पुरस्कृत उपन्यास
गुलमोहर के नीचे
13
पारुल रसोई में बैठी सब्जी काट रही थी। उसकी दोनों लंबी चोटियाँ धरती पर लोट रही थीं। उन्हें दोनों हाथों से उठाकर, जूड़े का शक्ल देने जा रही थी कि दस्तक। दरवाजे पर दस्तक की थाप जोर पकड़ती गई। आज ही लौटी है वह।
“अरी तू… अभी… कैसे?”
साँप के काट लेने पर भी वह इतना न चौंकती। नीलिमा लाल जोड़े में ही सामने खड़ी थी।
“मुझे अंदर आने को नहीं कहेगी पारुली?”
“आओ। लेकिन?”
वह अंदर आकर पलंग पकड़, खड़ी हो गई।
“जीवन की यह बाजी भी हार गई मैं।”
किसी बात पर निवेदिता खिलखिलाती घुसी। हँसने के कारण गालों में बन गई कटोरियाँ नीलिमा को देखते ही फिर से बराबर हो गईं।
“नीली दीदी?”
पारुल की अनुजा भी चौंकी। होठों पर कई प्रश्न दबे थे, जबान से कुछ नहीं पूछा।
मासी माँ सोई थीं, किसी ने नहीं जगाया। पारुल रसोई से उठकर कुछ करने के बहाने बाहर चली गई। जब शर्बत का गिलास लेकर लौटी, आँखों पर हाथ रखे नीलिमा लेटी मिली। नीलिमा पारुल के कमरे में कब आई, उसे पता नहीं।
पारुल रसोई में उसे न पाकर, वहाँ आई।
नीलिमा से क्या पूछे, क्या जाने इसकी हिम्मत उसे नहीं थी। उसने कुछ भी नहीं पूछा। सिर्फ नीलिमा के सर को सहलाने लगी। सहलाती ही रही। उसकी बहन निवेदिता जा चुकी थी।
प्रकृतस्थ होते ही नीलिमा ने सब कुछ पारुल को बता दिया।
लंबी चुप्पी…गहरा सन्नाटा। कमरा जैसे घूम रहा था।
“मैं कैसे रह सकती थी। बोल, कैसे रह सकती थी? उसका मन मुझे नहीं मिलता। उसके हृदय पर मेरा अधिकार न था। उसके घर की धन संपदा लेकर मैं क्या करती?”
जैसे स्वगत,
“पारुली! वहाँ रहकर कब तक अपने को बचाए रख सकती थी?”
“बोल न, मैंने गलत किया क्या? यह निर्णय सही है या गलत, मैं खुद नहीं जान पाई।”
वह महसूस कर रही थी कि कुछ रिक्त होता जा रहा। कसकर साहस, धैर्य का दामन थामे बैठी थी, उसके बावजूद। पारुल कुछ जवाब नहीं दे पाई।
“मैंने भी हमेशा चाहा कि जिंदगी में सम्मान, प्यार और विश्वास बना रहे। इसके बिन जीवन कैसा।…मैं और नलिन के बीच हम बनने की कहानी भी अधूरी रहेगी, कहाँ सोचा था पारुली।”
शुष्क आँखों, नम स्वर में कह उठी नीलिमा और सोफे पर ही पसर गई।
मासी माँ से कब तक छिप सकती थी। उनके सामने पड़ने पर नीलिमा का हृदय टुकड़े-टुकड़े हो रहा था। फिर भी उसने स्वयं हर बात कही। नहीं जानती, वे सुन भी रही हैं या नहीं।
मासी माँ की आँखें भर रही थीं। गड्ढे में धंसे उनके गालों पर आँसू बह निकले। एक मूक संवेदना।
“गोऽऽ!…गोऽऽ!”
बेचैन भी हो उठी मासी माँ, आँखों की व्यथा, चेहरे की झुर्रियों में छिपा दर्द, झुर्रियों की बढ़ती गई सिकुड़न से टपक रहा था।
नीलिमा बहुत ज्यादा अस्वस्थता महसूस करने लगी। उसे कुछ भी सूझ न रहा था। अब तक नीलिमा के दिमाग में बकरे की कातर आवाज और रक्त सना फर्श घूमता रहा था।
चौथे दिन मासी माँ ने इशारे से घर जाने को कहा।
“मेरे उस बड़े घर में अब मेरे लिए जगह नहीं होगी, मासी माँ। और मैं जानती हूँ, यह दो कमरों की तुम्हारी छत मेरे लिए बहुत बड़े आकाश की तरह है। यह कभी छोटी नहीं पड़ेगी।”
उसी दिन शाम तक पापा और दिवा आ गए। नीलिमा का मन बहलाने के लिए पारुल, बापा और निवेदिता ताश खेलने बैठे थे ।
“यहाँ ताश की बाजी चल रही है आनंद मनाया जा रहा है। और हम सब की जान सूख गई है। हमारी नाक कटवाकर तुम यहाँ पड़ी हो ?”
पापा आते के साथ गरज पड़े।
“जात-बिरादरी में कितनी बातें उठ रही हैं। लोग तुझ पर, और साथ ही मुझ पर कितने लांछन लगा रहे हैं।”
सबकी सिट्टी-पिट्टी गुम थी।
“चलो अभी मेरे साथ। उनसे माफी माँग लो।”
अब भी कुछ नहीं बिगड़ा है। बात अधिक फैलने न पाई है। मैंने इन चार दिनों में तुझे कहाँ-कहाँ नहीं ढूँढा।”
“अंकल, बैठिए ना।”
“नहीं! जितना जल्दी हो सके, इसे इसके ससुराल पहुँचाना है।”
“मैं अब वहाँ नहीं लौट सकती पापा!”
“क्यों? अभी भी वे लोग तुझे अपनाने को तैयार हैं।”
नीलिमा ने शांत, धीर-गंभीर स्वर में कहा,
“वे कभी भी मुझे अपनाने को तैयार न थे। मेरे पैसे से उन्हें प्यार है। और शायद एक वारिस की जरूरत भी। अपने शराबी, भ्रष्ट बेटे को सुधारने मात्र को उन्होंने विवाह करवाया था।”
“बेकार की फिलॉसफी मत झाड़ो नीली! तुम्हें चलना होगा।”
मासी माँ ने पारूल से कहलवाया कि अभी दो दिन रुककर जाएँ। तब तक नीलिमा को समझा दिया जाएगा। संभव है, वह जाने को तैयार हो जाए।
मासी माँ के बाएँ हाथ के इशारे को केवल पारुल ही समझ पाती है। बात में दम, गणपत मान गए। पारुल की माँ को इस हालत में गणपत लाल ने पहली बार ही देखा था। अवसादग्रस्त उनका चित्त खुद संवेदना की चाह सँजोए था, उन्हें कहाँ साँत्वना दे पाता।
नीलिमा ने भी पहले उन्हें मासी माँ के बारे में कुछ नहीं बताया था। पापा के सामने वह ज्यादा पड़ती ही नहीं थी।
नीलिमा किसी तरह तैयार न हुई।
“नही…नहीं पापा! मैं जानती हूँ, वहाँ घुट-घुटकर जीना पड़ेगा। जिसका पति साथ नहीं देता, उसे ससुरालवाले नहीं पूछते कभी। आपकी जिद हमें कहीं का नहीं छोड़ेगी।”
उसके कानों में सास की आवाज गूंज रही थी,
“ऊँचे, संपन्न लोग हैं, मतलब हमारा घर भर देंगे। ये तो कंगालों की तरह कुछेक चीजों से ही बहला दे रहे हैं।”
“पापा! आप सोच लें, इज्जत प्यारी है या बेटी की जान? यूँ भी जितनी बदनामी होनी थी, हो चुकी होगी।”
दिवा ने घर चलने को कहा, पापा ने भी। उनका मत था,
“घर जाकर वहाँ कुछ दिन रह ले। फिर ससुराल पहुँचा दूँगा। कुछ भी हो, बेटियाँ ससुराल में ही शोभा पाती हैं।”
‘आपने बेकार पढ़ा-लिखा है। मम्मी की तरह आपकी सोच भी यही कि बेटी की अर्थी ससुर की देहरी से ही उठनी चाहिए।…मम्मी और उनकी तमाम सहेलियों का विचार यही है।’
यह नीलिमा अच्छी तरह जानती है। न सिर्फ तमाम सहेलियों का, बल्कि पूरे समाज का। पूरा समाज यही चाहता है, एक कली असमय भले मुरझा जाए परन्तु वह रहे उसी बंजर जमीन पर।
‘लो, मैंने शुरुआत कर दी। निकल भागो घासलेट की बोतल और माचिस की डिबिया से।’
‘यातना दर यातना सहते हुए भी ससुराल की देहरी पर पड़ी रहनेवाली औरतों को राह दिखलाएगी आपकी बेटी। उसने एक रास्ता निकाल लिया है अपने लिए।’
नीलिमा के अंतर की ये आवाजें पापा ने नहीं सुनीं। उन्होंने सिर्फ सुना, जो उसके लबों ने कहा,
“अब मैं कहीं नहीं जाऊँगी। मुझे नौकरी करनी है।”
पापा, दिवा, बाद में मनाने आए बड़े चाचा, किसी भी तरह उसे घर नहीं ले जा सके। मम्मी एवं उनकी पड़ोसिनों को मिले गर्म मसाले के चटखारे के बीच वह जी सकेगी क्या?
जैसे उसके कानों में मम्मी कह उठती है,
“दूसरे पेट की जाई है, तभी न इतना बड़ा कांड कर डाला। मेरी बेटी रहती तो ऐसा कर पाती।”
दसेक महीने बहुत भारी लगे नीलिमा को। जिधर निकलती, कुछ जोड़ी आँखें, फुसफुसाहटें उसके पीछे लग ही जातीं। पारुल के परिचित उसके भी परिचित थे।
उसी दिन, दोनों बगीचे में बैठी मेंहदी की पत्तियाँ तोड़ रही थीं। निवेदिता स्कूल से आई, छोटा सा नमस्ते कहते हुए अन्दर चल दी। नीलिमा ने उचककर देखा, रास्ते पर बोऊदी थी। पारुल की दूर की भाभी। निवेदिता ने उन्हें ही नमस्ते किया था। बोऊदी दोहरे बदन की गोरी औरत? बंगाल की खूबसूरती उनके चेहरे से टपकती थी। गोरापन एवं कटिचुम्बी घने बालों की कालिमा का घमंड भी।
उन्हें टोकना मतलब भूलती जा रही घटना को पुनर्जीवित करना। वे बढ़ती गई, दोनों मेंहदी तोड़ती रहीं।
“अब रसोई तक भी चलेगी या यहीं सुगंध सहेजती रहेगी?”
दोंनो रसोई में जमकर बैठ गईं। शर्मीली निवेदिता खाना खाने में व्यस्त थी। और सर झुकाकर खाने लगी।
“पारुली, एक भविष्यवाणी कर रही हूँ। यह जो शुतुरमुर्ग है ना, शुतुरमुर्ग माने समझी?”
“उसकी हिस्ट्री-ज्योग्रफी बताने की जरूरत नहीं। बहुत बार बता चुकी हो, खतरे के डर से धूल में सर गाड़कर पड़ा रहेगा कि खतरा टल जाए। कभी जूझने की नहीं सोचता।”
“हाँ, याददाश्त तो तेज है। तुम्हारी यह जो बहन है ना, शुतुरमुर्ग से कम नहीं। देखो, कैसे सर घुटनों में डाल रखा है।”
बहुत दिनों बाद नीलिमा ने इस तरह की बात की थी। निवेदिता थोड़ा-सा स्मित बिखेर, वहाँ से बर्तन समेटकर चुपचाप चल दी।
टूटे पँखे से चूल्हे को हवा करती, संड़ासी से जले कोयले को उलटती-पलटती पारुल पूछ बैठी,
“तब नौकरी का तेरा निर्णय पक्का?”
“हाँ! अब उसके बिना गुजारा कहाँ। आदर्श-वादर्श तो शराबी नलिन ने छीन लिये। पड़ा होगा मि. अपनी माशूका के दर पर…अपनी कटी नाक लेकर।”
बोलते हुए नीलिमा को हँसी आ गई। उसने रोका नहीं।
“नाक तो मेरी भी कटी। देखती नहीं, बाहर निकलते ही तुम्हारी बोऊदी कैसे अपनी देवरानी को पुकारने लगती है।”
उसकी हँसी में वह खनक नहीं थी।
“दिन-रात चूल्हे में झोंकी गई स्त्रियों के लिए स्वादिष्ट व्यंजन सा मजा देता होगा यह प्रसंग।”
खूब खिलखिलाने लगी वह।
“मान्यताओं को तोड़नेवाले को हमेशा विष पीने के लिए मिलता है। सुकरात को मिला, मीरा को पेश किया गया। फिर नाचीज क्या चीज…।”
“तुम्हें यह सब व्यथित नहीं करता नीली? पछतावा नहीं होता?”
“पछतावा? होना चाहिए क्या?”
प्रतिप्रश्न किया उसने।
“इच्छा होती है, सबको कहलवा दूँ , आओ और एक साथ ही सारी गालियाँ वमन कर अपने को प्रकृतस्थ कर लो। दूध का उफान सा उनका जोश, पल में ही ठंडा हो जाएगा।”
हाथों को मलती नीलिमा ने उँगलियाँ चटकाते हुए कहा,
“खैर!…यूँ भी मुझे किसी से कुछ लेना-देना नहीं है।”
पारुल बस एकटक उसका मुँह देखती रह गई। वह अब उससे बहस नहीं करती।
फुसफुसाहटों की जिंदगी ज्यादा नहीं होती। धीरे-धीरे लोगों की उत्सुकता, जिज्ञासा कम होती गई। नीलिमा पूरी तरह से निश्चिन्त हो चली।
जबरन थोप दी गई मनहूसियत को उसने कब का उतार फेंका था।