बिटिया का बायो-डाटा और फोटो उसके पिता ने लड़के की माँ के हाथ में थमा दिया। फोटो को अपने पास रोककर बायो-डाटा उसने पति की ओर बढ़ा दिया। पति ने सरसरी तौर पर उसको पढ़ा और कन्या के पिता से पूछा, ‘‘कुंडली लाए हैं?’’
‘‘हाँ जी, वह तो मैं हर समय ही अपने साथ लिए घूमता हूँ।’’ वह बोला।
‘‘वह भी दे जाइए।’’ उसने कहा।
‘‘सॉरी भाईसाहब!’’ वह बोला, ‘‘उसे मैं देकर नहीं जा सकता। जिन पंडितजी से उसका मिलान कराना हो, या तो उन्हें यहाँ बुला लीजिए या मुझे उनके पास ले चलिए।’’
लड़के के पिता और माता दोनों को उसकी यह बात एकदम अटपटी लगी। वे आश्चर्य से उसका मुँह देखने लगे।