रामबाबू नीरव का उपन्यास अग्निशिखा द्रौपदी :(द्वितीय खंड) तृतीय आख्यान

*महाभारत कथा*
————————-
*अग्निशिखा : द्रौपदी*
(द्वितीय खंड)
(तृतीय आख्यान)
*पराजय के बाद महाराज द्रुपद की मनोदशा*
महाराज द्रुपद अपने राजा होने तथा अजेय होने के दंभ में चूर थे। परंतु उनकी दृष्टि में साधारण आचार्य द्रोण और उनके शिष्य पांडुपुत्र अर्जुन द्वारा पराजित होने और बन्दी बना लिये जाने के बाद उनका सारा दंभ चकनाचूर हो गया। वे स्वयं को अपमानित, लज्जित और आत्मग्लानि से पीड़ित अनुभव करने लगे। उन्हें आज से पांच वर्षों पूर्व घटी घटना की याद आ गयी, जब वे काम्पिल्य की भरी हुई सभा में अपने बाल सखा को दिये गये वचन से मुकर गये और अपने मित्र का अपमान करते हुए कहा था -“मित्रता समान लोगों में होती है, एक राजा और एक निर्धन ब्राह्मण के बीच कभी मित्रता नहीं हो सकती।” आज वही उनका बाल सखा द्रोण उनके समक्ष खड़े अपनी विजय पर मंद मंद मुस्कुरा रहे थे। आज वही निर्धन ब्राह्मण उनके भाग्यविधाता बने थे। बन्दी रूप में द्रोणाचार्य के समक्ष खड़े महाराज द्रुपद को आज अनुभव हुआ कि अहंकार ही उनका सबसे बड़ा शत्रु बन गया। उन्हें नीयती की इस सच्चाई की भी अनुभूति हुई कि कर्म के फल को कभी टाला नहीं जा सकता।
एक बन्दी के रूप में असहाय से हस्तिनापुर के राजगुरु द्रोणाचार्य के समक्ष खड़े महाराज द्रुपद को यह आशंका भी हो गयी कि कहीं अपने अपमान का प्रतिशोध लेने के लिए द्रोणाचार्य उनकी हत्या न करवा दें। इस आशंका से मन ही मन वे भय से कांप रहे थे। परंतु उनकी यह आशंका निर्मूल साबित हुई। अपने समक्ष लज्जित एवं असहाय अवस्था में खड़े महाराज द्रुपद की ओर देखते हुए द्रोणाचार्य मित्रवत भाव से शांत स्वर में बोले –
“हे राजन! तुम्हारा आधा राज्य मेरा है। अब मैं निर्धन ब्राह्मण नहीं, बल्कि तुम्हारे समान ही एक राजा बन चुका हूं। क्या अब भी तुम मुझे अपना मित्र नहीं मानते?” महाराज द्रुपद ने उनकी बातों का कोई उत्तर नहीं दिया। आत्मग्लानि के कारण उन्होंने मौन साध लिया। आचार्य द्रोण उनके मन की व्यथा से भलीभांति समझ रहे थे। वैसे भी अब उनका प्रण पूरा हो चुका था। उन्होंने अपनी खुली हुई शिखा को बांध लिया और अपने मित्र की भूल को क्षमा कर दिया। जीते हुए पांचाल राज्य का आधा भाग अपने पास रखकर शेष अपने मित्र को लौटा दिया। वे पुनः महाराज द्रुपद से मित्रतापूर्ण व्यवहार करते हुए बोले –
“जाओ मित्र द्रुपद, मैं तुम्हें स्वतंत्र करता हूं।” अपना सर झुकाए हुए महाराज द्रुपद अपने रथ की ओर बढ़ गये। उनका रथ तीव्र गति से काम्पिल्य की ओर भागता चला गया।
अब पांचाल राज्य दो भागों में बंट चुका था। एक दक्षिणी पांचाल और दूसरा उत्तरी पांचाल। दक्षिणी पांचाल महाराज द्रुपद के हिस्से में आया और इसकी राजधानी काम्पिल्य ही रह गयी। उत्तरी पांचाल द्रोणाचार्य के हिस्से में आया और इसकी राजधानी अहिच्छत्र* को बनाया गया।
*प्रतिशोध की ज्वाला*
आचार्य द्रोण ने भले ही महाराज द्रुपद से पुनः मित्रता स्थापित कर ली थी, परंतु उन्होंने महाराज द्रुपद को जिस तरह से बन्दी बनवाकर अपने समक्ष एक अपराधी की तरह उपस्थित करवाया था, इस अपमान के दंश को वे आजीवन भूल नहीं पाएंगे। उस अपमान ने उनके हृदय में गहरा घाव कर दिया। जिसकी पीड़ा उन्हें बेचैन करने लगी। अपने राजमहल में आकर वे निढाल से बिछावन पर गिरकर शोकमग्न हो गये। उनका क्षत्रिय होने का स्वाभिमान जाग्रत होकर अपने इस अपमान का प्रतिशोध लेने को उद्वेलित करने लगा। परंतु उनके साथ विडंबना यह थी कि वे स्वयं को पूर्णतः अकेला और और अशक्त महसूस करने लगे थे। भगवान भोलेशंकर की कृपा से उन्हें शिखंडी के अतिरिक्त नौ अन्य पुत्रों की भी प्राप्ति हुई थी, परंतु वे सभी किसी योग्य नहीं थे। न तो उनमें इतनी सामर्थ्य थी और न ही पुरुषार्थ कि वे सभी पांडु पुत्र अर्जुन का सामना कर पाते। इससे अच्छा तो यही था कि वे सभी नपुंसक ही रहे होते। अब उन्हें एक ऐसे वीर योद्धा और तेजस्वी पुत्र की कामना थी जो अर्जुन से भी अधिक बुद्धिमान, युद्धकौशल में निपुण और अजेय धनुर्धर हो तथा जिसमें इतनी सामर्थ्य हो कि वह उनके चिर शत्रु द्रोणाचार्य का वध कर सके।
अब इस ढ़लती उम्र में उनकी धर्मपत्नी महारानी पृशति तो संतान को जन्म दे नहीं करसकती थी, अतः उन्होंने पुत्रेष्टि यज्ञ करवाने का निश्चय किया। इस महायज्ञ का अनुष्ठान करवाने हेतु महाराज द्रुपद विद्वान याजकों (पुरोहितों) की खोज करवाने लगे। काफी खोजबीन करने के पश्चात उन्हें याज और उपयाज नामक दो ऋषियों का सूत्र मिला। ये दोनों ऋषि सगे भ्राता थे और पुत्रेष्टि यज्ञ करवाने में निपुण थे। याज ऋषि बड़े थे और उपयाज छोटे। इन दोनों भाइयों का आश्रम अलग-अलग था। महाराज द्रुपद सर्वप्रथम उपयाज ऋषि के आश्रम में पहुंचे और उन्हें अपनी पूरी कहानी सुनाने के पश्चात उनसे पुत्रेष्टि यज्ञ करवाने का अनुरोध किया। परंतु ऋषि उपयाज ने यह कहकर यज्ञ कराने से अस्वीकार कर दिया कि प्रतिशोध की भावना से इस यज्ञ को करवाने में वे असमर्थ हैं। उपयाज की ओर से निराश होकर महाराज उनके अग्रज याज ऋषि के आश्रम में पहुंचे और उन्हें भी अपनी कहानी सुनाने के पश्चात उनसे पुत्रेष्टि यज्ञ करवाने का आग्रह किया। ऋषि याज लोभी थे। इस यज्ञ को पूर्ण करवाने हेतु उन्होंने महाराज से दक्षिणा के रूप में अस्सी सहस्र गो धन की मांग की। उनकी इस मांग को महाराज द्रुपद ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। ऋषि याज ने भी अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी और वे अपने सहयोगी के रूप में अनुज उपयाज ऋषि को किसी तरह से मना कर साथ में ले लिया। इन दोनों ऋषि भाइयों को साथ लेकर महाराज काम्पिल्य की ओर प्रस्थान कर गये।
*यज्ञ कुंड से प्रकट हुए युवा धृष्टद्युम्न*
काम्पिल्य में ऋषि याज और उनके अनुज उपयाज के नेतृत्व में हर्षोल्लास के साथ महाराज द्रुपद द्वारा संकल्पित पुत्रेष्टि यज्ञ वैदिक मंत्रोच्चार एवं होम-जाप के साथ आरंभ हो चुका था। एक विशाल यज्ञकुंड के समक्ष मुख्य याजक के रूप में विराजमान थे याज ऋषि और उपयाज ऋषि। वहीं यज्ञ कर्ता (यजमान) बने थे स्वयं महाराज द्रुपद। सैकड़ों की संख्या में अन्य ऋषि-मुनियों द्वारा वैदिक मंत्रों का जाप हो रहा था। इस अनोखे यज्ञ को देखने के लिए काम्पिल्य के नागरिकों की भीड़ यज्ञ स्थल पर उमड़ पड़ी थी।
विशाल यज्ञकुंड में प्रचंड अग्नि धधक रही थी। घी तथा समिधा के सुगंध से पूरा वातावरण सुवासित हो रहा था। चारों ओर उल्लास छाया हुआ था, परंतु महाराज द्रुपद के हृदय में प्रतिशोध की वैसी ही अग्नि धधक रही थी, जैसी अग्नि की ज्वाला यज्ञ कुंड से निकल रही थी। महाराज एक पुत्र नहीं बल्कि एक ऐसे पराक्रमी योद्धा की कामना कर रहे थे जो उनके चिर शत्रु हस्तिनापुर के राजगुरु द्रोणाचार्य का वध कर सके। उनके अंदर एक प्रतिष्ठित राजा का स्वाभिमान और अपने मित्र द्वारा छले जाने की वेदना के आक्रोश का मिला-जुला भाव था। अपनी विवशता को शक्ति में परिवर्तित करने हेतु महाराज द्रुपद का अभिमान अग्नि की ज्वाला में जलकर भस्म हो चुका था। वे अब सिर्फ एक अलौकिक और सर्व शक्तिमान पुत्र की कामना से अग्नि देव के समकक्ष समर्पित थे।
यज्ञ कुंड में अंतिम आहूति के साथ ही कुंड से निकलनेवाली अग्नि की ज्वाला आकाश को छूने लगी। तभी वेदों की गूंजायमान ध्वनि के साथ एक दिव्य से दिखने वाले तेजस्वी युवक का प्रकाट्य हुआ। उस तेजस्वी युवक के एक हाथ में तलवार और दूसरे में धनुष बाण था। वह कवच और कानों में कुण्डल पहने हुए था। ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे वह युद्धकौशल में पूर्णरूपेण पारंगत हो। उसके देदीप्यमान मुखमंडल पर एक अजीब सी सौम्यता थी, जो बता रही थी कि उसका प्रार्दूभाव अपने पिता के शत्रु के संहार के लिए ही हुआ हो। उसका रूप साक्षात् अग्नि की लपटों की भांति लाल और गर्जना मेघ की भांति गंभीर थी। उसकी उत्पत्ति के साथ ही आकाशवाणी सुनाई दी –
“इस युवक का जन्म, आचार्य द्रोण के सर्वनाश तथा पांचाल राज्य के गौरव की पुनर्स्थापना के लिए हुआ है।”
यज्ञकुंड से निकलते ही उस युवक ने अपने पिता महाराज द्रुपद तथा माता महारानी पृशति को पहचान लिया। उसने अपने माता-पिता के चरणों में झुक कर प्रणाम निवेदित किया और उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। फिर उसने ऋषि याज और उपयाज से भी आशीर्वाद प्राप्त किया। ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे उसमें एक उच्च राजघराने के संस्कार कूट कूट कर भरे हों। उस यज्ञ स्थल पर ही उसका नामकरण हुआ – राजकुमार धृष्टद्युम्न।
∆∆∆∆∆
*वर्तमान उत्तर प्रदेश के बरेली जिला के ऑंवला तहसील में स्थित रामनगर गांव ही महाभारत काल में अहिच्छत्र नगर था, जो उत्तर पांचाल राज्य की राजधानी थी।

WhatsApp Image 2026-05-27 at 16.08.03 — Vcare Language Academy

Author

Leave a Comment