*महाभारत कथा*
————————
*अग्निशिखा : द्रौपदी*
(द्वितीय खंड)
(चतुर्थ आख्यान)
*अग्निशिखा द्रौपदी का अवतरण*
धृष्टद्युम्न के जन्म के पश्चात यज्ञकुंड की अग्नि और भी अधिक प्रज्वलित हो गयी। अग्नि की शिखा आकाश को छूती हुई सी प्रतीत होने लगी। फिर अग्नि की उस ज्वाला में एक पूर्ण युवती की आकृति दृष्टिगोचर हुई। उस युवती के मुखड़े पर एक अलौकिक तेज दमक रहा था। उसके सम्पूर्ण शरीर का रंग नीलोत्पल कमल के समान श्यामल था। उसके शरीर से एक योजन दूर तक दिव्य कमल की सुगंध फैल रही थी। उसके नयन कमल के पुष्प के समान विशाल, केश रेशम की तरह मुलायम और बादल के समान काले तथा घुंघराले थे। कुल मिलाकर वह वह अलौकिक सौंदर्य की स्वामिनी थी। उसके ओठों पर सौम्य मृदुल मुस्कान थिरक रही थी। उसने राजसी वस्त्र और आभूषण धारण कर रखे थे। उस दिव्य तरूणी के प्रकट होते ही आकाशवाणी हुई –
“यह कन्या हस्तिनापुर के अधर्मी शासक कौरवों के विनाश का कारण तथा सम्पूर्ण आर्यावर्त में धर्म के पुनर्स्थापना का माध्यम बनेगी।” इस भविष्यवाणी को सुनते ही यज्ञ स्थल पर “साधु-साधु” की करतल ध्वनि गुंज उठी। उस कन्या ने भी अपने भ्राता धृष्टद्युम्न की तरह ही उच्च कुल की सुलक्षणा पुत्री होने का परिचय देते हुए अपने माता-पिता के साथ साथ उपस्थित ऋषियों का आशीर्वाद प्राप्त किया। राजकुमार धृष्टद्युम्न की तरह उस पुत्री का भी नामांकरण हुआ – “अग्निशिखा”! फिर भीड़ चिल्ला पड़ी -“यह कन्या महाराज द्रुपद की पुत्री है, इसलिए यह “द्रौपदी”* कहलाएगी।” महाराज द्रुपद ने भी इस नाम की पुष्टि कर दी। अब वह कन्या “अग्निशिखा : द्रौपदी” बन चुकी थी।
महाराज द्रुपद धृष्टद्युम्न जैसे पुत्र और द्रौपदी जैसी पुत्री को पाकर निहाल हो चुके थे। पूरे धार्मिक अनुष्ठान और राजकीय सम्मान के साथ उन दोनों भाई बहन को राजमहल में लाया गया। राजमहल में राजकुमारी द्रौपदी का स्वागत महारानी पृशति के नेतृत्व में किया गया। स्वागत-सत्कार के पश्चात द्रौपदी अपने लिए निर्धारित कक्ष में लायी गयी। कक्ष में आने के बाद द्रौपदी ने दासियों की ओर देखते हुए कहा –
– “मुझे एकांत चाहिए।”
“जो आज्ञा राजकुमारी जी।” सभी दासियां सर झुकाए हुई कक्ष से निकल गयी। द्रौपदी पलंग पर बैठकर स्वयं के अग्नि कुंड से उत्पन्न होने की दिव्य घटना और आकाशवाणी पर चिंतन करने लगी। उसने बचपन नहीं जिया था। इस संसार में पूर्ण युवावस्था में आना उसके लिए एक अलौकिक अनुभव जैसा था। उसके मन में झनझनाहट के साथ साथ अनेकों प्रश्न उमड़ने-घुमड़ने लगे-
“मैं जब अग्नि की लपटों के साथ यज्ञकुंड से बाहर आयी, तब मेरे मन-मस्तिष्क में स्मृतियां नहीं थी। एक बोध था। मैंने जब प्रथम बार वायु का स्पर्श किया तब मुझे अनुभव हुआ कि वायु शीतल है। जबकि मेरा मूल तत्व अग्नि था। मैंने अपनी दृष्टि घूमाई और देखा कि हजारों आंखें मुझे विस्मय से देख रही हैं। तब मैंने इस संसार को देखने की बजाए पहचानना आरंभ किया। मैंने अनुभव किया कि मेरे लिए यह संसार एक सजा-धजा रंगमंच है और इस रंगमंच पर मुझे कौन सी भूमिका निभाई है, इसका ज्ञान मुझे हो चुका है।” द्रौपदी के अंदर एक परिपक्व स्त्री का विवेक और एक अबोध बालिका की जिज्ञासा का अनूठा संगम उत्पन्न हो चुका था।
*पिता-पुत्री संवाद*
पांचाल नरेश द्रुपद अग्निदेव द्वारा प्रदत्त अपनी पुत्री अग्निशिखा द्रौपदी के अलौकिक तेज को देखकर थोड़े आश्चर्य चकित तथा उसकी तेजस्विता के समक्ष थोड़े विनीत भी थे। उन्हें ज्ञात था कि उनकी पुत्री द्रौपदी का प्रार्दूभाव किसी खास प्रयोजन के लिए हुआ है। जिसकी भविष्यवाणी देवताओं द्वारा कर दी गयी है। वे अपनी इस दिव्य पुत्री से मिलने और उससे कुछ वार्ता करने को व्यग्र हो उठे। जब सारे धार्मिक अनुष्ठान और सेवा सत्कार के पश्चात द्रौपदी अपने कक्ष में पहुंचा दी गयी, तब महाराज द्रुपद उल्लास से भरे हुए उसके कक्ष की ओर प्रस्थान कर गये।
“महामहिम पांचाल नरेश महाराज द्रुपद पधार रहे हैं।”
पलंग पर चिंतन की अवस्था में बैठी हुई द्रौपदी द्वार पर खड़ी परिचारिका की इस आवाज को सुनकर चौंक पड़ी और पलंग से उतरती हुई मृदुल आवाज में बोली-
“पिताश्री को ससम्मान आने दिया जाए।”
महाराज द्रुपद कक्ष में पधारे। अग्निशिखा द्रौपदी उनके कदमों में झुक गयी। महाराज द्रुपद अपनी पुत्री को उठाकर उसे आशीर्वाद प्रदान करते हुए वात्सल्यपूर्ण स्वर में बोले –
“हे दिव्य कन्या! मैंने तो सिर्फ एक ऐसे पुत्र की कामना की थी, जो हस्तिनापुर के राजगुरु द्रोणाचार्य से मेरे अपमान का प्रतिशोध ले सके। परंतु अग्नि देव ने मुझे पुत्र धृष्टद्युम्न के साथ साथ तुम्हारे रूप में साक्षात शक्ति प्रदान कर दी है।
अग्निदेव की इस महत्ती कृपा के लिए मैं उनका आभारी हूं।” अपने पिता की बात सुनकर द्रौपदी ने शांत, सौम्य और दृढ़ स्वर में उत्तर दिया –
“हे तात! अग्नि का अर्थ ही है पवित्रता और परिवर्तन! मैं मात्र आपके और आर्यावर्त के इस प्रतिष्ठित कुल के सिर्फ सुख की सहभागिनी नहीं हूं, बल्कि आपके हृदय की वेदना को दूर करने और आपके संकल्पों को पूर्ण करने का माध्यम बनने आयी हूं।” अपनी दिव्य स्वरूपा पुत्री की बातें सुनकर आनंदित हो गये महाराज द्रुपद। वे मुग्ध होते हुए बोले –
“पुत्री! तुम केबल पांचाल देश की राजकुमारी नहीं हो। तुम इस युग के धर्म की स्थापना का आधार बनोगी। तुम्हारा जन्म संसार से अधर्म का नाश करने तथा स्त्री की मान-मर्यादा को पुनर्स्थापित करने के निमित्त हुआ है। तुम इस युग की सबसे दुस्साहसी और निर्भीक लड़की हो। तुम्हारे मस्तक से प्रकाशित होने वाला अलौकिक तेज इस बात की गवाही दे रहा है कि तुम अपने उद्देश्य में निश्चित रूप से सफल हो ओगी।” अपनी पुत्री को आशीर्वाद प्रदान कर महाराज द्रुपद कक्ष से बाहर निकल गये। द्रौपदी मुग्ध भाव से अपलक अपने पिता को देखती रही। वह संसार की प्रथम ऐसी पुत्री थी, जिसे अपने माता-पिता की गोद में खेलने का सौभाग्य प्राप्त न हुआ था।
*महारानी पृशति का ममत्व*
जब यज्ञकुंड की प्रचंड अग्नि से श्याम वर्ण की कमल के समान आंखों वाली, दिव्य आभा से युक्त द्रौपदी प्रकट हुई तब सम्पूर्ण सभा चकित थी, परंतु महारानी पृशती की आंखों में विस्मय के साथ साथ एक अकल्पित तृप्ति का भाव था। उन्हें प्रथम संतान के रूप में शिखंडनी प्राप्त तो हुई थी, परंतु दैव योग से वह स्त्री से पुरुष में परिवर्तित हो चुकी थी। धृष्टद्युम्न को लेकर उनके पास ग्यारह पुत्र थे, उनकी कामना एक पुत्री की थी। जिस कामना को इष्टदेव ने पूर्ण कर दी और द्रौपदी के रूप में उन्हें दिव्य पुत्री की प्राप्ति हुई। वे अपनी इस श्याम वर्ण की अलौकिक पुत्री से मिलने को व्याकुल हो उठी। अपने दिव्य पुत्र धृष्टद्युम्न को उसके कक्ष में पहुंचा कर वे दौड़ पड़ीं अपनी पुत्री के कक्ष की ओर।
अपने पूज्य पिता से वार्तालाप के पश्चात द्रौपदी सहज भी न हो पायी थी कि महारानी पृषती ने उसके कक्ष में कदम रखा। अपने समक्ष माताश्री को अचानक देखकर चौंक पड़ी वह। कुछ पल उनकी सौम्य आकृति को वे अपलक निहारती रही, तत्पश्चात उनके चरणों में झुक गयी। रानी पृशती ने अपनी पुत्री को उठा कर छाती से चिपका लिया। अपूर्व शान्ति मिली उन दोनों को। मां और पुत्री का यह मिलन साधारण मिलन नहीं था। इस मिलन में एक ओर वह कन्या थी, जिसे “अयोनिजा” (जो गर्भ से उत्पन्न न हुई हो।) कहा गया। दूसरी ओर वह मां थी, जिसने उसे जन्म दिये बिना ही उसे अपना सर्वस्व मान लिया था। महारानी की आंखों से बहते हर्ष के आंसुओं ने द्रौपदी के मस्तक को भींगो दिया। उन्होंने अपनी पुत्री के सांवले सलोने मुखड़े को दोनों हाथों में भरकर स्नेहसिक्त स्वर में कहा –
“पुत्री, तुम अग्नि की ज्वाला सी प्रखर हो, परंतु मेरी गोद के लिए तुम वही सुकोमल पुष्प हो जिसकी प्रतीक्षा मैं वर्षों से करती रही हूं।” कुछ देर रूक कर महारानी पृशती अपनी पुत्री पर स्नेह सुधा बरसाती हुई पुनः बोली – “तुम तो देवताओं का आशीर्वाद और अपने पिता के लिए प्रतिशोध की ज्वाला बनकर आयी हो। क्या तुम अपने हृदय में एक कोमल कन्या का भाव रख पाओगी? क्या तुम मुझे अपनी जन्मदात्री माता के रूप में स्वीकार करोगी?” अपनी मां की बातें सुनकर द्रौपदी मुस्कराने लगी। फिर उसके अधर खुले –
“माते, अग्नि का गुण केवल जलाना ही नहीं होता, बल्कि पवित्र करना भी होता है। यदि मैं पिताश्री के संकल्प का परिणाम हूं तो आपके वात्सल्य की परिकल्पना भी हूं। एक कन्या तब तक पूर्ण नहीं है जब तक कि उसे अपनी माता का ममत्व भरे प्रेम की अमृतमयी शीतल छाया न मिल जाए। माते, मुझे अपनी शरण में लेकर इस संसार के संबंधों का बोध कराइए।” अपनी पुत्री की दार्शनिक बातें सुनकर महारानी पृशती निहाल हो गयी। वे भावविभोर होती हुई बोली -“पुत्री संसार तुम्हें अग्निशिखा कहेगा, याज्ञसेनी कहकर पुकारेगा, पांचाल की प्रजा पांचाली कहेगी, तुम्हारे पिता तुम्हें द्रौपदी कहकर पुकारेंगे, परंतु मैं तुम्हें श्यामा कहकर पुकारुंगी। तुम्हारा जन्म सामान्य नहीं है, इसलिए तुम्हारा जीवन संघर्षों की अग्नि से जलेगा। क्या तुम इस संघर्ष के लिए तैयार हो?” अपनी माता की इस चुनौती को सुनकर द्रौपदी मंद मंद मुस्कुराने लगी-
“माते, जब तक मुझ पर आपका आशीर्वाद बना रहेगा, मैं हर तरह की अग्नि परीक्षा के लिए प्रस्तुत रहूंगी। माते, आप मुझे सिर्फ धैर्य धारण करना ही नहीं बल्कि शौर्य भी सिखाईए, ताकि मैं पुरुष प्रधान इस पाखंडी समाज से समय आने पर लड़ सकूं और विजय प्राप्त कर सकूं।” ऐसा कहते हुए द्रौपदी के मुखड़े पर एक अलौकिक तेज उभर आया जो उसके दुस्साहस का परिचायक था।
“अवश्य पुत्री, मैं ऐसा ही करूंगी।” महारानी पृषती द्रौपदी को आशीर्वाद देकर कक्ष से बाहर निकल गयी। द्रौपदी सजल नेत्रों से अपनी माताश्री को देखती रही।फिर थकी थकी सी पलंग पर आकर लेट गयी। उसने नि:संकोच महारानी पृषती को अपनी मां मानकर यह। सिद्ध कर दिया कि संबंध केबल रक्त से ही नहीं बनते। अग्नि की लपटों से उत्पन्न हुई वह कन्या ममतामयी माता की गोद में पहुंच कर शीतल हो गयी, जैसे तपती हुई धरती वर्षा की बूंदें पाकर शीतल हो जाती है।
*द्रौपदी और दीक्षा का प्रथम मिलन*
काम्पिल्य के राजप्रसाद का उपवन सांध्य बेला की सुनहरी धूप से नहाया हुआ था। महाराज द्रुपद की पुत्रवधू और दशार्ण देश की राजकुमारी दीक्षा अपने पति राजकुमार शिखंडी के साथ अपने नये जीवन की शुरुआत कर चुकी थी। यद्यपि उन दोनों के विवाह आरंभिक सत्य तथा शिखंडी को यक्ष की कृपा से प्राप्त पुरुषत्व प्राप्ति का रहस्य महल के कुछ ही लोगों को ज्ञात था ! दीक्षा के मन में इस राजवंश तथा अभी अभी यज्ञकुंड की अग्नि से उत्पन्न हुई अलौकिक युवती तथा एक दिव्य स्वरूप वाले युवक के रहस्य को जानने की गहरी उत्सुकता थी।
इस समय दीक्षा उस उपवन के एक एकांत में बने सुन्दर से मंडप में बैठी उन्हीं दोनों अद्भुत युवक और युवती के बारे में सोच रही थी। तभी उसकी दृष्टि अपनी ओर आती हुई अग्निशिखा द्रौपदी पर पड़ी। द्रौपदी के मुखड़े पर एक अलौकिक तेज दमक रहा था और उसकी चाल में स्वाभाविक राजसी गरिमा थी। द्रौपदी धीमी गति से चलती हुई दीक्षा के समक्ष आकर खड़ी हो गयी। उसके ओठों पर आत्मीय मृदुल मुस्कान थिरक रही थी। द्रौपदी को अपनी परिचारिका द्वारा ज्ञात हुआ था कि उसके बड़े भ्राता हैं शिखंडी, उसकी पत्नी दीक्षा काफी सुन्दर और सुलक्षणा है। अपनी भाभी से मिलने की द्रौपदी के में तीव्र ललक उत्पन्न हुई और वह उसे ढूंढती हुई यहां तक आ गयी। दीक्षा के निकट आकर उसे समयोचित सम्मान देती हुई, अपने दोनों हाथों को जोड़कर बोली द्रौपदी –
“प्रणाम भाभी! मुझे आशा है कि काम्पिल्य का यह मनोरम वातावरण आपको दशार्ण के राजमहल जैसी ही प्रिय लग रही होगी?” दीक्षा भी द्रौपदी के सम्मान में उठकर खड़ी होती हुई स्नेहिल स्वर में बोली –
“प्रणाम राजकुमारी द्रौपदी। नि:संदेह काम्पिल्य का सौंदर्य अद्वितीय है। परंतु इस प्रासाद में सबसे अलौकिक तो आप और आपके भ्राता धृष्टद्युम्न हैं। आप दोनों अग्नि कुंड से उत्पन्न हुए हैं, परंतु आपको देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे अग्नि का समस्त तेज आपके स्वरूप में ही समाहित है।” अपनी भाभी दीक्षा की बातें सुनकर द्रौपदी हंस पड़ी मुक्त भाव से –
“संसार हमें हमारी उत्पत्ति के आधार पर देखता है दीक्षा भाभी, किन्तु सत्य यह है कि हम सभी अपने कर्मों और नियति के धागों से बंधे हुए हैं। मुझे ज्ञात है कि मेरे बड़े भैया शिखंडी ने जीवन के हरेक मोड़ पर एक कठिन युद्ध से लड़ा है और आपने धैर्यपूर्वक उनके जीवन में शान्ति का संचार किया है। यह आपकी महानता है भाभी।” द्रौपदी की मृदुल बातें और अपनी प्रशंसा सुनकर दीक्षा कुछ पल मौन रही, फिर गंभीर स्वर में बोली –
“आपने सही कहा द्रौपदी, मेरे पति शिखंडी का जीवन संघर्षों की एक गूढ़ गाथा है। कभी कभी मैं सोचती हूं कि नियति ने उनके साथ और मेरे साथ जो क्रूर खेल खेला है, क्या हम उस खेल के पात्र लायक थे? उनके जीवन के सत्य को जान कर मेरा हृदय उनके प्रति आदर भाव से भर गया है।”
द्रौपदी अपनी भाभी के दोनों हाथों को अपने हाथों में लेती हुई दार्शनिक भाव से बोली –
“भाभी, नियति साधारण मनुष्यों को साधारण सोच देती है, परंतु जिनका जन्म किसी विशेष कार्य की सिद्धि के लिए होता है, उनका मार्ग कंटकाकीर्ण होता ही है। शिखंडी भैया का जीवन परिवर्तन और संकल्प की गाथा है। आपने उन्हें स्वीकार कर केवल एक आदर्श पत्नी का ही धर्म नहीं निभाया है, बल्कि उनके संघर्षों को एक संबल दिया है। इस राजमहल में आप स्वयं को एकाकी न समझें, द्रौपदी हमेशा आपके साथ खड़ी मिलेगी।” द्रौपदी की सारगर्भित और सांत्वना पूर्ण बातें सुनकर दीक्षा उसकी वाक्पटुता पर मुस्कुराती हुई बोली –
“आपकी इन बातों ने मेरे हृदय के भार को हल्का कर दिया है द्रौपदी। अब मुझे विश्वास हो चुका है कि जीवन के इस नये स्वरूप में मैं हर परिस्थितियों का सामना सहजता से कर लूंगी।”
द्रौपदी ने अपनी भाभी दीक्षा को स्नेह से गले लगाया। संध्या की ठंडी हवा के बीच दो दृढ़ युवतियों का यह मौन विश्वास पांचाल के भविष्य का एक मौन आधारशिला बन गया। अंधकार गहरा हो गया था। वे दोनों एक-दूसरे से अलग होकर अपने अपने कक्ष की ओर चल दी।
∆∆∆∆∆