वहां कौन है? भाग 61
नीलवलया यानी मायरा चुपचाप उन लॉकेटों को देख रही थी। उसका ध्यान स्थिर हो चुके उस प्रकाश-पुंज पर भी था, जिसमें कुछ देर पहले उसे राजपुरोहित के बलिदान से जुड़े अंश के होने का संकेत मिला था। उसके मन में एक और प्रश्न लगातार उठ रहा था। अगर उन राजगुरुओं की आत्मा के अंश टूटकर कहीं भटक रहे हैं और पीड़ा में हैं तो उन्हें फिर से एक कैसे किया जा सकता है? उन्हें उस भटकाव से मुक्ति कैसे मिलेगी?
मायरा विचार कर रही थी, किंतु इस प्रश्न पर उसके मन में भी अंधकार था।
तभी जैसे किसी ने उसके भीतर ही उसे प्रेरित किया, “सोच-विचार में समय नष्ट मत करो। जिस कार्य का उत्तरदायित्व तुम पर है, उसे पूरी लगन से पूर्ण करो। सभी प्रश्नों के उत्तर भी शायद वहीं मिलें।”
मायरा ने अपनी आँखें कसकर बंद कर लीं। उसने मन में कुछ सोचा और फिर उसकी मत्स्य-पुच्छ पानी में लहराई। दो पल बाद ही वह कुएँ की सतह पर थी।
मायरा को ऊपर आया देखकर सभी के चेहरे पर राहत आ गई।
“मैं रस्सी खींचता हूँ। अब तुम ऊपर आ सकती हो न? कुछ मिला क्या?” प्रभात ने अधीर होकर प्रश्न कर डाले और रस्सी खींचने के लिए उद्यत हुआ।
“नहीं प्रभात, रुको!… तुम सबको भी मेरे साथ इस कुएँ में आना होगा।”
मायरा की आवाज इतनी गंभीर थी कि प्रभात का हाथ वहीं रुक गया।उदय ने कुएँ में भरे पानी की ओर देखा।
“मायरा, कुएँ में पानी है। हम लोग कैसे…?”
“कैसे? इस प्रश्न का उत्तर तो मेरे पास नहीं है, उदय। मगर मुझे ये लॉकेट मिले हैं। शायद यही हम सभी की मदद करेंगे।”
उसने एक लॉकेट अपने पास रखा और बाकी चार लॉकेट उदय, कुमार, प्रभात और सुक्खी को दे दिए। छठा लॉकेट वह पहले ही अपने कपड़ों में छिपा चुकी थी।चारों ने लॉकेट पहन लिए।
“चलें?” कुमार ने पूछा।
मायरा ने सिर हिलाया।
एक-एक करके वे सावधानी से कुएँ में उतरने लगे। लेकिन नीचे पहुँचते ही उन्हें पहली हैरानी हुई। पानी में उतरने के बावजूद वे डूब नहीं रहे थे। उनके कपड़े भी पूरी तरह सूखे थे।
सुक्खी ने अपने कुर्ते की बाँह छूकर देखी, “ये सब इसी लॉकेट की वजह से है क्या?”
मायरा ने कंधे उचका दिए,“मुझे नहीं पता।”
सुक्खी ने लॉकेट को देखते हुए कहा, “फिर तो यह लॉकेट मैं हमेशा अपने पास रखूँगा। मुझे तैरना अच्छे से नहीं आता न।”
बिना कुछ कहे सब मुस्कुरा दिए।उसी समय उदय की नजर मायरा की कलाई में पहने नीले कंगन पर पड़ी। कंगन इस समय हल्की नीली रोशनी से चमक रहा था। उदय कुछ पूछने ही वाला था लेकिन न जाने क्यों उसने अपना प्रश्न रोक लिया।
आसमान में चाँद चमक रहा था और जंगल की निस्तब्धता के बीच वे सभी कुएँ के जल में खड़े थे। चारों ओर पुरानी पत्थर की जगत और ऊपर से दिखाई देता चाँद का गोल टुकड़ा।
“आओ, नीचे चलें।”, मायरा ने इतना कहा और कुएँ की तलहटी की ओर डुबकी लगा दी।
उसकी देखा-देखी बाकी सभी ने भी पानी में गोता लगाया।
नीचे पहुँचकर मायरा ने देखा कि पहले वाला छोटा दरवाजा बंद हो चुका था। उसके बगल में पत्थर की दीवार का एक बड़ा गोलाकार हिस्सा खुला हुआ था।
उसने भीतर झाँका।पत्थरों से बना उबड़-खाबड़ रास्ता आगे तक जा रहा था। कहीं-कहीं दीवारों पर हल्की नीली रोशनी थी। रास्ता किसी सुरंग जैसा लग रहा था।
मायरा धीरे-धीरे भीतर गई। कुछ कदम आगे बढ़कर उसने चारों ओर देखा।सब ठीक था।वह वापस आई और अपने साथियों को संकेत किया।
“आओ। अंदर चल सकते हैं।”, उनके सिर पर लगे लाइट-विजन लैंप रास्ते को पर्याप्त रोशनी दे रहे थे इसलिए अंधेरे की कोई विशेष समस्या नहीं थी।
वे सभी सुरंग में आगे बढ़ गए।कुमार पूरी तरह चौकन्ना था। सुक्खी और प्रभात बिना किसी नोकझोंक के चुपचाप उदय के पीछे चल रहे थे।
अभी तक सब कुछ सामान्य था।लेकिन यही सामान्य होना उदय को परेशान कर रहा था। उसने कहा, , “मायरा… तुम्हें नहीं लगता कि हम इस रास्ते पर कितनी आसानी से आगे बढ़ रहे हैं, जबकि….”
उसके शब्द मुँह में ही रह गए।सुरंग में किसी गीत के स्वर गूँजने लगे थे।पहले बहुत धीमे फिर थोड़े स्पष्ट।
भाषा किसी की समझ में नहीं आ रही थ लेकिन संगीत इतना मधुर था कि जैसे आवाज सीधे मन के भीतर उतर रही थी। उसका चेहरा बदल गया।
“यह गीत…”
उदय की आँखें आधी बंद हो गईं, “कितना मनमोहक है…”
वह जैसे किसी दूसरी दुनिया में पहुँच गया हो।मायरा तुरंत उसकी ओर बढ़ी और दोनों हाथों से उसके कान बंद कर दिए।
फिर उसने पीछे मुड़कर लगभग चिल्लाते हुए कहा, “तुम लोग अपने कान बंद करो! अभी!”
सुक्खी ने हैरानी से पूछा, “कान क्यों बंद कर लें?”।वह आवाज के स्रोत को तलाशने के लिए इधर-उधर देखने लगा।
“तुम लोग कान बंद करो, प्लीज! और चुपचाप आगे चलते रहो। मैं तुम्हें सब बता दूँगी सुरक्षित जगह पर पहुँचने के बाद। अभी भगवान के लिए मेरी बात मानो!”
मायरा की आवाज में चिंता, गुस्सा और विवशता सब कुछ था।
कुमार ने बिना कोई प्रश्न किए अपने कान बंद कर लिए।
उसकी देखा-देखी प्रभात और सुक्खी ने भी कान ढक लिए।
मायरा उदय के कानों पर अपने हाथ रखे हुए उसके साथ चल रही थी।
उदय की हालत देखकर वह और परेशान थी। वह सामान्य रूप से चल तो रहा था, लेकिन उसकी आँखों में अजीब-सी तंद्रा थी। जैसे उसे आसपास की किसी चीज का भान ही नहीं रह गया हो।
गीत चलता रहा।सुरंग में कभी आवाज सामने से आती महसूस होती, कभी पीछे से, कभी लगता कोई बिल्कुल कान के पास गा रहा हैतो अगले ही क्षण वही स्वर बहुत दूर से आता हुआ सुनाई देता।
मायरा बार-बार उदय को देखती रही।काफी देर तक पथरीले रास्ते पर चलने के बाद अचानक गीत बंद हो गया।मायरा कुछ क्षण और रुकी रही फिर उसने धीरे से उदय के कानों से अपने हाथ हटाए और बाकी सभी को भी कानों से हाथ हटाने का संकेत किया।
सुरंग में फिर वही निस्तब्धता लौट आई।
“अब बताओ मायरा, क्या हुआ था?” कुमार ने पूछा। “इतना सुंदर गीत था, तुमने हमें सुनने ही क्यों नहीं दिया?”
मायरा ने गहरी साँस ली, “क्योंकि वह साधारण गीत नहीं था। वह वशीकरण गीत था।”
“किसका?” प्रभात ने पूछा।
मायरा ने कुछ क्षण चुप रहकर कहा, “क्षारणी का।”
सुक्खी ने भौंहें सिकोड़ लीं, “ये कौन हैं?”
“समुद्र की गहराइयों में रहने वाले ऐसे जीव, जिनके बारे में मेरे लोक में बहुत कम लोग जानते हैं। उनका रूप देखकर कोई अंदाजा नहीं लगा सकता कि वे कितनी खतरनाक होती हैं।”
मायरा की आवाज धीमी मगर स्पष्ट थी, “दूर से वे बेहद सुंदर दिखाई देती हैं। उनके शरीर पर हल्के पारदर्शी शल्क होते हैं, लंबे रेशमी बाल होते हैं और आँखें इतनी शांत कि सामने वाला उनसे नजर ही न हटा पाए। उनके हाथ मनुष्यों जैसे होते हैं, लेकिन उँगलियों के बीच बहुत पतली झिल्लियाँ होती हैं। पानी में वे इतनी सहजता से चलती हैं जैसे स्वयं पानी का हिस्सा हों।”
सुक्खी ने धीरे से पूछा, “और ये गीत…?”“यही उनका सबसे बड़ा हथियार है।मायरा ने कहा, ” अपने गीत से पुरुषों को मोहित करती हैं। जो व्यक्ति उनकी आवाज देर तक सुनता रहे, उसका विवेक धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है। उसे अपने आसपास की दुनिया भूलने लगती है।”
प्रभात ने उदय की ओर देखा, “इसीलिए इसे कुछ पता नहीं चल रहा था?”
“हाँ।”
मायरा ने सिर हिलाया।, “शुरुआत में क्षारणी अपने शिकार के साथ बहुत प्रेम से पेश आती है। जैसे वह उसकी सबसे करीबी साथी हो। पत्नी की तरह उसकी देखभाल करती है, उसकी पसंद-नापसंद जानती है, उसे दुलारती है। उसे ऐसा महसूस कराती है कि उससे ज्यादा प्रेम करने वाला कोई हो ही नहीं सकता।”
सुक्खी ने घबराकर कहा, “मतलब पहले प्यार और बाद में…?”
मायरा की आँखों में गंभीरता उतर आई।
“बाद में उसका असली रूप सामने आता है।”
सुरंग में कुछ क्षण पहले सुनाई दे चुका गीत जैसे फिर सबके मन में गूँज गया।
“जब उसे लगता है कि उसका शिकार पूरी तरह उसके वश में आ चुका है, तब वह अपना भयंकर रूप धारण कर लेती है। उसके जबड़े फैल जाते हैं, दाँत बाहर निकल आते हैं और उसका चेहरा इतना विकृत हो जाता है कि पहली बार उसे देखने वाला डर के मारे चीख भी नहीं पाते फिर वह उसी व्यक्ति को खा जाती है जिसे कुछ समय पहले तक प्रेम का विश्वास दिला रही थी।”
सुक्खी ने अनायास अपना लॉकेट पकड़ लिया, “बहुत ही खराब किस्म का प्रेम है।”
प्रभात ने धीमे से कहा, “और तुमने इन्हें पहले देखा है?”
“हाँ तुम भूल रहे हो कि मैं जललोक की निवासिनी हूं ।।”, मायरा ने उत्तर दिया, “जहां तक मुझे पता है और इनके बारे में जाना है और एक बात और है।”
“क्या?” कुमार ने पूछा।
“इनका गीत देर तक सुनने वाला व्यक्ति सिर्फ सम्मोहित नहीं होता। धीरे-धीरे उसकी सुनने की क्षमता भी खत्म हो सकती है। अंततः वह बहरा हो जाता है।”
सभी कुछ क्षण चुप रहे।उदय अब भी कुछ असहज दिखाई दे रहा था।कुमार ने उसकी ओर देखा, “ सर , आप ठीक हो?”
उदय ने सिर हिलाया, “हाँ… बस थोड़ा अजीब लग रहा है।”
मायरा उसके पास आई,“तुमने सबसे ज्यादा सुना था। अभी कुछ देर मेरे साथ रहना।”
उदय ने उसकी ओर देखा और धीमे से मुस्कराया“लेकिन एक बात समझ नहीं आ रही।”
“क्या?”
“अगर ये क्षारनयां समुद्र में रहती हैं… तो उनकी आवाज यहाँ इस सुरंग में कैसे आ रही थी?”
मायरा ने उसकी ओर देखा, उसके चेहरे पर चिंता फिर लौट आई।
उसने सुरंग के अँधेरे हिस्से की ओर देखा, “यही तो बात मुझे भी परेशान कर रही है।”
कुमार ने तुरंत कहा, “मतलब?”
मायरा ने कोई उत्तर नहीं दिया।उसने केवल आगे देखा।सुरंग अभी खत्म नहीं हुई थी।
Megha
(क्षारनयां के बारे में आपने पहले सुना है या देख है? यदि दिख जाए तो आप क्या करेंगे)