दर्द न जाने कोई
भाग -26
उस दिन सामान्य ज्ञान की कक्षा थी। बच्चे पुस्तक में कोई चित्र देख-देखकर बहुत हँस रहे थे। अच्छा-खासा शोर कक्षा से आ रहा था। देवेन्द्र ने कक्षा के अन्दर जाकर जब मामला पूछा तो एक बच्चे ने किताब खोलते हुए कहा, “सर देखिए तो क्या लिखा है…एक मछली ऐसी होती है जो नर से मादा बन जाती है….” पूरी कक्षा एकबार फिर खिलखिला उठी। देवेन्द्र ने किताब अपने हाथों में ली और पढ़ने लगा, ‘आस्ट्रेलिया में बारामुंडी नामक एक ऐसी मछली पायी जाती है जो पैदा तो नर के रूप में होती है लेकिन कुछ समय बाद वह स्वयं को मादा के रूप में परिवर्तित कर लेती है। बारामुंडी मछली आस्ट्रेलिया में बड़े चाव से खायी जाती है…’ देवेन्द्र को यह पढ़कर आश्चर्य हुआ। हालांकि वह बच्चों के साथ उतना नहीं हँसा और उन्हें इतना ही समझाया, “यह प्रकृति बहुत सारे रहस्यों से भरी पड़ी है, तभी तो सामान्य ज्ञान जैसी पुस्तकें हमें पढ़ते रहना चाहिए।” बच्चों को तो बहुत आसानी से उसने समझा दिया लेकिन एक मछली के नर से मादा बनने की जानकारी ने उसके शरीर में हलचल पैदा कर दी। यह विडम्बना नहीं तो और क्या है कि वह जब-जब यह भूलने की कोशिश करता कि उसके मर्दाना शरीर में एक औरत सोई हुई है, तभी कुछ-न-कुछ ऐसा हो जाता कि वह सोई औरत अपनी पूरी कमनीयता के साथ अँगड़ाई लेने लगती। आज जब से उसने उस किताब में नर मछली के मादा बनने की जानकारी पढ़ी है, उसका दिल मचलने लगा है। वह बार-बार यही सोच रहा है कि ‘काश इंसानों में भी ऐसा कुछ चमत्कार होता कि वे अपने शरीर को बदल सकते और अपने अपने तन को भी अपने मन के अनुसार बना सकते’। देवेन्द्र के शरीर में झनझनाहट होने लगी मानो उसका पूरा शरीर बारामुंडी मछली बन गया और वह अपने कल्पना के सागर में तैरने लगा। उस कल्पना सागर में कभी वह मछली बनकर तैरता तो कभी साड़ी पहने हुए एक सजी-धजी औरत की तरह अँगड़ाई लेता। उसके मन के शान्त सरोवर में बारामुंडी मछली नाम का ऐसा कंकड़ गिरा कि मन में उठी तरंगें ठहरने का नाम ही नहीं ले रहीं थीं। एक अजीब-सा प्रमाद उस पर हावी हो रहा था।
उस शाम खेलकूद के प्रशिक्षण के साथ नृत्य की कक्षा भी थी। उसने खेलकूद का प्रशिक्षण शीघ्र समाप्त किया और बच्चों को नृत्य का प्रशिक्षण देने लगा। आज उसके नृत्य को देखकर बच्चे दंग रहे गए। जब से प्रशिक्षण आरंभ हुआ था, लगभग हर रोज ही वहाँ कुछ बच्चों के अभिभावक भी आ जाते थे। देवेन्द्र को नाचते देख जहाँ एक ओर उसकी तारीफ कर रहे थे तो दूसरी ओर एक लड़के को लड़की की तरह नाचते देखकर उसके विषय में उल्टी-सीधी बातें भी कह रहे थे। हमारे समाज में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो दूसरों के विषय में अपनी सोच के अनुसार ही धारणाएँ गढ़ लेते हैं और उन्हीं को ही सही समझते हैं। कोई लड़का यदि लड़कियों की तरह नाचे या उसके हाव-भाव थोड़े भी अलग हों तो उसे एक ही संज्ञा से पुकारा जाता है—‘जनखा’ या ‘हिजड़ा’। वहाँ उपस्थित कुछ लोगों के मन यही बात उठ रही थी कि देवेन्द्र सर तो बहुत अच्छा नाचते हैं…कमाल कर दिया सर ने, लेकिन उस दिन कुछ लोग ऐसे भी थे जो दबी जुबान में देवेन्द्र को ‘हिजड़ा’ समझने लगे थे। कुछेक लोग ऐसे भी थे जो देवेन्द्र पर पहले ही शक करते थे और शक के आधार पर ही उसे ऐसी ही दृष्टि से देखते थे। उन लोगों की दृष्टि और विचारों से अनभिज्ञ देवेन्द्र ने उस शाम बच्चों को नृत्य प्रशिक्षण देते समय ताबड़-तोड़ नृत्य किया मानो वह नाच-नाच कर अपने अन्दर की स्त्री को थकाकर सुलाना चाहता था।
बारामुंडी मछली के बारे में पढ़कर उसके मन में रोमांच होने लगा था। अब तक जिस नारीसुलभ लचक को वह सप्रयास रोकता आ रहा था वह फिर से उसके शरीर में आने लगी थी। शरीर की लचक ने उसके मन की औरत को और उभार दिया था। वह नहा-धोकर कमरा बंद करके आइने के सामने निर्वस्त्र खड़ा हो गया और अपने शरीर का मुआयना करने लगा। वह बहुत बारीकी से अपने शरीर को देख रहा था। जैसे अपनी आँखों से एक-एक अंग का एक्सरे निकाल रहा हो। न जाने क्यों उसके मन में यह खयाली पुलाव पकने लगा था कि यदि वह अपने आपको औरत में बदलेगा तो उसे अपने शरीर में क्या-क्या परिवर्तन करवाने पड़ेंगे। अपना चेहरा जिस पर यदि एक भी दिन रेजर न चलाया जाए तो दाढ़ी-मूँछें उगने लगती हैं। यह सपाट छाती जिस पर बाल उग रहे हैं। इन्हें भी रेज़र या बालसफा क्रीम से हटाया जा सकता था लेकिन कमर के नीचे लटकता यह माँस का लोथड़ा, इसका क्या होगा…उफ यही है सारी परेशानी की जड़। उसने उस मांस के लोथड़े को पकड़कर खींचना शुरू कर दिया। मानो वह उसे खींच कर अपने शरीर से नोच फेंकना चाहता हो। उसे अपने शरीर के इस अंग से बेहद घृणा होने लगी। वह सोचने लगा कि काश उसे औरत का शरीर मिला होता तो उसे अपने तन और मन से इस प्रकार नहीं लड़ना पड़ता। गुस्से और आवेश में वह अपने गुप्तांग को चोट देने लगा और निढाल होकर अपनी चारपाई पर गिर गया। उसकी आँखों में आँसू आ रहे थे। उसके मन की औरत चाह कर भी बाहर नहीं आ पा रही थी। वह तड़प रहा था। पर उसकी तड़प का कोई इलाज उसे नजर नहीं आ रहा था। एक बार तो उसने सोचा कि अपने मन की सारी बातें प्रधानाचार्य जी से कह दी जाएँ। वे बहुत समझदार, सुलझे हुए और ज्ञानी व्यक्ति हैं निश्चित रूप से कोई-न-कोई रास्ता जरूर बताएँगे लेकिन अगले ही पल यह सोचकर उसका रोम-रोम काँप गया कि कहीं उसके बारे में गलत समझकर उसे नौकरी से न निकाल दिया जाए। बड़ी मुश्किल से तो उसे यह नौकरी मिली है और जीवन में आगे बढ़ने का एक छोटा-सा रास्ता दिखाई दिया है। अन्ततः उसने सोचा, ‘नहीं…मैं अभी किसी को कुछ नहीं बताऊँगा’ और अन्दर-ही-अन्दर घुटते हुए देवेन्द्र चारपाई पर पड़ा-पड़ा सुबकता रहा।
क्रमशः
लवलेश दत्त