रामबाबू नीरव का उपन्यास अग्निशिखा द्रौपदी : अष्टम आख्यान

*महाभारत कथा*
————————–
*अग्निशिखा : द्रौपदी*
(प्रथम खंड)
(अष्टम आख्यान)
*यक्ष स्थूणकर्ण*
भयानक अंधेरी रात थी। काम्पिल्य के राजमहल में सर्वत्र सन्नाटा पसरा हुआ था। महाराज द्रुपद और महारानी पृशति के साथ साथ महल के सारे दास-दासियां प्रगाढ़ निद्रा में सोए हुए थे। कुछ सैनिक पहरेदारी कर रहे थे। इन सैनिकों से लुकती छिपती हुई शिखंडनी महल से बाहर निकल गयी। उसके मन में भयानक तूफान मचल रहा था। अब उसके जीवित रहने का कोई औचित्य शेष नहीं बचा। अपने पिता महाराज द्रुपद के मान सम्मान की रक्षा करने की सामर्थ्य अब उसमें नहीं रही। अपने पिता की आज्ञा से वह बीस वर्षों तक संसार से अपनी सच्चाई छुपाकर पुरुष होने का स्वांग रचती रही, पिता के मान-मर्यादा की प्रतिष्ठा को बचाए रखने के लिए एक स्त्री होती हुई भी उसने एक एक स्त्री से ही विवाह भी रचाया, परंतु जिस तरह से राजकुमारी दीक्षा ने उसे अपानित किया, क्या इस तरह का अपमान वह जीवन भर सहती रहेगी? नहीं…..अब नहीं सहा जाएगा उससे। इस जीवन का अंत करना ही होगा उसे। अपने दुर्भाग्य पर आंसू बहाती हुई वह अंधेरे में सरपट भागी जा रही थी। उसे नहीं पता था कि वह किधर जा रही है। वह चेतना शून्य सी हो चुकी थी। जब उसकी चेतना लौटी तब पूरब दिशा में उषा की लालिमा छाने लगी थी। उसने स्वयं को एक घने जंगल में पाया। उस जंगल में कल कल निनाद करती हुई एक नदी बह रही थी। अपने जीवन का अंत करने की नीयत से उसने जैसे ही नदी में छलांग लगाने की चेष्टा की कि अचानक पीछे से किसी के बलिष्ठ हाथों ने उसे कसकर पकड़ लिया। उसने पलटकर जैसे ही पकड़ने वाले को देखा, वह चकित रह गयी। उसे पकड़ने वाले एक दिव्य पुरुष थे। कुछ पल वह अपलक उस दिव्य पुरुष को निहारती रही, फिर उसने पूछा –
“आप कौन हैं और आपने मुझे क्यों बचाया?”
“मैं एक यक्ष* हूं और मेरा नाम स्थूणकर्ण है। परोपकार करना मेरा धर्म है, इसलिए मैंने तुम्हें बचाया। अब तुम मेरे प्रश्न का उत्तर ‌दो, तुम अपने प्राणों का उत्सर्ग क्यों कर रही थी?” स्थूणकर्ण ने शांतचित्त भाव से पूछा। उनकी बातें सुनकर शिखंडनी को लगा कि ये दिव्य पुरुष उसकी कुछ सहायता कर सकते हैं। उसके विदग्ध हृदय को कुछ शान्ति मिली। उसने अपनी पूरी कहानी उन्हें सुना दी। उसकी त्रासदीपूर्ण कहानी सुनकर स्थूणकर्ण को अतिशय दुख हुआ। कुछ पल चिंतन करने के पश्चात उन्होंने शिखंडनी से पूछा –
“क्या तुम पुरुषत्व प्राप्त करना चाहती हो?”
“क्या आप ऐसा कर सकते हैं?” शिखंडनी की आंखों में चमक आ गई। यदि ऐसा हो जाता है, तो वह राजकुमारी दीक्षा को चौंका देगी और अपने पूर्व जन्म के शत्रु भीष्म पितामह से भी अपना प्रतिशोध भी ले लेगी। उसके पिता का सपना भी पूरा हो जाएगा। वे भी गुरु द्रोणाचार्य से अपना प्रतिशोध ले लेंगे।
“हां मैं ऐसा कर सकता हूं। यदि तुम मुझे अपना स्त्रीत्व दे दो तो मैं तुम्हें अपना पुरुषत्व दे दूंगा।” यक्ष स्थूणकर्ण ने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा।
“तो ठीक है मुझे स्वीकार है।” शिखंडनी के आंखों की चमक बढ़ गयी।
“तुम्हें कुछ दिनों मेरे साथ इस जंगल में रहना होगा। मैं तुम्हारे ऊपर अपनी कुछ सिद्धियों का प्रयोग करूंगा। फिर तुम्हें मेरा पुरुषत्व मिल जाएगा और मुझे तुम्हारा स्त्रीत्व।” शिखंडनी ने मौन स्वीकृति दे दी। यक्ष स्थूणकर्ण उसे लेकर एक पहाड़ी गुफा में चले गये। वही गुफा उसका आवास था।
***
शिखंडी के अचानक महल से गायब हो जाने का संवाद सुनकर महाराज द्रुपद के साथ साथ महारानी पृशती भी घबरा गयी। दुल्हन के रूप में राजमहल में आयी दशार्ण देश की राजकुमारी ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया था। दीक्षा सारे मान सम्मान का परित्याग कर महाराज द्रुपद के समक्ष आकर उन पर पर बिफर पड़ी –
“महाराज द्रुपद, आपने मेरे साथ जो घिनौना छल किया है, उसके लिए मैं आपको कभी माफ न करूंगी। आपने एक स्त्री के अरमानों की चिता जलाई है, इस अपराध का दंड आपको भुगतना ही होगा।”
“पुत्री यह सत्य है कि मुझसे बहुत भारी अपराध हुआ है। मैं तुम्हारा अपराधी हूं। परंतु तुम मेरी बातों का विश्वास करो, भगवान भोलेशंकर का वरदान कभी मिथ्या साबित नहीं हो सकता। यदि शिखंडी महल से अलोपित हुआ है तो भगवान भोलेशंकर की इच्छा से ही। देखना पुत्री एक न एक दिन वह पूर्ण पुरुष रूप में अवश्य अवतरित होगा। पुत्री मैं तुम से यही विनती करूंगा कि तुम कुछ दिनों धैर्य धारण करो…. ताकि दोनों कुलों की मर्यादा बनी रहे।”
“ठीक है महाराज द्रुपद मैं आपको एक माह का समय देती हूं। इस बीच शिखंडी पुरुष रूप में लौट आया तो ठीक, अन्यथा मेरे पिता महाराज हिरण्य वर्मा पांचाल देश पर आक्रमण कर अपनी पुत्री के साथ हुए इस जघन्य कृत्य का प्रतिशोध अवश्य लेंगे।” महाराज द्रुपद को चेतावनी देकर राजकुमारी दीक्षा अपने कक्ष में चली गयी और किसी वियोगिनी का रूप धारण कर अपने पति के आगमन की प्रतीक्षा करने लगी। विरहाग्नि में जलते हुए राजकुमारी दीक्षा का एक एक पल एक एक युग के समान बीतने लगा।
कैसे न कैसे महाराज हिरण्य वर्मा को अपनी पुत्री के साथ हुए इस अन्याय की जानकारी हो गयी। वे क्रोध से पागल हो गये और पांचाल राज्य पर आक्रमण करने की तैयारी करने लगे। महाराज द्रुपद ने जानबूझकर एक नयी मुसीबत मोल ले ली थी। फिर भी उन्हें अब भी आशा थी कि संकट की इस घड़ी में उनके आराध्य भगवान भोले शंकर उनकी रक्षा करेंगे और उनकी पुत्री शिखंडनी पुत्र रूप में वापस आ जाएगी।
***
अपने कक्ष में विरहिणी बनी हुई राजकुमारी दीक्षा अपने इस दुर्भाग्य पर कभी रोती तो कभी हंसती। उधर उसके पिता महाराज हिरण्य वर्मा पांचाल पर आक्रमण करने की तैयारी में लगे थे। परंतु किसी चमत्कार की तरह एक दिन शिखंडी पूर्ण पुरुष के रूप में अपनी अर्धांगिनी राजकुमारी दीक्षा के समक्ष आकर खड़ा हो गया। उस समय दीक्षा अपने ‌दुर्भाग्य पर आंसू बहा रही थी।
“प्रिय प्राणेश्वरी।” इस हृदय को आह्लादित कर देने वाले स्वर को सुनकर वह चौंक पड़ी और अश्रुपूर्ण नेत्रों से निहारने लगी अपने प्रियतम को। उसकी आंखों में हर्ष भी था और उलाहना भी। जैसे वह आंखों ही आंखों में पूछ रही हो -“कहां थे, इतने दिनों तक मेरे प्रियतम? क्या मेरी सुध न आयी आपको?”
“प्राणेश्वरी, क्या तुमने मुझे नहीं पहचाना?”
“पहचान चुकी हूं प्राणनाथ, आप ही मेरे स्वामी हैं, जीवन के आधार हैं।” उठकर खड़ी हो गयी दीक्षा और अपने पति परमेश्वर पर स्नेह सुधा बरसाती हुई अमर बेल की लता सदृश लिपट गयी उससे। दो‌ अतृप्त आत्माएं तृप्त हो गयी। दीक्षा को ऐसा लगा जैसे उसका शयन कक्ष नाचने लगा हो और वह भी नाच रही हो झूम झूमकर। मिलन का यह सुखद पल उसे स्वर्ग से भी अधिक आह्लादकारी लगा।
∆∆∆∆
———————————*पुराणों में वर्णित यक्ष को देवताओं तथा मनुष्यों के बीच की श्रेणी का उप देवता अथवा व्यंतर देव माना गया है। इन्हें वनों, पर्वतों, नदियों तथा देवताओं के गुप्त धनों का रक्षक भी बताया गया है। इनके स्वामी कुबेर जी थे, जो विश्रवा ऋषि के पुत्र थे और रावण के सौतेले भाई थे। इन यक्षों के पास अपना स्वरूप बदलने साथ साथ चमत्कारी शक्तियां होती थी। कुछ आधुनिक और प्रगतिशील सोच के विद्वानों का मानना है कि यक्ष वास्तव में भारत की प्राचीन प्राक्-आर्य या मूल निवासी अर्थात अनार्य जातियां थीं, जो मूल रूप से प्रकृति पूजक ‌थी। ये जातियां जंगलों अथवा पहाड़ी गुफाओं में निवास करती ‌थी।

WhatsApp Image 2026-05-27 at 16.08.03 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment