तुमने कहा था
तुम मुझे रोशनी दोगे
जिसकी कई जोड़ी हाथ होंगे और पांव ही पांव-
पंख लगे पांव…
जो जब भी चाहेगी
जहां चाहेगी
उड़ना
धरती पर रहना
या आकाश और धरती के मध्य
पींगें लेते झूलना
सब कर सकती है वह
वह रोशनी है…
सदियां गुजर गयीं,
मौसम बदल गए
पूंछ कट गयी
सुना कि हम मनुष्य हो गये
उम्र गलियां तय करती रही…
अधरों पर कांपती बुलाक-सी
देहरी से आंगन
आंगन से पिछवाड़े
पशु के पीठ-सी
दद्धारू के थन-सी
तुम रोशनी नहीं दे सके…
तुम रोशनी दे ही नहीं सकते थे
तुम तो अपनी ही कैद में
टिमटिमा रहे जुगनू हो जो अंधेरे में
न स्वयं को रास्ता दिखा पाता है
न औरों के लिए रास्ता हो पाता है
वह तो लुक्का-छिपी खेलता
रोशनी का भ्रम है…
तुमने कहा था
तुम मुझे रोशनी दोगे।