दर्द न जाने कोई
भाग -23
ये दोनों केवल फार्म नहीं थे बल्कि देवेन्द्र के लिए अपने सपनों की उड़ान भरने में सहायक दो पंख थे जिनके भरोसे पर वह अपनी मंजिल की ओर कदम बढ़ा सकता था। दोनों में से किसी में भी सेलेक्शन होने पर उसके सपनों के सच होने की संभावना बढ़ जानी थी। उसे अपने भविष्य के सपने सच होते लग रहे थे। वह जब सातवीं में था तभी उसके मन में टीचर बनने का ख्याल आया था। उसने सोचा शायद शिक्षाकर्मी बनकर वह टीचर बनने की ओर बढ़ रहा है। अब तो उसे हर समय टीचर बनने का ही ख्याल आता। हालांकि उसने आई.टी.आई. का फार्म भी भरा था लेकिन आई.टी.आई. में सेलेक्शन की उसे कोई चिन्ता नहीं थी। वह तो अब टीचर बनकर बच्चों को पढ़ाना चाहता था। कभी-कभी उसे लगता कि टीचर बनकर वह बच्चों को केवल पढ़ाएगा ही नहीं बल्कि उन्हें नाच-गाना भी सिखाएगा। नाच-गाने के नाम से उसे अपने बचपन के दिन याद आने लगे ‘कैसे सारे टीचर उसे अपनी-अपनी टीम में लेकर उससे डांस का कार्यक्रम करवाते थे।’ बचपन की मधुर स्मृतियों में खोये देवेन्द्र को अब अपने इंटरमीडिएट के रिज़ल्ट का बेसब्री से इंतज़ार था क्योंकि उसी पर सब निर्भर था।
ईश्वर यदि एक राह बन्द करता है तो हजार राहें खोलता है। देवेन्द्र के साथ भी कुछ ऐसा ही था। उसका इंटर का परीक्षाफल और शिक्षाकर्मी में नियुक्ति की सूचना साथ-साथ आई। अपनी इस सफलता पर देवेन्द्र को विश्वास ही नहीं हो रहा था। जीवन के हर मोड़ पर कष्ट और पीड़ा झेलते हुए मनुष्य का सुखों पर से विश्वास उठ जाना स्वाभाविक है। देवेन्द्र को भी अपनी सफलता पर विश्वास नहीं हो रहा था। उसे लग रहा था कि वह कोई स्वप्न देख रहा है लेकिन जब माँ ने उसे गले से लगाकर उसका माथा चूमा और अपनी धोती के पल्लू से गीली आँखें पोंछीं तो उसे लगा कि वह स्वप्न नहीं यथार्थ है। गाँव के कुछ लोग भी उसे बधाई देने आए। दोनों भाइयों और दीदी ने भी उसकी पीठ ठोंककर उसे बधाई दी।
देवेन्द्र को विश्वास नहीं हो रहा था कि वह शिक्षाकर्मी बन चुका है। आज उसकी नौकरी पर जाने का पहला दिन था। रात भर यह सोच कर उसे नींद नहीं आई। नींद का भी हमारे मन से बहुत गहरा सम्बन्ध होता है। मन खुश या दुखी हो तो नींद दूर-दूर ही रहती है। नींद आने के लिए मन का शान्त होना बहुत जरूरी है। देवेन्द्र के जीवन में खुशियाँ दस्तक दे रही थीं। जिन्हें सुनकर भला नींद कैसे ठहरती? सुबह के इन्तजार में रात आँखों में ही कट गयी। कहने को तो वह रोज जैसी ही एक सुबह थी—हल्की ठंडी हवा का लहराता आँचल, हर तरफ दिखती नमी ओढ़े हुए मखमली घास और दूर क्षितिज पर उगता हुआ लाल-लाल सिन्दूरी सूरज, आज देवेन्द्र को सबकुछ नया-नया और बहुत सुन्दर लग रहा था। वह अपने कमरे से नीचे आया ही था कि आँगन में झाड़ू लगाती माँ को देखकर उससे लिपट गया। माँ के प्यार भरे स्पर्श ने दोनों का मन गीला कर दिया। गला रुँध रहा था, फिर भी माँ संयमित होकर बोली, “जा…जल्दी नहा-धोकर तैयार हो जा, आज तेरी ड्यूटी का पहला दिन है, कहीं देर न हो जाए…मैं तेरे लिए खाना बनाती हूँ।” बेटे की सफलता के प्रकाश में उसके चमकते भविष्य की कल्पना माँ को भावुक कर रही थी क्योंकि उसके घर में आए खुशी के इन पलों के लिए उसने न जाने कितने वर्षों तक दुख झेले थे। अपने बच्चे से बँधी उम्मीदें पूरी होने का समय आ गदया था। इसी की खुशी उसकी आँखों से ममता के आँसू बनकर टपक रही थी। लेकिन उनमें देवेन्द्र के भविष्य की ऊष्मा साफ महसूस की जा सकती थी।
आज नौकरी पर जाने का देवेन्द्र का पहला दिन था। उसे जो विद्यालय मिला था वह उसके गाँव से चालीस किलोमीटर दूर था। उसने हिसाब लगाया, ‘लगभग दो घंटे लग जाएँगे’ और उसी के अनुसार वह घर से निकल पड़ा। लगता था कि वह किसी शुभ घड़ी में घर से निकला था क्योंकि उसे उस ओर जाने वाली पहली ही बस मिल गयी। बस चलने के लिए तैयार थी। देवेन्द्र लपककर बस में चढ़ गया। भीड़ ज्यादा नहीं थी इसलिए उसे आसानी से सीट मिल गयी। सीट पर बैठा ही था कि बस चलने लगी। कंडेक्टर रह-रहकर सवारियों को आवाज़ दे रहा था। बस के चलते ही ठंडी हवा के झोंके से देवेन्द्र के बाल उड़ने लगे। हवा की छुअन से उसके रोंगटे खड़े हो रहे थे। खुशी, उत्साह और रोमांच मिलकर उसे मदहोश कर रहे थे। उसकी पलकें भारी होने लगीं। पलकें मूँदकर वह धीरे-धीरे अपने सपनों में खो रहा था। वह जब भी अकेला होता उसके अन्दर की युवती नींद से जागकर अँगड़ाई लेने लगती। इस समय भी वह ऐसा ही कुछ महसूस कर रह था। उसे लग रहा था कि ‘वह अपने सपनों के राजकुमार के साथ ऐसे सफर करे। उसका राजकुमार उसे अपनी बाहों में समेटे, सिर से सिर मिलाए, प्यार भरी बातें करे और यह सफर कभी खत्म न हो।’ बस की गति के साथ-साथ देवेन्द्र के सपने भी गति पकड़ रहे थे। उसके चेहरे पर हल्की-सी मुस्कुराहट आ रही थी। उसे महसूस हुआ कि उसके सपनों का राजकुमार उसके गालों को थपथपा रहा है और चूमने के लिए अपने होंठ उसकी तरफ बढ़ा रहा है। पर यह क्या गुटखे की इतनी तीखी गंध की उसके नथुने फूलने लगे। उसका दम घुटने लगा। उसने छटपटा कर आँखें खोल दीं। आँखें खोलते ही उसने देखा कि एक काला, मोटा और भद्दा सा आदमी उसकी जाँघों को सहला रहा है और भद्दे इशारे कर रहा है। देवेन्द्र ने अपनी सीट से उठने का प्रयास किया लेकिन उस आदमी ने उसका गुप्तांग पकड़ लिया और इशारे से बैठने को कहा। देवेन्द्र तड़पकर रह गया। बस अब तक भीड़ से भर चुकी थी। देवेन्द्र ने बस के अन्दर इधर-उधर नजर दौड़ाई लेकिन कहीं कोई सीट खाली नहीं थी। लोग सफर के नशे में ऊँघ रहे थे। वह आदमी देवेन्द्र के साथ धीरे-धीरे अश्लील हरकतें करने लगा। देवेन्द्र ने खुद को उसके चंगुल से छुडाने की बहुत कोशिश की लेकिन उस आदमी के जबरदस्त हाथ किसी शिकंजे की तरह उसे कसे हुए थे। देवेन्द्र पीड़ा और अपमान से अन्दर-ही-अन्दर गला जा रहा था। लगभग पौन घंटे तक वह आदमी अपनी मन-मर्जी करता रहा और देवेन्द्र खुद को उससे बचाने का हर संभव प्रयास करता रहा। इन पौन घंटों में उस आदमी ने देवेन्द्र की जाँघें, गुप्तांग, नितंब और शरीर के अन्य भाग खूब मसले तथा देवेन्द्र के कान में रह-रहकर फुसफुसाता रहा, ‘एक बार चला चल…मजा आ जाएगा…रूपये भी दूँगा।’ देवेन्द्र आँखें बन्द करके बस की खिड़की से बाहर झाँकने लगता और अपना स्टॉप जल्दी आने की प्रार्थना करता। बस अपनी गति से चलते-चलते अचानक हिचकोले खाने लगी। पता चला कि यहाँ से पाँच किलोमीटर की सड़क खराब है। बस के हिचकोलों का फायदा उठाकर उस आदमी ने देवेन्द्र का हाथ अपने गुप्तांग पर रख दिया और उसे दबाने का इशारा करने लगा। देवेन्द्र ने खिड़की के बाहर झांका और बाहर की दूकानों पर लगे बोर्ड को देखा, ‘ओह…यहीं तो मुझे उतरना है’ सोचकर देवेन्द्र ने अपना हाथ उस आदमी की गिरफ्त से छुड़ाने का प्रयास किया लेकिन उसने देवेन्द्र के हाथ को और कस कर अपने गुप्तांग से सटा लिया। गुस्से में देवेन्द्र ने उसका गुप्तांग पकड़ लिया और जैसे ही बस ने अगला हिचकोला लिया देवेन्द्र ने पूरी ताकत से उसका गुप्तांग दबा दिया। वह आदमी, ‘अरे मर गया…’ कहते हुए सीट से उठ गया। मौका पाते ही देवेन्द्र भी सीट से उठकर ड्राइवर की तरफ चलते हुए बोला, “यहीं रोक देना ड्राइवर साहब।”
क्रमशः
लवलेश दत्त
