गया।काफी देर तक कोई नहीं बोला।

फिर सुक्खी ने धीरे से पूछा , “गया?”

प्रभात ने उसे देखा, “तुझे क्या लगता है, अभी वापस आकर बताएगा?”

सुक्खी ने राहत की साँस ली, “मैं बस पक्का कर रहा था।”

कुमार ने हल्की आवाज में कहा, “कुछ देर रुकते हैं।”

वे वहीं खड़े रहे।जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो उन्होंने फिर चलना शुरू किया।मायरा सबसे आगे थी।

कुछ दूर जाने पर जंगल का रूप थोड़ा बदलने लगा। ऊँचे पेड़ों की छतरी के बीच से चाँदनी नीचे उतर रही थी। कहीं पत्तों पर, कहीं चट्टानों पर और कहीं नम मिट्टी पर वह ऐसी चमक बिखेर रही थी जैसे जंगल ने अपने भीतर छोटी-छोटी रोशनियाँ छिपा रखी हों।

तभी प्रभात की नजर जमीन के किनारे पर पड़ी,“रुको।”

सभी रुक गए।वह नीचे झुका, “यह देखो।”छोटे-छोटे सफेद फूल चाँदनी में चमक रहे थे।

“पारिजात,” प्रभात ने कहा।

सुक्खी ने पूछा, “इतनी रात में भी पहचान लिया?”

“इसे दिन में देखने की जरूरत नहीं पड़ती। इसकी खुशबू बता देती है।”,प्रभात मुस्कराया फिर उसने कुछ दूर एक दूसरी वनस्पति की ओर इशारा किया, “और यह…”

वहाँ बहुत छोटी-छोटी पत्तियाँ थीं, जिन पर ओस की बूँदें चमक रही थीं, “शायद ब्राह्मी की प्रजाति है। पूरी तरह पक्का नहीं कह सकता।”

उदय ने पूछा, “तुम्हें इन सबका इतना शौक कब से हो गया?”

“शौक नहीं है। कभी पढ़ा था इनके बारे में। जंगल में आकर किताबें याद आ रही हैं।”

थोड़ा आगे बढ़ने पर उसे कुछ और दिखाई दिया।इस बार वह सचमुच चौंक गया। घास के बीच छोटी-छोटी नीली कलियाँ थीं, जिनसे बहुत हल्की रोशनी निकल रही थी, “ये मैंने कभी नहीं देखी।”

कुमार भी झुककर देखने लगा, “क्या है?”

प्रभात ने सिर हिलाया, “पता नहीं।”

मायरा ने उन फूलों को ध्यान से देखा,“ये रात में ही खिलते होंगे?”

प्रभात ने कहा, “हो सकता है।”

उसी समय सुक्खी ने दूसरी तरफ रोशनी डाली।वहाँ बेल जैसी एक वनस्पति थी, जिसके पतले तनों पर चाँदी जैसी चमक थी।
प्रभात ने उसे ध्यान से देखा, “इसे मत छूना।”

“क्यों?” सुक्खी ने हाथ पीछे कर लिया।

“पता नहीं लेकिन कुछ पौधे रात में ज्यादा सक्रिय होते हैं। इनके बारे में पुराने वन-लेखों में पढ़ा था।”उसने अपने बैग से छोटे नमूना-पाउच निकाले, “थोड़ा-सा गिरे हुए हिस्से का नमूना रख लेता हूँ। आगे काम आ सकता है।”

कुमार ने पूछा, “कैसे?”

प्रभात ने धीरे से कहा, “कुछ वनस्पतियों का उपयोग औषधि के रूप में होता है। और अगर ये वही दुर्लभ प्रजातियाँ हैं जिनके बारे में मैंने पढ़ा है तो इनके उपयोग साधारण नहीं हैं।”उसने पहली चमकीली वनस्पति की ओर इशारा किया।

“एक प्रजाति का रस घाव पर लगाने से खून जल्दी जमने और घाव भरने की प्रक्रिया तेज होने की बात पुराने अभिलेखों में है।”

सुक्खी की आँखें फैल गईं, “मतलब चोट लगी और इसे लगाते ही सही?”

“इतना आसान मत समझ। पहले इसकी सही पहचान करनी होगी।”

फिर उसने चाँदी जैसी बेल की ओर देखा, “और इसके बारे में एक विचित्र बात लिखी थी। इसका अर्क त्वचा पर लगाने से कुछ समय के लिए आसपास के रंग और प्रकाश में ऐसा भ्रम पैदा हो सकता है कि सामने वाला व्यक्ति साफ दिखाई न दे।”

“अदृश्य?” उदय ने पूछा।

“पूरी तरह नहीं। शायद आँखों का भ्रम लेकिन सही मात्रा और सही तरीके से इस्तेमाल हो तो किसी को कुछ समय के लिए अपनी मौजूदगी का पता न चलने देने में मदद मिल सकती है।”

सुक्खी ने तुरंत कहा, “इसे संभालकर रख। आगे मुझे बहुत जरूरत पड़ सकती है।”

प्रभात हँसा,“तेरे लिए नहीं है।”

“क्यों?”

“क्योंकि तू इसे लगाकर भी दिखाई देगा।”सब हँस पड़े।

कुछ देर बाद प्रभात ने गिरे हुए हिस्सों के छोटे नमूने अलग-अलग पाउच में रख लिए।उसने हर पाउच पर निशान भी बना दिया।

“बाद में पहचान करूँगा अगर ये वही हैं जो मैं सोच रहा हूँ तो इनके बारे में और पता लगाना जरूरी है।”

वे आगे बढ़ते रहे।रात गहरी होती जा रही थी।करीब बीस मिनट बाद मायरा की चाल धीमी हो गई।उसने सामने देखा।पेड़ों के बीच एक पुरानी पत्थर की गोल संरचना दिखाई दे रही थी।

उदय ने टॉर्च की रोशनी डाली, “कुआँ?”

वे उसके पास पहुँचे।कुआँ बहुत पुराना था। उसकी जगत जगह-जगह से टूट चुकी थी। कुछ पत्थर नीचे खिसक गए थे और किनारे पर जंगली घास उग आई थी।मायरा ने जैसे ही कुएँ की मुंडेर पर हाथ रखा, वह रुक गई।उसके चेहरे पर अचानक वही बेचैनी लौट आई जो रास्ते में दिखाई दे रही थी।

मायरा ने कुएँ के भीतर झाँका,“मुझे… कुछ महसूस हो रहा है।”

उदय उसके पास आ गया,“क्या?”

“नीचे।”,उसने कुएँ की गहराई में देखा, “यहीं से आगे जाना है।”

सुक्खी ने नीचे टॉर्च डाली।पहले कुछ दिखाई नहीं दिया फिर उसने नाइट-विजन उपकरण लगाया, “रुको…”।उसने दीवार के एक हिस्से की ओर रोशनी की।“वहाँ कुछ है।”

कुमार ने भी देखा।कुएँ की गोल दीवार के एक किनारे पर बहुत छोटी-छोटी सीढ़ियाँ बनी थीं। हर पायदान मुश्किल से एक ईंट जितना चौड़ा था और वे दीवार से चिपकी हुई नीचे उतर रही थीं।

उदय ने नीचे देखा और फिर मायरा की तरफ, “बहुत खतरनाक है।”

“मगर मुझे जाना होगा।”, मायरा की आंखों में विचित्र से भाव थे।

“मै उतरता हूं पहले फिर बताऊंगा कुछ है या नहीं?”, उदय ने तत्परता से कहा।

“नहीं उदी,पहले मुझे ही जाकर समझना होगा सब।”

कुमार ने तुरंत कहा, “मायरा सही कह रही है। ठीक है तुम जाओ मायरा लेकिन पूरी सुरक्षा के साथ।”

उन्होंने रस्सी निकाली। कुएँ के मजबूत हिस्से में एंकर लगाया गया। मायरा को सुरक्षा हार्नेस पहनाया गया। कमर और छाती के आसपास बेल्ट कसकर बाँधी गई। हेलमेट पर हेडलैम्प लगाया गया। मुख्य रस्सी के साथ एक सेफ्टी लाइन भी जोड़ी गई और करबीनर से दोनों को सुरक्षित किया गया।

उदय ने उसकी जाँच की, “कुछ ढीला लगे तो बताना।”

मायरा ने सिर हिलाया।

“और नीचे पहुँचकर आवाज देना।”, प्रभात ने चिंता से कहा।

“हाँ।”, मायरा कोशिश करके मुस्कुराई।

कुमार ने रस्सी पकड़ ली, “अगर कुछ भी ठीक न लगे तो वापस आना।”

मायरा ने नीचे देखा, “अगर मुझे लगे कि यही जगह है, तो मैं तुम्हें बुलाऊँगी और अगर नहीं तो मेरे तीन बार रस्सी हिलाने पर तो मुझे ऊपर खींच लेना।”

मायरा ने पहला पैर सीढ़ी पर रखाफिर दूसरा धीरे-धीरे वह नीचे उतरने लगी।हर पायदान पर पैर रखते समय वह दीवार पकड़ती। नीचे अँधेरा गहरा होता जा रहा था। ऊपर से आती टॉर्च की रोशनी भी धीरे-धीरे धुँधली लगने लगी।

कुछ देर बाद उसकी आवाज आई, “मैं नीचे पहुँच गई।”

कुमार ने पूछा, “सब ठीक है?”

“हाँ।”

मायरा ने चारों तरफ देखा।कुएँ का तल पूरी तरह सूखा था, “यहाँ पानी नहीं है।”

वह कुछ क्षण चुप रही फिर बोली, “लेकिन मुझे लगता है… आगे यहीं से जाना है।”

उदय ने ऊपर से पूछा, “क्या दिखाई दे रहा है?”

“कुछ नहीं।”

मायरा धीरे-धीरे आगे बढ़ी।तभी उसके पैर के नीचे की जमीन में हल्का कंपन हुआ।वह रुक गई।कुएँ के तल की सूखी मिट्टी में एक छोटी-सी दरार उभरी फिर दूसरी।उन दरारों के बीच से पानी की बहुत पतली धार बाहर आई।

मायरा पीछे हट गई, “पानी…”

ऊपर खड़े सभी लोग एक-दूसरे को देखने लगे।कुएँ में पानी बढ़ने लगा।पहले टखनों तक फिर कुछ ही क्षणों में घुटनों तक।
ऐसा लग रहा था जैसे कुएँ के भीतर किसी छिपे हुए जलस्रोत का रास्ता अचानक खुल गया हो।

पुराने कुओं में भूजल-स्तर ऊपर आने या किसी दबे हुए जल-स्रोत से संपर्क होने पर सूखी तलहटी में पानी उभर सकता है। लेकिन इस कुएँ में जो हो रहा था, वह उस सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया से कहीं अधिक असामान्य था—पानी मानो मायरा के वहाँ पहुँचने की प्रतीक्षा कर रहा था।

मायरा ने नीचे पानी को देख फिर अपना हाथ उसमें डाला।नीली रोशनी उसकी उँगलियों के चारों ओर फैल गई।उसने आँखें बंद कर लीं।पानी अब उसकी कमर तक पहुँच चुका था।

कुमार ने घबराकर आवाज दी, “मायरा, ऊपर आओ!”

मायरा ने ऊपर की ओर देखा लेकिन अब उसकी आँखों में वही मायरा नहीं थी।उसके सुनहरे बाल धीरे-धीरे काले से सुनहरे होने लगे थे। पानी में उनका रंग चाँदनी के साथ मिलकर चमक रहा था।

उसके चेहरे पर एक अजीब शांति उतर आई।उसने नीचे अपने पैरों की ओर देखा।पानी उसके शरीर के चारों ओर घूम रहा था।
फिर उसकी कमर के नीचे का रूप बदलने लगा।त्वचा पर महीन चमकीले शल्क उभर आए।

एक के बाद एक।वे चाँदनी में नीले और चाँदी के बीच चमक रहे थे।उसके दोनों पैर धीरे-धीरे एक लंबे मत्स्य-पुच्छ में बदलने लगे।
ऊपर से देखते हुए उदय ने फिर से आवाज दी ,“मायरा…”

लेकिन मायरा ने कोई उत्तर नहीं दिया।उसके सुनहरे बाल अब पूरी तरह नीलवलया के रूप में चमक रहे थे।कमर के नीचे शल्कों से ढका मत्स्य रूप पानी में धीरे-धीरे हिल रहा था।

कुएँ का पानी लगातार ऊपर उठ रहा था।मायरा ने आँखें बंद कीं।
और उसे लगा जैसे पानी के भीतर से कोई बहुत पुरानी आवाज उसे पुकार रही हो।नीलवलया पूरी तरह जाग चुकी थी।
Megha

( क्या नीलवलया के रूप में मायरा फिर से जल लोक पहुंचेगी या कोई दूसरा रहस्य सामने आयेगा। जानने के लिए साथ बने रहिए और कमेंट्स में कंजूसी मत करो यार।)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment