मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -65

वहाँ कौन है? (भाग 65)

नई सुरंग में कुछ दूर तक चलने के बाद सभी की निगाहें उन नीली चमकती रेखाओं पर टिक गईं जो पत्थरों के बीच से होकर आगे बढ़ रही थीं। वे रेखाएँ किसी दीपक या मशाल की तरह रोशनी नहीं कर रही थीं बल्कि ऐसा लगता था जैसे पत्थर के भीतर ही कोई हल्का-सा प्रकाश बह रहा हो। जहाँ-जहाँ वे रेखाएँ थीं, वहाँ आसपास की चट्टानों का रंग भी कुछ अलग दिखाई देता था। पूरी सुरंग पहले की तुलना में साफ, शांत और किसी अनजानी वजह से अधिक पवित्र-सी लग रही थी।

प्रभात ने कुछ देर तक उन रेखाओं को देखते हुए कहा, “क्या तुम्हें लगता है कि हम अब उस आह्वान-स्थल के रास्ते पर पहुँच गए हैं, जिसके बारे में एलवारा ने बताया था? अब तक जितना देखा, उसमें तो हर चीज हमें उसी तरफ जाती हुई लग रही है। ये चमकती रेखाएँ, ये रास्ता… सब कुछ इतना अलग है कि लगता है शायद वही जगह अब ज्यादा दूर नहीं होगी।”

सुख्खी ने उसकी तरफ देखकर मुस्कुराते हुए कहा, “वाह! इस बार तो तूने मेरी वाली बात कर दी।”

प्रभात ने भौंहें सिकोड़ लीं। “कौन-सी तुम्हारी वाली बात?”

“यही कि जो सामने दिखाई दे रहा है, जरूरी नहीं कि वही सच हो लेकिन अब मैं तेरी वाली बात करूँगा।”

“मेरी वाली?”

“हाँ। यह भी तो हो सकता है कि हम सचमुच उसी आह्वान-स्थल की तरफ जा रहे हों।”

प्रभात हँस पड़ा। “तो फिर तुम कहना क्या चाहते हो?”

“मैं कुछ नहीं कहना चाहता। मैं बस इतना कह रहा हूँ कि यहाँ किसी चीज को देखकर तुरंत फैसला मत कर लेना। यह रास्ता मंदिर तक भी ले जा सकता है और किसी ऐसे रहस्य तक भी, जिसके बारे में हमने अभी सोचा तक नहीं है।”

“बिल्कुल,” उदय ने दोनों की बात सुनकर कहा। “हमें यह मानकर चलना चाहिए कि दोनों संभावनाएँ हैं। हो सकता है हम उस आह्वान-स्थल तक पहुँच जाएँ और यह भी हो सकता है कि यह रास्ता किसी दूसरी जगह का हो, जहाँ हमारे लिए कोई और रहस्य इंतजार कर रहा हो।”

मायरा चुप रही। वह केवल उन चारों को देखती रही।

कुमार भी आगे बढ़ते हुए कभी नीली रेखाओं को देखते, कभी सुरंग की दीवारों को। “जब तक पता न चले, तब तक किसी एक संभावना को सच मान लेना ठीक नहीं होगा।”

सब आगे बढ़ने लगे।कुछ दूर चलने के बाद मायरा अचानक रुक गई।उसने पीछे देखा…कुछ था,बहुत हल्की-सी आहट जैसे किसी के पैर पत्थर पर पड़े हों और तुरंत हट गए हों।

उसने कुछ क्षण तक अंधेरे को ध्यान से देखा। पीछे केवल कुमार, उदय, प्रभात, प्रभा और सुख्खी दिखाई दे रहे थे।

“तुम लोगों को पीछे से कुछ सुनाई दिया?” उसने पूछा।

सुक्खी ने पीछे मुड़कर देखा। “क्या?”

“ऐसा लगा जैसे… कोई हमारे पीछे चल रहा है।”

प्रभात ने कहा, “मुझे तो कुछ नहीं सुनाई दिया।”

उदय ने भी सिर हिला दिया।

प्रभा ने कहा, “मुझे भी नहीं।”

कुमार ने पीछे काफी देर तक देखा। “मुझे भी अभी कुछ महसूस नहीं हुआ।”

मायरा ने एक बार फिर अंधेरे को देखा। वहाँ कुछ नहीं था, “शायद मेरा भ्रम था,” उसने आखिरकार कहा और आगे बढ़ गई।

लेकिन कुछ कदम चलते ही उसके भीतर अचानक एक अजीब-सी स्मृति जागी…. वह तैर रही थी।पीछे उसका छोटा भाई था, जो उसे पकड़ने की कोशिश कर रहा था। वह उससे बचकर तेज तैरती और फिर जानबूझकर धीरे हो जाती ताकि वह उसे पकड़ सके। भाई के चेहरे पर वही शरारती हँसी थी जिसे वह भूल चुकी थी… मगर अब उसे सब याद आ चुका था।

मायरा चलते-चलते धीमी पड़ गई।उसने आँखें बंद कीं। “अर्णवेश…”

शब्द उसके होंठों से अनायास निकला फिर उसे याद आया—अठारह वर्ष।अठारह वर्ष बीत चुके थे।

उसका भाई अर्णवेष अब छोटा बच्चा नहीं रहा होगा। उसकी उम्र बढ़ चुकी होगी। उसके चेहरे पर बचपन की वह गोलाई भी नहीं रही होगी। शायद वह अब पूरी तरह बदल चुका होगा तो फिर अभी उसने उसे उसी उम्र में क्यों देखा?

मायरा ने सिर झटका, “यह भी भ्रम है,” उसने खुद से कहा।

वह आगे बढ़ती रही।उसे पता नहीं था कि जिस आहट को उसने महसूस किया था, वह पूरी तरह उसका भ्रम नहीं थी।कुछ ही दूरी पर, नीली रोशनी की उन रेखाओं के बीच, एक और प्रकाश बहुत धीमे-धीमे उनके साथ चल रहा था।

वह इतना हल्का था कि सुरंग की चमक में अलग दिखाई ही नहीं देता था।कभी वह पीछे रह जाता, कभी कुछ कदम आगे आ जाता लेकिन जब भी उनमें से कोई पीछे मुड़कर देखता, वहाँ केवल खाली रास्ता दिखाई देता।

“कौन हो सकता है ?”कहीं वह अंभोर तो नहीं, जो अब तक उनका पीछा कर रहा था?नहीं….नहीं, वह यहाँ नहीं आ सकता। तो फिर…किसी और लोक की कोई ऐसी शक्ति, जिसकी उपस्थिति उन्हें अभी दिखाई नहीं दे सकती थी?क्या राजगुरुओं की चेतना का कोई अंश उनकी रक्षा के लिए साथ आ रहा है?या स्वयं आर्यकेतु ने उन्हें सुरक्षित रखने के लिए किसी को उनके पीछे भेजा था?

पर मायरा के पास किसी प्रश्न का उत्तर नहीं था।कुछ देर बाद कुमार ने अचानक कहा, “मायरा।”

वह मुड़ी, “हाँ,क्या हुआ कुमार?”

“तुमने जो कहा था… मुझे भी अब कुछ वैसा ही महसूस हो रहा है।”

“क्या?”

“जैसे हमारे साथ कोई और भी चल रहा है।”

मायरा की आँखों में तुरंत सतर्कता आ गई,“ तुम्हें भी?”

कुमार ने सिर हिलाया,“लेकिन दिखाई कुछ नहीं दे रहा।”

सुख्खी ने दोनों की ओर देखा। “तुम दोनों को हो क्या रहा है? मुझे तो कुछ भी नहीं लग रहा।”

उदय ने भी कहा, “मुझे भी नहीं।”

प्रभात ने हँसते हुए कहा, “हो सकता है इस जगह की रोशनी और ये सुरंग हमारे दिमाग के साथ खेल रही हो।”

कुमार ने कुछ नहीं कहा। वह कुछ क्षण पीछे देखता रहा और फिर आगे बढ़ गया।इसी बीच उसने प्रभा की ओर देखा।

“एक बात तो अभी तक समझ में नहीं आई।”

प्रभा ने उसकी तरफ देखा।

“तुम यहाँ पहुँची कैसे?”

प्रभा कुछ पल चुप रही,“मुझे खुद नहीं पता।”

“लेकिन तुम तो हमें छोड़कर चली गई थीं,” प्रभात ने कहा। “गेस्ट हाउस से निकलने के बाद कहाँ गई थीं?”

प्रभा ने गहरी साँस ली, “मैं सच कह रही हूँ। मैं तुम लोगों को छोड़कर गई थी। गेस्ट हाउस से निकली और सीधे स्टेशन पहुँच गई थी। मैं अपनी गाड़ी का इंतजार कर रही थी। ट्रेन आने में समय था।”

वह कुछ पल रुकी, “वहाँ बैठी हुई थी तो बार-बार तुम लोगों का ध्यान आ रहा था। मुझे लग रहा था कि शायद मैंने गलत किया। शायद मुझे इस तरह बीच में सबको छोड़कर नहीं जाना चाहिए था। मन बहुत खराब था।”

मायरा ध्यान से उसकी बात सुन रही थी।

“फिर स्टेशन पर उद्घोषणा हुई कि मेरी ट्रेन किसी दूसरे प्लेटफॉर्म पर आने वाली है। यात्रियों से कहा गया कि उस प्लेटफॉर्म तक पहुँचने के लिए अंडरग्राउंड वे का इस्तेमाल करें।”

“अंडरग्राउंड वे?” सुख्खी ने पूछा।

“हाँ। वही रास्ता जो प्लेटफॉर्म के नीचे से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाता है। मैं उसमें चली गई।”

“फिर?”

“फिर बस चलती गई।”

प्रभा ने अपने माथे पर हाथ रखा और नेपथ्य में देखते हुए बोली, “मुझे इतना ही याद है। पहले मुझे लगा मैं स्टेशन के नीचे बने रास्ते में हूँ। फिर… कुछ बदल गया। मुझे पता ही नहीं चला कि वह रास्ता कब सुरंग बन गया और मैं यहाँ कैसे पहुँच गई।”

“तुम्हें बीच का कुछ भी याद नहीं?” उदय ने पूछा।

“नहीं।”

मायरा चुपचाप उसे देखती रही।यही बात उसे सबसे ज्यादा विचित्र लग रही थी। प्रभा ट्रेन पकड़ने स्टेशन गई थी। फिर वह एक अंडरग्राउंड रास्ते में गई और किसी तरह इस रहस्यमय सुरंग तक पहुँच गई। लेकिन उसे बीच की एक भी बात याद नहीं थी।

“यह संभव कैसे है?” उसने मन ही मन सोचा।

सुक्खी ने अचानक दोनों हाथ फैला दिए, “भई, अब क्या संभव है और क्या असंभव, इसका हिसाब रखना छोड़ दो। मुझे लगता है हमें अब इसकी आदत डाल लेनी चाहिए।”

प्रभात हँस पड़ा। सुक्खी ने प्रभा की ओर देखकर कहा, “और तुम इस बार कहीं जाने की मत सोचना।”

प्रभा ने उसे देखा। “क्यों?”

“पिछली बार गेस्ट हाउस से चली गई थीं। इस बार जिस रास्ते पर हम हैं, वहाँ से बाहर निकलने का रास्ता अभी तक तो वही कुआँ है। और हम इतना आगे आ चुके हैं कि अब वापस जाकर फिर वही सब शुरू करना कोई समझदारी नहीं होगी। मंजिल तक पहुँचना ही पड़ेगा।”

प्रभा ने शांत स्वर में कहा, “मैं वापस जाने के लिए आई भी नहीं हूँ।”

सुक्खी कुछ क्षण उसे देखता रहा, “अच्छा है,” उसने कहा, “क्योंकि इस बार तुम्हें जाने भी नहीं देंगे।”

प्रभा के चेहरे पर हल्की मुस्कान आ गई।मायरा उसके पास आई।
उसने छठा लॉकेट निकाल कर प्रभा की हथेली पर रख दिया।

प्रभा ने उसे देखते ही कुछ पल के लिए आँखें झपकाईं।

“यह…”

“तुम्हारा है। सवाल मत करो क्योंकि उसके कबाव हमारे पास भी नहीं।बस इसे पहन लो।”,

सुरंग अब पहले से ज्यादा चमक रही थी।नीली रेखाएँ दूर तक जाती हुई दिखाई दे रही थीं।सभी फिर आगे बढ़ने लगे।कुछ कदम ही चले होंगे कि कुमार अचानक रुक गया।उसका चेहरा बदल गया था।
“क्या हुआ?” उदय ने पूछा।

कुमार ने कोई उत्तर नहीं दिया।उसने अपने दाएँ कंधे की ओर देखा।उसे स्पष्ट महसूस हुआ था, किसी का हाथ उसके कंधे पर था…हल्का-सा स्पर्श…इतना वास्तविक कि उसकी पूरी देह एक क्षण के लिए सिहर उठी लेकिन वहाँ कोई नहीं था।

कुमार धीरे-धीरे पीछे मुड़ा और उस चमकती हुई सुरंग में, जहाँ बाकी सबको केवल नीली रोशनी दिखाई दे रही थी, उसके ठीक पीछे कुछ ऐसा था जिसे वह अभी देख नहीं पा रहा था।

लेकिन वह हाथ…उसका स्पर्श अभी भी उसके कंधे पर था।
Megha

( चलो प्रभा तो आ गई अब ये छः कुछ तो करेंगे ही। वैसे यह कौन आया ?)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment