रामबाबू नीरव का उपन्यास अग्निशिखा द्रौपदी : द्वितीय खंड प्रथम आख्यान

*महाभारत कथा*
————————
*अग्निशिखा : द्रौपदी:*
(द्वितीय खंड)
(प्रथम आख्यान)
*पांडवों तथा कौरवों की परीक्षा*
पांडवों तथा कौरवों की शिक्षा अब पूर्ण हो चुकी ‌थी। उनके गुरु द्रोणाचार्य ने अपने शिष्यों की एकाग्रता और अचूक निशानेबाजी को परखने के लिए परीक्षा लेने का निर्णय लिया। इस परीक्षा के लिए उन्होंने लकड़ी की एक चिड़िया बनवाई। इस कृत्रिम चिड़िया के आंख का लक्ष्य भेदन करना था। यह प्रतियोगिता सह कौशल प्रदर्शन रंगमहल के प्रांगण में आयोजित किया गया। गुरु द्रोणाचार्य ने उस चिड़िया को एक घने पेड़ की शाखा पर टांग दिया। फिर अपने शिष्यों के साथ साथ उन्होंने हस्तिनापुर के संरक्षक भीष्म पितामह, राजमाता सत्यवती, महाराज धृतराष्ट्र, महारानी गांधारी, महारानी कुंती, कुल गुरु कृपाचार्य, महामंत्री विदुर तथा अन्य सभासदों को भी इस सार्वजनिक प्रतियोगिता में आमंत्रित किया। राजकुमार दुर्योधन के मित्र वसुसेन (कर्ण) भी छुप कर इस प्रतियोगिता को देख रहे थे। कुछ ही दिन बीते थे, जब कर्ण महर्षि परशुराम से धनुर्विद्या की शिक्षा लेकर वापस आये थे।
सर्वप्रथम गुरु द्रोणाचार्य ने सबसे बड़े राजकुमार युधिष्ठिर को बुलाया और उन्हें निशाना साधने को कहा। जब युधिष्ठिर ने निशाना साध लिया तब गुरु द्रोणाचार्य ने पूछा –
“हे युधिष्ठिर, तुम्हें इस समय सामने क्या क्या दिखाई दे रहा है?” युधिष्ठिर ने बड़ी विनम्रता से उत्तर दिया –
“गुरुदेव, मुझे आप, आदरणीय भीष्म पितामह, महाराज धृतराष्ट्र, महारानी गांधारी, महारानी कुंती, महामंत्री विदुर, सभी गणमान्य सभासद तथा मेरे सभी भाई और पेड़ की एक शाखा पर बैठी हुई चिड़िया दिखाई दे रही है।”
यह सुनकर गुरु द्रोणाचार्य निराश हो गये और उन्होने राजकुमार युधिष्ठिर को बाण चलाने से रोक दिया तथा वहां से दूर हटकर खड़ा होने की आज्ञा दी। युधिष्ठिर ने थोड़ा लज्जित होते हुए गुरुदेव की आज्ञा का पालन किया। महाराज धृतराष्ट्र की बायीं ओर बैठे थे महामंत्री महात्मा विदुर और दायीं ओर बैठी थी अपनी आंखों पर पट्टी बांधे हुई महारानी गांधारी। चूंकि महाराज धृतराष्ट्र जन्मजात अंधे थे, अतः वहां का आंखों देखा हाल महात्मा विदुर ही उन्हें बता रहे थे। महाराज धृतराष्ट्र पुत्र मोह से ग्रसित थे और वे अपने बड़े पुत्र दुर्योधन की सफलता को सुनने को व्याकुल हो रहे थे। जब महात्मा विदुर ने उन्हें बताया कि राजकुमार युधिष्ठिर प्रतियोगिता में असफल हो चुके हैं, तब महाराज धृतराष्ट्र और उनकी धर्मपत्नी महारानी गांधारी को आन्तरिक प्रसन्नता हुई। अब वे दोनों अपने प्रिय पुत्र दुर्योधन की सफलता की खुशखबरी सुनने को व्यग्र हो उठे। उन दोनों को पूरी आशा थी कि इस प्रतियोगिता में उनके दो पुत्र दुर्योधन और दुशासन ही सफल होंगे। गुरु द्रोणाचार्य ने दूसरे प्रतिभागी के रूप में राजकुमार दुर्योधन को बुलाया और उन्हें भी निशाना साधने को कहा। जब दुर्योधन ने निशाना साध लिया तब द्रोणाचार्य ने उनसे भी वही प्रश्न किया जो उन्होंने युधिष्ठिर से किया था। दुर्योधन ने भी वही उत्तर दिया जो युधिष्ठिर ने दिया था। द्रोणाचार्य ने उन्हें भी रोक दिया और अलग हटकर खड़ा होने को कहा। वे भी वहीं जाकर खड़े हो गये, जहां युधिष्ठिर खड़े थे। अपने प्रिय पुत्र दुर्योधन की असफलता को जानकर महाराज धृतराष्ट्र के साथ साथ महारानी गांधारी भी शोकाकुल हो गयी।
इसी तरह बारी बारी से सभी राजकुमारों को निशाना साधने को कहा गया, परंतु सभी असफल रहे। अंत में गुरु द्रोणाचार्य ने अपने प्रिय शिष्य राजकुमार अर्जुन को बुलाया और उनसे भी वही प्रश्न किया। उनके प्रश्न के उत्तर में अर्जुन ने कहा –
“गुरुदेव, पेड़ की एक डाल पर मुझे सिर्फ ‍एक चिड़िया की दो आंखें दिखाई दे रही है।”
“ठीक है वत्स अर्जुन तुम उन आंखों पर ही लक्ष्य वेध करो।” गुरु द्रोणाचार्य ने अर्जुन को आज्ञा दी।
“जो आज्ञा गुरुदेव!” और इसके साथ ही अर्जुन ने उस चिड़िया की दोनों आंखों को तीर के अचूक निशाने से वेध डाला। अर्जुन की इस सफलता पर महाराज धृतराष्ट्र, महारानी गांधारी तथा उनके सभी पुत्रों को छोड़कर वहां उपस्थित बाकी सभी ‌लोग प्रसन्नता से झूम उठे और अर्जुन की जयकार मनाने लगे। सबसे अधिक प्रसन्नता भीष्म पितामह, महात्मा विदुर तथा महारानी कुन्ती को हुई। महाराज धृतराष्ट्र जहां अपने पुत्रों की असफलता पर क्षोभ से भरे हुए थे, वहीं अर्जुन की सफलता पर मन ही मन क्षुब्ध थे।
*वसुसेन (कर्ण) की ललकार*
तभी इस लोमहर्षक प्रतियोगिता को छुप छुप कर देख रहे वसुसेन (कर्ण) तीर की तरह सनसनाते हुए उस रंगशाला में प्रविष्ट हुए और आते के साथ बोल पड़े –
“कौन कहता है कि अर्जुन महान धनुर्धर हैं, यदि राजकुमार अर्जुन में साहस है तो मुझे पराजित करके दिखाए।” कर्ण को रंगशाला में देखकर तथा उसकी ललकार को सुनकर वहां उपस्थित सभी महानुभाव आश्चर्यचकित रह गये। पांडवों खासकर अर्जुन तो एकदम से स्तब्ध थे। यह कौन उच्छृंखल युवक है, जो अनधिकृत राजकुमारों की इस निजी प्रतियोगिता में आकर विघ्न डाल रहा है। सभी राजपुरुषों की भृकुटी तन गयी। महारानी कुन्ती को एकाएक धक्का सा लगा। उस युवक के कानों में चमक रहे दिव्य और अलौकिक कुंडल को देखते ही वे पहचान गयी – “यह युवक तो मेरे गर्भ से उत्पन्न सूर्यदेव का पुत्र है।” उनके सम्पूर्ण शरीर में झुनझुनी सी उत्पन्न हो गयी। सर्वांग कांपने लगा। आंखें छलछला पड़ी। बड़ी कठिनाई से वे अपनी मनोदशा पर नियंत्रण कर पाने में सफल हो पायी। भीमसेन की इच्छा हुई कि इस भरी हुई सभा में ही इस उच्छृंखल युवक का सर अपनी गदा से टुकड़े टुकड़े कर दे। परंतु राजकुमार युधिष्ठिर ने उन्हें रोक दिया। सभी राजपुरुष जहां कर्ण को देखकर चकित थे, वहीं दुर्योधन प्रसन्नता से झूम उठा। कोई तो ऐसा पराक्रमी है जो स्वयं को सर्वश्रेष्ठ धनुर्धर माननेवाले अर्जुन को इस भरी हुई सभा में चुनौती देने आया है। कर्ण किसी शार्दूल की तरह चलते हुए अर्जुन के समक्ष आये और उन्हें ललकारते हुए बोले –
“हे अर्जुन, मैंने तुम्हारे शौर्य को देख लिया है। मैं तुमसे भी उत्तम शौर्य का प्रदर्शन हस्तिनापुर के गणमान्य महानुभावों के समक्ष कर सकता हूं। यदि तुम में साहस है तो मुझसे युद्ध करो।” अर्जुन कर्ण की इस चुनौती को सुनकर हतप्रभ रह गये। उन्हें स्वप्न में भी आशा न थी किन्तु इस प्रतियोगिता स्थल पर कोई बाहरी व्यक्ति आकर उन्हें चुनौती भी दे सकता है। वे कर्ण के स्वाभिमान से दमक रहे मुखड़े की ओर देखते हुए बोले –
“हे वीर! यदि अन्यत्र कहीं आपने मुझे यह चुनौती दी होती तो मैं सहर्ष स्वीकार कर चुका होता, परंतु आपको यह समझ लेना चाहिए कि यह अखाड़ा सिर्फ हम राजकुमारों के लिए ही आयोजित की गई है। अपनी प्रशंसा स्वयं करनेवाले किसी बड़बोले अभिमानी और अपनी शक्ति का ढिंढोरा पीटने वाले किसी अहंकारी के लिए नहीं।” उन दोनों योद्धाओं के बीच हो रहे इस वाक्युद्ध को देखकर कुल गुरु कृपाचार्य अपने आसन से उठे और कर्ण की ओर उपेक्षा भाव देखते हुए से बोले –
“धृष्ट युवक, तुम हो कौन जो इस तरह से हस्तिनापुर के राजकुमारों की इस निजी प्रतियोगिता में आकर राजकुमार अर्जुन को ललकार रहे हो? पहले तुम अपना परिचय दो और अपने कुल का नाम बताओ?”
“हे गुरुवर कृपाचार्य जी। वीर योद्धाओं की न तो कोई जाति होती है और न ही कुल। वीरता ही योद्धाओं की पहचान होती है। फिर भी अपलोग जानना ही चाहते हैं तो जान लें, मैं महाराज धृतराष्ट्र के सारथी अधिरथ जी का पुत्र हूं, मेरा नाम वसुसेन या राधेय है।”
“ओह! अर्थात तुम एक सूतपुत्र हो।” कुल गुरु कृपाचार्य उपेक्षा से अपना मुंह सिकोड़ते हुए बोले। सभी महानुभावों की भृकुटी एकबार फिर तन गयी। अब तक पांडव वसुसेन (कर्ण) को पहचानते न थे। मात्र दुर्योधन ही उसे पहचानता था और उसे आशा थी कि एक दिन यह वीर उसके काम आएगा। इसलिए ही वह उसे अपना मित्र बना चुका था। कृपाचार्य की उपेक्षा पूर्ण बातें सुनकर कर्ण तनिक भी विचलित हुए बिना निर्भीकता से बोले –
“आचार्यवर क्या सूतपुत्र होना अपराध है?”
“हां अपराध है। कम से कम राजकुमारों की इस प्रतियोगिता में किसी का अनाधिकार आना और राजकुमारों को ललकारना तो अपराध है ही।” कृपाचार्य ने तीखे स्वर में कहा। इस बार कर्ण निरुत्तर हो गये। वे अपने मित्र दुर्योधन की ओर दयनीय भाव से देखने लगे। दुर्योधन झटकते हुए उसके समक्ष आये और अपना मुकुट कर्ण को पहनाते पहनाते हुए ओजस्वी स्वर में बोल पड़े –
“यदि कोई राजा या राजकुमार ही इस प्रतियोगिता में भाग ले सकता है, तो मैं अपने मित्र वसुसेन को महाराज धृतराष्ट्र की आज्ञा से अंग देश का राजा नियुक्त करता हूं।” दुर्योधन की इस घोषणा को सुनकर उस सभा में सन्नाटा पसरा गया। महाराज धृतराष्ट्र ने भी अपने पुत्र की इस घोषणा का अनुमोदन कर दिया। वसुसेन (कर्ण) अपने मित्र दुर्योधन की इस कृपा के लिए उनके ऋणी हो गये। वे दुर्योधन के समीप आकर उनसे लिपटते हुए भावविभोर स्वर में बोले –
“राजकुमार दुर्योधन, आपने इस भरी सभा में मेरी प्रतिष्ठा रख ली, मैं आपके इस उपकार का जीवन भर के लिए ऋणी हो गया। आवश्यकता पड़ी तो मैं आपके लिए अपने प्राण तक न्यौछावर कर दूंगा।”
दुर्योधन ने वसुसेन को अपनी बाहों में भर लिया –
“मित्र, एक मित्र ही मुसीबत में पड़े हुए अपने मित्र के काम आता है। आपको अपमानित होते हुए भला मैं कैसे देख सकता था?”
सभी अवाक थे। पांडवों का मुखड़ा मुर्झा गया। महारानी कुंती चुपचाप अपनी आंखों में आ गये आंसुओं को पोंछने लगी।
∆∆∆∆∆

WhatsApp Image 2026-05-27 at 16.08.03 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment