दर्द न जाने कोई
भाग -25
दर्द न जाने कोई
माँ से अलग होने में उसका कलेजा फटा जा रहा था। माँ के भी आँसू नहीं रुक रहे थे। माँ तो तभी से ही सुबक रही थी जब से उसे पता चला कि देवेन्द्र अब स्कूल के पास ही गाँव में रहेगा। उसने सुबकते हुए ही उसके लिए मठरी और बेसन के लड्डू बनाए थे। सामान बाँधते समय देवेन्द्र के मन में हूक उठ रही थी। पैदा होने से अब तक वह माँ से एक पल को भी अलग नहीं हुआ और आज उसे न जाने कितने दिनों के लिए माँ और गाँव से दूर जाना पड़ रहा था। उसका यह प्रवास भले ही चालीस किलोमीटर की दूरी पर था लेकिन जो घर से कभी चार किलोमीटर भी दूर न गया हो उसके लिए तो यह चालीस किलोमीटर चार सौ किलोमीटर के बराबर थे। घर छोड़ने की पीड़ा से उसे बार-बार रुलाई आ रही थी। यह ऐसी पीड़ा थी जो शरीर को नहीं मन को दुखा रही थी और मन की पीड़ा शारीरिक पीड़ा से भी अधिक कष्ट देती है। आज माँ बेटे दोनों ही इस पीड़ा से बेहाल थे। दोनों एक दूसरे के सामने नहीं पड़ रहे थे क्योंकि वे जानते थे कि एक-दूसरे से नजरें मिलते ही सब्र का बनावटी बाँध टूट पड़ेगा और आँसुओं का प्रवाह इतना तीव्र होगा कि दोनों के रोके से न रुकेगा।
भारी मन और आँसुओं से भरी आँखों से माँ ने देवेन्द्र को गले से लगा लिया। ऐसा लग रहा था कि आज माँ के शरीर के सारी शक्ति खत्म हो गयी हो। किसी तरह उसने हिम्मत करके देवेन्द्र से काँपते तथा गीले स्वर में कहा, “जल्दी आना देबू…” और इतना कहकर माँ फूट पड़ी। देवेन्द्र से भी न रहा गया। दोनों माँ-बेटे एक-दूसरे को सीने से लगाए बिलख कर रो पड़े। यूँ तो उनकी इस विदाई को देखने वाला वहाँ कोई नहीं था लेकिन यदि कोई होता तो निश्चय ही उन दोनों के इन भावुक क्षणों में स्वयं को रोक नहीं पाता। माँ तो ऐसे बिलख रही थी कि बेटा किसी स्कूल में नौकरी करने नहीं बल्कि बलि पर चढ़ने जा रहा हो। माँ का हृदय होता ही ऐसा है, अगर उसका वश चले तो वह अपनी संतान को एक पल के लिए भी आँखों के आगे से न हटने दे लेकिन संतान के सँवरते जीवन और भविष्य के कारण माँ अपने कलेजे पर पत्थर रख ही लेती है।
“हर छुट्टी में आऊँगा माँ, तू अपना ख्याल रखना,” देवेन्द्र के स्वर में भी कंपन और रूदन मिश्रित था। आँसुओं से आँखें गीली और कुछ-कुछ लाल हो रही थीं। देवेन्द्र ने अपना सामान उठाया और चल दिया। घर से आगे बढ़ते हुए वह जितनी बार मुड़कर देखता, पल्लू में मुँह दबाए माँ उसे दरवाजे पर ही खड़ी दिखायी देती। जैसे-तैसे मन को नियंत्रित कर वह तेज कदमों से आगे बढ़ता रहा। आँखें थीं जो सूखने का नाम ही नहीं ले रही थीं और दिल दर्द का तो कहना ही क्या? ऐसा लगता था कि आज धड़कन ही रुक जाएगी।
पिछले एक महीने से रोज सुबह-सुबह स्कूल जाते समय उसे बहुत अच्छा लगता था लेकिन आज न जाने क्यों उसे सफर बहुत खल रहा है। बस की खिड़की वाली सीट पर खिड़की से सिर टिकाए बाहर की ओर निहारते हुए वह अपने गाँव, नहर, बाग, पहाड़ी, घर, बहन-भाई सबको पीछे छोड़ रहा था। उनके साथ बिताया एक-एक पल उसे याद आ रहा था। उसकी हर स्मृति में माँ अवश्य होती थी। माँ के साथ जंगल जाना, बाजार जाना, सामान बेचना—ये सारे दृश्य किसी फिल्म की तरह उसके मस्तिष्क पटल पर चल रहे थे। इन्हीं में जब-जब माँ के द्वारा उसे पीटने के दृश्य आँखों के सामने आते तो उसके चेहरे पर मुस्कुराहट छा जाती। आज उसे अपनी पिटाई की स्मृति बहुत सुख दे रही थी। गुस्से में माँ की नाक फूलने लगती थी और उसे माँ की नाक देखकर हँसी आ जाती थी। माँ का गुस्से वाला चेहरा और फूली हुई नाक जैसे ही उसके मानस पटल पर उभरी उसकी हँसी निकल गयी। उसने इधर-उधर देखा, उसके आस-पास बैठे लोग ऊँघ रहे थे। देवेन्द्र फिर अपने घर, गाँव और माँ की यादों की ओर मुँह करके बैठ गया। दिल का दर्द अब काफी कम हो चुका था और बस का सफर भी समाप्त होने वाला था।
आज वह थोड़ा विलम्ब से विद्यालय पहुँचा। प्रधानाचार्य जी उसके हाथ में सामान देखकर समझ गए कि वह वहीं रहने के लिए मन बनाकर आया है। उन्होंने चपरासी से देवेन्द्र का सामान बिट्टू के घर ले जाने को कहा और देवेन्द्र को लेकर अपने कार्यालय में चले गये। उस दिन देवेन्द्र ने विद्यालय में पूरे दिन नहीं पढ़ाया। मध्यांतर में ही वह बिट्टू को साथ लेकर उसके घर चला आया और अपने रहने के लिए कमरा आदि देखकर उसे व्यवस्थित करने के बाद लेट गया। उसे आज बहुत थकावट लग रही थी। एक तो पिछले दो दिन से ठीक से सो नहीं पाया था, ऊपर से पिछले तीन-चार घंटे से रोते रहने के कारण भी उसकी आँखों में जलन और मन में भारीपन महसूस हो रहा था। जब हम मन से दुखी या प्रसन्न होते हैं तो हमारे चेहरे पर मन के भाव उभरने लगते हैं। प्रधानाचार्य जी की पारखी नजर ने देवेन्द्र के चेहरे पर झलकती उसकी मनोदशा को पढ़ लिया था। इसीलिए उसे इंटरवल में ही कमरे पर जाकर आराम करने की अनुमति दे दी। उसका तन तो बिस्तर पर निढ़ाल पड़ा था लेकिन मन अभी तक गाँव में ही मँडरा रहा था। कुछ ही देर में थकावट के कारण उसे नींद आ गयी।
सुबह-सुबह बिट्टू के साथ ही वह विद्यालय पहुँचा। तन-मन से उत्साहित देवेन्द्र को देखकर प्रधानाचार्य के चेहरे पर भी मुस्कान फैल गयी। कुछ लोगों का व्यक्तित्व इतना आकर्षक होता है कि मन उनकी ओर बरबस ही खिंचा जाता है। भले ही उनकी वेशभूषा एकदम साधारण हो लेकिन चेहरे पर दिव्यता की चमक सदैव बनी रहती है। उस पर मंदस्मित उस दिव्यता को असाधारण बनाती है। प्रधानाचार्य जी का व्यक्तित्व ऐसा ही था—सरल, सौम्य और आकर्षक। उनके सान्निध्य से ही मानो सारी पीड़ाएँ और चिन्ताएँ मिट जाती थीं। प्रधानाचार्य जी ने देवेन्द्र को अपने कार्यालय में बुलाया और उससे एक सरकारी योजना के विषय में बताते हुए कहा, “हमारी सरकार ग्रामीण बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उनके पाठ्यक्रम में खेद-कूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामान्य ज्ञान के विशेष सत्र आरंभ कर रही है। लगभग एक माह के प्रशिक्षण के बाद एक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। इन सभी में विद्यार्थियों की प्रतिभागिता अनिवार्य होगी। हमें अपने विद्यालय में भी आज से इसे लागू करना है। मैं चाहता हूँ कि तुम इसकी बागडोर अपने हाथों में लो। बच्चे तुमसे बहुत प्यार करते हैं, तुम ही इन्हें ये सारी चीजें सिखा सकते हो,” प्रधानाचार्य ने उस सरकारी आदेश की एक प्रति देवेन्द्र को देकर एक बड़े से पैकेट की ओर इशारा करते हुए अपनी बात आगे बढ़ायी, “कुछ किताबें और खेलकूद की सामग्री भी आयी है। इसे रिसीव कर लो और चैक कर लो। इसके अलावा तुम्हें कुछ और चाहिए तो मुझे बता देना।”
“जी सर, पर मेरी क्लासेज?” अपनी स्वीकृति देते हुए देवेन्द्र ने प्रश्न पूछा।
“फिलहाल तो तुम्हें यही सब कराना है। अभी एक माह तक तो कुछ और नहीं। मैं चाहता हूँ कि हमारे विद्यालय के बच्चे इन सभी में अपने नगर में ही नहीं बल्कि राज्य स्तर पर भी कोई न कोई स्थान प्राप्त करें,” प्रधानाचार्य जी ने सरलता के साथ आशान्वित होकर मुस्कुराते हुए आगे कहा, “चैक लिस्ट से सारा सामान चैक करो, उसके बाद क्लासेज में जाकर यह सूचना बच्चों को दे दो और उन्हें अपना नाम लिखवाने के लिए प्रेरित करो। मुझे पूरी उम्मीद है कि तुम यह काम आसानी से कर सकोगे।”
“जी बिल्कुल सर…मैं पूरी कोशिश करूँगा कि मेरे बच्चे फर्स्ट आएँ। क्या मैं आज से ही शुरू कर सकता हूँ?”
“हाँ-हाँ बिल्कुल, लेकिन पहले वह सामान देख लो” प्रधानाचार्य ने चपरासी को बुलाने के लिए घंटी बजायी। अगले ही पल चपरासी ने कमरे में प्रवेश किया। प्रधानाचार्य ने उसे पैकेट खोलकर सामान देवेन्द्र को देने का आदेश दिया। देवेन्द्र ने सारा सामान अच्छी तरह देखा। उसमें सामान्य ज्ञान की कुछ किताबें, खेल-कूद की मार्गदर्शिका और सामान, सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु बालगीत और बाल नाटकों की पुस्तकें तथा कुछ कैसेट्स थे। देवेन्द्र ने एक-एक कर सारा सामान लिस्ट से चैक किया। अपने हस्ताक्षर करके सारा सामान अपने संरक्षण में ले लिया तथा खुशी-खुशी बच्चों को बताने के लिए कक्षाओं की ओर चल पड़ा।
देवेन्द्र के मुँह से आवाज निकलने की देर थी कि विद्यालय के लगभग सभी बच्चे अपना नाम लिखवाने के लिए आतुर हो उठे। किसी ने खेलकूद में अपना नाम लिखवाया तो किसी ने गाने में, किसी ने नाटिका में नाम लिखवाया तो किसी ने सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में। विद्यालय के अन्य अध्यापकों ने भी देवेन्द्र का भरपूर सहयोग करने का वायदा किया। सामान्य ज्ञान और सांस्कृतिक क्रियाकलाप तो विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ चलने लगे लेकिन खेलकूद के लिए अतिरिक्त समय की आवश्यकता थी। वैसे भी दोपहर में धूप अधिक होने के कारण बाहर मैदान में खेलना संभव नहीं था। इसलिए खेल-कूद का समय शाम का रखा गया और इसके लिए स्कूल के आगे पड़े मैदान को समतल किया गया। उसके चारों ओर एक गोल घेरा बनाया गया। हर दिन शाम को वहाँ बच्चे जमा होने लगे इस सरकारी योजना ने न केवल देवेन्द्र के खालीपन और अकेलेपन को भरना शुरू कर दिया बल्कि स्कूल और शिक्षा के प्रति उदासीन गाँव वालों के मन में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने का काम किया। इस बहाने से देवेन्द्र को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर तो मिला ही साथ ही पूरे गाँव में देवेन्द्र और उसके व्यवहार के चर्चे भी होने लगे। देवेन्द्र भी पूरे मन से बच्चों को सरकारी मार्गदर्शिका के अनुसार अलग-अलग खेलों के विषय में समझाने लगा। गाँव वाले भी जब अपने बच्चों को हँसते-खेलते, गाते, नाचते और ड्रामें में भाग लेते देखते तो फूले नहीं समाते। अब तक उसके जैसा अध्यापक उन्होंने नहीं देखा था। उन्हें संविदा, शिक्षाकर्मी, सरकारी योजना जैसे भारी-भरकम शब्दों का कुछ पता नहीं था। वे तो बस यह जानते थे कि उनके बच्चों का भविष्य सुधारने के लिए सरकार ने एक बहुत योग्य अध्यापक को भेजा है। गाँव भर में देवेन्द्र को ‘मास्टर साहब’ कहकर बुलाया जाने लगा।
क्रमशः
लवलेश दत्त
क्रमशः
लवलेश दत्त
