मात्र साल भर का अंतर वसुधा और सुपर्णा की हर एक बात में अहंकार का प्रश्न खङा कर देता…… न सुपर्णा को वसुधा छोटा समझती और न सुपर्णा वसुधा को बङी…….. पढ़ाई लिखाई के साथ-साथ दोनों की लङाइयों और नोकझोंक के अध्याय के पन्ने भी पलटे जाते।
नानी ने चैन की साँस ली थी जब अपनी अपनी पढ़ाई के लिए दोनों ही शहर से बाहर अलग-अलग हाॅस्टल में चली गईं…. पढ़ाई पूरी हुई वसुधा की.. संयोग से शहर का ही लड़का वसुधा को ब्याह ले गया…. विदाई के समय सुपर्णा और वसुधा लिपटकर खूब रोईं….. नानी को लगा कि दूर जाने के अहसास ने शायद दोनों के अंदर के मैल को धो दिया है। घंटों फोन पर जब दोनों की बात होती तो नानी का हृदय आश्वस्त होता कि चलो आखिर बहनों का दबा प्रेम अब दिखाई देने लगा है।
सुपर्णा को शहर से बाहर का लड़का ब्याहने आया…. पति ,बच्चे … अपना- अपना परिवार.. इन सब के बीच मेरा पति.. मेरे बच्चे की आत्मकेंद्रित भावना ने स्वाभाविक प्रेम को फिर से न जाने किन पर्तों में सुला दिया और ईगो व अहंकार के सर्प ने दुबारा से सिर उठा लिया….. माँ , मौसी दोनों का मायके आना और कभी हम बच्चों को लेकर कभी पापा और मौसा जी को लेकर दोनों में बहस लङाई का रूप ले लेती…. नानी दुखी होकर कह ही देतीं …”जाओ अपने-अपने घर, मेरे घर की शाँति भंग मत करो” शादीशुदा बेटियों को कहाँ बर्दाश्त होती माँ की बात?
महीने वर्षों में बदले.. वर्ष कई और वर्षों में बदलते गए…. दोनों में से कोई किसी की उपस्थिति में पीहर नहीं आती… बच्चों का आपस में मिलने का तो प्रश्न ही नहीं था… नानी रोती, नाना व्यथित होते.. पर दोनों के अहंकार का तख़्त न ढहता… नानी ने बहुत कोशिश की कि.. चलो बहनें न सही बच्चे ही आपस में मिल लिया करें.. पर ईगो आड़े आ जाता माओं का।
नानी तो अपने दिल में एक साथ बेटियों का सुख भोगने की आस लिए सो गईं सदा के लिए। और नाना ने दोनों को आज तक क्षमा नहीं किया इस बात के लिए।
माँ की आँखों का खालीपन ‘अर्थ’ के जीवन के नवीन अध्याय में रंग किस तरह भरता? झट नाना से पता लिया था और 200 किलोमीटर की दूरी तय कर कार पार्क कर दी थी गाड़ी अर्थ ने और चढ़ता चला गया था सीढ़ियाँ घर की और शायद रिश्तों की भी। बचपन के अर्थ से युवा अर्थ का मिलान करने में समय नहीं लगा मौसी को…. झुक गया था अर्थ मौसी के चरण स्पर्श के लिए। भीग गया था मौसी का हृदय।
माँ… माँ….
अरे कहाँ चला गया था.. सुबह से ढूँढ मची है तेरी..
और अर्थ के पीछे वर्षों बाद सहोदरा को देख हृदय के सभी बाँध ढह गए थे। संबंधों में लगी दीमक मरने लगी थी प्यार के स्प्रे से… …..बंदनवार के फूल महकने लगे थे…
——कविता काव्या ‘सखी’