2दर्द न जाने कोई
भाग -22
देवेन्द्र शारीरिक रूप से बढ़ रहा था। उसका शरीर पहले से अधिक पुष्ट और छाती चौड़ी हो चुकी थी। उस दिन विद्यालय जाने से पहले उसने अपना चेहरा गौर से आईने में देखा। अभी कुछ समय पहले तक ऊपर वाले होंठ पर बालों की जो हल्की-सी लकीर दिखती थी वह अब घनी हो रही थी। दोनों गालों पर भी मुलायम बालों की हल्की-हल्की उपस्थिति ने एक ओर देवेन्द्र के मन में खुशी पैदा की लेकिन अगले ही पल उसके मन में अनजानी घबराहट पैदा हो गयी। वह खुश था कि चेहरे पर दाढ़ी-मूँछें देखकर उसके साथ के लड़के उसे लड़की कहकर मज़ाक नहीं बनाएँगे या फिर उसे ‘छक्का’, ‘मामू’, ‘हिजड़ा’ कहकर अपमानित नहीं करेंगे लेकिन घबराहट इस बात की थी कि असल में तो वह खुद को लड़की ही महसूस करता है, केवल दिखावे और अपमान से बचने के लिए ही खुद को लड़का बनाए रखना चाहता है। अगर इस तरह दाढ़ी-मूँछें रहेंगी तो वह खुद को लड़की कैसे मान पाएगा? कैसे वह अपने अन्दर की स्त्री को बाहर ला पाएगा? कैसे वह किसी की दुल्हन बनेगा? ऐसे तमाम प्रश्न जब-जब उसके मन में उमड़ते तो वह परेशान हो जाता। उसका मन पढ़ाई में नहीं लगता और वह बेचैन होकर इधर-उधर टहलने लगता या फिर नहर पर जाकर बहुत देर तक बैठा रहता।
देवेन्द्र जैसे-जैसे बड़ा हो रहा था उसके अन्दर की किशोरी भी युवती बनती जा रही थी। देवेन्द्र अधिक समय तक अपने आप से झूठ नहीं बोल सकता था। उसे अपने बाहरी शरीर से चिढ़ होने लगी थी। खासकर टांगो के बीच वाले हिस्से से उसे बेहद चिढ़ थी। उसे अपनी टांगों के बीच लटकते माँस के लोथड़े को देखकर बहुत अजीब लगता था। उसे लगता था कि ‘यह उसके शरीर का एक अनावश्यक अंग है जिसने उसके अन्दर की स्त्री को बाहर आने से रोक रखा है। इसी के कारण उसका प्यार उससे दूर हुआ। यदि यह बेतुका अंग न होता तो वह भी किसी की दुल्हन बन सकता था।’ उसके मन में आता कि ‘ईश्वर ने उसके साथ न्याय नहीं किया है। उसने एक लड़की की आत्मा को लड़के के शरीर में डालकर उसकी इच्छाओं और सपनों पर अंकुश लगा दिया है। उसे यह सुनकर अजीब लगता कि यूँ तो लोग आत्मा की आवाज़ सुनकर कार्य करने को कहते हैं और जब वह अपनी आत्मा की आवाज़ सुनकर लड़की बनना चाहता है तो क्यों उसे अपमान सहना पड़ता है, क्यों उसे अश्लीलता सहनी पड़ती है, क्यों अपनों की मार खानी पड़ती है, क्यों वह अपनो से ही उपेक्षित हो जाता है। क्या उसने चाहा था कि वह पुरुष के शरीर में स्त्री बनकर पैदा हो क्या उसे खुद ऐसा दोहरा चरित्र पसन्द है? क्या कोई अपनी इच्छा से ऐसे शरीर से जन्म लेना चाहता है? तो फिर क्यों उसे दोषी माना जाता है? वह भी सामान्य लड़कों की तरह लड़का बना रहना चाहता है लेकिन यह चाहत उसके अन्दर की चाहत नहीं है। अन्दर से तो वह स्वयं को हमेशा एक नारी के रूप में ही देखता है। उसके विचार, उसके ख्याल, उसके स्वप्न, उसकी इच्छाएँ सबकुछ एक नारी की तरह ही हैं। अगर कुछ अलग है तो वह है उसका बेढंगा शरीर। जिसमें उसकी आत्मा किसी भी स्तर पर फिट नहीं बैठती है।’ उसे याद आता है कि बचपन में जब उसने माँ से पूछा था कि ‘बच्चे कहाँ से आते हैं?’ तो माँ ने बताया था कि ‘भगवान जी के यहाँ खिलौनों की तरह बहुत सारे छोटे-छोटे पुतले रखे होते हैं। जिनमें वह आत्मा डालकर भेजता है। किसी में लड़के की आत्मा डालता है तो किसी में लड़की की।’ जब-जब उसने माँ की बताई यह बात याद आती उसे लगता था कि शायद उस भगवान से कुछ गलती हो गयी है और उसने उसकी आत्मा एक गलत पुतले में डाल दी। क्योंकि उसके शरीर और आत्मा में कोई सामंजस्य ही नहीं है।’ इन सारी बातों को सोचकर देवेन्द्र के सिर में दर्द होने लगा। उसे चक्कर आने लगते और वह घंटों गुमसुम बैठा रहता और कभी-कभी ज्यादा परेशान होने पर वह ऊपर मुँह उठाए मन-ही-मन भगवान को कोसने लगता। देवेन्द्र का मन किसी भी पूजा-पाठ में नहीं लगता था। उसे भगवान से चिढ़ होने लगी थी। उसने मंदिर जाना छोड़ दिया था यहाँ तक कि उसने मंदिर के रास्ते से भी गुजरना छोड़ दिया था।
आयु बढ़ने के साथ देवेन्द्र का शरीर और भावनाएँ भी रूप बदल रही थीं लेकिन उसकी मजबूरी थी कि वह चाहकर भी अपने मन की बात किसी से नहीं कह सकता था। एक-दो बार उसने अपनी माँ से कहने की कोशिश तो माँ ने नाराज से अधिक दुखी हुई और फिर उसने रातभर खाना नहीं खाया। वह किसी भी सूरत में माँ को दुखी नहीं करना चाहता। उस दिन के बाद उसने अपने मन की घुटन माँ से नहीं कही। उस घुटन रूपी विष को नीलकंठ शिव की तरह अन्दर-ही-अन्दर पीता रहा। देवेन्द्र को अपना जीवन उदास और रंगहीन लगता था। उसे लगता कि उसके जीवन का कोई उद्देश्य नहीं है, कोई मंज़िल नहीं है। ऐसी बातें अक्सर उसके मन में निराशा भर देतीं लेकिन जब भी वह अपनी माँ की ओर देखता तो उसकी उदास आँखों में न जाने कितने कष्टों की चित्रावली दिखाई देने लगती—कभी उसे सिर पर लकड़ियों का गट्ठर ढोती माँ दिखाई देती तो कभी बाजार में पपीते और साग-सब्जी बेचने के लिए आवाज़ लगाती माँ दिखाई देती। उसे दूर से आती माँ की आवाज़ भी सुनाई देती, “ओ बाबू…पपीते ले लो। ताजे पपीते हैं, घर के ही हैं,” लोग पपीते देखकर आगे बढ़ते तो वह पीछे से आवाज़ देती, “ओ बाबू…एक दो ही ले जाओ…जो मर्जी पैसा दे देना।” तब भी लोग नहीं सुनते तो वह नन्हे देबू को पपीता लेकर उनके पीछे दौड़ाती। देवेन्द्र को जब-जब अपना यह समय याद आता तो उसकी आँखों में पानी आने लगता। उसका हृदय चीत्कार करने लगता। दो-चार रूपयों के लिए अपनी माँ को लोगों के सामने गिड़गिड़ाता हुआ देखना किसी भी संतान को अच्छा नहीं लगेगा। देवेन्द्र भी अपनी माँ के उस समय को ज़िन्दगी से निकाल देना चाहता था। माँ के चेहरे पर भले ही झुर्रियाँ पड़ने लगीं थीं लेकिन देवेन्द्र को उन झुर्रियों में माँ की हिम्मत की रेखाएँ दिखाई देतीं जिनसे उसे जीवन में अपनी मंजिल तलाशने की प्रेरणा मिलती। वह बड़े प्यार से माँ की गोद में सिर रखकर लेट जाता और माँ की मजबूत लेकिन कोमल हथेलियों का स्पर्श उसकी सारी निराशा को दूर कर देता। वह आँखें मूँद लेता और भविष्य के उन सपनों में खो जाता जिसमें वह खुद को अपने छोटे से घर में माँ की सेवा करता हुआ पाता लेकिन जब उसका सपना आगे बढ़ता तो दृश्य बदलने लगता था। उसमें उसका रूप बदला हुआ होता, वह कभी साड़ी तो कभी सलवार सूट पहने हुए होता, उसके बाल लंबे होते, चेहरा चिकना और बिना दाढ़ी-मूँछों वाला होता। उसकी चाल बिल्कुल वैसी ही हो जाती जैसी उसके अन्दर बसी स्त्री की थी। उसकी भाव-भंगिमाएँ बिल्कुल नाज़ुक लड़कियों जैसी हो जातीं। वह माँ की गोद से उठ जाता और बेचैन हो जाता। माँ उसकी इस बेचैनी का कारण पूछती तो वह बिना कुछ कहे ऊपर अपने कमरे में चला जाता।
देवेन्द्र की बारहवीं की परीक्षाएँ सम्पन्न हो चुकी थीं। परीक्षाफल की प्रतीक्षा के साथ-साथ उसने कुछ काम करने का विचार किया। राजेन्द्र और मनु भैया कंडक्टर बन चुके थे लेकिन राजेन्द्र को शराब पीने की लत लग गयी थी जिससे उन्होंने घर में पैसा देना बन्द कर दिया था। केवल मनु के भरोसे ही दाल-रोटी चल रही थी। घर की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर हो चुकी थी। दीदी अपने पति के साथ भिलाई में रहने लगी थी। भिलाई से वह बार-बार गाँव नहीं आ सकती थी, वैसे भी वह अब अपने घर-परिवार में व्यस्त हो चुकी थी। घर में चार पैसे और आ सकें ऐसा सोचकर देवेन्द्र ने गाँव में कई जगह काम माँगने की कोशिश की लेकिन उसके हाव-भाव देखकर उसका मज़ाक बनाया जाता। उसे ‘छक्का’ या ‘हिजड़ा’ कहकर नसीहत दी जाती कि वह गाने-बजाने वालों के साथ चला जाए अच्छा पैसा कमाएगा। उस दिन को याद करके देवेन्द्र की आँखों में पानी आ जाता है जब वह एक दूकान पर काम माँगने गया तो दूकानदार ने उसे गाँव के हिजड़ों का पता बताकर कहा कि वह उनके पास चला जाए वहाँ काम ही काम है। गाने बजाने से लेकर बिस्तर गर्म करने तक वे लोग काम करते हैं। देवेन्द्र को ऐसे लोगों से घिन आती। कई बार उसे गाली-गलौच तक सुननी पड़तीं। यदि देवेन्द्र विरोध स्वरूप स्वयं गालियाँ बकता तो लोग उसे पकड़कर मारने लगते। देवेन्द्र रुआंसा हो जाता। वह सोचता कि यदि उसमें उसकी चाल-ढ़ाल लड़कियों जैसी है उसमें उसका क्या दोष है? क्या केवल ऐसा होने भर से वह आम आदमियों से अलग हो गया? क्या वह इंसान नहीं है? क्या किसी दूकान पर, किसी मेडिकल स्टोर पर, किसी ऑफिस में एक आम लड़के की तरह उसे काम नहीं मिलेगा? क्या केवल लड़कों और लड़कियों के लिए ही समाज की सारी मान्यताएँ हैं, क्या उसके जैसों के लिए नहीं जो न पूरी तरह से लड़का है और न पूरी तरह से लड़की। उसकी समझ में नहीं आ रहा था कि वह करे तो क्या करे?
उस दिन देवेन्द्र हताश और परेशान घर लौटा तो उसने दीदी को बैठा देखा। दीदी अपनी छोटी-सी बेटी छाया को लेकर आयी हुई थी। देवेन्द्र ने दीदी को प्रणाम किया और छाया को गोद में उठाकर खिलाने लगा।
“तेरी बारहवीं की परीक्षाएँ तो खत्म हो गयीं होंगी…क्यों रे देबू?” दीदी ने पूछा।
“हाँ दीदी,” बच्ची के गाल पर नाक रगड़ते हुए देवेन्द्र ने कहा।
“तो अब आगे क्या करने का विचार है?”
“यही तो समझ नहीं आ रहा है कि क्या करूँ? कई जगह काम ढूँढ़ा लेकिन काम मिला ही नहीं” देवेन्द्र ने बच्ची को अपनी गोद से उतारते हुए कहा।
“देख सबसे पहले तो तू यह लड़कियों जैसी हरकतें करना बन्द कर…लोग क्या सोचेंगे? ऐसी हरकतों से तो तुझे काम नहीं मिलेगा। तू लड़का है तो लड़कों की तरह रह। क्या बात-बात में अपने हाथ चलाता है, चलते समय कमर मटकाता है? अच्छा लगता है क्या तुझे?”
“पर दीदी, मैं ऐसा जानबूझ कर तो नहीं करता…मुझे पता ही नहीं चलता है,” देवेन्द्र के चेहरे पर उलझन झलकने लगी।
“जब तू छोटा था तो हम सबको लगता था कि बड़ा होगा तो सब ठीक हो जाएगा। अब तो तू समझदार है। इंटर कर चुका है, अब तो खुद को बदल…अब बच्चा थोड़े ही रहा है तू।”
“…” देवेन्द्र के पास दीदी की बात का कोई उत्तर नहीं था। उत्तर देता भी कैसे वह तो खुद ही अपने दोहरे जीवन से परेशान था।
“अच्छा सुन, आई.टी.आई.का फार्म डाल दे। तू आई.टी.आई. कर ले फिर तेरे जीजा जी कहीं न कहीं तुझे लगवा देंगे।”
“पर उसका खर्चा…” माँ ने बीच में टोका।
“अरे माँ…बहुत ज्यादा खर्चा नहीं होता है, वह हम लोग देख लेंगे,” माँ को उत्तर देकर दीदी देवेन्द्र से बोली, “कल ही जाकर फार्म भर…फिर देखते हैं तेरा सेलेक्शन कौन से कॉलेज में होता है। हो सकता है तुझे भिलाई आकर आई.टी.आई. करना पड़े,” दीदी ने बैग में से बिस्कुट निकाल कर अपनी छोटी बच्ची को देते हुए कहा।
देवेन्द्र ने कोई उत्तर नहीं दिया। इंटर की परीक्षाओं के बाद तो वह जैसे बिल्कुल खाली हो गया था। वह तो खुद चाहता था कि कोई काम मिल जाए। दीदी की बात सुनकर उसके मन में आया कि ‘काम न सही ट्रेनिंग ही सही कम से कम इस ट्रेनिंग के बाद तो उसे नौकरी मिल ही जाएगी।’ यह सोचते हुए वह अगले ही दिन बाजार गया और वहाँ से आई.टी.आई. का फार्म ले आया। दूकान पर फार्म खरीदते समय उसका एक सहपाठी भी वहीं खड़ा था। वह देवेन्द्र को देखकर मुस्कुराया तो देवेन्द्र की हिम्मत बढ़ी और उसने उससे बात शुरू कर दी। बातों-बातों में उसने बताया कि ‘सरकार इंटर पास लोगों को शिक्षाकर्मी के रूप में नियुक्त कर रही है। ये शिक्षाकर्मी गाँव के घर-घर जाकर लोगों को शिक्षा के प्रति जागरुक करेंगे और स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने में अध्यापकों की सहायता करेंगे।’ उसने देवेन्द्र को यह भी बताया कि ‘सरकार गाँवों के पढ़े-लिखे बेरोज़गार लोगों के लिए गाँव के सरकारी स्कूलों में शिक्षा कर्मी की भर्ती करेगी जिससे शिक्षा का प्रचार-प्रसार हो।’ इसके साथ ही उसने देवेन्द्र को समझाया कि ‘आई.टी.आई. के साथ शिक्षाकर्मी का फार्म भी भर दे।’ देवेन्द्र को उसकी बात समझ आ गयी उसने तुरन्त शिक्षाकर्मी का भी एक फार्म ले लिया। उसने बहुत आशा के साथ फार्म भरे। आई.टी.आई. फार्म के लिए तो उसकी शिक्षा हाईस्कूल पूरी थी लेकिन शिक्षाकर्मी के लिए उसे इंटर पास होना अनिवार्य था और उसका परीक्षाफल अभी तक नहीं आया था। वह एक प्रकार की दुविधा में था पर दीदी ने समझाया कि जब तक इसका सेलेक्शन और इंटरव्यू होगा तब तक उसका रिजल्ट आ जाएगा। उसने अगले ही दिन रजिस्ट्री करवा दी। रजिस्ट्री होते ही एक पल को उसके मन आया कि वह आई.टी.आई में भी सेलेक्ट हो गया है और शिक्षाकर्मी भी बन गया है। अगले ही पल मन में उठे अपने इस मूर्खतापूर्ण विचार पर उसे हँसी आ गयी।
क्रमशः
लवलेश दत्त