मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -60

वहां कौन है? (भाग 60)

कुएँ का पानी अब लगातार ऊपर उठ रहा था।कुछ ही देर पहले जहाँ सूखी और धूल से भरी तलहटी दिखाई दे रही थी, वहाँ अब निर्मल जल लहरा रहा था। चाँदनी कुएँ की मुंडेर से उतरकर पानी पर पड़ रही थी और उसकी हल्की नीली चमक नीलवलया के शरीर से निकल रही रोशनी में मिलकर पूरे कुएँ को किसी दूसरी ही दुनिया का हिस्सा बना रही थी।

मायरा अब मायरा कम और नीलवलया अधिक लग रही थी। उसके सुनहरे बाल पानी में तैर रहे थे और कमर के नीचे शल्कों से ढका मत्स्य-पुच्छ हल्की-हल्की गति कर रहा था। उसके हाथ और चेहरे पर वही मानवीय रूप था लेकिन उसकी आँखों में अब एक गहराई उतर आई थी।

पानी उसके चारों ओर घूमता हुआ ऊपर उठता गया।नीलवलया ने ऊपर देखा। कुएँ की मुंडेर अब बहुत दूर नहीं थी। उसने पानी के साथ खुद को ऊपर उठने दिया। कुछ ही क्षणों में उसका सिर कुएँ की मुंडेर के बराबर आ गया।

“कुमार!”

उसकी आवाज सुनते ही सभी उसके पास दौड़कर आए,“मायरा!” उदय के चेहरे पर राहत साफ दिखाई दे रही थी। “तुम ठीक हो?”

नीलवलया ने मुस्कराकर सिर हिलाया, “हाँ। यहाँ सब ठीक है।”

सुक्खी ने राहत की साँस छोड़ी,“तुम अचानक नीचे चली गईं तो लगा पता नहीं क्या हो गया।”

“कुछ नहीं हुआ।”, नीलवलया ने कुएँ के भीतर देखा। पानी अब लगभग मुंडेर तक आ चुका था।

“मुझे लगता है… जिस निर्मल जल की हमें तलाश थी, यही वह जगह है।”

कुमार ने उसकी आँखों में देखा,“तुम्हें यकीन है?”

“पूरा यकीन तो तभी होगा जब मैं नीचे जाकर देखूँगी।”वह कुछ क्षण चुप रही, फिर बोली, “मैं एक बार फिर नीचे जा रही हूँ। देखती हूँ कि पानी के नीचे कुछ बदला है या नहीं। जब मुझे लगेगा कि तुम्हें बुलाना चाहिए, तब मैं आवाज दूँगी।”

उदय ने तुरंत कहा, “अकेली मत जाओ,मै चलता हूं साथ।”
नीलवलया हल्के से मुस्कराई,“चिंता मत करो।”

कुमार अब तक शांत खड़ा था।उसने दोनों को देखा और कहा, “उसे जाने दो।”

उदय ने उसकी तरफ देखा,“तुम्हें चिंता नहीं हो रही?”

“हो रही है,” कुमार ने सहजता से कहा, “लेकिन मुझे उससे ज्यादा भरोसा है।”

नीलवलया ने उसकी ओर देखा।

कुमार ने कहा, “वह अच्छी तरह जानती है कि उसे क्या करना है। इस समय वह केवल हमारी मायरा नहीं है। वह जललोक की कन्या है… मत्स्य कन्या है। अपने लोक की चीजों और इस जगह को हममें से किसी से बेहतर पहचान सकती है।”

कुछ क्षण के लिए सब चुप रहे।नीलवलया ने सिर झुकाया फिर वह धीरे-धीरे पानी में नीचे उतरने लगी।कुछ ही क्षणों में उसका सुनहरा सिर भी पानी के भीतर गायब हो गया।

उदय और सुक्खी कुएँ के किनारे खड़े नीचे देखते रहे।

“इतनी जल्दी भरोसा कैसे कर लेते हो?” उदय ने कुमार से पूछा।

कुमार ने कुएँ के भीतर देखते हुए कहा, “क्योंकि अभी उसे हमारी जरूरत नहीं है। उसे अपने भीतर की उस आवाज को सुनने की जरूरत है जो हमें सुनाई नहीं दे रही।”

नीचे पानी के भीतर नीलवलया तेजी से उतर रही थी।ऊपर से आती चाँदनी कुछ ही गहराई के बाद धुँधली पड़ गई लेकिन उसके लिए अँधेरा समस्या नहीं था। पानी के भीतर उसे चारों ओर हल्की नीली आभा दिखाई दे रही थी।

वह कुएँ की दीवार के पास पहुँची।इस बार उसकी नजर उस जगह पर गई जिसे ऊपर से देख पाना संभव नहीं था।दीवार के निचले हिस्से में पत्थरों के बीच एक छोटा-सा दरवाजा था।इतना छोटा कि पहली नजर में वह दीवार की दरार जैसा ही लगता।

नीलवलया उसके सामने रुक गई।उसने हाथ बढ़ाकर पत्थर के बने उस छोटे दरवाजे को छुआ। वह बहुत ठंडा था।उसने उसे धकेलने की कोशिश की।दरवाजा नहीं हिला।उसने दूसरी तरफ से दबाव डालकर देखा फिर भी कुछ नहीं हुआ।

नीलवलया ने आसपास देखा।दरवाजे पर कोई कुंडी नहीं थी। कोई ताला भी नहीं था। बस पत्थर की सतह पर बहुत बारीक-सी आकृतियाँ बनी थीं जो पानी के भीतर भी हल्की चमक रही थीं।

“यह खुलेगा कैसे?”,वह खुद से बुदबुदाई।

उसने फिर हाथ लगाया।कुछ नहीं हुआ।अचानक उसकी नजर नीचे पड़ी।कुएँ की तलहटी में एक नुकीला पत्थर पड़ा था। उसका किनारा इतना तीखा था कि सामान्य सावधानी के बिना उसे छूना भी मुश्किल था।

नीलवलया ने उसे उठाया।कुछ क्षण वह उसे देखती रही फिर जैसे उसके भीतर कोई विचार कौंधा।

“रक्त…”उसने अपनी उंगली उस नुकीले पत्थर से हल्की-सी चुभो दी।उंगली से रक्त की एक बूंद निकली…नीला रक्त।

(नीलवलया का रक्त सामान्य मनुष्य की तरह लाल नहीं था। यह पिछले भागो में आपने पढ़ा है। मनुष्य रूप देने के लिए उसमें बदलाव किया गया था पर रक्त असल में नीला ही था।)

नीलवलया ने उस बूंद को दरवाजे की सतह पर बने एक छोटे-से चिन्ह पर लगा दिया।पहले कुछ नहीं हुआ फिर उस चिन्ह के चारों ओर नीली रोशनी फैल गई।एक पतली रेखा पूरे दरवाजे पर दौड़ गई।

नीलवलया पीछे हट गई।पत्थर के भीतर से धीमी-सी कंपन की आवाज आई और फिर…दरवाजा खुल गया।उसके पीछे पत्थरों के बीच एक बहुत संकरा रास्ता था।

नीलवलया ने भीतर झाँका।रास्ता इतना छोटा और संकरा था कि उसे देखकर उसे लगा कि उसका शरीर उसमें प्रवेश ही नहीं कर पाएगा।

“यह कैसे संभव है?”उसने खुद को थोड़ा मोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की।उसका कंधा पत्थर से टकराया लेकिन अगले ही क्षण कुछ अजीब हुआ जैसे उस रास्ते ने उसे अपने भीतर खींच लिया हो।उसका शरीर बिना किसी चोट या दबाव के धीरे-धीरे उस संकरे रास्ते में समाने लगा।

नीलवलया को खुद समझ नहीं आया कि यह कैसे हो रहा है।
वह आगे बढ़ती गई।रास्ता टेढ़ा-मेढ़ा था। कहीं उसे अपना शरीर मोड़ना पड़ता, कहीं सिर झुकाना पड़ता लेकिन जितना वह आगे बढ़ती, रास्ता उतना ही सहज होता जाता।

कुछ दूर जाने के बाद अचानक रास्ता खुल गया।नीलवलया एक छोटे लेकिन विशालता का आभास देने वाले कक्ष में पहुँच गई।वहाँ चारों ओर पत्थर की दीवारें थीं।बीच में एक गोल पत्थर का चबूतरा था और उसके ऊपर कुछ रखा था।

नीलवलया धीरे-धीरे उसके पास गई।वहाँ छोटे-छोटे लॉकेट रखे थे।साधारण लॉकेट नहीं।हर लॉकेट किसी पुराने ताबीज जैसा था लेकिन उसके ऊपर बनी आकृतियाँ इतनी सूक्ष्म थीं कि पहली नजर में समझना मुश्किल था। उसने एक लॉकेट उठाया।

उसकी सतह पर कुछ लिखा था।

नीलवलया ने उसे ध्यान से पढ़ा, “अपने और अपने साथियों के लिए…”

वह ठिठक गई।उसने दूसरा लॉकेट उठाया, उस पर भी वही संकेत थे। सभी पर यही लिखा हुआ था।वह कुछ क्षण उन्हें देखती रही।कुल छह लॉकेट थे।उसके हाथ में पकड़ा लॉकेट हल्की रोशनी से चमकने लगा।

नीलवलया की आँखों के सामने अचानक अपने साथी आ गए।
फिर उसकी नजर छठे लॉकेट पर टिक गई।उसके मन में एक ही चेहरा आय, प्रभा।

वह कुछ देर तक चुप खड़ी रही, “तो… यह उसके लिए था?”

उसने छठा लॉकेट हाथ में उठा लिया,“अगर प्रभा यहाँ होती तो…”

उसकी आवाज धीमी पड़ गई।उसने छहों लॉकेट एक साथ हथेली में रख लिए।उसे समझ नहीं आ रहा था कि ये यहाँ किसने रखे थे। उन्हें कैसे पता था कि वे छह लोग होंगे? और अगर यह रास्ता सचमुच उसके और उसके साथियों के लिए बनाया गया था तो प्रभा के जाने के बाद भी उसका लॉकेट यहाँ क्यों मौजूद था?

तभी कमरे में हल्की-सी कंपन हुई।नीलवलया ने सिर उठाया।
चबूतरे के ऊपर अचानक एक प्रकाश-बिंदु दिखाई दिया।पहले वह बहुत छोटा था फिर वह फैलने लगा।

नीली, सफेद और सुनहरी रोशनी आपस में घूमती हुई एक प्रकाश-पुंज में बदल गई।नीलवलया पीछे हट गई।प्रकाश के भीतर धीरे-धीरे एक आकृति बनने लगी।पहले केवल धुँधली परछाईं दिखाई दी, फिर चेहरा, फिर शरीर की रूपरेखा।
नीलवलया स्तब्ध होकर उसे देखने लगी।

तभी एक आवाज गूँजी, “रास्ता तुम्हें मिल चुका है।”

नीलवलया ने तुरंत पूछा, “कौन हो तुम?”

प्रकाश-पुंज में बनी आकृति शांत रही, “इस रास्ते पर अब अपने साथियों को ले आओ।”

नीलवलया ने छहों लॉकेट अपनी मुट्ठी में कस लिए, “लेकिन वे यहाँ कैसे आएँगे?”

“जिस रास्ते ने तुम्हें स्वीकार किया है, वही उन्हें भी मार्ग देगा।”

“लेकिन पानी में?”, उसकी आवाज में चिंता साफ थी।

“वे इस पानी में साँस कैसे ले पाएँगे? मैं तो मत्स्य कन्या हूँ। मैं जल के भीतर रह सकती हूँ, साँस ले सकती हूँ… लेकिन वे लोग नहीं।”

प्रकाश-पुंज शांत रहा।

नीलवलया ने फिर पूछ, “और आप कौन हैं?”

आवाज गूंजी , “यह जानना आवश्यक नहीं है।”

नीलवलया ने तुरंत कहा, “मेरे लिए है।”

प्रकाश में हल्की-सी गति हुई, “तुम्हें अभी केवल अपने साथियों को यहाँ लाना है।”

“फिर भी मैं जानना चाहती हूँ।”, नीलवलया की आवाज इस बार दृढ़ थी।“अगर आप मुझे मेरे साथियों के लिए इस रास्ते पर भेज रहे हैं तो मुझे यह जानने का अधिकार है कि मैं किस पर विश्वास कर रही हूँ।”

प्रकाश-पुंज कुछ क्षण स्थिर रहाफिर उसमें दिखाई दे रही आकृति पहले से अधिक स्पष्ट होने लगी।

“तो सुनो।”, नीलवलया ने ध्यान से उसकी ओर देखा।“मैं कोई सम्पूर्ण व्यक्ति नहीं हूँ। मैं केवल एक अंश हूँ।”

“किसका अंश?”

आवाज कुछ धीमी हुई, “उस राजगुरु का… जिसने उस राज्य और उसके राजकुमार आर्यकेतु के लिए अपना जीवन अर्पित कर दिया था।”

नीलवलया की आँखें फैल गईं।प्रकाश-पुंज में वह आकृति जैसे कुछ और क्षण के लिए जीवित हुई।

“ तुम जान चुकी हो कि किस प्रकार अम्भोर की गुप्त निषिद्ध शक्तियों को रोकने के लिए दोनों राज्यों के राजगुरुओं ने अपना बलिदान दिया और बाद में अम्भोर ने हमारी चेतना के अंश को कई हिस्सों में विभाजित कर दिया था। मेरी चेतना का एक अंश इस मार्ग से जुड़ा रहा। मुझे इसी दिन की प्रतीक्षा थी कि कब तुम आओगी।”

नीलवलया छहों लॉकेटों को देखती रही।अब उन पर बनी आकृतियाँ उसे पहले से कुछ अधिक समझ में आने लगी थीं। तभी नीलवलया का ध्यान उसकी कलाई के कंगन पर गया जो इस समय अधिक चमक रहा था या यह उसका भ्रम था।

प्रकाश-पुंज से आवाज फिर आई,“मैं यहाँ तुम्हें रास्ता दिखाने के लिए उपस्थित हूँ।”

नीलवलया ने धीरे से पूछा, “और मेरे साथियों का क्या?”

उत्तर आया, “ वे भी आयेंगे , जाओ उन्हें लेकर आओ।”प्रकाश और अधिक उजला हो गया।“क्योंकि अब आगे का रास्ता… केवल तुम्हारा नहीं है।”

और अगले ही क्षण वह प्रकाश-पुंज स्थिर हो गया।नीलवलया उसकी ओर देखती रही।उसकी हथेली में छह लॉकेट चमक रहे थे और उन छह में से एक…उसके हाथ में होते हुए भी किसी ऐसे व्यक्ति की प्रतीक्षा कर रहा था, जो वहाँ मौजूद नहीं थी…प्रभा।
Megha
( अब शुरू होता है मंदिर की रहस्य की खोज का रास्ता जैसे जुड़े हैं जल लोक के लुप्त महाराज और नीलवलया के छोटे भाई के तार भी, एलवारा की चोरी हुई चेतना का अंश, अम्भोर के काले कारनामे और भी बहुत कुछ…तो क्या ख्याल है, चला जाय या यही रुक जाएं अब? वैसे भी आप में से बहुत सारे साथी तो आधे रास्ते में ही गायब हो गए हैं कमेंट करना छोड़ कर अब तो गिने चुने लोग ही शेष हैं😔)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment