मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -62

वहाँ कौन है?(भाग 62)

सुरंग में कुछ दूर आगे बढ़ने के बाद भी मायरा के मन में वही प्रश्न घूम रहा था। क्षारनयां समुद्र में रहने वाले जीव हैं। फिर वे इस सुरंग में कैसे आ सकती हैं? यह सुरंग तो उस पुराने कुएँ से होकर निकल रही थी, जिसका ऊपर से पृथ्वी के अलावा किसी समुद्र से कोई संबंध दिखाई नहीं देता था। फिर वे यहाँ तक पहुँचीं कैसे? और अगर यह सुरंग सचमुच किसी जल-लोक या समुद्र से जुड़ी हुई है तो वह रास्ता कहाँ है? अब तक तो उन्हें केवल पत्थर, अंधेरा और बीच-बीच में टपकता पानी ही मिला था।

मायरा का मत्स्य रूप धीरे–धीरे मनुष्य रूप में परिवर्तित होता जा रहा था। पहले उसके शल्क गायब हुए फिर उसकी मत्स्य पुच्छ और अब उसके बालों का रंग भी बदल रहा था। मायरा यह महसूस कर रही थी। अब वह मनुष्यों की तरह दोनों पैरों पर चल रही थी।

मायरा ने चलते-चलते पीछे की ओर देखा। कुआँ अब बहुत पीछे छूट चुका था। उसके भीतर का जल, वह छोटा दरवाजा, छह ताबीज और फिर उस रास्ते में मिला क्षारनियों का गीत…सब कुछ जैसे किसी दूसरे ही संसार की घटनाएँ लग रही थीं।

वह मन ही मन सोचती रही, लेकिन कोई उत्तर नहीं मिला।उसी समय कुमार उसके पास आ गया।

” मायरा!”

मायरा ने उसकी ओर देखा।

“तुम क्या सोच रही हो?”

“यही कि क्षारनयां आखिर यहाँ आईं कैसे? वे समुद्र में रहने वाले जीव हैं। अगर यह सुरंग कुएँ से शुरू हुई है तो फिर यह रास्ता आखिर जाता कहाँ है? और अगर कहीं आगे समुद्र या जल-लोक से जुड़ता भी है तो हमें उसका कोई संकेत अभी तक क्यों नहीं मिला?”

कुमार कुछ क्षण चुप रहा फिर बोला, “हो सकता है इन सवालों का जवाब हमें अभी न मिले।”

मायरा ने कुछ कहने के लिए मुंह खोला ही था कि कुमार ने बात पूरी कर दी, “और केवल सोचते रहने से भी शायद नहीं मिलेगा। हमें यह नहीं पता कि यहाँ क्या हुआ है और क्यों हुआ है। इसलिए फिलहाल बेहतर यही है कि हम आगे बढ़ें। शायद रास्ता खुद हमें कुछ बता दे।”

मायरा ने उसकी बात पर हल्का-सा सिर हिलाया। बात सही थी। इस यात्रा में जितने प्रश्न सामने आए थे, उनमें से अधिकांश के उत्तर उन्हें रास्ते पर चलते हुए ही मिले थे। पहले से बैठकर सोचने से तो उलझन और बढ़ती जा रही थी।

उसकी नजर अनायास उदय पर चली गई।उदय अब भी कुछ धीमे कदमों से चल रहा था। चेहरे पर कोई असामान्य भाव नहीं था लेकिन उसकी आंखों में वह सामान्य सतर्कता नहीं थी जो पिछले कुछ दिनों से उसके चेहरे का हिस्सा बन चुकी थी। वह चुप था और बीच-बीच में सुरंग की दीवारों को बिना किसी खास वजह के देख रहा था।

मायरा ने धीरे से कुमार से कहा, “तुम्हें क्या लगता है, उदी पर अभी भी उस संगीत का असर है?”

कुमार ने एक बार उदय की ओर देखा। “थोड़ा-बहुत तो लगता है। उसने जितना सुना था, उतना भी कम नहीं था लेकिन शायद असर धीरे-धीरे कम हो रहा है।”

“मैं भी यही सोच रही थी।”, मायरा ने उसकी ओर देखकर कहा, “वह ठीक हैं। अभी भी उस संगीत का थोड़ा असर है, लेकिन मुझे लगता है थोड़ी देर में अपने आप खत्म हो जाएगा। हमें अभी उन पर नजर रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए।”

तभी सुक्खी आगे आया और उसने उदय को देखा । उसके बाद धीमे से बोला, “मतलब सर अभी हमारे साथ हैं, लेकिन पूरी तरह हमारे साथ नहीं हैं?”

मायरा के चेहरे पर हल्की मुस्कान आई लेकिन उसकी चिंता कम नहीं हुई। उसने उदय से कुछ पूछने की कोशिश नहीं की। वह उसके बिल्कुल पास चलने लगी।

उदय ने उसकी ओर देखा। “तुम इतनी पास क्यों चल रही हो?”

“बस ऐसे ही।”

“मैं गिरने वाला नहीं हूँ।”

“मैंने ऐसा कब कहा?”, मायरा ने उसे देखा और मुस्कुरा दी।

उदय कुछ क्षण उसे देखता रहा, फिर हल्का-सा मुस्कुराया और आगे देखने लगा।

मायरा ने भी कुछ नहीं कहा। फिर भी उसका ध्यान लगातार उदय पर था। उसके कदम ठीक थे, चाल सामान्य थी और आवाज भी पहले जैसी ही थी। अगर वह खुद यह बात न जानती कि उदय ने वह गीत सुना था तो शायद उसे कुछ भी असामान्य नहीं लगता।

सुरंग धीरे-धीरे और संकरी होती जा रही थी। कुछ जगह छत इतनी नीची थी कि उन्हें सिर झुकाकर निकलना पड़ रहा था। ऊपर की चट्टानों से पानी की छोटी-छोटी बूंदें टपक रही थीं। कहीं-कहीं बूंदें एक पतली धार का रूप लेकर दीवार से नीचे बह रही थीं। जमीन अब भी पूरी तरह पत्थरीली थी, हालांकि कुछ हिस्सों पर पानी की वजह से चिकनाहट आ गई थी।

तभी सुक्खी अचानक रुक गया।

“एक मिनट।”

सब रुक गए।

“क्या हुआ?” प्रभात ने पूछा।

सुक्खी ने सामने देखा। “तुम लोगों को भी दिख रहा है?”

कुमार ने सिर उठाया।

सुरंग के बहुत आगे कहीं हल्की-सी रोशनी दिखाई दे रही थी।

लेकिन वह सफेद रोशनी नहीं थी।

उसमें हल्का हरा रंग था।

मायरा ने अपनी टॉर्च बंद कर दी। बाकी लोगों ने भी वैसा ही किया। अब सुरंग में उनके उपकरणों की रोशनी नहीं थी और दूर से आती वह हरी चमक और साफ दिखाई देने लगी।

“यह रोशनी यहाँ कहाँ से आ रही है?” मायरा ने आश्चर्य से पूछा।

प्रभात ने दीवार की तरफ देखा। “कहीं बाहर से कोई रास्ता खुलता होगा?”

“लेकिन यहाँ तो कोई दरार भी नहीं दिख रही,” कुमार ने कहा।

वे धीरे-धीरे उस रोशनी की ओर बढ़ने लगे।सुक्खी ने कुछ देर उसे देखा और फिर सहजता से बोला, “द्युतिलोक में हमने इतना प्रकाश देख लिया है कि अब तो आदत पड़ जानी चाहिए। हरा है तो हरा, नीला है तो नीला, पीला है तो पीला। आखिर फर्क ही क्या पड़ता है?”

प्रभात ने उसकी ओर देखा। “फर्क पड़ता है।”

“क्यों?”

“क्योंकि यहाँ पहले कोई प्रकाश नहीं था।”

सुक्खी चुप हो गया।

प्रभात ने आगे कहा, “और अगर यह साधारण रोशनी होती तो इसका स्रोत कहीं न कहीं दिखाई देता। लेकिन देखो, दीवार पर भी इसका कोई स्पष्ट प्रतिबिंब नहीं है।”

मायरा ने हाथ बढ़ाकर सामने की चट्टान को छुआ। हरी रोशनी वहाँ पड़ तो रही थी, लेकिन ऐसा लग रहा था जैसे पत्थर उसे सोख रहा हो।

“यह सामान्य प्रकाश नहीं है,” उसने धीमे से कहा।

वे आगे बढ़ते गए।जितना आगे जाते, हरी रोशनी उतनी ही स्पष्ट होती जाती। अब उन्हें सामने सुरंग की एक दीवार दिखाई दे रही थी। दीवार के बीचोंबीच एक छोटा-सा लकड़ी का दरवाजा था।

सभी वहीं रुक गए।दरवाजा बहुत पुराना था। लकड़ी का रंग जगह-जगह काला पड़ चुका था। उस पर लोहे की पट्टियां लगी थीं लेकिन उनमें जंग बहुत कम थी। सबसे विचित्र बात यह थी कि दरवाजे पर कोई कुंडी या ताला दिखाई नहीं दे रहा था।

“इतनी बड़ी सुरंग और इतना छोटा दरवाजा?” सुक्खी ने कहा।

“दरवाजा छोटा है लेकिन शायद रास्ता छोटा न हो,” कुमार ने उत्तर दिया।

प्रभात ने दरवाजे को ध्यान से देखा। “इसे खोलने के लिए कोई व्यवस्था जरूर होगी।”

“मुझे तो ताला ही नहीं दिख रहा,” सुक्खी ने कहा।

“क्योंकि ताला यहाँ नहीं है।”,सबने प्रभात की ओर देखा।

उसने दरवाजे के ऊपर उकेरे गए तीन निशानों की ओर इशारा किया। तीन गोल आकृतियां थीं। पहली किसी सूखी बूंद जैसी, दूसरी एक छोटे पत्ते जैसी और तीसरी प्रकाश की किरणों जैसी।

“ये क्या हैं?” कुमार ने पूछा।

प्रभात ने उंगलियों से उन्हें छुए बिना गौर से देखा, “संकेत हैं। शायद किसी क्रम के।”

सुक्खी तुरंत उसके पास आ गया। “किस चीज का क्रम?”

“अभी पता नहीं।”

“तो पता लगाओ।”

प्रभात ने उसे देखा। “तुम्हें लगता है मैं बैठकर इनके उत्तर अपनी जेब से निकाल दूंगा?”

“आप इतिहास पढ़ते हैं, मैं पैटर्न पढ़ता हूँ। दोनों मिलकर कुछ तो निकाल ही लेंगे।”

प्रभात मुस्कुराया नहीं, लेकिन उसके चेहरे पर पहली बार तनाव थोड़ा कम हुआ।

दोनों ने दरवाजे के आसपास की दीवारों को देखना शुरू किया।
सुक्खी ने जमीन पर नजर डाली। वहाँ ऊपर से गिरती पानी की बूंदें एक जगह जमा हो रही थीं। फिर उसने दीवार पर बने तीन निशानों को देखा।

“प्रभात।”

“हूँ?”

“इधर देखो।”

उसने टॉर्च की रोशनी दीवार पर डाली। हरी रोशनी के नीचे पत्थर पर बहुत बारीक रेखाएँ दिखाई दे रही थीं। पहली नजर में वे दरारें लगती थीं, लेकिन ध्यान से देखने पर वे किसी चित्र की तरह थीं।

एक बूंद फिर एक पतली हरी रेखा और उसके बाद एक छोटा-सा अंकुर। प्रभात कुछ क्षण बिल्कुल स्थिर रहा, “पानी… प्रकाश… और जीवन।”

सुक्खी ने तुरंत पूछा, “मतलब?”

“शायद यही क्रम है।पानी, प्रकाश, जीवन।”

प्रभात ने सिर हिलाया और फिर कहा, “प्रकृति में भी यही अर्थ निकाला जा सकता है। पानी से बीज जीवित होता है, प्रकाश से बढ़ता है और फिर पत्तियां निकलती हैं। लेकिन मुझे लगता है यहाँ केवल प्रतीक नहीं हैं। इनका इस्तेमाल करना होगा।”

सुक्खी ने तीनों निशानों को ध्यान से देखा, “तो पहले पानी वाला?”

“हाँ।”

सुक्खी ने आसपास देखा। “पानी कहाँ है?”

उसी क्षण ऊपर से एक बूंद टपकी और सीधे पहले निशान पर गिरी।

टप।

एक हल्की हरी चमक उस निशान में दौड़ गई।सब चौंक गए।
“यह अपने आप हुआ?” प्रभात ने कहा।

सुक्खी ने तुरंत अपनी बोतल निकाली। “शायद हमें बस इसे पूरा करना है।”उसने पानी की एक बूंद पहले निशान पर डाली।हल्की रोशनी फिर जगी।

“अब प्रकाश,” प्रभात ने कहा।

सुक्खी ने हरे प्रकाश की दिशा देखी और अपनी टॉर्च उस तीसरे निशान की ओर कर दी। कुछ नहीं हुआ।

“नहीं,” प्रभात बोला, “यह हमारी टॉर्च का प्रकाश नहीं है।”उसने दीवार को छुआ। “इस रोशनी का स्रोत यही दीवार है।”

मायरा आगे आई। उसने अपनी हथेली दीवार पर रख दी।क्षण भर बाद हरी चमक तेज हो गई।सभी पीछे हट गए।

“मायरा! ” कुमार ने पुकारा लेकिन मायरा ने हाथ नहीं हटाया।
उसकी हथेली के नीचे से हरी रोशनी की एक पतली लकीर निकली और दीवार पर बने दूसरे निशान से होती हुई तीसरे निशान तक पहुंच गई।तीनों आकृतियां अब एक साथ चमक रही थीं।

“अब आखिरी वाला,” प्रभात ने कहा।

सुक्खी ने तीसरे निशान के सामने झुककर देखा। वहाँ अंकुर जैसा बना निशान था। उसके बीच में एक बहुत छोटा-सा गड्ढा था, “इसमें क्या डालना है?”

प्रभात ने चारों तरफ देखा। फिर उसने जमीन के किनारे उगी एक बहुत छोटी हरी काई जैसी परत को देखा। वह सुरंग की नमी के कारण पत्थर से चिपकी हुई थी।

“शायद जीवन का प्रतीक चाहिए।”

सुक्खी ने सावधानी से काई का एक छोटा टुकड़ा उठाया और उस गड्ढे में रख दिया।कुछ क्षण कुछ नहीं हुआ फिर अचानक तीनों निशानों से हरी रोशनी की पतली धारें निकलीं और दरवाजे के बीचोंबीच जाकर एक बिंदु पर मिल गईं।

वहाँ एक आकृति बनी।वह किसी ताले जैसी थी और उसी क्षण दरवाजे के भीतर से धातु के घिसटने की आवाज आई।

खर्र…

सुक्खी ने सांस रोक ली।लकड़ी के दरवाजे के बीचोंबीच एक छोटा-सा हिस्सा बाहर की ओर उभरा और फिर धीरे-धीरे खुल गया।उसमें एक पुरानी धातु की चाबी रखी थी।

“मिल गई,” प्रभात ने फुसफुसाकर कहा।

सुक्खी ने चाबी उठाई। वह ठंडी थी, लेकिन जैसे ही उसकी उंगलियां उस पर पड़ीं, चाबी पर भी वही हरी रोशनी चमक उठी।

“अब। ”प्रभात ने दरवाजे को देखा।“अब इसे खोलते हैं।”

कुमार ने सभी को पीछे रहने का संकेत दिया। मायरा ने उदय की ओर देखा। वह अब पहले से कहीं अधिक सामान्य दिखाई दे रहा था। उसकी आंखों में भी धीरे-धीरे वही परिचित सतर्कता लौट रही थी।

सुक्खी ने चाबी ताले में लगाई।एक हल्की-सी आवाज हुई।

टक।

फिर उसने चाबी घुमाई।

चर्ररर…

पुराना लकड़ी का दरवाजा धीरे-धीरे भीतर की ओर खुलने लगा।
सामने पहले कुछ दिखाई नहीं दिया फिर हरी रोशनी अचानक बहुत तेज हो गई।सबकी आंखें कुछ क्षणों के लिए चौंधिया गईं।
जब रोशनी थोड़ी सामान्य हुई तो कुमार ने सबसे पहले सामने देखा।

उसके चेहरे का रंग बदल गया।प्रभात वहीं ठिठक गया।सुक्खी के हाथ से चाबी लगभग छूट गई।

मायरा ने एक कदम आगे बढ़ाया और फिर जैसे उसके पैर जमीन से चिपक गए।
Megha
( क्या है आगे? ऐसा क्या देख लिया सबने जो सभी हैरान हैं? जानने के लिए साथ बने रहिए।)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment