वहाँ कौन है? (भाग 64)
सभी की निगाहें उस इकतारे पर टिकी थीं। कुछ क्षण पहले तक जो साधारण-सा वाद्य यंत्र पत्थर के एक कोने में पड़ा था, अब उसके तार से हल्की-सी नीली रोशनी निकल रही थी। उसके आसपास का अंधेरा जैसे उस रोशनी से थोड़ा पीछे हट गया था।
उसी समय उनके पीछे खड़ी आकृति धीरे-धीरे स्पष्ट होने लगी।
पहले केवल प्रकाश की एक धुंधली परत दिखाई दी फिर उसमें सिर का आकार बना, उसके बाद कंधे और धीरे-धीरे पूरा शरीर। वह एक स्त्री की आकृति थी। उसके वस्त्रों का कोई निश्चित रंग नहीं था। कभी वे नीले दिखाई देते, कभी हल्के सुनहरे और कभी बिल्कुल पारदर्शी, जैसे रोशनी ने ही उसका आकार धारण कर लिया हो। उसका चेहरा शांत था लेकिन उसमें कोई ऐसी स्थिरता थी जिसे देखकर सहज ही लगता था कि वह बहुत लंबे समय से किसी की प्रतीक्षा कर रही है।
वह धीरे-धीरे प्रभा की ओर बढ़ी और उसके सामने आकर रुक गई फिर उसने अपना दायाँ हाथ प्रभा की ओर बढ़ा दिया।प्रभा कुछ क्षण उसे देखती रही। उसे समझ नहीं आया कि वह स्त्री क्या चाहती है।
“क्या… आप मुझे कुछ कहना चाह रही हैं?” उसने पूछा।
स्त्री के होंठ हिले। उसने कुछ कहा भी, लेकिन कोई आवाज बाहर नहीं आई। प्रभा ने उसकी ओर थोड़ा झुककर देखा।
“आप बोल नहीं पा रही हैं?”
उस स्त्री ने फिर होंठ हिलाए। इस बार उसके चेहरे पर जैसे बेचैनी उभरी। उसने अपने गले पर हाथ रखा फिर सामने पड़े इकतारे की ओर देखा।
मायरा धीरे से उसके पास गई। उसने पहले उस स्त्री की ओर देखा उसके बाद इकतारे की ओर और फिर अपने कानों की तरफ इशारा किया।
“आप हमें सुन पा रही हैं?”
स्त्री ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
मायरा ने थोड़ा ऊँचे स्वर में कहा, “अगर आप सुन सकती हैं तो अपना हाथ उठाइए।”
स्त्री ने हाथ नहीं उठाया।मायरा ने प्रभा की तरफ देखा। उसने अपने हाथ से इशारा किया…पहले बोलने का, फिर सुनने का और अंत में इकतारे की ओर संकेत किया। स्त्री की आँखें लगातार उसके हाथों का पीछा करती रहीं लेकिन जैसे वह मायरा के इशारों का अर्थ पूरी तरह नहीं समझ पा रही थी।
सुख्खी कुछ देर से यह सब देख रहा था। उसने सिर खुजाया और फिर अपने पंजाबी अंदाज में बोला, “ओए कुड़िए… जे बोल नहीं सकदीं ते इशारियां नाल गल कर ले ना। असीं वी ते खड़े आं, तैनूं समझण दी कोशिश कर रहे आं।”
स्त्री ने तुरंत उसकी तरफ देखा।सुक्खी चुप हो गया,“ओए…” उसने आश्चर्य से कहा, “इसने मेरी बात समझ ली!”
उस स्त्री ने बहुत हल्के से सिर हिलाया।
“मतलब सुन भी सकती है!” सुक्खी की आँखें फैल गईं। “बस बोल नहीं सकती?”
इस बार स्त्री ने अपना हाथ गले पर रखा और फिर सिर हिला दिया।
कुमार ने गंभीर होकर कहा, “तो फिर यह हमें कुछ समझाना चाहती है।”
स्त्री ने इकतारे की तरफ इशारा किया फिर अपनी उँगलियों से जैसे कोई तार छेड़ने का संकेत किया।
उसके बाद उसने दोनों हाथों से ताल देने जैसी मुद्रा बनाई।प्रभा ध्यान से उसे देखने लगी।
“यह… गाने और नृत्य की बात कर रही है,” उसने धीरे से कहा।
स्त्री ने तुरंत उसकी ओर देखा।उसकी आँखों में पहली बार चमक आई।
वह फिर इकतारे की ओर इशारा किया लेकिन उसे छुआ नहीं। उसने अपनी उँगलियों से हवा में कुछ स्वर साधने जैसा किया। फिर पैर से तीन बार बहुत हल्की ताल दी—एक… दो… तीन।
प्रभा की आँखें अचानक ठहर गईं, “यह ताल…स्वर…आरोह,अवरोह, पकड़….” उसने बुदबुदाया।
उसने कुछ पल आँखें बंद कीं, “राग केदार।”
सभी उसकी ओर देखने लगे।
“तुम्हें कैसे पता?” उदय ने पूछा।
प्रभा ने कोई उत्तर नहीं दिया। उसकी आँखों के सामने जैसे बहुत पुराना कमरा उभर आया था। लकड़ी का फर्श, सामने बैठी उसकी संगीत शिक्षिका और हाथ में तानपुरा। वह समय जब वह कॉलेज के दिनों में नियमित रूप से संगीत सीखती थी।
“मेरी गुरुजी कहा करती थीं कि केदार को सिर्फ गाया नहीं जाता… उसे भीतर उतारना पड़ता है। इसमें स्वर जितने महत्वपूर्ण हैं, उतनी ही महत्वपूर्ण उसकी लय की शुद्धता है।”
उसने स्त्री की ओर देखा, “शायद यह चाहती है कि मैं गाऊँ।”
“तुम?” सुक्खी ने आश्चर्य से पूछा, “तुम गाती भी हो?”
प्रभा हल्का-सा मुस्कुराई, “गाती थी पर अब अभ्यास नहीं करती।”
उसने इकतारा उठाया। तार को छूने से पहले कुछ पल उसे देखा।
“कोई हँसेगा नहीं।”, उसने विशेष तौर पर सुक्खी को देखकर यह बात कही।
“क्यों?” कुमार ने पूछा।
“क्योंकि सुर शायद पहले जैसे न रहें।”
उसने इकतारे को धीरे से बजाया।पहली ध्वनि कुछ काँपती हुई निकली।प्रभा ने आँखें बंद कर लीं। दूसरे स्वर को साधने में भी उसे क्षण भर लगा। तीसरे स्वर पर उसकी आवाज थोड़ी स्थिर हुई।फिर उसने गाना शुरू किया…
“शांत पवन में स्वर कोई जागे,
मन के भीतर दीप जले।
आओ सुर की राह पकड़ लें,
जहाँ अँधियारे मौन ढले…”
उसकी आवाज में शुरुआत की झिझक धीरे-धीरे कम होती गई। कुछ ही पलों में वह अपनी पुरानी लय में लौटने लगी। उसके स्वर में कोई प्रदर्शन नहीं था। जैसे वह उन शब्दों को सामने खड़ी उस स्त्री तक पहुँचाना चाहती हो।
“मन के भीतर जो स्वर सोया,
आज उसे फिर बोलने दो…
टूटी ताल को जोड़ के फिर से,
पैरों को कुछ डोलने दो…”
आखिरी पंक्ति के साथ ही उस स्त्री के शरीर में हल्की-सी हलचल हुई।उसने अपना एक पैर आगे बढ़ाया फिर दूसरा।
पहले उसकी चाल बहुत धीमी थी। जैसे वर्षों से जकड़ी हुई देह किसी भूली हुई स्मृति को पहचान रही हो। प्रभा गाती रही।
स्त्री ने दोनों हाथ उठाए और बहुत धीमे से घूमी।उसके वस्त्रों से नीली रोशनी की पतली धारियाँ निकलकर हवा में फैल गईं।सभी चुपचाप उसे देखते रहे।अब उसके पैरों में लय आ चुकी थी।
वह नृत्य कर रही थी लेकिन वह नृत्य किसी सामान्य नृत्य जैसा नहीं था। उसके प्रत्येक कदम के साथ नीली-सफेद रोशनी के छोटे-छोटे कण हवा में उठते और फिर उसके चारों ओर घूमकर नीचे गिरते। कभी वह स्थिर हो जाती, कभी इतनी तेजी से घूमती कि उसका पूरा शरीर प्रकाश की वृत्ताकार रेखा जैसा दिखाई देने लगता।
प्रभा ने उसकी गति को देखते हुए अपनी गायकी की लय बदल दी।अब दोनों जैसे एक-दूसरे को समझ रहे थे।एक स्वर प्रभा का होता तो उसके जवाब में स्त्री का एक कदम।
प्रभा ताल बदलती, तो स्त्री की गति बदल जाती।धीरे-धीरे वह स्त्री इकतारे के पास आई और उसके सामने नृत्य करने लगी।
फिर अचानक उसने अपना मुँह खोला लेकिन आवाज नहीं निकली पर वह रुकी नहीं।उसने फिर कोशिश की।इस बार उसके गले से एक बहुत हल्की-सी ध्वनि निकली।
जैसे किसी बंद कमरे में बहुत वर्षों बाद हवा का पहला झोंका आया हो।प्रभा की आवाज एक पल को रुक गई।स्त्री ने उसे देखा।उसकी आँखों में आग्रह था।
प्रभा ने फिर गाना शुरू किया।स्त्री ने उसी स्वर को पकड़ने की कोशिश की। धीरे –धीरे उसका स्वर साफ सुनाई देने लगा।
सभी स्तब्ध रह गए। “यह… गा रही है,” उदय ने बहुत धीमे कहा।
अब उस स्त्री की आवाज धीरे-धीरे मजबूत होने लगी थी। वह प्रभा के स्वर के साथ स्वर मिला रही थी। कुछ देर बाद दोनों की आवाजें एक-दूसरे में घुल गईं।
इकतारा अपने आप बजने लगा।कोई उसे छू नहीं रहा था, फिर भी उसके तार से वही स्वर निकल रहे थे जिन्हें प्रभा गा रही थी।नृत्य और गायन एक साथ आगे बढ़ते रहे।अंतिम स्वर पर स्त्री ने दोनों हाथ ऊपर उठाए, एक चक्कर लिया और बिल्कुल स्थिर होकर रुक गई।
कुछ क्षण तक वहाँ पूर्ण शांति रही।फिर उसने प्रभा की ओर देखा और मुस्कुरा दी, “धन्यवाद।”
उसकी आवाज सुनकर सभी जैसे अपनी जगह से हिल गए।
“आप बोल सकती हैं!” मायरा के मुँह से निकला।
स्त्री ने धीरे से सिर हिलाया।
कुमार आगे बढ़ा, “आप कौन हैं? और आपकी आवाज… यह कैसे चली गई थी?”
स्त्री कुछ देर चुप रही, “बहुत समय पहले,” उसने कहना शुरू किया, “मैं एक ऐसे राज्य की नर्तकी थी जहाँ संगीत और नृत्य को केवल कला नहीं, साधना माना जाता था। मेरे गुरु बहुत कठोर थे। मैं उनकी प्रिय शिष्या थी और मुझे अपनी कला पर बहुत गर्व था।”
उसने एक क्षण के लिए आँखें झुका लीं।
“मेरी एक सखी भी मेरे साथ नृत्य सीखती थी। वह मुझसे अधिक प्रतिभाशाली थी लेकिन मैं यह स्वीकार नहीं कर पाती थी। एक प्रतियोगिता के दिन मैंने उसे हराने के लिए जानबूझकर उसका ध्यान भटकाने की कोशिश की लेकिन उसी प्रयास में मेरा अपना ध्यान भंग हो गया।”
उसके चेहरे पर पुरानी पीड़ा उतर आई, “मेरे स्वर कुछ और कह रहे थे और मेरे पैर किसी दूसरी लय पर चल रहे थे। मेरे गुरु ने इसे केवल गलती नहीं माना। उन्होंने कहा कि जिसने कला को साधना की जगह अहंकार बना लिया, उसके लिए स्वर और ताल दोनों मौन हो जाएंगे।”
“और उन्होंने आपको यहाँ भेज दिया?” प्रभात ने पूछा।
“हाँ। उन्होंने मुझे श्राप दिया कि जब तक मैं किसी ऐसे व्यक्ति के स्वर को पहचानकर उसके साथ अपनी लय न मिला दूँ, जिसकी इच्छा स्वयं के लिए कुछ पाने की न हो, तब तक मैं इसी विस्तार में रहूँगी। मेरी आवाज छीन ली गई और मेरे चारों ओर यह प्रकाश-दीवार बना दी गई।”
सुक्खी ने इकतारे की ओर देखा, “लेकिन यह इकतारा?”
स्त्री मुस्कुराई,“यह मेरे पास बचा एकमात्र साधन था। मुझे विश्वास था कि किसी दिन कोई आएगा जो मेरे भूले हुए राग को पहचान लेगा। मैंने कई बार इसे बजाने की कोशिश की, लेकिन मैं खुद ही भूल चुकी थी कि मुझे किस राग में गाना था और किस ताल पर नृत्य करना था।”
उसने प्रभा की ओर देखा, “आज तुम्हारे स्वर ने मुझे मेरी स्मृति लौटा दी।”
प्रभा कुछ कहती, उससे पहले मायरा की आँखें उस स्त्री के चेहरे पर टिक गईं।
उसे अचानक एलवारा की कही बात याद आई—प्रायश्चित केवल अपने लिए कुछ पाने से पूरा नहीं होता। किसी और के लिए कुछ करना पड़ता है, बिना यह सोचे कि उससे स्वयं को क्या मिलेगा।
और नीलांबरी की वह चेतावनी भी उसके भीतर कहीं फिर से जागी—दूसरों की सहायता करना, बिना अपने लाभ को देखे।
मायरा ने उस स्त्री की ओर देखा। शायद उसे इस यात्रा में अभी एक और उत्तर मिलना बाकी था…शायद यह भी उसके प्रायश्चित का एक छोटा-सा चरण था।
उस स्त्री ने दोनों हाथ जोड़ लिए, “तुम सबने मुझे मुक्त कर दिया।”
“हमने?” मायरा ने आश्चर्य से पूछा।
“हाँ। तुमने रास्ता खोजा, प्रभा ने स्वर दिया और बाकी सबने उसे पूरा होने दिया। मुक्ति कभी अकेले किसी एक व्यक्ति की नहीं होती।”
इतना कहते ही उसके शरीर से प्रकाश निकलने लगा।पहले उसके हाथ पारदर्शी हुए फिर चेहरा…फिर पूरा शरीर धीरे-धीरे नीली-सफेद रोशनी में बदलने लगा।
“रुकिए…” प्रभा ने कहा, लेकिन स्त्री मुस्कुरा रही थी।
“अब मुझे जाना है।”, वह पीछे हटी।उसके साथ ही सामने फैला नीला-सफेद विस्तार भी धीरे-धीरे सिकुड़ने लगा। रोशनी के कण हवा में उठे और एक-एक करके बुझने लगे।
कुछ ही क्षणों में वहाँ न वह स्त्री थी, न वह रहस्यमय विस्तार केवल पत्थरों से बनी वह जगह बची थी और उसके सामने एक नया रास्ता दिखाई दे रहा था।वह पहले वाली सुरंग जैसा नहीं था।
वहाँ की दीवारें अब भी पत्थर की थीं लेकिन उनमें नमी के बजाय हल्की चाँदी जैसी चमक थी। फर्श अपेक्षाकृत समतल था और दूर तक जाती उस राह के दोनों ओर बहुत पतली नीली रेखाएँ बनी थीं, जैसे किसी ने अंधेरे पत्थरों पर प्रकाश से रास्ता खींच दिया हो।
सभी कुछ देर तक उसे देखते रहे।
“तो… अब यही रास्ता है?” उदय ने पूछा। कोई कुछ नहीं बोला।
फिर कुमार ने धीरे से कहा, “चलें?”
मायरा ने सिर हिलाया।छह लोगों की परछाइयाँ उस नई सुरंग में आगे बढ़ गईं।पीछे, जहाँ कुछ क्षण पहले नीला विस्तार था, अब केवल शांत पत्थर थे लेकिन उनके भीतर एक प्रश्न अभी भी जीवित था—आगे इस रास्ते के उस पार आखिर कौन था?
Megha
( क्या लगता है आपको ,मंजिल करीब है न?)