लवलेश दत्त का उपन्यास ‘दर्द न जाने कोई ‘ भाग -24

दर्द न जाने कोई

भाग -24

 

देवेन्द्र ने समय देखा लगभग एक घंटा हो चुका था। स्कूल खुलने में अभी डेढ़ घंटा शेष था। आगे की यात्रा ऑटो से करनी थी। चारों तरफ ऑटो खड़े थे लेकिन एक दो ही ऑटो थे जो उस ओर जाने को तैयार थे। देवेन्द्र एक ऑटो में बैठ गया। कुछ ही देर में ऑटो चलने लगा। जैसे-जैसे ऑटो आगे बढ़ रहा था देवेन्द्र के दिल की धड़कन भी बढ़ रही थी। सूरज और ऊपर उठ चुका था और मौसम में हल्की-सी गरमाहट महसूस होने लगी थी लेकिन हवा चलने से गरमी का अहसास नाममात्र का हो रहा था। पेड़ों के पत्ते सूरज की रोशनी में चमकदार और चिकने लग रहे थे। किसी-किसी पत्ते पर प्रकाश की किरण पड़ते ही वह चकमकाने लगता और बाहर देखते हुए देवेन्द्र की आँखों को चौंधिया देता। देवेन्द्र मन-ही-मन अपनी नौकरी, विद्यालय, वहाँ के लोग और उनके व्यवहार के विषय में सोच रहा था। उसे बार-बार लग रहा था कि कहीं उसे वैसा ही कुछ न देखना पड़ जाए जैसा अब तक  देखा और झेला था। उसकी चिन्ता इसी बात की थी कि न जाने उस विद्यालय के प्रधानाचार्य, अध्यापक और विद्यार्थी उसके साथ किस प्रकार का व्यवहार करेंगे। एक मन तो हुआ कि वह वहीं से वापस लौट जाए और कोई दूसरी नौकरी ढूँढ ले लेकिन ऐसा सोचते ही उसकी माँ की आशा से भरी दुखी आँखें उसके सामने आ जातीं। माँ का चेहरा याद आते ही उसकी आँखें भी भर आईं। उसने सोचा, ‘अब तो समय आया है कि मैं दो पैसे कमाकर माँ को सुख दे पाऊँगा, ऐसे में मन को कमजोर करने या हिम्मत हारने से काम नहीं चलेगा,’ यह सोचते ही उसके विचारों ने करवट ली और नौकरी के प्रति उसकी इच्छा दृढ़ हो गयी। अगले ही पल उसका चेहरा आत्मविश्वास से चमकने लगा तथा उसने निश्चय किया कि ‘कैसे भी हो मुझे अपनी मंजिल तक पहुँचना ही होगा।’ उसके मन में विचारों की गुत्थम-गुत्था चल रही रही थी कि ऑटो रुक गया। ऑटो चालक ने दायीं ओर इशारा करते हुए उससे कहा, “यहीं उतर जाओ, यहाँ से दाईं तरफ पाँच किलोमीटर पैदल जाना पड़ेगा, आगे ऑटो नहीं जाता।”
ऑटो से उतर कर देवेन्द्र उस कच्ची राह पर चल पड़ा जो उसके जीवन की राह को पक्का बनाने की ओर जा रही थी। उस कच्ची पगडंडी पर आगे बढ़ते हुए हर कदम के साथ देवेन्द्र का आत्मविश्वास भी बढ़ रहा था। उसे अपने सपनों के सच होने की झलक ठीक वैसी ही दिख रही थी जैसे ताड़ के पत्तों के पीछे से सूरज की रोशनी आ रही थी। यह रोशनी उसके सपनों में रंग भर रही थी और देवेन्द्र का हर कदम उसके इरादों को मजबूत बना रहा था। लगभग आधे घंटे के पैदल सफर ने देवेन्द्र को स्कूल के समय से पन्द्रह मिनट पहले ही स्कूल के गेट के सामने पहुँचा दिया। गेट खुला था। स्कूल का गेट देखते ही देवेन्द्र का दिल जोरों से धड़कने लगा। एक पल के लिए आत्मविश्वास बस की तरह हिचकोले खाने लगा लेकिन अगले ही पल उसने अपनी माँ को याद करके स्कूल में प्रवेश किया। प्रधानाचार्य और अन्य अध्यापक पहुँच चुके थे जबकि बच्चे पहुँच रहे थे। देवेन्द्र जब भी खुद को कमजोर पाता है, अपनी माँ को याद करता है। माँ का स्मरण करते ही न जाने उसमें कौन सी शक्ति भर जाती है कि वह हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार हो जाता है और उसका आत्मविश्वास बढ़ने लगता है।
“नमस्कार सर, मैं देवेन्द्रप्रताप सिंह,” प्रधानाचार्य के कक्ष के द्वार पर दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम करते हुए देवेन्द्र ने कहा।
“ओह…अच्छा-अच्छा…हाँ मुझे सूचना मिल गयी थी…आओ-आओ अन्दर आओ,” प्रधानाचार्य जी ने सौम्यता से मुस्कुराते हुए उत्तर दिया।
“जी…यह रहा नियुक्ति पत्र…” देवेन्द्र ने नियुक्ति पत्र प्रधानाचार्य को देते हुए कहा।
“अच्छा-अच्छा…बैठो…बैठ जाओ” नियुक्तिपत्र हाथ में लेकर प्रधानाचार्य ने देवेन्द्र को सामने पड़ी कुर्सी पर बैठने का संकेत किया।
देवेन्द्र सामने पड़ी कुर्सियों में से एक पर बहुत सकुचाते हुए बैठ गया। प्रधानाचार्य ने नियुक्ति पत्र में उसका नाम पढ़ते हुए कहा, “देवेन्द्रप्रताप सिंह…तुम्हें दूर बहुत पड़ेगा स्कूल।”
“जी…करीब चालीस किलोमीटर…”
“हम्म…तो कैसे आओगे…रोज-रोज आना तो बहुत मुश्किल होगा। अभी तो मौसम ठीक है, लेकिन जब मौसम खराब होगा तब क्या करोगे?” प्रधानाचार्य ने चिन्ता जताते हुए कहा।
“जी…मैं आ जाऊँगा…नहीं तो यहीं कहीं रहने की व्यवस्था कर लूँगा” इस बार देवेन्द्र ने झट उत्तर दिया। उसका संकोच कम हो रहा था। प्रधानाचार्य के चेहरे की सकारात्मकता और अपनेपन की झलक ने उसके संकोच को दूर कर दिया था।
“हाँ…यह ज्यादा ठीक रहेगा…देखो बेटे…हमारा स्कूल सरकार ने एक विशेष योजना के अन्तर्गत चलाया है…मुझे नहीं पता कब तक स्कूल चलेगा लेकिन मैं यही चाहता हूँ कि जब तक भी स्कूल चले तुम अपना काम मन लगाकर करो,” प्रधानाचार्य के चेहरे से उनके अनुभवी और गंभीर व्यक्तित्व का पता चल रहा था। उनकी वाणी में  आत्मीयता की मिठास घुली हुई थी जिससे देवेन्द्र भावविह्वल हो उठा। यदि वह स्वयं पर संयम न रखता तो आँसू रोक नहीं पाता। उसे पहली बार इतनी आत्मीयता से बात करने वाला कोई व्यक्ति मिला था। सबसे बड़ी बात यह थी कि माँ के बाद आज किसी ने उसे ‘बेटा’ कहा था। प्रधानाचार्य जी के मुँह से खुद के लिए ‘बेटा’ शब्द सुनते ही उसे सबसे बड़े भाई की चेहरे वाले अपने पिता याद आने लगे। इससे पहले कि उसकी भावुकता आँखों से छलकती, विद्यालय की घंटी ने उसका ध्यान भंग कर दिया। प्रधानाचार्य उससे कह रहे थे, “प्रार्थना होने वाली है, आओ बाहर चलें। प्रार्थनासभा में मैं तुम्हें सबसे मिलवा भी दूँगा।”
देवेन्द्र ने देखा, नन्हें-मुन्ने बच्चे, हाथ में बस्ता पकड़े अपनी कक्षाओं में जा रहे थे। कुछ बच्चे कक्षा में बस्ता रखकर बाहर मैदान में पंक्तिबद्ध हो रहे थे। देवेन्द्र को यह सब बहुत अच्छा लग रहा था, वह अपने बचपन की स्मृतियों में खोने लगा—जब वह भी इन्हीं बच्चों की तरह बस्ता पकड़कर अपने विद्यालय जाता, प्रार्थना में हाथ जोड़कर आँखें बन्द करके खूब जोर-जोर से प्रार्थना गीत गाता था। बचपन की प्रार्थना उसे आज भी याद है—‘इतनी शक्ति हमें देना दाता, मन का विश्वास कमजोर हो न, हम चलें नेक रस्ते पे हमसे भूल कर भी कोई भूल हो न’ प्रार्थना की पंक्तियाँ उसके मन में गूँजने लगीं और इससे पहले कि वे कंठ के रास्ते होठों तक आतीं, एक बच्चे ने आकर उसके पैर छू लिए। देवेन्द्र के पैरों पर बच्चे के नन्हें हाथों का स्पर्श उसके हृदय तक पहुँचा। उसने झट से झुककर बच्चे को गोद में उठा लिया और प्यार से उसका गाल चूम लिया।
“कौन-सी कक्षा में पढ़ते हो?” देवेन्द्र ने पूछा।
“छेकेन्ड में…” बच्चे ने तपाक से उत्तर दिया।
देवेन्द्र के साथ-साथ प्रधानाचार्य भी हँस दिये, “इसका नाम भी देवेन्द्र है, लेकिन इसे सब बिट्टू कहते हैं। कक्षा दो में पढ़ता है। बहुत तेज है और बहुत मेधावी भी है। गाना भी गा लेता है, डांस भी कर लेता है।”
देवेन्द्र ने बच्चे को गोद से उतार दिया और अन्य अध्यापकों के साथ प्रार्थना में शामिल हो गया। कक्षा पाँच के विद्यार्थी सामने पंक्तिबद्ध होकर खड़े हो गये। एक गोलमटोल छात्र ने निर्देश दिया—‘सावधान’। सारे बच्चे सावधान की मुद्रा में आ गये। वह फिर बोला—‘विश्राम’। सारे बच्चे विश्राम की मुद्रा में आ गये। लगभग चार-पाँच बार ‘सावधान’ और ‘विश्राम’ कराने के बाद उसने फिर कहा, “प्रार्थना के लिए तैयार हों…” सभी बच्चे आँखें बन्द करके और हाथ जोड़कर खड़े हो गये। सामने खड़ी छात्राओं ने प्रार्थना आरंभ की—‘इतनी शक्ति हमें देना दाता…’ अब तो देवेन्द्र के मन में चल रही प्रार्थना उसके होठों तक आ ही गयी। उसने भी सबके साथ प्रार्थना में अपना स्वर मिला दिया। बंद आँखें और होठों पर प्रार्थना के स्वर एकबार फिर उसे बरसों पहले अपने स्कूल में ले गए। जब वह इन्हीं बच्चों की तरह पंक्तिबद्ध होकर प्रार्थना करता और उसके पीछे वाला लड़का उसे परेशान करने के लिए कभी उसके बाल खींचता, कभी टीप मारता तो कभी कूल्हों पर चिकोटी काट लेता। यह याद आते ही देवेन्द्र के चेहरे पर हल्की-सी मुस्कुराहाट फैल गयी। प्रार्थना समाप्त हो चुकी थी। प्रधानाचार्य बच्चों को संबोधित करने के लिए आगे बढ़े। सभी बच्चों ने समवेत स्वर में कहा, “गुड मार्निंग सर”। प्रधानाचार्य ने मुस्कुराते हुए “गुडमार्निंग डियर चिल्ड्रेन” कहा और देवेन्द्र की ओर इशारा करते हुए बोले, “बच्चों, ये हैं आपके नये सर…देवेन्द्रप्रताप सिंह। आज से यह आपको पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी सिखाया करेंगे।” बच्चों ने खुश होकर तालियाँ बजाईं। खुशी और अति उत्साहित होने के कारण देवेन्द्र के मुँह से बोल नहीं फूट रहे थे। आँखों की तरलता से उसके मनोभावों का अंदाजा लगाया जा सकता था। लम्बे समय तक उपेक्षा, तंज और अपमान सहने वाले व्यक्ति को यदि सम्मान और प्रेम का हल्का-सा भी स्पर्श मिलता है तो उसके मन में जमी हीनभावना की बर्फ ऐसे ही पिघलकर आँखों के रास्ते बहने लगती है। आज देवेन्द्र की भी ऐसी ही स्थिति थी।
पूरा दिन कैसे निकल गया पता ही नहीं चला। आज पहला दिन था इसलिए कुछ विशेष पढ़ाई तो नहीं हुई लेकिन देवेन्द्र ने प्रत्येक कक्षा के विद्यार्थियों पर अपनी आत्मीयता का रंग चढ़ा दिया था। लगभग हर कक्षा के बच्चे उसे ‘देवेन्द्र सर’ कहते नहीं थक रहे थे। ‘देवेन्द्र सर’ सुनते ही उसे अपनी कोचिंग की स्मृति हो आयी, वहाँ भी कुछेक बच्चे उसे ‘देवेन्द्र सर’ कहते थे। हालांकि कोचिंग के अधिकांश बच्चे उसे ‘देवेन्द्र भैया’ कहते थे। ‘देवेन्द्र सर’ की ध्वनि आज उसे संसार की सबसे मधुर ध्वनि लग रही थी। अब तक तो उसने अपने लिए ‘मामू’, ‘हिजड़ा’, ‘छक्का’, ‘जुगाड़’ जैसे अपमानित करने वाले अभद्र शब्द ही सुने थे। आज पहली बार उसे ‘सर’ कहकर पुकारा जा रहा था। प्रधानाचार्य ने उससे बातें करते समय कहा था, “देवेन्द्र बेटे…तुम्हें बच्चे ‘देवेन्द्र सर’ कहेंगे…इसका मतलब पता है?” उसने कहा, “जी…मैं उनका टीचर हूँ इसलिए…।” “हाँ यह भी है लेकिन इससे भी महत्त्वपूर्ण बात यह है कि अंग्रेजी शासन में अंग्रेज अधिकारी समाज के बहुत सम्मानित, शिक्षित, सभ्य, प्रतिष्ठित और आदरणीय पुरुष को ‘सर’ और महिला को ‘मैडम’ की उपाधि दिया करते थे। ‘सर’ और ‘मैडम’ कोई मामूली शब्द नहीं है बेटा…इसका हमेशा ध्यान रखना।” देवेन्द्र प्रधानाचार्य जी की बात से बहुत प्रभावित हुआ। बार-बार उसके मस्तिष्क में यह बात गूँज रही थी कि ‘सर और मैडम कोई मामूली शब्द नहीं है’।
पहली नौकरी के पहले दिन का अनुभव लिए देवेन्द्र अपने गाँव लौट रहा था। दिनभर की यादें उसे गुदगुदा रही थीं। मार्ग सीधा होता तो करीब एक घंटे में पहुँच जाता लेकिन पैदल, ऑटो और बस इन सबके चक्कर में उसे वापसी में करीब ढ़ाई से तीन घंटे का समय लग गया और घर-घर पहुँचते-पहुँचते शाम हो गयी। थकान के कारण शरीर का अंग-अंग ढीला पड़ चुका था। घर पहुँचते ही वह सबसे पहले माँ से लिपट गया। माँ ने आशा से भरी दृष्टि से निहारकर देवेन्द्र के सिर से अपनी उँगलियाँ घुमाते हुए अपनी कनपटी पर लाकर चटका दीं। फिर धीरे से बुदबुदाई, ‘किसी की नज़र न लगे।’ इसके बाद उसने देवेन्द्र का माथा चूम लिया। हर ओर से निराश माँ को देवेन्द्र में ही सारी उम्मीदें दिखाई देती थीं। उसे लगता था कि केवल यही लड़का उसके दिन बदल सकता है। माँ ने नेह दृष्टि देवेन्द्र पर डालकर उसे हाथ-मुँह धोकर आने को कहा और खुद रसोई में जाकर उसके लिए नाश्ता तैयार करने लगी। चाय का प्याला पकड़े और गर्मागर्म पकौड़ियाँ खाते हुए देवेन्द्र पूरे दिन की कहानी माँ को सुनाने लगा। बीच-बीच में माँ देवेन्द्र के चेहरे पर आयी चमक को देखकर उसके सिर पर हाथ फिरा देती और मन-ही-मन में फूली न समाती। भरे हुए पेट का अपना नशा होता है। जैसे-जैसे चाय और पकौड़ियों से देवेन्द्र का पेट भरता जा रहा था, उसकी आँखें भारी हो रही थीं। नींद का ऐसा झोंका आया कि वह वहीं बरामदे में बिछे तख्त पर लेट गया। इससे पहले कि नींद उसे अपनी बाँहों में भरती, उसने माँ से कहा, “माँ अब मुझे कुछ नहीं खाना है। बस सुबह जल्दी उठा देना…स्कूल जाने में दो घंटे से कम नहीं लगेंगे।”
पिछले दिन की थकान मिट चुकी थी। आज की सुबह देवेन्द्र को कुछ ज्यादा ही उत्साहित और चमकदार लग रही थी। देवेन्द्र स्कूल जाने के लिए तैयार हो चुका था। माँ के पैर छूकर और हाथों टिफिन के साथ ढ़ेर सारा आशीर्वाद लेकर वह अपनी यात्रा पर निकल पड़ा। कल जो कुछ उसके साथ बस में हुआ, उसकी स्मृति से एक पल को देवेन्द्र के मन में उथल-पुथल हुई लेकिन माँ की कही बात, ‘सब दिन होत न एक समान’ का ध्यान आते ही उसके मन की बेचैनी शान्त होने लगी। बस मिल गयी और बिना किसी अप्रिय या परेशान करने वाली घटना के वह उस दिन स्कूल पहुँच गया। प्रधानाचार्य जी ने उसी सौम्यता के साथ उसके स्वागत किया और उसे उसका टाइम टेबल बताया। प्रार्थना के बाद देवेन्द्र अपने टाइम टेबल के अनुसार अपनी कक्षा लेने चला गया। आज भी पूरा दिन बच्चों को पढ़ाने, उनके साथ बतियाने और खेलने में निकल गया।
देवेन्द्र को मनचाही खुशी मिल गयी थी। रोज सुबह-सुबह जाना उसे रोमांचित करता था। हर दिन कुछ नया और बेहतर पढ़ाने के लिए नयी-नयी योजनाएँ बनाना, नये नये खेलों से बच्चों को अचंभित कर देना, बच्चों का प्यार पाना और उन्हें प्यार देना यह सबकुछ देवेन्द्र के जीवन को बदलने लगा था। वह एकबार फिर अपना बचपन जी रहा था। विद्यालय के छात्र-छात्राएँ ही नहीं उसके सहयोगी अध्यापक भी उसे पसन्द करने लगे थे और वे सदैव उसका सहयोग करते थे। नौकरी अच्छी चल रही थी लेकिन एक सबसे बड़ी समस्या उसके सामने थी—रोज अस्सी किलोमीटर की यात्रा करने से उसके शरीर में थकावट रहने लगी थी। हालांकि बच्चों से बातें करके, उनके साथ समय बिताकर कुछ समय के लिए वह सारी थकावट भूल जाता था। लेकिन उसके चेहरे पर इसका असर दिखने लगा था। यह बात अलग थी कि बच्चों की भोली-भाली बातें उसे गुदगुदाती रहती थीं। विद्यार्थी अक्सर बहुत भोलेपन से उससे पूछते, “सर, संडे को स्कूल क्यों नहीं लगता?”
“क्योंकि संडे को छुट्टी होती है,” वह हँसकर कहता।
“पर संडे को छुट्टी क्यों होती है? हमें घर पर अच्छा नहीं लगता, सर आप प्रिंसिपल सर से कहिए ना कि वह संडे को भी स्कूल खोला करें,” बच्चों की बातों पर वह और प्रिंसिपल साहब खूब हँसते लेकिन उस दिन उन्होंने देवेन्द्र के साथ पक्की सड़क तक आते हुए कहा, “देवेन्द्र, मैंने नोटिस किया है कि पिछले एक महीने में तुम्हारे चेहरे की रौनक कम हो गयी है। तुम थके-थके और कमजोर लग रहे हो। क्या कोई परेशानी है?”
“नहीं सर, परेशानी तो कुछ नहीं है…हाँ थक बहुत जाता हूँ,” देवेन्द्र ने गहरी साँस छोड़ते हुए कहा।
“अब रोज़ अस्सी किलोमीटर का सफर करोगे तो थकोगे ही…तुम यहाँ रहने के विषय में क्यों नहीं सोचते?”
“सोचता तो हूँ, पर फिर गाँव में माँ अकेली रहेगी, ऊपर से यहाँ रहने का किराया और खाने का खर्चा…” देवेन्द्र पूरा वाक्य पूरा नहीं कर पाया था कि प्रधानाचार्य जी ने कहा, “अरे भाई, गाँव में तुम्हारे दो भाई और भी तो हैं माँ की देख-रेख करने के लिए और रही बात यहाँ के किराये व खाने के खर्चे की तो उसकी चिंता तुम मत करो। यहीं गाँव में तुम्हारे रहने और खाने की व्यवस्था बिल्कुल फ्री में हो जाएगी। इस गाँव में अध्यापकों का बहुत सम्मान है और यह बहुतअच्छी बात है कि कोई भी अध्यापकों से किराये या खाने के पैसे नहीं माँगता। किसी के भी घर तुम ठहर सकते हो कोई भी तुमसे न किराया माँगेगा और न ही खाने के पैसे। मैं आज ही बिट्टू के पिताजी से बात करता हूँ। हो सके तो तुम सोमवार को अपना सामान लेकर यहीं रहने के लिए आ जाओ। बाकी किसी बात की चिन्ता मत करना,” कहते हुए प्रधानाचार्य जी दूसरी और मुड़ गए और देवेन्द्र ऑटो का इंतजार करने लगा।

WhatsApp Image 2026-08-10 at 16.21.47 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment