मैं अचानक ही फिल्म से निकाल कर अपने बचपन में पहुँच गई। मीना चाची की खूबसूरत पनीली आँखों में भी तो यही कुछ था, जिसे समझने में मुझे लगभग बाईस साल लग गए। आज समझ पाई हूँ कि जो अनुत्तरित प्रश्न कई वर्षों से मेरी प्रतीक्षा में था, स्वयं के प्रेम में पड़ने पर भी कभी ठीक से उसका उत्तर खोज नहीं पाई थी, उसका उत्तर तो मीना चाची की आँखों में उस दोपहर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था… पर तब मेरी उम्र इतनी कम थी कि उन पनीली, बेबस आँखों की भाषा समझना संभव ही नहीं था। लेकिन वे एक जोड़ी आँखें सदा-सदा के लिए मेरे स्मृति पटल पर अंकित रह गई थीं। क्योंकि वही तो हमारी आखिरी मुलाकात थी, विदाई भी थी, जिसकी खबर हमें रात को मिली, जब चीटू अकेला ही रिक्षे में बैठकर घर लौटा था। मेरा हमउम्र चचेरा भाई चीटू, दोपहर में अपनी मम्मी, मीना चाची के साथ रिक्षे में बैठकर कहीं जा रहा था। वैसे तो हम दोनों हमेशा साथ ही जाते थे सब जगह। उस दिन भी मैं ज़िद कर रही थी साथ चलने की पर चाची ने मुझे समझाया कि जहाँ वे लोग जा रहे हैं वहाँ मैं नहीं जा सकती थी। मेरे हाथ में दो रुपए का कड़क नोट रखकर उन्होंने मेरी मुट्ठी बंद की और गाल थपका कर कहा -“इससे कुछ खा लेना नीटू और चीटू के लिए भी बचाकर रखना।” उनकी खूबसूरत, गहरी आँखें पनीली होकर और भी आकर्षक हो गई थीं। उन्होंने मेरे सिर पर हाथ फेरा और बात आगे बढ़ाई “तुम दोनों भाई-बहन एक साथ बहुत अच्छे लगते हो। हमेशा साथ रहना, मिलजुल कर रहना। रहोगे ना?” बारी-बारी से दोनों की ओर देखा और मुझे अच्छी तरह से याद है हम दोनों ने एक दूसरे के गले में हाथ डाल कर अपनी बाल सुलभ मुस्कान से उन्हें आश्वस्त किया था।
आज सोच रही हूँ कि क्या मेरे आश्वासन की आवश्यकता थी उन्हें?
और ये भी कि क्या मेरे आश्वास्त करने से उन्हें हिम्मत मिली और उन्होंने इतना बड़ा कदम उठा लिया? दूसरा विचार ग्लानि देने वाला था इसलिए उसे दिमाग से झटक कर निकाल दिया। नहीं-नहीं उनके जाने या गायब होने में मेरा किसी भी तरह का कोई सहयोग या भूमिका नहीं थी। उन्हें जाना ही था, क्योंकि वो प्यार में थीं…
*******
उस दिन दोपहर में चीटू और चाची के जाने के बाद मैं शाम तक मम्मी के आसपास ही मंडराती रही थी। फटाफट से अपना गृहकार्य कर लिया था। उसके बाद अपनी गुड़ियाओं के कपड़े बदले और उतारे गए नन्हे-नन्हे कपड़ों को अपने खिलौने के टब में साबुन लगा कर बाल्टी में डालकर अच्छी तरह से धो भी दिए थे। फिर उन्हें सुखाने में बिल्लो बुआजी ने मेरी मदद की थी। तीन भाइयों की सबसे छोटी और एकमात्र बहन बिल्लो बुआजी की मैं सदा से ही लाडली रही थी। चीटू मुझसे दो महिने बड़ा था पर बुआजी उसे कभी भी पसंद नहीं करती थीं। इसका कारण बिल्लो बुआजी ने ही बताया था एक दिन। मीना चाची अपने बेटे को मॉर्डन तौर-तरीकों से पालना चाहती थीं और ससुराल वालों के पुरातनकालीन तरीके उन्हें बिल्कुल भी पसंद नहीं थे। इसलिए उन्होंने शुरू से ही घरेलू कामकाज की ज़िम्मेदारी बाकी लोगों के भरोसे छोड़कर बच्चे की ज़िम्मेदारी खुद के हाथ में रखी। दो महिने बाद ही जब मेरा जन्म हुआ तो घर-भर की बच्चा खिलाने की साध पूरी हुई। मम्मी बताती थीं “अगर माँ के दूध की ज़रूरत न होती तो मैं तो तेरी सूरत देखने के लिए भी तरस ही जाती।”
बिल्लो बुआजी ने खूब फटक-फटक कर कपड़े सुखाए। मैं उन्हें पकड़ाती जाती और वो सुखाती जातीं फिर मैं चिमटी देती और वो चिमटी लगाकर कपड़ों के हवा में उड़कर नीचे न गिरने का पक्का बंदोबस्त कर देतीं। हम छत पर ही थे कि तभी रिक्षे के आगे के पहिए के स्टैंड में लगे घुंघरुओं के खनकने की आवाज़ सुनकर मैं मुंडेर की तरफ ताली बजाती हुई भागी “मीना चाची और चीटू आ गए…मीना चाची और चीटू आ गए…”
नीचे झाँका तो रिक्षे में केवल चीटू था, रो-रोकर सूजी हुई आँखों के नीचे आँसू बहने के गंदले निशान पड़े हुए थे। हाथ में पकड़ी हुई लॉलीपॉप लगातार चलती हिचकियों के कारण ठीक से मुँह में नहीं जा पा रही थी और इसीलिए गालों पर उसकी चिपचिपाहट भी आँसुओं की सूखी नदी में मिलकर उसे और भी दयनीय बना रही थी। तब तो मैं तो ये सब नहीं समझ पाई थी। मुझे तो बस यही लगा कि चीटू कितना गंदा लग रहा है रोते हुए। सड़क किनारे रिक्षा खड़ा कर रिक्षेवाले ने चीटू को गोदी में पकड़ कर नीचे उतारा और भीतर आँगन में, जहाँ सामने ही दादी सुस्ता रही थीं, उसे खड़ा करते हुए बोला “माताजी…माताजी… बच्चे को संभाल लेना।”
दादी उचक कर बैठ गईं और बाहर ताकने लगीं “इसकी माँ कहाँ रह गई?”
“पता नहीं माताजी। दोपहर में रिक्षा लेकर बस स्टैंड गई थीं। फिर बच्चे को रिक्षे में छोड़कर मुझे बोलीं इसका ध्यान रखना मैं टिकिट लेकर आती हूँ। वहाँ भीड़भाड़ में परेशान हो जाएगा। उन्होंने पचास रुपए भी दिए कि देर हो जाए तो इसे कुछ खिला-पिला देना। और ये भी कहा कि परेशान करे तो वापस घर छोड़ आना। मैं दूसरे रिक्षे से आ जाऊँगी।”
एक नज़र हम सब पर डाल कर उसने बात जारी रखी “फिर वो आई ही नहीं…बहुत देर हो गई तो मैं इसे लेकर वापस यहाँ आ गया।”
बिल्लो बुआजी और मैं भी तब तक नीचे आ चुके थे। रिक्षेवाले की बात के दौरान मैं चीटू के पास खड़ी थी और लॉलीपॉप को देख रही थी। चीटू ने वो मेरी तरफ बढ़ा दी थी। बात पूरी होते-होते बुआजी ने लपककर चीटू को उठाया, पुचकारा और नहलाने ले गईं। पीछे-पीछे मैं भी चल दी थी।
इधर घर में तो जैसे हड़कंप ही मच गया। बाजार में दुकान पर फोन कर के सबको खबर दी गई कि मीना चाची कहीं गुम हो गई हैं। ताऊजी, पापा और चाचा जब तक घर पहुँचे, वहाँ अच्छी खासी भीड़ जमा हो चुकी थी। तरह-तरह की बातें हो रही थीं।
“इतनी बड़ी महिला खो तो नहीं सकती…वो भी अपने इस छोटे से शहर में!”
“किसी ने किडनैप तो नहीं कर लिया?”
“नहीं! हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं कि घर की बहू को कोई उठाकर ले जाए। ये सब बड़े शहरों में ही होता है।”
“फिर?”
“कोई दुर्घटना का शिकार तो नहीं हो गई?”
“छोटे से शहर में कोई भी दुर्घटना घटे तो पलक झपकते ही चारों ओर उसकी खबर हो जाती है। आज तो ऐसी कोई खबर ही नहीं।”
“फिर?”
“खुद ही तो नहीं चली गई कहीं?”
“बच्चे को छोड़कर?”
“जा ही नहीं सकती चीटू को छोड़कर!”
“फिर?”
“कहीं काम मे अटक जाती तो कहीं भी किसी भी दुकान से फोन पर खबर कर देती। क्या हुआ आखिर?”
“बस स्टैंड पर क्या करने गई थी?”
“कहीं भाग तो नहीं गई किसी के साथ?”
“चीटू को छोड़कर?” सवाल फिर वही था। आखिर चीटू को छोड़कर मीना चाची कहीं कैसे गायब हो सकती थीं?
पूरे शहर में ढूँढा-ढकोरी के बाद आखिरकार पुलिस में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाई गई। कई महिनों तक खोजबीन करने के बाद सबने मान लिया कि मीना चाची किसी के साथ भाग ही गई हैं।
कुछ उड़ती उड़ती खबर भी आई थी कि किसी सरदार के साथ उनकी शादी से पहले की दोस्ती भी थी तो हो सकता है उसके साथ ही भाग गई हो। पर दादी ने सख्ती से कह दिया “चली गई तो चली गई। अब नहीं लौट सकती। न अपनी मर्ज़ी से न हमारी से।”
घर भर की खुशियों को ग्रहण लग गया था। बिल्लो बुआजी के लिए ढंग के रिश्ते आने बंद हो गए थे। उन्होंने अपना सारा ध्यान चीटू पर लगा दिया था। सात साल से भीतर संचित नेह का सोता अब खुलकर बह निकला था। कुछ दिनों तक तो चीटू मम्मी को याद करता रहा। पर जल्दी ही बुआजी के नेह में ऐसा भीगा कि उसकी दुनिया बुआजी के इर्द-गिर्द सिमटकर रह गई। बस एक ही बात पहले की तरह यथावत चल रही थी, हम दोनों का साथ, वो अब भी वैसा ही था। समय अपनी गति से आगे बढ़ता गया। चाचा की दूसरी शादी भी हो गई। पर चीटू की ज़िम्मेदारी न तो बुआजी ने नई भाभी को देनी चाही और न ही नई बहू ने लेने में ही कोई रुचि दिखाई। साल भर में ही उनकी खुद की गोद में शीतल आ गई तो चीटू को अपनाने की रही-सही उम्मीद भी जाती रही…
समय के साथ वर्तमान भूतकाल हो ही जाता है। दादी ने उसी साल पितृपक्ष में मीना चाची का श्राद्ध भी करवा दिया था। इस तरह घर में एक अघोषित नियम सा बन गया था कि कोई भी मीना चाची का न नाम ही लेगा और न ही उनसे जुड़ी कोई भी बात करेगा। अब उनके लौट आने के सभी रास्ते बंद हो गए थे। और उम्मीद…वो भी किस मुँह से सर उठाती?
*******
ऋचा ने मेरा हाथ दबाया “कहाँ खो गई तू? मूवी में मन नहीं लग रहा तेरा?”
“ओह्! मैं सचमुच कुछ सोचने लग गई थी ऋचा! अचानक कुछ याद आ गया था।” मैं वर्तमान में लौटी।
“हाँ, मुझे लगा ही था। अजीब है तू भी! अब पूरी देखनी है कि चलें बाहर?” स्वर में हल्का-सा व्यंग्य का और हास्य का भी पुट लगा मुझे।
“गुस्सा मत कर यार… सॉरी! अब चुपचाप देखूँगी।” मैंने उसे आश्वस्त करने के लिए मुस्कान बिखेरी।
“हम्म… बैटर फॉर यू.” ऋचा ने भी मुस्कुराकर जवाब दिया।
कह तो दिया था मैंने पर मन कहाँ भटक रहा था मेरा… दूर कहीं चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन की भीड़ में खोने से पहले कुछ पल को मिली थीं वो मुझे। तब मैं ठीक पहचान नहीं पाई थी। पर आज मैं दावे के साथ कह सकती हूँ कि वो मीना चाची ही थीं।
तब मैं अपने रिसर्च प्रोजेक्ट के लिए चंडीगढ़ पी जी आई में गई थी और उस दिन वापस लौट रही थी। स्टेशन पर एक अधेड़ उम्र की महिला भी उसी ट्रेन की प्रतीक्षा में खड़ी थीं। उनके पास सामान कुछ खास नहीं था, बस एक बड़ा सा हैंडबैग था। शायद किसी को लेने आईं थीं या आसपास ही किसी स्टेशन पर जाना होगा, पता नहीं। पर रह-रहकर मेरी नज़र उनकी ओर जा रही थी। पहले-पहल अचानक उन्हें देखकर तो मुझे लगा था कि इनको कहीं देखा है मैंने। मैं उन्हें थोड़ी देर अपलक देखती रही। वो अचकचा गईं। पहनावे से वहीं की लगती थीं। हमारी पड़ोसन सरदारनी आंटी की तरह बिना बिंदी का सूना माथा, न काजल न लिपस्टिक। एक बार मैंने आंटी से पूछा भी था कि भरे-पूरे परिवार और अंकल जी के साथ होते हुए भी वो ऐसे क्यों रहती हैं? उन्होंने हँस कर टाल दिया था।
खैर… अभी स्टेशन वाली आंटी पर मेरा ध्यान केंद्रित था।
“हैलो…आप… यहीं पंजाब से?” मुझे सब्र कहाँ था?
“हन्जी…मैं मनप्रीत कौर, अंबाला से।” ठेठ पंजाबी लहज़े ने मेरा स्वागत किया। उन्होंने हाथ भी बढ़ाया। बड़ा अपनापन सा महसूस हुआ।
“फिर चंडीगढ़ कैसे?”
“कुछ काम था यहाँ।”
फिर उनसे मेरे पी एच डी प्रोजेक्ट के बारे में कुछ बातें हुईं। मेरा विषय और उस पर मेरी रिसर्च उन्हें बहुत पसंद आई इसलिए मैं भी बहुत उत्साहित होकर उस बारे में बातें करती रही।
ट्रेन का समय हो चला था। स्टेशन पर बढ़ती भीड़भाड़ से गर्मी सी लगने लगी थी। उन्होंने बड़ी नज़ाकत से कंधे पर झूलते बालों को जब जेब से इलास्टिक बैंड निकाल कर कस लिया तो न जाने क्यों मुझे लगा ये तो मैंने पहले भी देखा है… ज्यादा कुछ सोचती उसके पहले ही ट्रेन स्टेशन पर लग गई। चढ़ने उतरने की हड़बड़ी में हम बिछड़ गए। सामान जमा कर सीट पर बैठी तो मनप्रीत कौर आंटी का चेहरा नज़र के सामने घूमने लगा। मुस्कुराते हुए उन्होंने बाल बांधे और अचानक उनका चेहरा गोल-गोल घूमते हुए जैसे दूर जाने लगा… कोई आकाशगंगा-सी थी, जिसमें न जाने कितने छोटे-बड़े दूधिया चाँद-तारे टिमटिमाते हुए गोल घेरे में, अपनी धुन में मगन थिरक रहे थे। उस गोल घेरे के बीचोंबीच मनप्रीत कौर आंटी की छवि घूमती हुई लगातार पीछे जा रही थी। यूँ लग रहा था जैसे किसी खड्डे में समा रही थी। लगभग ओझल हो ही रही थी उनकी छवि कि वापस लौटने लगी… नज़दीक आई तो मैं चौंक गई… मेरी आँखें बस फटकर बाहर नहीं गिरीं… लौटकर आया चेहरा मनप्रीत कौर आंटी का नहीं मीना चाची का था! वही गहरे लाल रंग की मध्यम आकार की बिंदी, गहरे काजल से सजी आँखें और बिना माँग के पीछे खींचकर बनाए गए बालों का गर्दन पर ठहरा हुआ जूड़ा…
मैं पसीना-पसीना हो गई। कंठ सूख कर तड़कने लगा। भीतर की सांस भीतर और बाहर की बाहर ही ठहर गई थी जैसे… मैंने घबराकर आँखें बंद कर लीं। और सहसा सब कुछ गायब हो गया था।
नई चाची ने मीना चाची की हर तस्वीर और निशानियाँ हटा दी थीं इसलिए हमें सिर्फ अपनी स्मृतियों में जैसा जितना उनके साथ का अनुभव था, वही याद था और वो भी समय के साथ-साथ धुंधला पड़ गया था। फिर अचानक उनका इस तरह याद आना? क्यों हुआ ऐसा? क्या अतीत की किसी स्मृति के तार वर्तमान में उलझ गए थे उस दिन? दिन भर की थकावट ने जल्दी ही मुझे नींद के सुपुर्द कर दिया था और चूंकि घर में मीना चाची का ज़िक्र भी नहीं कर सकते थे, इसलिए दिमाग़ ने खुद ही उस घटना को पीछे कहीं दफ़न कर दिया था।
पर आज मैं मूवी और चंडीगढ़ के बीच हिंडोले में हिचकोले खा रही थी। ऋचा मुझे मेरे हाल पर छोड़ कर फिल्म में डूबी हुई थी। फिल्म पूरी होने तक मैं एक निर्णय पर पहुँच चुकी थी।
********
सत्ताइस-अट्ठाईस वर्ष की उम्र में एक ओर तो अजब सा ठहराव आ जाता है जो कि बचपने से बाहर आकर समझदार हो जाने की भावना से पोषित होता है। वहीं दूसरी ओर स्वयं को समर्थ जान, दुनिया से टकराने का साहस भी इस उम्र में अपने चरम पर होता है। पी एच डी पढ़ाई पूरी होने वाली थी। ठीक एक महिने बाद मैं अंबाला रेलवे स्टेशन पर थी। उस दिन की बातचीत के आधार पर मुझे इतना पता था कि उनकी लोहे की कुंडी वगैरह की कोई फैक्ट्री थी अंबाला में। गूगल के ज़माने में किसी की डिटेल्स पाने के लिए इतनी जानकारी बहुत थी।
सुबह के आठ बजे अंबाला की एक पॉश कॉलोनी के महलनुमा बंगले के बाहर मैं खड़ी थी। गार्ड ने बताया कि मैडम मॉर्निंग वॉक पर गई हैं। मिलने के लिए अपना परिचय और फोन नंबर दे जाएँ, मैडम खुद ही बुला लेंगी। मैं गेट से थोड़ा दूर हटकर पेड़ के नीचे खड़ी हो गई। और जैसा कि मैंने सोचा ही था, मनप्रीत कौर आंटी सैर से लौटते हुए दिखाई दीं। मैं भी उनकी तरफ बढ़ चली।
“आंटी आप? पहचाना? हम चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर मिले थे। नमस्ते…” मैं दोनों हाथ जोड़कर नमस्ते करते हुए चहकी।
“अरे हाँ! याद आया? यहाँ कैसे?” फिर एक पल कुछ सोचकर मुस्कुराईं “नाम नहीं बताया था उस दिन तुमने। है ना?”
“आप यहाँ रहते हैं?” मैंने नाम वाली बात टालनी चाही।
“हाँ। पर तुम यहाँ कैसे?” वो बिल्कुल सहज थीं।
“एक कप चाय पिलाएँ तो बताती हूँ।” मैंने शरारत से कहा।
“ठीक है शाम की चाय पर मिलो, चार बजे।” उन्होंने एक कैफे का नाम-पता बताते हुए विदा ली।
घर पर नहीं पिला सकती थीं चाय? मैं सोच में डूबी थी।
खैर…जैसे तैसे उस शहर में कुछ मंदिर और ख़ास जगहें देखकर शाम के चार बजाए मैंने। पूरे दिन यही सोचती रही कि अगर मेरा अंदाज़ा सही नहीं निकला तो मैं क्या बातें करूँगी उनसे। जितनी उनके मीना चाची होने की संभावना थी उतनी ही न होने की संभावना भी थी। 50-50 चांसेस थे। पर जानना तो था ही।
मैं वहाँ पहुँची तो वो मेरा इंतज़ार करती हुई मिलीं।
“बहुत बड़ा घर है आपका। फिर भी आपने यहाँ मिलने को बुलाया?” मैंने अपनी बात शुरू की।
“जितने बड़े लोग, उतने बड़े चोचले।” वो हँसी… “क्या कहती उनको? एक अनजान लड़की, चंडीगढ़ स्टेशन पर मिली थी एक दिन, आज फिर घर के बाहर टकरा गई।” फिर आवाज़ भारी करके बोलीं “उससे क्यों मिलना?” फिर मुस्कुरा कर बोलीं “भई यही सवाल पूछते मनिन्दर और मैं समझा नहीं पाती। इसलिए यहाँ मिले।”
“हम्म्म…” मैंने सहमति में सिर हिलाया।
“अच्छा अब तो नाम बता दो!” वो हँसीं और मैंने देखा उस हँसी में मीना चाची को।
“निकिता…घर में नीटू कहते हैं सब मुझे।” मैं सीधा उनकी आँखों में देख रही थी।
पानी का ग्लास छलक गया उनके हाथ से… वो सम्हलने की कोशिश करतीं उसके पहले ही मैंने मैंने बिना समय गँवाए अगला स्टैप लिया “चाची…” और लिपट गई उनसे।
मनप्रीत कौर आंटी के होंठ काँपने लगे, आँखों की पुतलियाँ ठहर-सी गईं। धरती अस्वभाविक गति से घूमने लगी जिसमें मनप्रीत कौर आंटी हिचकोले खाते हुए जब तक सम्हलती, घूमती हुई धरती भी कुछ पल को थम गई थी। मनप्रीत कौर आंटी पत्थर बनी बैठी थीं। जिस अतीत को वो बहुत पहले पीछे छोड़ आई थीं और मान बैठी थीं कि वो सब भूल चुकी हैं, वही अतीत अपने पूरे वजूद के साथ सामने बैठा था। बहुत देर तक मैं उनसे लिपट कर बैठी रही और वो हिली तक नहीं। फिर उन्होंने मेरे सिर पर हाथ फेरा “कैसे पहचान लिया तूने मुझे?” कहीं दूर कुंए में से आ रही थी वो डूबती हुई आवाज़… जैसे जीवन की आशा छोड़ चुका मनुष्य मृत्यु से संवाद कर रहा हो… “मैं तो तुझे पहचान ही नहीं पाई। कितनी बदल गई है तू…”
“सात साल की थी मैं, जब आपने आखिरी बार देखा था और आज अठ्ठाईस साल की हूँ। बदलूँगी नहीं?” मैं मुस्कुराने की भरसक कोशिश कर रही थी पर न आवाज़ साथ दे पा रही थी और न आँखें…
चाची… हाँ चाची ही कहूँगी अब मैं उन्हें। चाची मुझे एकटक देख रही थीं। कुछ अटका हुआ था उन आँखों में। मुझे वो प्रश्न पढ़ना चाहिए था और उत्तर भी देना चाहिए था। पर मैं चाची को मौका देना चाहती थी वर्तमान में रहकर अतीत में झाँकने का…मैं देखना चाहती थी उस प्रेम की ताकत को…कि वो मनप्रीत कौर के भीतर की मीना को कितना रोक पाता है! कुछ पल और यूँ ही निकल गए। वेटर ऑर्डर लेने के लिए खड़ा था।
“क्या लेगी तू?”
“नींबू पानी”
“टू लेमन सोडा, वन विदआउट आइस”
“ओके मैम” वेटर ने विदा ली। तब तक हम दोनों ही थोड़े से सहज हो चुके थे।
“पी एच डी पूरी हो गई तेरी?”
“बस सबमिट करनी है थीसेस।”
“यहाँ कैसे पहुँची? अचानक या…?” प्रश्नवाचक निगाहों ने बात पूरी कर दी।
“उस दिन स्टेशन पर एक पल को कुछ पहचाना हुआ सा लगा था जब आपने बालों का जूड़ा बांधा था। पर समझ नहीं पाई थी। पिछले दिनों ‘जब वी मैट’ मूवी देखते हुए अचानक ही लगा वो आप ही थीं…”
कुछ नये प्रश्न फिर तैरे उनकी आँखों में। पर उनमें अभी भी मेरा वांछित प्रश्न नहीं था।
“कभी याद नहीं आई हमारी?” न चाहते हुए भी मेरे मुँह से निकल पड़ा।
कुछ पल मुझे अपलक निहारती रहीं फिर संयत हो कर बोलीं “क्या करेगी जानकर?”
“आपको कुछ नहीं जानना?”
“तू बता दे ना जो बताने आई है यहाँ तक…”
“आपको अफसोस होता है कभी?”
“ये पूछने आई है?”
“हाँ…” अचानक ही मेरी आवाज़ में तल्खी आ गई। उनका संयत होना मुझसे सहन नहीं हो रहा था शायद… मैं तो सोच रही थी कि वो रो-रो कर चीटू के बारे में पूछेंगी।
“क्या करेगी जानकर?”
उनका ग़ज़ब का धीरज मुझे अधीर कर रहा था। अब मुझसे रहा नहीं गया “चीटू की याद नहीं आती आपको?” मैंने अपनी तरफ से सीधा वार किया।
पत्थर से चेहरे पर तड़कन के चिन्ह जिस तीव्रता के साथ उभरे उसी तीव्रता के साथ गायब भी हो गए “क्या फर्क पड़ता है इससे?” आवाज़ अभी भी साबुत थी। “तेरी दादी ने मेरा श्राद्ध कर दिया था, अखबार में देखा था मैंने… जिन बच्चों की माँ नहीं रहती वो जी लेते हैं परिवार के सहारे…फिर तेरे और बिल्लो के रहते मैं क्यों चिंता करती।”
मैं अवाक् सी फटी आँखों से उन्हें देखती रह गई। कुछ सूझा ही नहीं बोलने को। चाची सच कह रही थीं। चीटू को घर में लाड़ दुलार की, किसी भी चीज़ की किसी भी तरह से कभी भी कोई कमी नहीं रही थी। शीतल के जन्म के बाद बिल्लो बुआ के प्यार में डूबकर उसने कभी माँ को याद ही नहीं किया था। छठी कक्षा में नवोदय विद्यालय में पढ़ने चला गया था तब वहाँ यही बताया गया कि उसकी माँ अब इस दुनिया में नहीं है। वहीं से उसका एडमिशन आई आई टी में हो गया था और इस तरह उसके सर्कल में कोई नहीं जानता था मीना चाची का किस्सा। चाची का बच्चे को लेकर इतना आश्वस्त होना मुझसे सहन नहीं हो पा रहा था।
लेमन सोडा आ चुका था। उन्होंने बिना बर्फ का खुद लिया और दूसरा मेरे आगे रख दिया।
“तेरे चाचा की शादी हुई दुबारा?” गला साफ करते हुए उन्होंने वो प्रश्न पूछ लिया जिसकी मुझे कतई उम्मीद नहीं थी।
“हाँ…” मैंने सहजता से ही कहा
…
“क्या हुआ?”
“कुछ नहीं…” दो पल बाद ही वो किसी बच्चे की तरह मिन्नत सी करने लगीं…”कैसी है वो? उसके बारे में कुछ बता ना।”
मैं आश्चर्यचकित सी उनकी ओर देखने लगी। मैं जो ढूंढ रही थी, वही भाव उस समय उनकी आँखों में था।
“अच्छी हैं। एक बेटी है उनकी शीतल , वो भी अच्छी है।”
“कोई फोटो दिखा…” कहते हुए कुछ अचकचा गईं।
मोबाइल गैलरी में ढेरों फोटो थे पिछले दिनों के, जब चीटू घर आया था, तब के।
मैंने उसमें से ढूंढकर चाची और शीतल की फोटो उनके सामने कर दी “ये देखो…चीटू घर आया था तब के फोटो हैं।”
उन्होंने बड़ी उहपोह में पड़े एक नज़र डाली फिर कातर दृष्टि से मेरी ओर ताका
“क्या हुआ?” मैंने आश्चर्य व्यक्त किया।
“चाचा नहीं थे तेरे घर में?” आवाज़ में हल्की सी हिचक महसूस कर रही थी मैं।
“आपको चाचा को देखना है?” बरबस ही मेरा मुँह खुला रह गया।
पहली बार उनकी आँखों की कोर भीग गईं।
मैंने चाचा की फोटो उनके सामने कर दी।
मेरे हाथ से मोबाइल लेकर वो चाचा को पास से देखने लगीं। हाथ लगाया फोटो पर तो फोटो ज़ूम हो गई। वो ऐसे घबरा गईं जैसे अचानक उन्हें किसी ने डांट दिया हो। मोबाइल छूटकर टेबल पर पड़ा था और चाची के गालों पर गंगा जमना की धार बह रही थी। मैं कुछ समझ ही नहीं पा रही थी।
जिस चाचा को छोड़ कर वो अपने पुराने प्रेमी के साथ भाग गई थीं, छोटे से बच्चे को छोड़कर, उन चाचा के प्रति ऐसा व्यवहार? ऐसा अनुराग?
“खुश लग रहे हैं…” मुस्कुराने की भरसक कोशिश करते हुए उन्होंने आँसू दुपट्टे से ऐसे सावधानी से पौंछे कि न मेकअप बिगड़े और न ही कोई देख पाए।
“हाँ चाची बहुत अच्छी हैं। शीतल को भी बहुत प्यार करती हैं।” मेरी सुई वहीं माँ-बच्चे के संबंध पर अटकी हुई थी। जबकि चाची कहीं और ही खोई हुई थी।
“एक बात पूछूँ? किसी को कहेगी तो नहीं?” पता नहीं वो मुझ पर इतना भरोसा कैसे कर रही थीं।
“क्या?”
“चाचा कभी मेरी बात करते हैं?” उनकी मासूम सी उम्मीद भरी नज़रें मेरे चेहरे पर गड़ गईं। वही खूबसूरत, गहरी पनीली आँखें…
मैं बेवकूफ की तरह फिर ‘जब वी मैट’ में जा पहुँची… “वो प्रेम में थीं…”
शिवानी जयपुर