कहानी पर छवि कहां समाय डॉ.गरिमा संजय दुबे द्वारा

पर छवि कहाँ समाय…….(कहानी)

लेखिका- डॉ. गरिमा संजय दुबे

आज तो सोच ही लिया था उसने “ये किट्टी पार्टी टाइप आयोजनों की रिपोर्टिंग करते करते थक गई हूँ, लाइफ इज़ बिकमिंग हेल यार,ये पेज थ्री को कवर करने को जर्नलिस्ट थोड़ी बनी थी | ठीक है पेंटिंग शौक है मेरा, रंगों से बात करना अच्छा लगता है, लेकिन क्या आर्ट एक्सहिबिशन को ही कवर करती रहूँ, आय नीड सम थ्रिल, इससे अच्छा तो यह हो कि मैं अपना आर्ट स्टूडियों खोल लूँ, कम से कम अपने मन लायक काम तो करूँगी, आज तो बात कर के रहूंगी बॉस से” , सोचते सोचते परा  अपने ऑफिस में दाखिल हुई,  पर्स डेस्क पर लगभग पटकते हुए सीधे बॉस के केबिन में,  60-65 साल के अधेड़ बॉस किसी नक्शे पर झुके हुए थे, उसे आया देख अपने चश्में को सीधा कर, फिर से नक्शे पर झुक गए|
मनीष श्रीवास्तव दोहे — Vcare Language Academy
पर छवि  कहाँ समाय…….

(शीर्षक : रहीम के दोहे से लिया गया, सादर) 

डॉ.  गरिमा संजय दुबे 

आज तो सोच ही लिया था उसने “ये किट्टी पार्टी टाइप आयोजनों की रिपोर्टिंग करते करते थक गई हूँ, लाइफ इज़ बिकमिंग हेल यार,ये पेज थ्री को कवर करने को जर्नलिस्ट थोड़ी बनी थी | ठीक है पेंटिंग शौक है मेरा, रंगों से बात करना अच्छा लगता है, लेकिन क्या आर्ट एक्सहिबिशन को ही कवर करती रहूँ, आय नीड सम थ्रिल, इससे अच्छा तो यह हो कि मैं अपना आर्ट स्टूडियों खोल लूँ, कम से कम अपने मन लायक काम तो करूँगी, आज तो बात कर के रहूंगी बॉस से” , सोचते सोचते परा  अपने ऑफिस में दाखिल हुई,  पर्स डेस्क पर लगभग पटकते हुए सीधे बॉस के केबिन में,  60-65 साल के अधेड़ बॉस किसी नक्शे पर झुके हुए थे, उसे आया देख अपने चश्में को सीधा कर, फिर से नक्शे पर झुक गए|

“मुझे कुछ बात करनी है” , वह बोली |

“कहो”, उन्होंने सिर उठाये बिना कहा |


“मुझे अब यह काम नहीं करना” वह तमतमाई |


“ओ वाओ, मतलब अब इस डेली न्यूज़पेपर को तुमसे आज़ादी मिलने वाली है ,भगवान आज सूरज किधर से निकला इस आफत को तूने हमे बख्शने की अकल दे ही दी” वे नाटकीय भंगिमा बना कर बोले ।

“मैं  सच कह रहीं हूँ इस बार मज़ाक नहीं कर रही”  वह भुनभुनाई ।

“हाँ हाँ मैनें कब कहा कि आप मज़ाक कर रहीं हैं मोहतरमा, दरवाजा उधर है ,जाईए” , वे मुस्कुराते हुए बोले ।

लेकिन जाने के बजाए वह धम्म से सोफे पर बैठ गई, “आय नीड सम चेंज, आप तो  मुझे  जानते हैं ना, कितना एडवेंचर पसंद है मुझे कभी ऐसे बंधी बंधाई नौकरी की बात सोची ही नहीं, लगा था जर्नलिज्म में थ्रिल है, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में चार्म है, टी वी  का अपना नशा है, लेकिन दो साल में बोर हो गई वही घर,वही स्टूडियों, वही राजनीति, मुझे कुछ एक्साइटिंग स्टोरी करनी है, एब्स्ट्रैक्ट,  जिससे मन के दरवाजे खुले” । “क्या है ना बुद्धि के खुले दरवाज़े तो मैं लेकर पैदा हुई हूँ, मन की खिड़कियां भी हैं, झरोखे भी हैं लेकिन कुछ ऐसा करना जानना चाहती हूँ जो रुला दे, जो छीन ले नींद, जो करता रहे पीछा,कुछ ऐसा जो हांटिंग हो” । 

“तो किसी स्पिरिचुअल गुरु के पास चली जाओ, कुंडलिनी जगाओ, अघोरियों के बीच चली जाओ, हिमालय पर या किसी किले की गोथिक स्टोरी कवर कर लो, दुनिया में बड़े रहस्य हैं ढूंढों किसने रोका है”, वे बोले, जानते थे ये लड़की औरों की तरह नहीं है, अपनी चित्रकारी को आगे बढ़ाओ” | 

वह वैसी ही अन्मयस्क सी बैठी खिड़की के बाहर ताकती रही , “नहीं सर उकता गई हूँ , अब तो ब्रश भी हाथ में लेने का मन नहीं करता”| 


“एक ट्रस्ट है उसकी केयर टेकर बनोगी” उन्होंने पूछा | 

“कलाकार हूँ समाजसेवक नहीं, मैं एब्स्ट्रेक्ट की बात कर रही आप मुझे समाजसेवी बना रहें हैं” थोड़े अभिमान से बोली वह | 

वे हँसे “जाओ शादी कर लो किसी ऐसे से जो तुम्हें समझ सके” उन्होंने छेड़ा |

उसने ऐसा मुँह बनाया जैसे किसी ने कुनेन मुँह में डाल दी ,”शादी ,मरना पसंद करूँगी शादी माय फुट, और क्या कहा आपने ऐसे से जो मुझे समझ सके, औरत को कोई मर्द कभी समझ सका है भला, डिअर सर ऐसी शै है औरत जो खुद की समझ में भी आती है या नहीं कौन जाने” ।  

उनके हाथ से कॉफी का मग गिरते गिरते बचा, कान में  वो शब्द गूंजने लगे, बरसो पहले किसी ने यही तो कहा था, वो भी तो एक दोस्त था, वे उठे और परा की तरफ एक टक देखने लगे, उसकी आँखों में वही गहराई, वही चमक  एक साथ दिखी जो बरसों पहले उनके दोस्त की आँखों में देखी थी ,शब्द भी तो वही थे , लेकिन  चला गया एक चमकदार कॅरियर छोड़ कर, और और वह भी तो चित्रकार था, ये लड़की भी चित्रकार है बाते भी उस जैसी करती । वह भी तो अपने आर्टिस्टिक थ्रिल के लिए कहीं भी चला जाता था  । 

ओह !  इतिहास या कोई संजोग या कोई संबंध, क्या कोई चमत्कार  है जो आज इतने बरसो बाद इस लड़की में वह नज़र आ रहा है । 

लेकिन उसने, उसकी कला को तो उसने छोड़ दिया था, वह बड़बड़ाता जा रहा था “मेरी आँखें उसकी आँखों में क्यों नहीं देख पाई,  क्यो नहीं, बस वही बनाना चाहता था, रंगों का ऐसा सेंस, ऐसे स्ट्रोक, ऐसी बारीकी कि देखने वाला दांतो तले उँगलियाँ दबा लेता । उस पर उसका सुदर्शन व्यक्तित्व, खोया हुआ दार्शनिक  अंदाज़ और कला का विषद ज्ञान क्या नहीं था उसके पास  | कला को मिलने वाली पहचान इंसान को जितनी रचनात्मक संतुष्टि देती है, उतनी ही उसकी लत भी लगा देती है  | बोलने की जरूरत उसे कम पड़ती थी, उसका काम बोलता था | वह कहता था “मुझे मेरी रंगों में ही पा सकोगे, मेरी तस्वीरों में ही मिलूंगा मैं”, जैसे एक बार सुचित्रा सेन ने कहा था मुझे मेरे किरदारों में ही पायेंगें, उसके बाहर नहीं, ग्रेटा गार्बो भी तो ऐसी थी, वह भी तो यही कहती थी । यूँ जान बूझ कर रहस्य पैदा करना उसकी फितरत नहीं थी, कुछ स्वभाव ही ऐसा, शायद असाधारण प्रतिभा के साथ कुछ रहस्य अपने आप ही जुड़ जाते हैं । 

ये लड़की इस सेंस में उससे उलट है, शोर करती है ,लेकिन कहीं कहीं  उसके जैसी लग जाती है,  वे अनमने हो उठे। 

“आप सुन रहें हैं, मैं क्या कह रही हूँ “, उन्होंने उड़ती सी नज़र डाली उस पर, और बोल उठे “थ्रिल चाहिए तुम्हें देता हूँ एक थ्रिल, अपनी तिजोरी में से एक कागज़ का टुकड़ा निकाल कर कुछ देखा उन्होंने और कहा एक नाम देता हूँ, केवल एक नाम इस आदमी को ढूंढों, और बनाओ इस पर एक स्टोरी, ढूंढ लाओ इसके मास्टर पीस और इसके गायब होने के कारण “, वे एक रहस्यमयी मुस्कुराहट फेंक उसकी तरफ देखते रहे । 

परा ने कागज़ हाथ में लिया, देखा तो पीले पड़ चुके कागज़ पर  जगह जगह लगी स्याही से एक नाम लिखा था, नाम गौर से देखा तो लिखा था अद्वेत अवस्थी, नाम पढ़ते ही जैसे झुरझुरी सी दौड़ गई रीढ़ में ,ऐसा लगा जैसे यह नाम कहीं सुना हो , दिमाग पर बहुत जोर डाला लेकिन याद नहीं आया , वह झटके से पलटी “कौन है यह अद्वैत अवस्थी” ? 

“वही तो तुम्हें पता करना है कौन है यह अद्वैत” वे फिर मुस्कुराये, “तुम तो परा हो, अद्वैत को तो तुम ही जान सकती हो” वे फिर रहस्यमयी तरीके से मुस्कुराये । 

“लेकिन कुछ तो हिंट दीजिए, कहाँ के हैं क्या करते हैं” । कागज़ देखते हुए वह बोली | 

“लाइब्रेरी में ढूंढों क्या इसका नाम नहीं सुना तुमने, चलो केवल एक हिंट, यह भी चित्रकार था, या है” कहते कहते वे फिर खो गए । 

“ओह वह चौंकी तभी एक आर्ट क्लास में किसी ने यह नाम लिया था, और… और कहा था अचानक कहीं गायब हो गया यह आदमी तीस साल पहले, अपनी सारी पेंटिंग्स भी खत्म कर दी, कहाँ है कोई नहीं जानता, जब गायब हुआ तब 40 का था तो अब 70 का होना चाहिए | 

” ज़िंदा भी है कि आप मुझसे पिंड छुड़ाने के लिए कह रहे हैं, भटकती रहूंगी कहीं इस अद्वैत अवस्थी को ढूंढने” परा ने कहा |  

  “तभी तो कह रहा हूँ, तुम्हें थ्रिल चाहिए था ना तो दिया ना, जाओ ढूंढो, यूँ भी तुम्हें इस ऑफिस की चार दिवारी में कैद करना अब मुश्किल होता जा रहा है”।  

 यह कॉम्प्लिमेंट है या उलाहना?  वह उनकी आँखों में झांकते हुए बोली |

 वे उसकी आँखों में देख एकाएक सिहर उठे,  इन आँखों ने ही तो अद्वैत को पागल कर दिया था,  वे अचकचा उठे “तुम्हारी आँखें अजीब है परा”|  

“…..डर गए आप”, वह खिलखिलाई । 

“आँख से ही तो सब पता चलता है सर, इन्ही से तो भाव पता चलते हैं,  मैं …….मैं चाहती हूँ हर आँख के भाव को पढ़ सकूँ और उसे उकेर सकूँ, लेकिन कमब्ख्त जो भाव फोटो की पकड़ में आ जाते हैं उन्हें केनवास पर नहीं उतार पाती,  उनके हाथ से कॉफी का  मग छलक गया, “नहीं नहीं कभी कोशिश मत करना ऐसा करने की” वे चीख पड़े,  वह अचानक धक रह गई समझ नहीं पाई क्या कह दिया ऐसा उसने,  “जाओ जाओ तुम्हें दिया न प्रोजेक्ट वह पूरा करो, समय जितना तुम चाहो जाओ.. जाओ” वे चीखे | 

  वह हड़बड़ाती सी उनके सामने से हट गई । 

वे सोचने लगे कि “कहीं उनसे गलती तो नहीं हो गई,  कहीं वे इस लड़की को भी तो नहीं खो देंगे,  दूजा ख्याल आया कि कुछ नहीं, कुछ हाथ नहीं लगेगा तो लौट आएगी अपने आप, ” यह सोच वे निश्चिंत हुए |      

लेकिन उन्हें नहीं पता था आज तीस साल बाद एक बार फिर वैसा ही जिद्दी इंसान उनके सामने था, परा के रूप में, जो अपने जुनून के लिए कुछ भी कर सकता है।  

अब जो करना था परा को करना था, अगली सुबह उठी तो तरोताज़ा महसूस कर रही थी। उठते ही मानव को फोन लगाया, “और आदमी कैसे हो”?

 उधर से मानव ने बुरा सा मुँह बनाते हुए कहा कि, “सीधे सीधे नाम नहीं ले सकती, हर बार अजीब नाम से पुकारती हो”| 

“अजीब क्या है इसमें तुम्हारे माँ बाप ने ही तो यह नाम रखा है, अब मानव बोलूँ, इंसान बोलूँ या आदमी क्या फर्क पड़ता है”, उसने चिढ़ाते हुए कहा। 

 मानव झल्लाया “तो बताइये मोहतरमा कहाँ की खाक छाननी है इस बार, “देअर यू आर, तुम मुझे कितना समझते हो”। 

“हाँ तुम्हारी खप्ति टाइप की चीजों के लिए मैं ही तो हूँ, और जब तुम ऐसे उत्साह से बोलती हो तो समझ आ जाता है कि कहीं फिर कोई फितूर उठा है, बताईये”।      

“पहले मिलो फाइन आर्ट्स कॉलेज में, फिर बताती हूँ । मिलते ही सारी बाते एक साँस में बता गई, मानव ने उसकी आँख में आँख डाल कर कहा “तो चलना है उसे ढूंढने, लेकिन कहाँ कोई सिरा तो पकड़ में आये, यूँ तो तुम अकेले ही जा सकती हो लेकिन सोचता हूँ चल ही दूँ, कहीं किसी और ने तुम्हे फँसा लिया तो, वह शरारत से मुस्कुराया। 

“अरे मर गए फँसाने वाले” चलो वह उसे लगभग खींचते हुए अंदर ले गई |

 आज शहर के सबसे पुराने आर्ट्स एंड क्राफ्ट कॉलेज जाना था और लाइब्रेरी भी, उस अजीब से रहस्यमयी इंसान का पता जो लगाना था, शुरुवात तो करनी पड़ेगी ना । कला मंदिर, जिसके बारे में कहा जाता था कि उसका शुभारंभ स्वयं गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर ने किया था, जहाँ देश विदेश के कई महान चित्रकारों ने अपनी कला को नए आयाम दिये थे,  हर कलाकार के चित्र उनके हस्ताक्षर के साथ वहाँ मौजूद थे, अमृता शेर गिल से लेकर हुसैन साहब तक, कब कब कौन कौन यहाँ आया किसने क्या क्या किया सबकी जानकारी एक बड़े रजिस्टर में थी | लेकिन उस बड़े चित्रकार की एक भी पेंटिंग वहाँ नहीं थी, क्यों भला, उस कला मंदिर के ट्रस्टी, घोष बाबू, जो अब 80 बरस के हो गये थे वहीं बैठते थे सेवानिवृत होने के बाद भी, उनके पास गई “दादा इस नाम के बारे में जानना था,  उन्होंने कागज़ लिया और अपने मोटे चश्मे से झांकती आँखों से जब नाम देखा तो पल भर को आँख चमकी और फिर बुझ गई, उन्होंने कहा “कौन है यह”

Author