“धारावाहिक पौराणिक उपन्यास”
*अग्निशिखा : द्रौपदी*
(प्रथम खंड)
(द्वितीय आख्यान)
*आचार्य द्रोण का हस्तिनापुर प्रस्थान*
——————————–
गोधूली की बेला थी, जब आचार्य द्रोण अपने घर में प्रविष्ट हुए। उन्हें अपना ही घर अपनी ओर काट खाने को दौड़ता हुआ सा प्रतीत हुआ। घर सूना सूना सा लग रहा था। चारों ओर सन्नाटा पसरा हुआ था। आचार्य द्रोण का अपनी पत्नी से सामना करने का साहस न हो रहा था। उनके पांव कांप रहे थे और दिल की धड़कनें असामान्य रूप से बढ़ गयी थी। उनकी समझ में न आ रहा था कि जब कृपी उनसे पूछेगी तब वे क्या उत्तर देंगे? बड़ी आशा के साथ कृपी देवी ने उन्हें भेजा था पांचाल नरेश महाराज द्रुपद के पास। उन्हें खाली हाथ लौटा हुआ देखकर कृपी की सारी आशाओं पर तुषारापात हो जाएगा। वे द्वार पर ही थमक गये। अपने हृदय की धड़कन को स्थिर करने का प्रयत्न करने लगे। तभी उनके कानों में मधुर आवाज गूंज उठी –
“आप आ गये स्वामी! अरे आप द्वार पर ही क्यों रूक गये? अन्दर आइए न ।” बड़े ही उल्लसित स्वर में बोली उनकी पत्नी कृपी। उनकी चेतना लौट आयी और वे साहस बटोरकर अन्दर प्रविष्ट हुए। वे थके तो थे ही निराश भाव से कुशासन पर बैठ गये। कृपी देवी उनके सामने बैठकर पंखा झलने लगी। कुछ देर बाद कृपी देवी ने स्नेहसिक्त मृदुल स्वर में पूछा –
“क्या हुआ स्वामी, क्या महाराज द्रुपद ने आपको आधा राज्य दे दिया?” क्या उत्तर देते आचार्य द्रोण अपनी पत्नी के इस तीखे प्रश्न का? उन्हें टालने की गरज से इधर-उधर देखते हुए उन्होंने पूछा –
“हमारा पुत्र अश्वत्थामा कहां है कृपी?”
“वह अपने मित्रों के साथ धनुर्विद्या का कहीं अभ्यास कर रहा होगा। परंतु मैंने जो प्रश्न किया है आपने उसका उत्तर नहीं दिया स्वामी?” कृपी देवी का स्वर बदल गया। वैसे अपने पति से मुखड़े पर विषाद की कालिमा को देखते ही वे समझ गयी थी कि उनके पति देव काम्पिल्य के राजदरबार से खाली हाथ ही लौटे हैं।
“उस मक्कार द्रुपद ने मुझे धोखा दे दिया। बचपन में दिये गये अपने वादे से मुकर गया। परंतु मैं उसे छोड़ूंगा नहीं। अपने अपमान का बदला लेकर रहूंगा।” अपने मित्र के प्रति असीम घृणा का प्रदर्शन करते हुए आचार्य द्रोण बोले। क्रोध से उनका चेहरा तमतमाने लगा था।
“पूरी घटना मुझे विस्तार से सुनाईए स्वामी।” कृपी तीखी नजरों से उनकी ओर देखती हुई बोली। अपनी पत्नी के इस उग्र रूप को देखकर अंदर ही अंदर सहम गए आचार्य द्रोण। विवशता थी आचार्य द्रोण के साथ। काम्पिल्य के राजदरबार में घटी एक एक घटना को बताना ही पड़ा उन्हें। यह जानकर की महाराज द्रुपद ने उनके पति को सोने की अशर्फियां देने के साथ साथ महामंत्री पद भी देने का प्रस्ताव रखा था परंतु अपने अहंकार में चूर उनके पति सब ठुकराकर खाली हाथ वापस चले आए, हाय रे फुटी किस्मत! कृपी देवी ने अपना सर पीट लिया। वे कुपित होकर अपने पति देव पर उबल पड़ी –
“आपकी मत मारी गयी है क्या? यदि महाराज द्रुपद आधा राज्य देने के बदले सोने की अशर्फियां और महामंत्री का पद दे रहे थे तो आपने लेने से अस्वीकार क्यों कर दिया।” अपनी पत्नी की तीखी बातें सुनकर सन्न रह गये आचार्य द्रोण। उन्हें ऐसी आशा न थी कि उनकी पत्नी उनके स्वाभिमान का इस तरह से अनादर करेगी।
“परंतु कृपी….!” उन्होंने प्रतिवाद करना चाहा, परंतु कृपी उनकी एक भी बात सुनने को तैयार न थी। वे पुनः उबल पड़ी –
“बस अब मैं कुछ भी न सुनूंगी। आप आर्यावर्त के महान धनुर्धर होने की उपाधि लेकर घर में बैठे रहिए, मैं चली अपने पुत्र को लेकर हस्तिनापुर।”
“क्या कहा….. हस्तिनापुर, परंतु क्यों?” विस्तारित नेत्रों से अपनी पत्नी के आक्रोश से तमतमा रहे मुखड़े की ओर देखते हुए कहा आचार्य द्रोण ने।
“यहां आपके साथ रहकर भूखे मरने से तो अच्छा है कि मैं अपने पुत्र अश्वत्थामा के साथ हस्तिनापुर जाकर अपने अपने भैया कृपाचार्य के आश्रय में रहूं।” सचमुच कृपी देवी हस्तिनापुर जाने की तैयारी करने लगी। आचार्य द्रोण को तो जैसे सांप सूंघ गया था। वे किंकर्तव्यविमूढ़ से बने अपनी पत्नी के क्रियाकलापों को देखे जा रहे थे। तभी हाथ में धनुष बाण लिये हुए उनका प्रिय पुत्र अश्वत्थामा वहां आ गया। वह लगभग बारह या तेरह वर्ष का किशोर था। उसकी भरी-भरी देहयेष्टी थी और आंखों में अद्भुत तेज था। इस किशोरावस्था में ही उसके मुखड़े पर शौर्य की झलक और अद्भुत तेज दिखाई दे रही थी। उसके प्रशस्त ललाट के बीचोंबीच एक मणि चमक रहा था। यह अलौकिक मणि उसके मस्तक पर जन्म से ही शोभायमान था। यह मणि ही उसकी तेजस्विता का परिचायक था।
अपनी मां को कपड़े समेटते हुए देखकर वह उनके निकट आकर आश्चर्य से पूछने लगा –
“मां, क्या हमलोग कहीं जा रहे हैं?”
“हां….!”
“कहां?”
“तुम्हारे मामा जी के आश्रय में, हस्तिनापुर।”
“परंतु क्यों?”
“क्योंकि यहां मेरा और तुम्हारा प्रतिपालन नहीं हो सकता पुत्र। इसलिए तुम्हारे मामा जी के आश्रय में जाना पड़ रहा है।” अश्रुपूर्ण नेत्रों से अपने पुत्र की ओर देखती हुई बोली कृपी देवी।
तब तक आचार्य द्रोण चैतन्य हो चुके थे। वे अपने पुत्र की ओर देखते हुए शांत भाव से बोले –
“समय आने पर हम अपना आधा राज्य उस दुष्ट द्रुपद से लेकर रहेंगे पुत्र, तुम चिन्ता मत करो। तब तक हमलोग हस्तिनापुर में रहेंगे।”
“आप कहां जाएंगे?” कृपी देवी तुनक पड़ी।
“जहां तुम जाओगी।” अपने ओठों पर मुस्कान लाते हुए बोले आचार्य द्रोण।
“नहीं आप कहीं नहीं जाएंगे।” कृपी देवी का आक्रोश शांत ही नहीं हो रहा था।
“देखो प्रिय, प्रतिवाद मत करो। हमलोग जहां भी रहेंगे साथ में रहेंगे। तुम मेरी छाया हो और हमारा पुत्र मेरी आत्मा। ये दोनों कभी शरीर से अलग नहीं रह सकते। हमारे प्रारब्ध में यदि आज दुःख भोगना लिखा है तो कल सुख भी मिलेगा।” कृपी देवी कुछ न बोली। वे अपने पति के स्वाभिमान को अधिक चोट पहुंचाना नहीं चाहती थी। उन्होंने अपनी मौन स्वीकृति प्रदान कर दी।
किशोर अश्वत्थामा अपने पिता के मानसिक तनाव को भांप चुका था। वह इस सच्चाई से भी अवगत हो चुका था -“पिता जी के बाल सखा महाराज द्रुपद ने अपने वचन का पालन करने से अस्वीकार कर दिया होगा।” अन्दर ही अन्दर उसके मन में भी महाराज द्रुपद के प्रति आक्रोश उभरने लगा।
∆∆∆∆∆