पुरस्कृत उपन्यास
गुलमोहर के नीचे
15
नीलिमा की पहली पोस्टिंग प्रतापपुर में हुई। चतरा सबडिवीजन के एक छोटे से ब्लॉक में।
इस इलाके में पहली महिला बी.डी.ओ. नीलिमा ही थी। जिम्मेदारी ओढ़ते ही जिम्मेदारी का भान होने लगा।
चाल-ढाल, कार्य सब में एक सलीका, वैसे भी वहाँ धीर-गंभीर महिला के नाम से प्रसिद्ध होने लगी। शांतचित एवं प्यारी सुंदर बी. डी. ओ. जैसे जापानी गुड़िया कि छुओ तो मैली हो जाए।
आस-पास के घर घर कहलाने के काबिल न थे। इकलौता उसका क्वार्टर लकदक करता। उसे सरकार की तरफ से मिला था। जहाँ रहती थी, उसके पास ही दफ्तर था।
पहले ही दिन चपरासी रामदिन एक कुत्ता ले आया। अविवाहिता सुंदरी मालकिन के रक्षार्थ।
उस क्वार्टर में रात को तीन जिंदगियाँ ही साँस लेतीं। नीलिमा, रामदिन और वह कुत्ता। कमी-कभार चौथा प्राणी, साँस लेनेवाली जीव वह पड़ोसन हुआ करती, जो नीलिमा को बेहद प्यार करने लगी थी।
रामदिन ने रसोइया रखने की बात उठाई भी। नीलिमा नहीं चाहती।
“नहीं रामदिन, कुक की जरूरत नहीं है। खुद बना लूँगी। न अपना खाना बनाना भारी, न टॉमी का।”
रामदिन एक कमरे के खपरैल घर में अकेले रहता था।
गाँव में पत्नी, चार बच्चे थे। खुद खाना बना लेता था। कुछ विशेष सब्जियाँ बनाता तो काँच के कटोरे में मेमसाब के लिए डाइनिंग टेबल पर रख जाता।
रात को सोने के लिए आता और बाहर के बरामदे में फोल्डिंग खटिया बिछा लेता। वह अपने घर से खाकर आता था।
दिनभर ऑफिस में गहमागहमी रहती, रात को सन्नाटा। क्वार्टर में भी सन्नाटा उतर आता। उस समय भी नीलिमा फाइलों को खंगालती रहती। कभी-कभार बरामदे से गीत का स्वर उठता, सन्नाटे को भंग करता।
लक-फक करौ दइया रे
घर के बरंगिया हो दझ्या
घर बिना घरनी उदास…
सच में कोई भी घर घरनी अर्थात गृहणी बिना सूना होता है।
नीलिमा लोकधुन में मगन हो जाती।अनजाने में रामदिन उसकी दुखती रगों से दर्द खींच लेता।
‘लेकिन गृहणी की इज्जत करना भी तो सीखें।’ वह सोचती।
प्रतापपुर में अक्सर नीले-श्वेत, काले बादल खूबसूरत पहाड़ों की शृंखलाओं पर अठखेलियाँ करते।प्रकृति ने यहाँ खुलकर अपना खजाना लुटाया था। क्वार्टर के बरामदे और खिड़कियों से चारों ओर घेरकर खड़े पहाड़ और उनके ऊपर घने जंगल, दूर से बहती सरिता नजर आती थी।
अपने क्वार्टर से नीलिमा उन्हें निहारती तो नस-नाड़ियाँ जैसे शांत होने लगतीं। तन-मन की थकावट कोसों दूर भाग जाती।
वह नित्य सुबह पाँच बजे सैर के लिए खेतों की ओर जाने लगी।
उसी समय किसान मय बाल-बच्चे खेतों में काम करते नजर आते। वह ठहरकर उन्हें देखने लगती।
“बाप रे! इतनी मेहनत?”
लगभग छः बजे सर पर भारी बोझ ढोकर पगडंडियों, कच्ची सड़कों पर स्त्रियाँ, किशोरियाँ चलतीं दिखलाई पड़तीं। युवा, किशोर, वृद्ध पुरुष बहंगी में या साइकिल के कैरियर पर टोकरे में भारी बोरा लादे नजर आते।
कोई बैलगाड़ी तो कोई रिक्शे पर भी। कुदाल, गैंता, रस्सी कंधे पर रखे काम की तलाश में जाते मजदूर भी सुबह-सुबह हड़बड़ी में रहते।
एक दिन उसने सर पर लंबी लकड़ियों के गट्ठर ढोकर जाते लोगों को रोका।
“ये लकड़ियाँ कहाँ से ला रहे हैं?”
“जंगल और कहाँ से?”
“कितने बजे जाती हो जंगल?”
“चारे बजे भिनसरे जाते हैं। सब्भे काम निपटाकर।”
तभी दस-बारह वर्ष की लड़की को देखकर वह हतप्रभ। पूछा,
“इतना भारी गट्ठर?…तुम्हें भारी नहीं लगता।”
लड़की ने जल्दी से गंतव्य तक पहुँचने के लिए उत्तर दिए बिना पाँव आगे बढ़ाए।
“तुमको पढ़ना-लिखना नहीं है बेटी?”
“पढ़ाई से ज्यादा, पेट बड़ा है मैडम जी!”
एक तीस-बत्तीस की महिला सामने आ गईं। अपने सर के भारी गट्ठर को ठीक से थामते हुए बोली,
“भूखे भजन नहीं होय गोपाला।”
और वे सब तेज कदमों से आगे बढ़ गईं।
नीलिमा अपने शहर में पहले जहाँ रहती थी, कोठियों की कतारें थीं। यहाँ के लोगों को देखकर उसे लगता,
‘कितना फर्क है। अब तक यह अंतर दिखा नहीं? कोठियों की जिदगी और झोपड़ों की जिंदगी का अंतर अब देख पा रही हूँ।’
बस्तियों के बाहर नंग-धड़ंग बच्चों को देखकर उसे लगता, धूप उन्हें मयस्सर नहीं।
कभी नदी के तट पर पहुँच जाती। इच्छा होती, पाँव डुबोकर घंटे-आध घंटे बैठे। पर संकोच हावी हो जाता।
उसके पाट बहुत चौड़े न थे लेकिन पानी ठीकठाक।
नदी पर गाँव की स्त्रियों-पुरुषों का जमघट लगा ही रहता। पत्थर पर कपड़े धोती स्त्रियाँ उसी पानी को पीने के काम में भी लातीं। नहाना-धोना सब उसी नदी में। उसकी धारा बाधित होती झाड़-झंखाड़ और कचड़ों से। लोग घर-गोहाल के कचड़े, पर्व के बाद मूर्तियाँ, घी सनी बत्तियाँ, फूलादि नदी में ही डालते।
नीलिमा ने समझाया तो कुछेक ने उसकी बात का मान रखा।
गर्मियों में नदी जैसे-जैसे सूखती जाती, मानो उन स्त्रियों का हृदय सूखता। लोग नदी में गहराई तक गड्ढे खोदते।
उसी चुआँ से देगची, बाल्टी में स्त्रियाँ, बच्चियाँ, किशोरियाँ कंधे, सर, कमर पर ढोकर पानी लातीं।
बरसात में अचानक नदी का पानी बढ़ जाता। पहले ही नदी अपना स्वाभाविक श्वेताभ रंग छोड़ चुकी थी। मटमैला पानी।
नदी पारकर लोग काम पर जाते। मटमैले, गंदे पानीवाली
नदी में ठेहुने, पिंडली तक घुसकर पैंट, सलवार, साड़ी उठाए वे लोग किसी प्रकार सकुशल आर-पार पहुँचने में सफल होते। वर्षा ऋतु में तेज धार में बह भी जाते।
सूखी हड्डियोंवाली, माँसरहित काली औरतों की दीनता उनकी आँखों से झाँका करती। वे सामानों का भारी बोझा सर पर ढोकर नदी पार करते हुए शहर में बेचने आया-जाया करतीं।
बहुत ही व्यथित हो उठता नीलिमा का मन। उसने मन ही मन में बदलाव करने का निर्णय ले लिया।
नीलिमा ने नदी पर एक पुल का निर्माण करवाया। पौने दो वर्ष लग गए। सीमेंट का पुल बनकर तैयार हुआ तो कई स्त्री, पुरुष ने नीलिमा के पाँव छू लिये।
“अरे!…रे यह क्या कर रहे। यह तो मेरा काम…।”
“आप केतना दौड़-भाग किए, हम भी देखे हैं मैडम!”
“हमें खुशी है, जल्दी आवंटन भी हुआ, काम भी। लेकिन नदी की सफाई का ध्यान आप सब भी रखें। उसके पारदर्शी पानी को बचाने के लिए गंदगी नहीं डालें, भैंसों-मवेशियों को नहीं नहलाएँ। प्लास्टिक आदि तो सबसे खतरनाक है।”
“फिर भैंसिया को कहाँ नहलाएँ सर जी!”
“तालाब-नदी से बाल्टी में पानी निकालकर, बाहर नहलाएँ।”
अब उसकी सलाहें पत्थर की लकीरें।
नीलिमा ने पारुल को लंबा खत लिखा,
प्रिय पारुली,
भर टोकरी स्नेह!
विश्वास है, मासी माँ ठीक होंगी। तुम सब भी।
मेरा जीवन एक बँधी-बँधाई लीक पर चलने लगा है। साल में एक बार गर्मियों की छुट्टी में गाँव जाने का क्रम तो छूट चुका था। लेकिन यहाँ की सुंदरता ने मन को बहुत शांति दी है।
वैसे भी जब आप काम में डूब जाते हैं, सारी दुश्वारियाँ गायब हो जाती हैं…यूँ कहें, छिप जाती हैं।
यहाँ के अधनंगे पुरुष, युवक, बच्चे सभी गरीबी की भयावहता से डराया करते हैं। सभ्यता से परे यहाँ के लोग कैसे जी रहे हैं, वह समझ नहीं पाती हूँ।
मुझे यहाँ बहुत कुछ करना है। ब्लॉक को एकदम तो बदला नहीं जा सकता। परंतु कोशिश कर इस जगह को आदमी के रहने लायक बनाया जा सकता है। थोड़ी सभ्यता, ज्यादा विकास की योजनाओं पर अमल किया ही जा सकता है।
कुछ काम किया है पारुल, बहुत बाकी है। दुआ कर, अपने मिशन में मुझे भरपूर सफलता मिले। मैं लोगों को साक्षर बना सकूँ, शिक्षा की दिशा में कोई काम कर सकूँ और अंधविश्वास, कुरीतियों से सबको दूर रख सकूँ। बस, यही छोटी सी कामना है।
एकदम नए वातावरण और रात-दिन के काम के बोझ के बावजूद संतुष्ट हूँ। धीरे-धीरे दो वर्ष का यह समय कैसे बीत गया, पता ही नहीं चला।
छल-कपट, दर्द-तकलीफ, खुशी…कुछ भी सोचने का अवसर नहीं मिला।
प्रतापपुर मुझे भा गया है रे। अब तू आने की तैयारी कर।
सबको यथायोग्य प्रणामाशीर्वाद!
शेष अविशेष!
तेरी ही
नीलिमा