लेकिन क्या अंतिम क्षण में गंगा जल देने वाला भी कोई होगा हमें? कल रात तक आशी जाने कितने सही-ग़लत काम करके, बनाए अपने आशियाने और भौतिक चीजों के मोह-माया के धागों में उलझा हुआ था। न वह सब कुछ छोड़ पुत्र के पास जाने को तैयार था और न पुत्र विदेश से लौटकर आने को तैयार था। लेकिन अब, अब उसके ‘सब कुछ’ छोड़ जाने के बाद पुत्र आएगा और अपने कर्तव्य निभाकर उसके आशियाने को बेच हमेशा के लिए लौट जायेगा। शायद हमारी भी यही नियति होगी; किसी की कम, किसी की ज़्यादा।”
. . . . चिता की अग्नि पूरी तरह से प्रज्वलित हो चुकी थी। आए हुए सभी लोग दूर बैठकर ‘कपाल क्रिया’ की प्रतीक्षा करने लगे। और उसके बाद सभी फिर उसी दुनिया में लौट जाएंगे जहां हर पल लाभ-हानि के तराजू में बटा हुआ है। मन फिर गहरे डूब गया। “…क्या छोड़कर जा रहे हैं हम ? ये भौतिक वस्तुएं जिन्हें संभालने वाले जीते जी हमारे साथ न हुए तो जाने के बाद उनके मन में, कितने दिन रहेंगे हम? और ये हमारा शरीर, इसके अवयव; जिन्हें यहीं आकर इन संस्कारों की अग्नि में नष्ट हो जाना है। और जिसे पूरा करने के लिए कोई अपना होगा भी या नहीं?”
. . . . चिता की अग्नि एकाएक तेजी से प्रज्वलित हो उठी और जाने कैसे, अनायास ही उसकी तपिश मन में कहीं गहरे जा समाई। मस्तिष्क में उठा एक विचार और संकल्प बनकर हृदय में स्थापित हो गया। अग्नि से उठती लपटों में विलीन होते मित्र की अस्थियों के बीच अपनी देहदान की प्रक्रिया को प्रस्तावित करने का एक धुंधला सा संकल्प पत्र, मेरे सामने झिलमिलाने लगा था; जिसे भरने का निश्चय अग्नि की तपिश की तरह प्रखर होने लगा था।
विरेंदर ‘वीर’ मेहता
दिल्ली – 110092.