अनिता रश्मि का उपन्यास ‘गुलमोहर के नीचे ‘ भाग -14

पुरस्कृत उपन्यास
गुलमोहर के नीचे

14

नीरज का बचपन से पारुल के घर आना-जाना था। कब दोनों के मन मिल गए, समय को भी पता नहीं चला। समय ने जानने की कोशिश भी नहीं की। केवल हाथ पकड़कर दोनों के साथ चलता गया।
नीरज एक जिम्मेदार, कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार युवा था। सामान्य कद-काठी का, साँवला लेकिन आकर्षक व्यक्ति। एक ऑफिस में अधिकारी।
“क्या खूबसूरत जोड़ी है। तुम दोनों का मन भी एक सा। बस, और क्या चाहिए पारुली।”
अक्सर नीलिमा बोलती।

नीलिमा वहीं रहकर बी.पी.एस.सी. की तैयारी कर रही थी। परीक्षा दी थी। आज रिजल्ट आया। उसे निकालना था ही। शुरू की मेधावी रही है।
ऊपर से अथक मेहनत। रात भर प्रतियोगी परीक्षा की पुस्तकों से जूझती रहती थी। वहाँ न कोचिंग की व्यवस्था थी, न ही एडमिशन-फीस के पैसे। बस, अपनी मेहनत पर भरोसा करना था। उसने भरपूर किया।
पारुल की खुशी का ठिकाना नहीं।
“नहीं निकालती, तब आश्चर्य की बात होती नीली। यह आश्चर्य की बात कहाँ।”
“अब इंटरव्यू देना है। मे बी चुन ली जाऊँ। दस तारीख को इंटरव्यू है।”
उसका विश्वास गहरा था।
“श्योर नीली! मैं भी आश्वस्त हूँ।”
पारुल ने खीरमोहन का बड़ा टुकड़ा उसके मुँह में डाला और हाँ में सर हिलाया।
उस दिन नीलिमा एकदम भारमुक्त होकर सोई।
सबेरे धूप चढ़ आयी, तब पारुल की नींद खुली। धूप खिड़की से झाँक रही थी। चारों ओर उजास फैला था। उसके मस्तक पर भी एक किरण लोट रही थी। वह अलसाई पड़ी रही। उसे माथे पर खेलती धूप की वह किरण भली लग रही थी।
एकाएक बाहर से नीलिमा की आवाज आई,
“पारुली! आओ बाहर, नीरज आया है।”
“इतना सबेरे? कुछ काम है क्या?”
वह हड़बड़ाकर उठने लगी। उठ न सकी। दोनों चोटियाँ पलंग के पायों से बँधी थीं, पेड़ से लिपटे सर्प की तरह। हॉस्टल के बाद पहली बार, उसे यह सजा मिली थी। बदला लेने की तरकीब सोचती वह चोटियाँ खोलने का यत्न करने लगी। एक तरफ बँधी रहतीं तो आसानी से खुल जातीं। मगर चोटियाँ दोनों तरफ से बँधी होने के कारण उसे उठने में भी तकलीफ हो रही थी।
तभी दरवाजा भड़ाक से खुला और ठहाकों का सिलसिला चालू। शांत निवेदिता पेट को दाबे झुक रही थी। नीरज सर को थोड़ा ऊपर उठाए हँस रहा था। उसके ठहाके बेकाबू हो चुके थे।
नीलिमा ने सर झुकाए प्रवेश किया। ठहाकों से चौंककर सर उठाया।
“अरे! यह हाल किसने किया? चोर-वोर तो नहीं आया था। रुक, कुछ उपाय करती हूँ। बिचारी पारुली!”
उल्टे पैर लौट गई नीलिमा। वापस आई, तो हाथ में शीशा था।
“देख पारुली, सुबह की धूप में तेरा चेहरा कितना खिल गया है।”
पारुल शीशे में चेहरा देख कुछ संकोच, कुछ क्रोध से भर उठी। संकोच का कारण नीरज था। चेहरे पर काजल और रोली से बनी विभिन्न आकृतियाँ नीलिमा के कुशल हाथों का कमाल थी।
अब उसकी खिसयानी हँसी भी शामिल हो गई। नीलिमा को हँसते देखकर पारुल क्रोध न कर सकी। कितने अधिक दिनों के बाद नीलिमा की रूठी बेबाक हँसी उसके होंठों पर वापस आ पाई थी। वह क्रोध करती भी कैसे?
कुछ देर बाद सब अपने-अपने में व्यस्त हो गए। निवेदिता बड़ा बैग कंधे पर थामे अन्दर आई। दस बजे का समय। नीलिमा को उसने खिड़की की पार झाँकते देखा ।
“क्यों रे शुतुरमुर्ग, चली चिड़ियाखाना?”
हल्के से मुस्कुराई वह, “हाँ दीदी।”
“अरी, हँसने में पैसा खर्च होता है क्या?”
निवेदिता फिक् से हँस दी
“दीदी, एक बात कहूँ?”
नीलिमा की बड़ी आँखों में प्रश्न तैर गया,
“क्या?”
“तुम हँसने-हँसाने, चिढ़ाने के लिए प्रसिद्ध हो। सब तुम्हें एक हँसोड़ ही समझने हैं। पर मैं जानती हूँ, तुम अंदर की पीड़ा को छिपाने के लिए यह सब करती हो। हमेशा से छिपाती ही रही हो।”
नीलिमा चौंक गई।
“यह बित्ते भर की छोकरी…और कोई नहीं समझ सका इसे।”

हॉस्टल में अंशु ने कहा था, “पागलों की तरह तेरी यह हँसी कभी-कभी अच्छी नहीं लगती। जोकरई मत करो नीलिमा।”
बड़े चाचा कहा करते थे,
“तुम्हारा काम ही हँसना-हँसाना है।”
सब कहते,
“बेहद हँसमुख है यह लड़की।”
किसी ने नहीं कहा था, “मैं तेरे अन्दर की गंभीरता का दर्शन पा गई हूँ।”
‘उसे तो अल्पभाषिणी यह छोकरी ही पकड़ पाई। क्या कहना चाहती थी वह, मेरी हँसी मुझे ही ठगती है? यह मेरा ढोंग है?’ नीलिमा ने सर को झटका दिया।
“हट साली जिंदगी! तेरी ऐसी की तैसी।”
इंटरव्यू के लिए बुलावा आया, तो उस हादसे के बाद पहली बार वह वहाँ से बाहर दूसरे शहर में गई। उस दिन पारुल के घर सब बड़े संतुष्ट थे कि अब इसकी जिंदगी को एक दिशा मिल जाएगी। सभी खुश! निवेदिता, बापा, नीरज और पारुल!
मासी माँ के टेढ़े होंठ भी मुस्कुराते से लगे। बड़ा प्यार आ रहा था सबको उस मेधावी, वक्त की मारी नीलिमा पर। सबके सब आश्वस्त,
“नीली तो निकाल ही लेगी।”
पारुल ने नीरज को नीलिमा के साथ कर दिया। इंटरव्यू अच्छा हुआ।
ढेर सारी मिठाइयाँ लेकर वह लौटी तो पारुल बरामदे में ही बेंत की कुर्सी पर आसन जमाए थी। निवेदिता मासी माँ के सुन्न पड़े हाथों में तेल मालिश कर रही थी। आशा में, शायद मालिश ही उन निर्जीव हाथों में प्राण ला दे।
मासी माँ का चेहरा उसे देखकर खिल उठा। एक भीगी सी करुणा जो अक्सर उनके होठों, चेहरे पर रहा करती थी, आजकल वह धुल-पुंछ गई है।
नीरज भी साथ था।
“फिर कब आएगी नीली?”
मासी माँ का इशारा समझ गई।
“अगली गर्मियों में नीरज और पारुल का ब्याह हो ही जाएगा, ब्याह में आऊँगी।”
दोनों को देखते हुए उसने कहा।
उसका बचपना अब हौले-हौले विदा लेने लगा था।

*******

WhatsApp Image 2026-06-22 at 12.07.12 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment