मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -66

वहाँ कौन है? (भाग 66)

कुमार कुछ क्षण तक बिल्कुल स्थिर खड़ा रहा। उसके कंधे पर रखा हाथ अब भी उसे साफ महसूस हो रहा था। उसने धीरे-धीरे गर्दन घुमाई और अगले ही क्षण उसकी आँखें आश्चर्य से फैल गईं।

उसके ठीक पीछे लैवेरा खड़ी थी।उसके चेहरे पर वही परिचित मुस्कान थी जिसे कुमार ने द्युतिलोक में कई बार देखा था। उसके शरीर से निकलने वाला हल्का नीला प्रकाश आसपास की चमकती रेखाओं में इस तरह घुल गया था कि अब तक उसकी उपस्थिति अलग से दिखाई ही नहीं दे रही थी।

“लैवेरा!”,कुमार की आवाज में आश्चर्य के साथ चिंता भी थी।

लैवेरा मुस्कुराई,“तुम्हें मेरे आने की खबर होनी चाहिए थी।”

“तुम यहाँ कैसे आ गई?”

“मुझे तो तुम्हारे पास आना ही था,” उसने सहजता से कहा, “लेकिन तुम मुझे समझ ही नहीं पाए।”

कुमार कुछ कहता, उससे पहले उसकी निगाह लैवेरा के पीछे चली गई।

वहाँ एक और आकृति थी।पहले वह केवल धुंधली-सी दिखाई दी। फिर जैसे सुरंग की नीली रोशनी उसके चारों ओर से हटने लगी। धीरे-धीरे एक चेहरा उभरने लगा।

कुमार का चेहरा पीला पड़ गया,“नहीं…”

लैवेरा ने उसकी ओर देखा,“क्या हुआ?”

कुमार ने उस आकृति को पहचान लिया था, “नैव!”

आकृति अब पूरी तरह स्पष्ट थी।नैव शांत खड़ा था। उसके चेहरे पर हल्की मुस्कान थी और आँखों में ऐसी चमक जैसे वह कुमार की घबराहट का आनंद ले रहा हो।

लैवेरा उसकी ओर मुड़ी और मुस्कुरा दी, “तुम आ गए।”

नेव ने उसकी ओर हाथ बढ़ाया,“मैंने कहा था न, मैं लौटूँगा।”

लैवेरा बिना किसी संकोच के उसकी ओर बढ़ने लगी।कुमार ने उसका हाथ पकड़ कर रोकने की कोशिश की,“लैवेरा, रुको!तुम भूल गई उसने क्या किया था!”

लेकिन उसने कुमार की ओर देखा तक नहीं।“वह बदल चुका है, कुमार।”

“तुम्हें कैसे पता?”

“उसने अपनी गलती मान ली है। उसने मुझसे माफी माँगी है। एलवारा ने भी उसे माफ कर दिया है।”

कुमार के माथे पर पसीना आ गया।

“तुम फिर उसी पर विश्वास कर रही हो?जिस आदमी ने तुम्हें केवल इसलिए अपने करीब किया क्योंकि उसे एलवारा तक पहुँचना था? जिसने तुम्हारी भावनाओं का इस्तेमाल किया? जिसने तुम्हें धोखा दिया?”

“वह अब वैसा नहीं है।”

“तुम उसे जानती तक नहीं हो!”,कुमार की आवाज ऊँची हो गई।,“तुम्हें यह तक नहीं पता कि वह वास्तव में कौन है!”

लेकिन लैवेरा अब नैव के पास पहुँच चुकी थी।नैव ने उसका हाथ पकड़ लिया।उसकी आँखों की चमक अब और गहरी हो गई थी।

“लैवेरा,” उसने धीमे स्वर में कहा, “अब हमें कोई नहीं रोक सकता। हम एलवारा की सभी शक्तियाँ हासिल करेंगे। एलवारा को भी अपनी ओर कर लेंगे फिर इस ब्रह्मांड पर हमारा अधिकार होगा।”

उसने कुमार की ओर देखा, “और इसे…”उसकी मुस्कान कुछ और फैल गई,“इसे तुम जैसा चाहो वैसा रखना। चाहे तो गुलाम बना लेना…आखिर इसने तुम्हें मुझसे दूर करने की बहुत कोशिश की है।”

कुमार गुस्से से काँप उठा,“लैवेरा! तुम्हें दिखाई नहीं दे रहा कि वह फिर तुम्हें अपने जाल में फँसा रहा है?”

वह चिल्लाया,“वापस आओ!”

लेकिन लैवेरा ने जैसे उसकी आवाज सुनी ही नहीं।

“लैवेरा!”

कुमार की आवाज सुरंग में गूँज गई।उसी क्षण किसी ने उसके कंधे पर हाथ रखा।कुमार झटके से पीछे मुड़ा।मायरा उसके पास खड़ी थी।

“क्या हुआ?”

कुमार ने घबराकर सामने इशारा किया,“देखो! लैवेरा… और नैव!”

मायरा ने उसी दिशा में देखा।उसके चेहरे का रंग अचानक उड़ गया लेकिन उसके सामने नैव नहीं था।वहाँ कोई और खड़ा था।

एक चेहरा जिसे देखते ही उसके भीतर जैसे वर्षों से दबे हुए सारे घाव एक साथ खुल गए।

“अंभोर!”,मायरा की साँस अटक गई।उसकी आँखें उस चेहरे पर टिक गईं।कुछ क्षण तक वह बोल नहीं सकी फिर उसके होंठ काँपे।, “क्यों किया… अंभोर?”

उसकी आवाज इतनी धीमी थी कि जैसे वह खुद से पूछ रही हो, “क्यों किया तुमने ऐसा?”

वह एक कदम आगे बढ़ी,“मैंने तुम पर विश्वास किया था।”उसकी आँखें भर आईं,“मैं तुम्हें क्या समझती थी… और तुम क्या निकले?”

उसके भीतर जैसे कोई पुराना संसार टूट रहा था,“मेरे पिताजी कहाँ हैं?”

उसकी आवाज अब काँपने लगी, “मेरी माँ के साथ तुमने ऐसा क्यों किया?”

वह और आगे बढ़ी, फिर अचानक रुक गई,“मेरा भाई कहाँ है?जबाव दो तुम !”उसने अपने चेहरे पर हाथ रख लिया।“तुमने सब कुछ छीन लिया… सब कुछ।”

कुछ क्षण बाद उसकी आँखों में आँसू की जगह एक दूसरी चमक उतरने लगी।उसने अंभोर को सीधे देखा, “लेकिन तुम्हें क्या लगता है?”

उसका स्वर धीरे-धीरे स्थिर हो गया, “कि तुमने सब खत्म कर दिया?”

वह सिर उठाकर खड़ी हुई,“नहीं।”उसकी आँखों में अब दृढ़ता थी।“कुछ खत्म नहीं हुआ है। मैं सब ठीक करूँगी।”

उसने गहरी साँस ली,“मैंने निश्चय कर लिया है।”

अचानक सामने खड़ा अंभोर धुंधला पड़ने लगा।मायरा ने पलकें झपकाईं।अगले ही क्षण वहाँ कोई नहीं था।

“अंभोर?”,वह चौंककर आगे बढ़ी।“अभी तो यहीं था!”

कुमार ने उसकी ओर देखा,“कौन?मायरा, यहाँ कोई अंभोर नहीं था।”

मायरा ने उसकी ओर देखा,“क्या कह रहे हो?अभी वही सामने ही तो था वह!”

“देखो। वहाँ नेव खड़ा है। उसके पास लैवेरा है।”,मायरा ने फिर उस दिशा में देखा लेकिन वहाँ उसे केवल खाली रोशनी दिखाई दी।

“नहीं,” उसने धीमे से कहा, “वहाँ कोई नैव भी नहीं है।”

कुमार ठिठक गया,“क्या?”

उसी समय प्रभात उनके पास आ गया,“तुम लोग यहाँ क्या कर रहे हो? किसे देख रहे हो?”

कुमार और मायरा ने एक-दूसरे की ओर देखा।प्रभात ने सामने देखा, “कहाँ है लैवेरा? कहाँ है नेव और अंभोर?”

वह कुछ और कहता, उससे पहले अचानक उसने अपने पैर की ओर देखा,“अरे!”

उसकी आवाज में घबराहट थी।एक हरी-काली लता उसके पैर के चारों ओर लिपट चुकी थी,“इसे हटाओ!”

वह झुककर उसे खींचने लगा लेकिन जितना खींचता, लता उतनी कसती जाती,“ये …ये यहाँ कहाँ से आ गई?”

उसने दूसरी लता देखी जो पत्थर की दरार से निकलकर उसके टखने तक पहुँच चुकी थी।उसकी सतह पर छोटे-छोटे काँटे थे।

“कुमार! इसे हटाओ!हेल्प प्लीज़ हेल्प मी!”, प्रभात घबरा कर अपने दोनों हाथों से उन बेलों को खींचने लगा मगर वह जितना हटाने की कोशिश करता ,वे उतनी ही अधिक ताकत से उसके शरीर पर लिपट जातीं।

उसकी चीख पुकार सुन कर ,सब उसकी ओर दौड़े लेकिन उन्हें वहाँ कोई लता दिखाई नहीं दे रही थी।प्रभात बुरी तरह अपना पैर छुड़ाने की कोशिश कर रहा था, “ये खून चूस रही हैं!”

उसने अपने पैर पर हाथ मारा,“देखो! ये कीड़े भी हैं!”

उसकी त्वचा पर उसे छोटे-छोटे रक्तपायी कीट रेंगते दिखाई दे रहे थे। पर वास्तव में वहाँ कुछ भी नहीं था।केवल चमकती हुई पत्थर की फर्श थी।

कुमार ने प्रभात को पकड़कर स्थिर करने की कोशिश की, “प्रभात! यहाँ कुछ नहीं है।”

“तुम्हें दिखाई नहीं दे रहा?”

“नहीं।”

“लेकिन ये मुझे काट रहे हैं!”

वह लगभग चिल्ला पड़ा अचानक कुमार की निगाह पूरी सुरंग पर गई।नीली रेखाएँ…चमकती चट्टानें…शांत रास्ता।

और फिर उसके मन में अभी-अभी घटी घटनाएँ एक साथ जुड़ने लगीं।उसे लैवेरा दिखाई दी थी…मायरा को अंभोर दिखाई दिया था…प्रभात को विषैली लताएँ और रक्तपायी कीट दिखाई दे रहे थे।

कुमार ने धीमे स्वर में कहा, “यहाँ कुछ गड़बड़ है।”

मायरा उसकी ओर देखने लगी,“क्या?”

“मुझे लगता है… यह रास्ता हमें केवल बाहर का रास्ता नहीं दिखा रहा।”,उसने चारों ओर देखा।“यह हमारे भीतर कुछ दिखा रहा है।”

उदय ने पूछा, “तुम कहना क्या चाहते हो?”

कुमार ने उत्तर देने से पहले गहरी साँस ली, “हम सबको कुछ अलग दिखाई दे रहा है। शायद वही, जिससे हम सबसे ज्यादा डरते हैं।”

तभी सुरंग में एक आवाज गूँजी।वह किसी एक दिशा से नहीं आई थी। जैसे स्वयं पत्थरों के भीतर से निकल रही हो।

“तुमने सही पहचाना।”

सभी चौंककर खड़े हो गए।मायरा ने चारों ओर देखा।आवाज फिर आई।

“यह स्थान ‘अंतरभय-पथ’ कहलाता है। यहाँ आने वाला व्यक्ति अपने बाहर के शत्रु से नहीं, अपने भीतर के सबसे बड़े भय से सामना करता है।”

मायरा की आँखें गंभीर हो गईं।

आवाज आगे बोली, “मनुष्य संसार को जीतने की इच्छा तो बहुत करता है, लेकिन अपने भीतर उठने वाले भय को जीतना सबसे कठिन समझता है। जबकि बाहरी संसार पर विजय की शुरुआत भीतर से ही होती है।”

“जिस भय से तुम भागते हो, वही भय तुम्हारा पीछा करता रहता है। जब तक तुम उसके सामने खड़े होकर यह नहीं कह देते कि अब तुम मुझे नियंत्रित नहीं कर सकते, तब तक कोई भी मार्ग तुम्हें पूरी तरह मुक्त नहीं कर सकता।”

कुमार ने धीमे से पूछा, “तो क्या हमें यहाँ अपने-अपने डर का सामना करना होगा?”

“हाँ।”, आवाज में कोई कठोरता नहीं थी।“यहाँ शक्ति तलवार से नहीं मिलती। यहाँ शक्ति उस क्षण जन्म लेती है जब मनुष्य अपने भय को पहचानकर भी उसके सामने झुकने से इनकार कर देता है।”

“हम आपकी बात समझ गए लेकिन आप कौन हैं?”,कुमार ने पूछा।

” राजगुरु का ही एक अंश जो तुम्हें निर्देशित करने के लिए यहां रुका था, अब मेरा काम पूरा हुआ। राजकुमारी नीलवलया…अप्रत्यक्ष रूप से तुमने मेरे दो अंशों को एक कर दिया है। कल्याण हो।”, इसके साथ ही स्वर बंद हो गया। ऐसा लगा जैसे हवा का तीव्र आवेग वहां से गुजर गया हो।

मायरा ने आँखें बंद कीं…उसने अंभोर को देखा था…अपने माता-पिता को खोने का भय देखा था…अपने भाई के लिए चिंता देखी थी लेकिन इस बार वह उन स्मृतियों से भागी नहीं थी।उसने स्वयं से कहा था—मैं सब ठीक करूँगी।

कुमार ने उसे देखा, “तुमने अपने भय को पहचान लिया है और अब हमें भी वही करना होगा।”

कुमार ने एक क्षण के लिए उस दिशा में देखा जहाँ उसे अभी तक नेव दिखाई दे रहा था।

“मुझे पता है मेरा भय क्या है।”,उसके चेहरे पर दृढ़ता आ गई। “नैव।”उसने सामने देखा, “तुम मेरे सामने जितनी बार भी आओ, मैं तुम्हें अपनी राह नहीं रोकने दूँगा।”

उसने मुट्ठी भींच ली, “मेरे पास अब वह शक्ति है जिसकी मदद से मैं आह्वान-स्थल तक पहुँचूँगा। एलवारा के अंश को वापस लाने का रास्ता खोजूँगा।”वह कुछ क्षण रुका, “और तुम सफल नहीं हो पाओगे।”

नैव की आकृति उसकी आँखों के सामने कुछ क्षण रही।फिर धीरे-धीरे धुँधली होने लगी और देखते ही देखते वह भी गायब हो गया साथ ही लेविरा भी।

कुमार के सामने केवल नीली रोशनी थी।उसने लंबी साँस छोड़ी, “चला गया।”

फिर उसकी नजर प्रभात पर पड़ी,“लेकिन प्रभात… तुम्हें क्या दिखाई दे रहा है?”

प्रभात कुछ बोल नहीं पाया।कुमार उसके पास गया,“तुम हमें अभी तक नहीं बता रहे हो। हम सबको अपने-अपने डर का सामना करना पड़ रहा है। तुम भी उससे भागोगे तो आगे कैसे बढ़ोगे?”

प्रभात ने होंठ खोले ही थे कि उदय की नजर अचानक सुक्खी पर पड़ी।

“सुक्खी…?”

सबकी नजर उसी दिशा में चली गई। सुक्खी जमीन पर घुटनों के बल बैठा था।उसके दोनों हाथ जुड़े हुए थे।उसका सिर झुका हुआ था और उसकी आँखों से आँसू लगातार बह रहे थे।

किसी ने सुखी को इस तरह कभी नहीं देखा था जो व्यक्ति हर मुश्किल में मजाक ढूँढ़ लेता था जो डरावनी परिस्थितियों में भी किसी न किसी बात पर सबको हँसा देता था, वह इस समय पूरी तरह टूट चुका था।उसके कंधे काँप रहे थे।

“सुक्खी..”,उदय ने धीरे से पुकारा।

सुक्खी ने सिर उठाया।उसकी आँखों में ऐसा पछतावा था कि उसे देखकर बाकी सभी चुप हो गए।उसने दोनों हाथ और कसकर जोड़ लिए।

“मेरी कोई गलती नहीं थी…”,उसकी आवाज टूट रही थी।“मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की थी…”।उसकी आँखों से आँसू फिर बह निकले, “मैंने जानबूझकर नहीं किया था…”

वह कुछ क्षण बोल नहीं पाया फिर उसने सामने देखते हुए लगभग फुसफुसाकर कहा, “लेकिन… मुझे माफ कर दो।”

सुरंग की नीली रोशनी में उसका चेहरा भीग रहा था, “मुझे माफ कर दो… मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की थी।”
Megha

(सुक्खी के सामने कौन था, किससे वह माफी माँग रहा था और ऐसा कौन-सा अपराध था जिसे वह इतने वर्षों से अपने भीतर दबाए हुए था, जानने के लिए ढेर सारे कमेंट्स कीजिए पहले।)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment