कभी-कभी बहस काफी बढ़ जाती और वे ऊँचा बोलने लगते, परन्तु उन्हीं में से कोई बीच में पड़कर इन ‘विशेषज्ञों’ को शाँत करवा देता। फिर वे राजनीति छोड़ आपस में हँसी-मजाक करते हुए एक-दूसरे की टांग-खिंचाई करने लगते। कुल मिलाकर एक घंटे का समय बड़े मजे से बीतता था।
हररोज की भाँति आज भी चर्चा छिड़ी थी, किंतु विषय निजी और थोड़ा अलग हटकर था- ‘किसकी पत्नी कितने साल छोटी है?’ शुरुआत मिश्रा जी ने की थी, जो चार साल बाद रिटायर होने वाले थे। उनकी पत्नी भी बैंक में ही थी और उनसे दो साल छोटी थी। अपने बारे में बताते-बताते वे दूसरों से पूछने लगे-” भट्टी साहब, आपकी बीवी आपसे कितनी छोटी है?”
राजमा-चावल खाते हुए भट्टी साहब बोले-” भाई, मेरी बीवी तो हाउसवाइफ है। उनकी कोई रिटायरमेंट नहीं होनी है। वैसे मुझसे चार साल छोटी है।”
“अरे, आपकी तो हमारे वाली से भी छोटी है।” मिश्रा जी ने प्रसन्नता जाहिर की। अब वे अगले साथी से मुखातिब थे-” भारद्वाज जी, आपका मॉडल कौन-सा है? मेरा मतलब भाभी जी आपसे कितनी छोटी हैं?”
भारद्वाज जी सलाद का टुकड़ा मुँह में डालकर मुस्कुराए -“मेरे वाली तो मुझसे सात साल छोटी है।”
सभी उन्हें आश्चर्य-मिश्रित प्रशंसा और ईर्ष्या से देखने लगे। मिश्रा जी प्रसन्न होकर बोले-” अरे वाह! तभी तो भाभी जी इतनी जवान और खूबसूरत है। इसका राज तो हमें आज ही पता चल रहा है। तुम्हारे तो बड़े मजे हैं।’’
भट्टी साहब हँसते हुए बोले-” मिश्रा जी, लोग यूँ ही थोड़ी कहते हैं, बीवी और मोबाइल जितना लेटेस्ट लो उतना ही फायदा है।”
सभी जोर से हँस पड़े सिवाय अरविंद के। वह सिर्फ दिखावे के लिए ही मुस्कराया था। वास्तव में तो इस मुद्दे पर चर्चा छिड़ते ही वह चिंतित और परेशान हो गया था। मिश्रा जी के स्वभाव से भली-भाँति परिचित था; जब तक एक-एक से नहीं पूछ लेंगे उन्हें चैन नहीं आएगा। उन्हें दूसरों की जिंदगियों में ताक-झाँक करने की एक बुरी आदत थी। उसे मिश्रा जी से चिढ़-सी होने लगी, परंतु उससे पहले गुप्ता जी की बारी आ गई। उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के कहा -“मेरी बीवी तो मुझसे बड़ी है।”
“बड़ी? …….कितनी बड़ी?” भारद्वाज जी ने हैरानी जताते हुए पूछा।
“चार साल।” गुप्ता जी सहज थे।
“चार साल!” सभी ने उन्हें आश्चर्य और हेय दृष्टि से घूरा मानों उन्होंने कोई बैंक घोटाला कर दिया हो।
मिश्रा जी ने मजाक किया- “फिर तो भाभी जी के सामने आप बच्चे हैं!”
बेचारे गुप्ता जी का मुँह उतर गया। वे बहुत साधारण थे। उन्हें कोई बात छुपानी या घुमा-फिराकर बतानी नहीं आती थी।
भारद्वाज जी बोले-” भाभी जी तो आप को गोद में लेकर खेलाती होंगी।”
सभी हँस पड़े।
भट्टी साहब सबसे ज्यादा मुँहफट थे-” अरे, वे तो इन्हें दूध वाली बोतल थमा देती होंगी और गुप्ता जी मजे से पीते हुए सोते रहते होंगे।”
यह सुनते ही एक जोर का ठहाका गूँजा। अरविंद को भी हँसना पड़ा था। हँसते-हँसते उसे खाँसी उठ गई थी। पिछले कई दिनों से वह लगातार खाँसी से परेशान था। कोई भी दवाई जैसे असर ही नहीं कर रही थी, परन्तु इस समय खाँसी से कहीं ज्यादा चिंता दूसरी थी। पत्नी उससे पाँच साल बड़ी थी। जब चार साल के लिए ही वे इतना मजाक उड़ा रहे हैं, फिर उसकी तो जाने कैसी फजीहत कहेंगे! वह व्याकुल, क्षुब्ध और बेचैन हो रहा था। आज तक तो उसने इस राज को छुपाकर रखा था। चाहता तो आज भी साल दो साल छोटी बताकर आराम से बच सकता था। उन्होंने बीवी का बर्थ सर्टिफिकेट थोड़ी देखना था, परंतु परेशानी तो कोई और ही थी। चार महीने बाद पत्नी की रिटायरमेंट होते ही सबको पता चल जाएगा। तब बड़ी होने के साथ-साथ झूठ बोलने के लिए और भी ज्यादा सुनाया जाएगा। इस रहस्य को छुपाए रखने की खातिर उसे बहुत से प्रयास करने पड़े थे, परंतु आज तो जैसे सारी मेहनत पर पानी फिर जाएगा। ऊपर से ये लोग इतने मुँहफट हैं कि न जाने क्या कह बैठें! इनका काम तो बस हँसना, मजाक उडाना और मजे लेना है। किसी के दिल पर क्या गुजरेगी, इन्हें जरा-सी भी परवाह नहीं। दुविधा, घबराहट और तनाव में उसे कुछ भी सूझ नहीं रहा था।
अगली बारी अरविंद की ही थी, परंतु तभी डिब्बा उठाए सुषमा जी उनकी तरफ चली आई और ख़ुशी-ख़ुशी बोली-” आज पूनम मैडम की शादी की सालगिरह है! लो मिठाई खाओ!” सभी ने कलाकंद का एक-एक पीस उठा लिया। खाते-खाते मिश्रा जी उठ खड़े हुए और कैशियर पूनम के कैबिन की तरफ बढ़ चले, जहाँ तीनों महिलाएँ साथ बैठकर लंच करती थी। औरतों से बातें करने का मिश्रा जी को वैसे भी बहुत चाव था। ऐसा मौका भला वे कहाँ छोड़ सकते थे। उनके पीछे-पीछे बाकी भी बधाई देने जा पहुँचे। बीवियों की उम्र की बात अब आई-गई हो गयी थी। सुषमा जी ने किसी देवदूत की भाँति आकर अरविंद को बचा लिया था। बाल-बाल बचने पर उसने राहत की साँस ली।
पत्नी की उम्र को लेकर अरविंद शुरू से ही हीनता ग्रन्थि का शिकार था। शादी के तीन दिन बाद बीवी की उम्र पता चलते ही अरविंद पर जैसे वज्रपात हुआ था। वह चौबीस साल का था और पत्नी उनत्तीस की। दूर-दूर भी अंदेशा न था कि उससे इतना बड़ा धोखा हो सकता है। वह बैंक में नया-नया क्लर्क लगा था और किसी जॉब वाली लड़की से ही शादी करने की इच्छा रखता था। तभी उसके एक रिश्तेदार ने उसके लिए एक जे.बी.टी. टीचर ढूँढ दी थी। लड़की काफी सुंदर थी और उन्हें देखते ही पसंद आ गई। बिचौलिये ने उम्र का कोई जिक्र ही नहीं किया और न ही घरवालों ने पूछा। वह देखने में भी बड़ी नहीं लगती थी, इसलिए सबने उसे हमउम्र ही समझा। उन दिनों रिश्ता तय करते वक्त ज्यादा छानबीन न करके सबकुछ बिचौलिए पर छोड़ दिया जाता था। शादी से पहले लड़का-लड़की के बीच कोई बातचीत भी नहीं होती थी।
शादी के बाद जब अचानक यह राज खुला तो अरविन्द गहरे सदमे में था। वह बेहद परेशान और खिन्न रहने लगा। उसके सभी दोस्तों की पत्नियाँ उनसे उम्र में कई-कई साल छोटी थी और वे बड़े उत्साह से किसी उपलब्धि की भाँति इसका बखान करते थे। वह उन्हें क्या बताए? उसकी तो बड़ी थी और वह भी पूरे पाँच साल! वह खीझ, हताशा और क्रोध से भर जाता। उसने कई दिनों तक पत्नी से बात ही नहीं की। जब-तब घर वालों से लड़ने लगता-‘तुमने बुढ़िया को मेरे पल्ले बाँध दिया है।’ वह इतना दुखी और हताश था कि पत्नी से तलाक लेने की सोचने लगा था, परंतु यह बेहद मुश्किल था। परिवार, समाज और कानून के हजारों झंझट थे, इसलिए चाहकर भी सिर्फ मन मसोसकर रह गया। वह घरवालों, ससुराल, बिचौलिए और खुद अपने आप से बेहद खफा था। तनाव और अवसाद से घिरा रहने लगा था। वह पत्नी को सहज स्वीकार ही नहीं कर पा रहा था और पाँच साल का यह अंतर उनके बीच एक दीवार बनकर खड़ा हो गया था।
दूसरी तरफ पत्नी मीनाक्षी को भी कम आश्चर्य नहीं हुआ था। उसे भी उम्मीद नहीं थी कि पति उससे इतने छोटे होंगे। घरवालों ने सोच-समझकर ही रिश्ता तय किया होगा। वे तीन बहिनें और एक छोटा भाई था। पिताजी किसी प्राइवेट कम्पनी में क्लर्क थे और उनकी कमाई बहुत सीमित थी। लड़कियों को पढ़ाने-लिखाने और शादी लायक पैसे जुटाने में देर हो जाना स्वाभाविक था। मीनाक्षी बहिनों में सबसे छोटी थी, इसलिए उसकी शादी और भी लेट हो गई थी।
धीरे-धीरे वक्त गुजरने लगा। मीनाक्षी ने अपनी समझदारी, सुंदरता, कर्मठता और अच्छे स्वभाव से पति और परिवार का मन मोह लिया। अरविंद को भी समझ आने लगा कि पत्नी से नाहक ही परेशान और नाराज हो रहा था। उस बेचारी का इसमें कोई कसूर ही नहीं था। उसे तो स्वयं उसकी भाँति शादी के बाद ही पता चला था।
अरविन्द ने तो जैसे-तैसे स्वीकार कर लिया था, परंतु दूसरों का क्या करें? अगर उन्हें मालूम पड़ गया तो कहेंगे कि नौकरी और दहेज़ के लालच में इतनी बड़ी उम्र की लडकी से शादी कर ली। और भी तरह-तरह की बातें बनाएंगे। दोनों पति-पत्नी की नौकरी से आस-पड़ोस पहले ही जला-भुना बैठा था। यह राज हाथ लगते ही वे पूरे कस्बे और रिश्तेदारों में उन्हें बदनाम कर देंगे। क्या किया जाए? ….. अंततः बहुत सोच-विचार के बाद तय हुआ कि वे किसी के सामने अपनी सही उम्र जाहिर ही नहीं करेंगे, जब तक कि इसे किसी सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज करना अनिवार्य न हो।
इस तरह तीस साल गुजर गये। पत्नी अब हाई स्कूल की हेडमिस्ट्रेस थी और वह भी डिप्टी मैनेजर के पद पर जा पहुँचा था। पत्नी किसी के सामने अपनी उम्र का जिक्र ही नहीं करती थी, पति की उम्र के साथ तो बिल्कुल भी नहीं। ऐसी चर्चा छिड़ने पर वह विषय बदल देती, अपनी उम्र कम करके बता देती या फिर चुपचाप वहाँ से खिसक लेती। पति के लिए भी यह इतना आसान नहीं था। इस राज को छुपाए रखने की खातिर उसे भी बहुत-से पापड़ बेलने पड़े थे। कई बार ऐसे मौके भी आए जब लगा कि उसका भेद अब खुल ही जाएगा, परंतु तब भी उसने किसी न किसी तरह से संभाल लिया था। शादी के बाद जब पत्नी का ट्रांसफर अपने शहर में हुआ तो उसी के बैंक में सैलरी अकाउंट खुलवाया जाना था। अकाउंट खोलने वाला क्लर्क दूसरा था। फॉर्म में जन्मतिथि पढ़ते ही वह जान जाएगा और तुरंत पूरे स्टाफ में ढिंढोरा पीट देगा; इसलिए अरविंद ने दूसरी ब्रांच में उसका खाता खुलवाया। पत्नी को भी इस हद तक गंभीर होना अजीब लगा, परंतु उसने एक न सुनी। ऐसे ही एक बार वह अपने पड़ोसी एजेंट से बीमा पॉलिसी खरीदने लगा था। जब उसने पति-पत्नी की उम्र लिखने की बात कही तो अरविन्द सकपका गया और उसे फ़िलहाल पैसे न होने का बहाना बनाकर टाल दिया। फिर किसी दूसरे एजेंट से पॉलिसी खरीदी थी। पिछले तीस वर्षों में उसने न जाने कैसी-कैसी कोशिशों और उपायों से इस राज को राज रखा था, परंतु अब रिटायरमेंट होते ही यह भेद खुल जाएगा और वर्षों की मेहनत व्यर्थ चली जाएगी।
अरविंद शाम को घर पहुँचा तो मीनाक्षी डायरी में कुछ लिखती दिखाई दी। उसकी छुट्टी जल्दी हो जाती थी। पति को घर आया देखकर उसने डायरी बंद की और रसोई से पानी का गिलास लेकर आई। पीते-पीते अरविन्द को खाँसी होने लगी। पत्नी नाराज होकर बोली- “कितने दिनों से खाँस रहे हो। कितनी बार कह चुकी हूँ किसी अच्छे डॉक्टर को दिखा लो, लेकिन नहीं ….बस उसी झक्की के ही पीछे ही पड़े रहोगे!”
अरविंद मुस्कुराया- “आते ही हेडमास्टरी शुरू!”
वह सहज होकर बोली -“ज्यादा लंबी खाँसी अच्छी नहीं होती। आप इसका टैस्ट वगैरह भी करवाओ।”
“मालूम है, कल किसी और को दिखा आऊंगा।” फिर अचानक विषय बदलते हुए कहा- “डायरी में क्या लिखा जा रहा है?”
मीनाक्षी प्रसन्न होकर बतलाने लगी- “पार्टी में आने वाले मेहमानों की लिस्ट बना रही हूँ।”
अरविंद सुनते ही परेशान हो उठा। जिसे लेकर दिन-भर मूड खराब रहा था, आते ही उसी से फिर पाला पड़ रहा था।
मीनाक्षी ने पूछा-” आप के लगभग कितने दोस्त हो जाएंगे?”
अरविंद ने उस तरफ कोई ध्यान ही नहीं दिया। वह अपनी ही चिंता में डूब गया। फिर अचानक कहा-” रिटायरमेंट पार्टी जरूरी है क्या?”
मीनाक्षी को हैरानी हुई-” आप कैसी बात कर रहे हैं! सभी करते हैं, फिर मुझे जरूरी क्यों नहीं?”
वह फिर से चुप था। आखिर पत्नी को कैसे समझाए? बैठे-बैठे उसे अचानक कुछ याद आया-” लेकिन तुम्हारी सहेली मनीषा ने तो नहीं की थी!”
“अरे, आपको मालूम तो है उसके देवर की हफ्ता पहले ही डैथ हो गई थी। ऐसे में पार्टी की बात सोची भी नहीं जा सकती थी।’’
” परन्तु बाद में भी तो की जा सकती थी!” वह अपने ऊलजलूल तर्कों से रिटायरमेंट पार्टी को जैसे फिजूल साबित करने पर तुला था।
” ऐसी पार्टियाँ बाद में करने का कोई तुक ही नहीं होता।” मीनाक्षी को पति की बातें अजीब और बेतुकी लगने लगी थी -” अरे, आज अचानक आपको क्या हो गया है? हम पहले ही पार्टी का निर्णय कर चुके हैं। ”
“मैं तो यूँ ही सोच रहा था कि किसलिए पैसा बर्बाद करना? बेकार की ही तो फिजूलखर्ची है।” उसने एक अलग तर्क देकर असली वजह छुपाई।
मीनाक्षी को उसकी बातों पर अब और भी ज्यादा हैरानी हुई। हल्की-सी नाराजगी भी दर्शाई-” अरे, सारी जिंदगी इंसान फिर किसलिए कमाता है? भगवान का शुक्र है कि ठीक-ठाक नौकरी पूरी हो रही है, इससे ज्यादा और क्या चाहिए। हर कोई खुशी-खुशी प्रोग्राम करता ही है, हम नहीं करेंगे तो लोग क्या कहेंगे?”
“हम करेंगे तो भी लोग क्या कहेंगे!” कहना न चाहते हुए भी अनायास ही अरविन्द के मुँह से निकल गया। बाद में अफसोस भी हुआ, परंतु तीर कमान से निकल चुका था।
पत्नी को ताज्जुब हुआ। थोड़ी देर उन्हें घूरती रही। उनके हाव-भाव से कुछ-कुछ वजह समझ आने लगी थी। उसे जैसे धक्का लगा था-“जो कहना चाहते हो साफ-साफ कहो। बात को इधर-उधर मत घुमाओ।”
अरविंद कुछ नहीं बोला, क्योंकि असली वजह बतलाए जाने पर बहस होना लाजिमी था।
अंततः मीनाक्षी ही चिढ़कर बोली-” अगर आप नहीं करना चाहते तो खुलकर कह दो। मैं स्टाफ को मना कर दूँगी। शुरू में ही स्पष्ट कह देना उचित रहता है, क्योंकि वे तो रोज ही मेरी रिटायरमेंट पार्टी का जिक्र छेड़कर बैठ जाते हैं।”
अरविंद के पास सच कहने के आलावा अब दूसरा कोई चारा ही बाक़ी नहीं था-“वास्तव में मुझे तुम्हारी रिटायरमेंट पार्टी से दिक्कत नहीं है, परंतु …” अरविन्द को खाँसी फिर परेशान करने लगी थी। देर तक खाँसता रहा और अंततः बोला-“तुम नहीं समझोगी!”
“मैं खूब समझती हूँ। आपको खुद से पहले मेरा रिटायरमेंट होना परेशान कर रहा है। मुझे बेहद आश्चर्य और दुख है कि इतने सालों बाद भी आपके दिमाग से मेरी उम्र वाली बात नहीं निकली!” जिस बात को कहने से अरविन्द इतनी देर से झिझक और डर रहा था, पत्नी ने बड़ी सहजता से कह दी थी।
मीनाक्षी की हिम्मत देखकर उसे भी जैसे जोश आ गया- “……और तुमने निकाल दी?”
” बिलकुल! ….आप निकालें या न निकालें, आपकी मर्जी!” मीनाक्षी ने उसी अंदाज में जवाब दिया -” शुरू-शुरू में आपकी बातें सुन-सुनकर मैं भी जैसे एक अपराध-बोध से घिर गई थी। मेरा बड़ा होना जैसे आपके साथ कोई ज्यादती लगा था, परंतु इतने वर्षों में समझ भी बढ़ती गई। धीरे-धीरे लगने लगा कि इसमें तो कुछ भी गलत नहीं है। बहुत से लोगों की पत्नियाँ उनसे बड़ी हैं, लेकिन वे आपकी तरह न छुपाते हैं और न ही किसी हीन भावना का शिकार हैं। मजे से जिन्दगी काट रहे हैं। …… फिर जब पुरुष अपने से कम उम्र की स्त्रियों से शादी कर सकते हैं, तो स्त्रियाँ क्यों नहीं? बताओ किस कानून में लिखा है कि पुरुष को ही बड़ा होना चाहिए।”
पत्नी के तर्कों पर उसे हैरानी हुई, परंतु वह हार मानने को तैयार नहीं था-” कानून में ही लिखा है!”
“कौन से कानून में?” मीनाक्षी ने जानना चाहा।
“शादी के लिए लड़की की उम्र अठारह और लड़के की इक्कीस रखी गयी है। बराबर क्यों नहीं की गई?”
सुनकर मीनाक्षी भी सोच में पड़ गई । इस तरफ तो उसने कभी ध्यान ही नहीं दिया था, परंतु अभी भी वह अपनी बात पर दृढ़ थी-” मेरी नजर में यह कानून भी गलत है! एक तरफ तो हम लड़के-लड़कियों की बराबरी का ढोल पीटते नहीं थकते और दूसरी तरफ दोनों में गैर-बराबरी वाले नियमों को अभी भी बरकरार रखे हुए हैं। यह दोहरे मापदंड नहीं चल सकते। कोई भी नियम जो स्त्री-पुरुष के बीच भेदभाव करता है, समाप्त होना ही चाहिए।”
“तुम्हारे कहने से क्या होता है? इन बातों को दुनिया थोड़ी मानती है। वे तो ……”
पति को मीनाक्षी ने बीच में ही टोका-” आप लोगों की बातें छोड़ो और अपनी बताओ! ….. मेरे बड़ी होने से आपको क्या नुकसान हो गया? बड़ी होने का मैंने कौन-सा रौब झाड़ा है? आपकी इज्जत नहीं की है? या पत्नी धर्म नहीं निभाया है? बताइए आप?”
“नहीं, ऐसा तो खैर कभी भी नहीं हुआ।” अरविंद को मानना पड़ा।
पति-पत्नी के बीच बहस लम्बी होती जा रही थी। अंततः मीनाक्षी ने ही इसे समेटने का प्रयास किया- ‘‘ठीक है मैं आज आपकी बात मानकर पार्टी कैंसिल कर देती हूँ, लेकिन क्या तब लोगों को पता नहीं चलेगा कि मैं रिटायर हो चुकी हूँ।”
वह थोड़ी देर शाँत बैठा रहा और फिर धीरे से बोला-” अगर कोशिश की जाए तो शायद पता न भी चले।”
” कैसे?” उसे हैरानी हुई।
” तुम किसी प्राइवेट स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दो। सब समझेंगे कि अभी वहीं जा रही है।” मन ही मन सोचे गए विचार को उसने प्रकट किया।
वह हैरान थी-” आप भी हद करते हैं। किसी को पता न चल जाए सिर्फ इसलिए ही मैं और कई साल प्राइवेट स्कूलों में धक्के खाती रहूँ। ……ऐसी बातें छुपाए नहीं छुपती। मैं बीस किलोमीटर दूर नौकरी करने जाती हूँ, कहीं विदेश में नहीं। आखिर हम कब तक छुपाते रहेंगे?’’
मीनाक्षी की बातें सही थी, लेकिन अरविन्द इन्हें नहीं मान सकता था। पत्नी सिर्फ घर और स्कूल तक ही सीमित थी। बाहरी दुनिया और खासतौर पर पुरुषों के मजाक और कमीनेपन के बारे में उसे कुछ भी मालूम नहीं था। वर्षों की छुपाई गई बात को यूँ अचानक प्रकट कर देने से सब गुड-गोबर हो जाएगा। आज तक तो किसी एक को भी जानकारी नहीं थी और कल रिटायरमेंट पार्टी देकर वे खुद ही पूरी दुनिया में ढिंढोरा पीट देंगे। वह ख्वामखाह अपने आस-पड़ोस, रिश्तेदारों और मित्रों की नजरों में हँसी का पात्र बन जाएगा। ऑफिस में तो खाने के दौरान रोज यही मुद्दा छिड़ा रहेगा। मिश्रा और भट्टी चटखारे ले-लेकर खूब गंदे मजाक करेंगे। इतना ही नहीं वे दोनों तो इतने मुँहफट हैं कि पता नहीं पार्टी में ही मेहमानों के सामने क्या कह बैठें? स्साले खाएँगे भी और बेइज्जती भी करके जाएँगे!
अरविन्द देर तक इस समस्या पर विचार करते हुए हल तलाशने में जुटा रहा। इस बीच पत्नी रसोई से चाय बनाकर ले आई थी। चाय पीने के घंटे भर बाद उसने हिचकिचाते हुए पत्नी से कहा-“तुम कम से कम इतना तो कह देना कि मैंने घुटनों की तकलीफ की वजह से वी. आर. एस. ले ली है….. या फिर सर्टिफिकेट में मेरी डेट ऑफ बर्थ गलत लिखी हुई थी।”
पत्नी को हैरत हुई कि वह अभी भी उसी में ही उलझा था, जबकि वह इस तरफ से कबका ध्यान हटा चुकी थी। नाराज होकर बोली- ” अरे, दुनिया इतनी भी बेवकूफ नहीं है। कहीं न कहीं से पता चल ही जाता है। आप बेकार में ऐसी बातें सोच-सोचकर अपना दिमाग खराब कर रहे हैं और साथ में मेरा भी करना चाहते हैं। इस एक सच को छुपाने के लिए हमें आखिर और कितने झूठ बोलने पड़ेंगे?………आप हिम्मत करके इसे स्वीकार क्यों नहीं कर लेते!”
अरविन्द ने कोई जवाब नहीं दिया। बातचीत स्वतः ही बंद हो गई।
अगले हफ्ते अरविंद सुस्त कदमों से घर के अंदर दाखिल हुआ। चेहरे पर थकान, परेशानी और उदासी की लकीरें खिंची थी। वह अन्यमनस्क-सा चुपचाप आकर सोफे पर बैठ गया। मीनाक्षी एक कोने में कपड़े प्रैस कर रही थी। पति आते ही हमेशा कुछ न कुछ बातचीत जरूर करता था, परन्तु आज उसे यूँ खामोश बैठे देखकर आश्चर्य हुआ। प्रैस का बटन बंद करके वह रसोई से पानी लेकर आई। अपने ही ख्यालों में गुमसुम अरविंद ने पत्नी और पानी की तरफ कोई ध्यान ही नहीं दिया। हाव-भाव से वह किसी बड़ी परेशानी में घिरा दिखाई देता था। चिंतित होकर पूछा- “क्या बात आज आप बड़े चुप-चुप हो? तबीयत तो ठीक है?”
अरविंद ने कोई जवाब नहीं दिया और वह वैसे ही धीर-गंभीर बैठा रहा। आज तक तो ऐसा कभी नहीं हुआ था। बड़ी से बड़ी परेशानी में भी वह हिम्मत नहीं हारता था। मीनाक्षी और भी चिंतित हो उठी। सोफे पर पति के नजदीक बैठते हुए पूछा- ” बैंक में कुछ हुआ है क्या? काफी परेशान लग रहे हो?”
पत्नी की गंभीरता देख अरविंद जैसे खुद से बाहर आया-” नहीं, बैंक में तो कुछ नहीं……कोई और ही समस्या है! तुम्हें नहीं बता सकता। “
मीनाक्षी सुनकर घबरा उठी और बोली-” मुझे क्यों नहीं बता सकते? मेरे और आपके बीच कैसा पर्दा?”
अरविंद थोड़ा सामान्य हुआ-” कैसे कहूँ; बात ही कुछ ऐसी है!……’’ इतना कहकर चुप हो गया, जैसे बताने या न बताने की दुविधा में घिरा हो। मीनाक्षी डरी-सहमी बेसब्री से बतलाए जाने की प्रतीक्षा करती रही। उसे देर तक दुविधा में घिरे देखकर बोली-” देखो, पहेलिययाँ-सी मत बुझाओ। प्लीज जल्दी बोलो! मुझे बहुत टेंशन हो रही है।”
अंततः सोच-विचार करके जैसे बतलाने को राजी हो गया। सबसे पहले उसने पत्नी को आगाह किया- ‘‘तुम इस बारे में किसी से कुछ भी नहीं कहोगी। बच्चों से भी नहीं!” फिर एक दृढ़ निश्चय-सा करके असली मुद्दे पर आया -” तुम्हें तो मालूम ही है कि काफी दिनों से मुझे खाँसी की शिकायत थी। दूसरे डॉक्टर के पास गया तो उसने ब्लड टैस्ट के लिए बोला था।”
“हाँ, मेरे बार-बार कहने के बावजूद भी आपने नहीं करवाया था।”
अरविन्द ने जैसे सुना ही नहीं। वह पत्नी की ओर देखे बिना बोले जा रहा था-” पिछले हफ्ते बैंक में खाँसी करते हुए मेरे मुँह से खून निकला था। स्टाफ ने मुझे ब्लड टैस्ट करवाने की सलाह दी। आदत के मुताबिक मैंने ध्यान ही नहीं दिया। अगले दिन फिर से वही हुआ तो मुझे चिंता हुई। तुम्हें न बतलाकर मैंने ब्लड टैस्ट करवाया था। लैब वालों को कुछ आशंका हुई। उन्होंने फिर से सैंपल लेकर दिल्ली लैब में भेजा। दो दिन बाद कल रिपोर्ट आई……” वह फिर से चुप हो गया, जैसे आगे बतलाने से बचना चाहता हो।
घबराहट में पत्नी का चेहरा सफेद पड़ गया। किसी अनिष्ट की आशंका से डरी हुई पति के चेहरे पर नजरें गड़ाए हुए थी। अरविन्द ने बैग से रिपोर्ट निकालकर उसके सामने रखते हुए धीमी आवाज में कहा-” मुझे लंग कैंसर है!”
मीनाक्षी की आँखों के आगे जैसे अन्धेरा छा गया। पाँव के नीचे से जमींन खिसक गई। यह अप्रत्याशित खबर एक ऐसी सुनामी थी, जिसने एक पल में ही उसका सब कुछ तहस-नहस कर दिया था। लगा अकस्मात कोई आंधी उड़ाकर उसे अपने साथ लिए जा रही हो। इसे सुनने से पहले वह मर क्यों नहीं गई। आँखों से आँसू छलक आए। आहिस्ता-आहिस्ता सुबकने लगी थी।
कुछ देर बाद सहसा कुछ याद आया हो-” आपने रिपोर्ट डॉक्टर को नहीं दिखाई?’’
“अभी वहीं से तो आ रहा हूँ। वे कहते हैं इस बारे में कोई बड़े अस्पताल का डॉक्टर ही कुछ बता सकता है। वैसे लंग कैंसर सबसे खतरनाक होता है। सबसे ज्यादा लोग इसी से……..” उसके होंठ कांपने लगे। रुआंसा होकर आगे कुछ भी नहीं कह पाया।
मीनाक्षी को अपनी बदकिस्मती पर जैसे अब कोई शक-सुबहो बाकी नही रह गया था। जीवन की तमाम खुशियों को ग्रहण लग चुका था। दुनिया के दुःख उसकी झोली में आ गिरे थे। पति की अभी उम्र ही क्या थी! उनके बिना जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकती थी। आने वाले कष्टों और मुसीबतों को याद करके वह फिर से बुक्का फाड़कर रोने लगी थी।
अरविन्द परेशान हो उठा। उसे सहज करने की कोशिश करते हुए बोला-“अरे, तुम इतनी कमजोर क्यों पड़ रही हो? मुझे इतनी जल्दी कुछ भी नहीं होने वाला। धूमधाम से तुम्हारी रिटायरमेंट पार्टी करेंगे।”
मीनाक्षी दुःख के सागर में डूबी थी। वह कुछ भी सुनना नहीं चाहती थी- “अरे, भाड़ में जाए रिटायरमेंट पार्टी! मुझे सिर्फ आप ठीक-ठाक चाहिएँ।”
अरविंद दूसरी तरफ मुँह फेरकर मुस्कुराया। आखिर……
ब्रम्हदत्त शर्मा