मेघा राठी का उपन्यास ‘वहाँ कौन है ‘ भाग -67

वहाँ कौन है? (भाग 67)

सुक्खी का चेहरा आँसुओं से तर-बतर हो रहा था। अब वह जमीन पर लगभग लोट-सा गया था। उसके शरीर की सारी शक्ति जैसे खत्म हो चुकी थी। प्रभा उसके पास जाकर बैठ गई और उसके कंधे को सहलाते हुए उसे चुप कराने की कोशिश करने लगी।

“सुक्खी… सुक्खी, क्या हुआ है? देखो, सब ठीक है। मेरी तरफ देखो। हम सभी यहाँ हैं और एकदम ठीक हैं… सुक्खी!”

सुक्खी ने धीरे-धीरे नजर उठाकर प्रभा को देखा और अचानक ही उसे कसकर अपने गले से लगा लिया। उसकी पकड़ इतनी सख्त थी कि प्रभा एक क्षण के लिए असहज हो गई, लेकिन अगले ही पल उसने उसके कंधे पर हाथ रख दिया। वह और बाकी सभी जानते थे कि सुक्खी का उसे इस तरह पकड़ना केवल उस समय उसकी भावनात्मक पीड़ा का परिणाम था।

“मैं सच कह रहा हूँ… मैंने कुछ नहीं किया था,” सुक्खी ने फिर दोहराया।

“हाँ, मैं जानती हूँ। तुम ऐसा कर ही नहीं सकते,” प्रभा ने उसकी पीठ सहलाते हुए कहा।

लेकिन किसी को भी सच में पता नहीं था कि सुक्खी किस बारे में बात कर रहा था।

“वो सच में अपने आप ही गिर गई थी… उसके सिर में चोट लग गई और… और वह…” सुक्खी ने प्रभा के चेहरे की ओर देखते हुए कहा, लेकिन आगे के शब्द जैसे उसके गले में अटक गए।

“उसकी मृत्यु हो गई… है न?” प्रभा ने धीरे से अनुमान लगाया।

“हाँ!”,सुक्खी फिर सुबकने लगा। “मेरी छोटी बहन को मैं भी बहुत प्यार करता था। लेकिन पापा जी… मम्मी जी भी सिर्फ उसी को प्यार करते थे। मुझे हमेशा डाँटते रहते थे। उस दिन उसकी झूठी शिकायत पर पापा जी ने मुझे डंडे से मारा था।”

वह कुछ पल के लिए चुप होकर शून्य में देखने लगा फिर बोला, “मैं तो बस उससे पूछने गया था कि वह झूठी शिकायत क्यों करती है। वह हँसने लगी थी। बोली… ‘मजा आता है।’”

सुरंग में बिल्कुल सन्नाटा था। सबके मन में कई सवाल उठ रहे थे, लेकिन किसी को डर था कि बीच में कुछ पूछ दिया तो सुक्खी फिर अपने भीतर बंद हो जाएगा। इसलिए सभी चुपचाप उसकी बात सुनते रहे। प्रभात भी अपना भय भूल चुका था और अब पूरी तरह सामान्य होकर सुक्खी को देख रहा था।

“मैंने बोला, तू स्कूल में भी यही करती है। मैं बड़ा भाई हूँ तेरा।”, सुक्खी की आँखों में उस पुराने दृश्य की छवि जैसे फिर उभर आई।

“वह और हँसने लगी। मुझे जीभ चिढ़ाने लगी। मैं सच में नहीं मार रहा था… बस झूठ-मूठ डरा रहा था कि मार दूँगा। मैं उसके पीछे भागा और वह भी भागी।”

उसकी आवाज फिर काँपने लगी, “पता नहीं वहाँ कैसे उसे ठोकर लगी। वह गिरी और एक पत्थर से उसके सिर में चोट लग गई। मम्मी जी उसकी चीख सुनकर भागकर आईं। उन्होंने पूछा, ‘क्या हुआ?’”

सुक्खी ने आँखें बंद कर लीं, “वह शायद सारी बात बताना चाहती थी। उसने मेरी तरफ इशारा किया और बस इतना ही बोल पाई…”वह कुछ क्षण चुप रहा, “‘वीर जी आ रहे थे…’”

उसने आँसू पोंछे और प्रभा के शरीर पर अपनी पकड़ ढीली कर दी, “मम्मी जी को लगा कि मैंने ही कुछ किया है। उसे चोट मैंने पहुँचाई है। वह मुझे कोस रही थीं। पापा जी मुझे ऐसे देख रहे थे जैसे…” उसकी आवाज फिर भर्रा गई, “जैसे मैं उनका बेटा ही नहीं हूँ।”

कुछ क्षण बाद उसने आगे कहा, “तभी नानके अंकल आ गए। उन्होंने सब देखा था। उन्हें पता था कि मेरी गलती नहीं थी। तब… तब जाकर मानी थीं मम्मी जी।”

उसने सिर झुका लिया, “अपने ही कोखजाए पर शक कित्ता मम्मी जी ने!”

आखिरी शब्द के साथ उसकी आवाज पूरी तरह टूट गई।कुछ देर तक कोई कुछ नहीं बोला फिर प्रभा ने उसके कंधे पर हाथ रखा।

“सुक्खी , उस दिन तुमने उसे नहीं मारा था।”

सुक्खी ने उसकी तरफ देखा।

“लेकिन तुम्हें उस घटना का दुख आज तक है। शायद इसलिए कि तुम खुद को माफ नहीं कर पाए।”

सुक्खी की आँखें फिर भर आईं।कुमार उसके पास बैठ गया।

“क्योंकि तुम्हारे मन में एक डर बचा रह गया था कि कहीं तुम्हारी वजह से उसकी जान तो नहीं गई।”

“लेकिन नहीं गई,” उदय ने शांत स्वर में कहा। “तुम्हारे पास उस दिन की पूरी सच्चाई थी। बस तुम्हारे मन ने उसे स्वीकार नहीं किया।”

मायरा भी उनके पास आ गई, “शायद यही इस जगह की परीक्षा है। यह हमें वही दिखाती है, जिसे हम वर्षों से अपने भीतर दबाए बैठे हैं। डर हमेशा सच नहीं होता लेकिन उसे दबाकर रखने से वह खत्म भी नहीं होता।”

सुक्खी ने धीरे से पूछा, “तो फिर यह सब क्यों दिखाया मुझे?”

कुमार ने उसकी ओर देखते हुए कहा, “ताकि तुम उससे भागना बंद कर सको।”

वह कुछ क्षण चुप रहा।

“हम सबने कुछ न कुछ देखा है। मायरा ने अपना अतीत देखा। मुझे नैव दिखाई दिया। प्रभात को ऐसी चीजें दिखाई दीं जो वहाँ थीं ही नहीं और तुम्हें वह दिन दिखाई दिया जिसे तुमने इतने वर्षों से अपने भीतर दबाकर रखा।”

उसने सुक्खी के कंधे पर हाथ रखा, “शायद इस गुफा का यही अर्थ है। आगे जाने से पहले यह हमें पीछे देखने पर मजबूर करती है। लेकिन सिर्फ इसलिए नहीं कि हम पुराने दुखों में फँसे रहें… बल्कि इसलिए कि उनसे आगे निकल सकें।”

सुक्खी ने धीरे से सिर उठाया, “मतलब डर को खत्म करना नहीं है?”

मायरा ने कहा, “नहीं। डर को पहचानना है। फिर यह तय करना है कि हम उसके साथ आगे चलेंगे या उसके पीछे चलते रहेंगे।”

सुक्खी ने गहरी साँस ली।उसने एक बार चारों ओर देखा फिर अपनी आँखें बंद कर लीं।कुछ क्षण बाद उसने बहुत धीमे स्वर में कहा, “मैंने उसे नहीं मारा था।”

किसी ने कुछ नहीं कहा।

सुक्खी ने फिर दोहराया, इस बार थोड़ी दृढ़ता के साथ,“मैंने उसे नहीं मारा था। वह एक दुर्घटना थी।”

उसके चेहरे पर अभी भी आँसुओं के निशान थे लेकिन उनमें पहले जैसी घबराहट नहीं थी।धीरे-धीरे उसके आसपास की चमक बदलने लगी।जिस अंधेरी जगह में कुछ देर पहले उसे अपनी बहन, पत्थर और वह पुराना आँगन दिखाई दे रहा था, वह दृश्य धुँधला होकर समाप्त होने लगा।

कुछ ही क्षणों में वहाँ फिर वही नीली रोशनी वाली सुरंग थी।

सुक्खी ने लंबी साँस छोड़ी, “चलें?”

प्रभा मुस्कुरा दी, “चलो।”

इस बार सुक्खी खुद उठकर खड़ा हुआ।उसने पीछे मुड़कर नहीं देखा।सब उसके साथ आगे बढ़ गए। कुछ दूर चलने के बाद सुरंग की छत धीरे-धीरे ऊँची होने लगी। पत्थरों की दीवारें विरल हुईं और सामने से किसी खुले स्थान की रोशनी दिखाई देने लगी।

“शायद बाहर निकलने वाले हैं,” उदय ने कहा।

वे कुछ और कदम आगे बढ़े और अचानक सुरंग समाप्त हो गई।
सामने जंगल था लेकिन वह जंगल देखने में जितना सामान्य था, उतना ही भीतर से असामान्य लगता था।

ऊँचे पेड़, घनी झाड़ियाँ, गिरे हुए सूखे पत्ते और कहीं-कहीं छोटी-छोटी बेलें—सब कुछ किसी सामान्य जंगल जैसा ही था फिर भी वातावरण में कुछ ऐसा था जिसे शब्दों में पकड़ना कठिन था।

सबसे विचित्र बात वहाँ का प्रकाश था। जहाँ पेड़ बहुत घने थे, वहाँ भी उनकी पत्तियों के बीच से तेज रोशनी छनकर आ रही थी। लेकिन जहाँ पेड़ कम थे, वहाँ अंधेरा और गहरा दिखाई दे रहा था। जैसे प्रकाश का अपना कोई नियम हो और वह पेड़ों की छाया के अनुसार नहीं, किसी और व्यवस्था के अनुसार फैल रहा हो।

मायरा ने ऊपर देखा। आसमान दिखाई दे रहा था लेकिन उसकी रोशनी सामान्य दिन की रोशनी जैसी नहीं थी।

“यह जंगल…” उसने धीरे से कहा, “कुछ अलग है।”

“पेड़ तो वैसे ही हैं,” प्रभात ने कहा।

“पेड़ हाँ,” मायरा ने उत्तर दिया, “लेकिन प्रकाश नहीं।”

सुक्खी ने हँसने की कोशिश की, “अब अगर पेड़ भी हमसे बात करने लगें तो मैं वापस सुरंग में चला जाऊँगा।”

प्रभा मुस्कुरा दी,“अभी-अभी तो डर से आगे बढ़ने की बात कर रहे थे।”

“डर से आगे बढ़ने का मतलब यह थोड़े है कि पेड़ से दोस्ती कर लूँ।”

सबके चेहरों पर हल्की मुस्कान आ गई।सुक्खी पहले जैसा हो गया था। वे जंगल के भीतर बढ़ने लगे।

कुछ दूर जाने पर मायरा अचानक रुक गई।उसने सामने देखा।एक पेड़ की शाखा हल्की-सी हिली थी।हवा बिल्कुल नहीं चल रही थी।

“क्या हुआ?” उदय ने पूछा।

“कुछ नहीं,” मायरा ने कहा।

वे फिर आगे बढ़े।कुछ कदम बाद उसी पेड़ के पीछे सूखे पत्तों की हल्की-सी आवाज आई।मायरा ने पीछे देखा।वहाँ कुछ नहीं था लेकिन पेड़ की एक निचली शाखा अभी भी धीरे-धीरे हिल रही थी।

उसे लगा जैसे कोई अभी-अभी उसके पास से गुजरा हो।उसने उस दिशा में ध्यान से देखा।कुछ दिखाई नहीं दिया।आगे चलते हुए अचानक एक पत्थर रास्ते के बीच से थोड़ा-सा खिसका हुआ दिखाई दिया।

कुमार की नजर उस पर गई, “यह अभी किसने हटाया?”

सभी रुक गए।

“शायद किसी जानवर ने,” प्रभात ने कहा।

कुमार ने पत्थर को देखा। उसकी भौंहों पर बल पड़े मगर वह कुछ बोला नहीं। वे और आगे बढ़े पर उन्हें यह एहसास हो रहा था जैसे कोई कभी साथ आ रहा है तो कभी पीछे छूट जा रहा है। लेकिन कौन?
Megha

( आपके कमेंट्स भी मुझे इसी तरह नहीं दिख रहे ,साथ साथ चल रहे हैं कई पाठक मगर बिना बोले,बिना लिखे। ऐसा मत करो ,मुझे पता तो चले कि आपको कहानी कैसी लग रही है?)

WhatsApp Image 2026-06-26 at 18.05.06 (1) — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment