कहानी एक रात की भाग 30
विद्या ने दर्द से लड़ते हुए निगाह दरवाज़े पर टिकाई तो उसकी आँखों में खुशी के आंसू आ गए।
” जीजी….. जीजी, आप…. आ..
” विद्या…. सरिता ने विद्या को गले लगा लिया। विद्या की भेजी हरी साडी में सरिता अपनी बहन से मिलने आयी थी। आज सरिता की आँखों में पछतावे की गंगा जमुना बह रही थी…. वो रह रहकर विद्या से माफ़ी मांगती।उसका माथा सहलाती। राजवीर ने उन्हें कभी देखा नहीं था लेकिन अनिमेष से सुना था। वो समझ गया कि ये सरिता है अनिमेष की भाभी जिन्हे विद्या अपनी बहन मानती थी। उसने सरिता के पाँव छुए।
” कीमो के लिए ले जाना है…. नर्स ने कहा।उन्होंने विद्या को व्हील चेयर पर बैठाया। राजवीर मुस्कुराने की भरसक कोशिश कर रहा था। लेकिन आंसू आँखों का बांध तोड़ बाहर आ रहे थे। अनुज के चेहरे पर चिंता थी। अनिमेष आज बेहद दुखी लग रहा था। सुगंधा अनिमेष को संभालने का प्रयास कर रही थीऔर सरिता तो जैसे पछतावे के समुन्द्र में गोते खा रही थी।
राजवीर विद्या का हाथ छोड़ना नहीं चाहता था, लेकिन छूट गया। विद्या ने अन्दर जाने से पहले एक बार वीर को देखा…… मुस्कुराई और अन्दर चली गई।
वीर ठगा सा देख रहा था…. उसे पता था आने में टाइम है…. कभी वो खड़ा होता कभी बैठ जाता, कभी चककर काटने लगता तो कभी फ़ोन में विद्या के फोटो देखने लगता….. उसे अज़ीब सी बेचैनी हो रही थी, लग रहा था उसके प्राण निकलने वाले ही है। उसकी शर्ट पसीने से भीग रही थी। विचारों का वेग प्रबल हो चला था। हॉस्पिटल का दृश्य उसका ह्रदय चीर रहा था। दवाइयो की गंध से उसे उल्टी आने को तैयार थी। वातावरण में इतनी घुटन थी की दम ही निकल जाए। पंखा अपनी स्पीड से चल रहा था लेकिन मानो अपना काम ना कररहा हो। वो बारबार मन में यही दोहराता माँ जल्दी ठीक हो जाओ…… कभी वो सोचता माँ के ठीक होते ही श्रिया से शादी कर लूंगा फिर सब साथ रहेंगे…..लेकिन फिर भी मुस्कान ना आती उसे। राजवीर अपनी उँगलियाँ चटका रहा था तभी श्रिया आई…
” वीर, माँ कैसी है?
श्रिया को देखकर राजवीर के सब्र का बांध टूट गया। उसने श्रिया को कसकर गले लगा लिया…. वो कुछ कहने ही वाला था की अन्दर स्वस्थ डॉ बाहर आए….
” कैसी है माँ डॉ, कीमो हो गई….. अभी ठीक है ना, मिल सकता हूं मै उनसे….. राजवीर ने अन्दर झाँकते हुए कहा।
“राजवीर…… सॉरी….. कीमो के दौरान विद्या जी को हार्ट अटैक आ गया… और हम तमाम कोशिशो के बाद भी उन्हें बचा नहीं पाए….. रियली सॉरी….. राजवीर के कंधे पर हाथ रखकर डॉ चले गए।
राजवीर का कन्धा बहुत भारी हो गया था। दिमाग़ सुन्न पड़ चुका था। चारो ओर अंधकार छा गया था। डॉ के शब्द उसके कानों में गूंज रहे थे…..वो धम्म से ज़मीन पर गिर गया। श्रिया उसे संभाल रही थी। लेकिन उसे भी समझ नहीं आ रहा था क्या करें। अनिमेष की आँखों से भी आंसू झर रहे थे जिन्हे छुपाने के लिए वो बाहर चला गया। सुगंधा राजवीर को ढांढस बंधाने का प्रयत्नभर कर रही थी। अनुज चुप थे…. जैसे जिंदगी में शब्द खत्म हो गए हो। सरिता अपराधी बन सिर पकडे बैठी थी।
” अनि चाचू, ये डॉ ने ऐसा क्यों कहा…. माँ तो अभी वापिस आ जाएगी…. आयंगी ना चाचू…. अंकल आप बोलो ना… आपने कहा था माँ ठीक हो जाएगी। श्रिया, माँ को तुमसे मिलना था, अब बुलाओ उन्हें….. राजवीर सबके पास जाता लेकिन उसके प्रश्नों का उत्तर किसी के पास ना होता।
विद्या को घर ले आए थे यही से उसकी अन्तिम विदाई होनी थी।विद्या का शरीर क़मजोर हुआ था लेकिन उसके चेहरे पर असीम शांति थी। अन्तिम विदाई भी दे दी गई। सरिता राजवीर को समझा समझाकर सब काम करवाती। धीरे धीरे सभी चले गए। रोहन विदेश में था तो आ नहीं पाया। अनिमेष ने जाते जाते कहा
” वीर, मै हमेंशा तेरे साथ हूं, और सच में हूं…. चाहे तो आजमा लेना….. कहकर उसने वीर को गले लगा लिया। अनिमेष सुगंधा और सरिता भी लौट गए। अनुज एकदम चुप हो गए। वीर आज अपने कमरे पर आया। रह रह कर उसे विद्या दिखाई देती…. कभी विद्या की आवाज़ सुनाई देती। कभी लगता वो बाहर कुर्सी पर बैठी है तो कभी लगता रस्सी से कपडे उतार रही है। कभी वो हाँ माँ आ रहा हूं कह उठता।
राजवीर रोता चुप होता फिर रोता विद्या की तस्वीर लेकर सो जाता फिर उठता फिर उसकी आँखे भर आती। उसे माँ के साथ बिताया एक एक पल याद आ रहा था। तभी उसे विद्या की अन्तिम बात याद आई…. मेरी अलमारी में अख़बार के नीचे कुछ है तुम्हारे लिए…..
राजवीर झटके से उठा, और उसने रसोई में जाकर चावल के डिब्बे से चाबी निकाली। विद्या की अलमारी खोली तो उसकी साड़ियां मुस्कुरा रही थी। उसने अख़बार हटाया तो नीचे कुछ कागज़ और एक मुड़ा हुआ पेपर था। राजवीर ने उसे खोला तो वो विद्या ने लिखा था राजवीर के लिए…. विद्या की आखिरी चिठ्ठी…. राजवीर की आँखे भर आयी और साथ के कागज़ देखकर आश्चर्य उसकी आँखों में उतर आया।
क्या था विद्या की चिठ्ठी में?
वो कागज़ कैसे थे?
क्या राजवीर खुद को संभाल पाएगा?
जानने के लिए पढ़िए अगला भाग