लघुकथा एक असन्तुष्ट से बात, बलराम अग्रवाल द्वारा

एक असन्तुष्ट से बातचीत(लघुकथा)

लेखक - बलराम अग्रवाल

जैसे ही कार उसके नजदीक से गुजरती, भौंकते हुए वह आदतन-सा उसके साथ दौड़ पड़ता।
आखिरकार, एक दिन मैंने कार साइड में रोकी और दरवाजा खोलकर नीचे उतर आया। पूछा, “जाते-आते क्यों भौंकते हो हर बार?”
“तुम पर नहीं, कार पर भौंकता हूँ।” वह बोला।
“क्यों?”
“हम पूँजी के खिलाफ हैं।”
“लेकिन, मैं तो ड्राइवर हूँ, सर्वहारा श्रेणी का आदमी!”
“होगे; कार पूँजी का प्रतीक है और इसमें बैठे आदमी को सर्वहारा नहीं माना जा सकता!”
“अभी कुछ दिन पहले तुम एक बाइक-सवार पर भी भौंकते नजर आए थे?”
अविनाश एस आठल्ये ●●सम्मान निधि●● — Vcare Language Academy
“हमारी नजर में स्कूटी-बाइक भी पूँजी ही हैं!”
“उससे पहले एक साइकिल वाले को भी खूब दौड़ाया था तुमने!”
“मुझ जैसे ग्रासरूट लेवल के शख्स को जो चीजें मुहैया नहीं हैं, वे सब पूँजी की श्रेणी में आती हैं!”
“बकवास मत करो। एक दिन, जब मैं पैदल यहाँ से गुजर रहा था, तुम एकाएक मुझ पर ही झपट पड़े थे, याद है?”
“खूब याद है!”
“उसके बारे में क्या सफाई है?”
“देख रहे हो कि जब से पैदा हुआ हूँ, नंगा घूम रहा हूँ! लिबास वालों पर हमला मेरा मौलिक अधिकार बनता है कि नहीं?”
 
बलराम अग्रवाल
उत्तर प्रदेश के जिला बुलन्दशहर में 26 नवंबर, 1952 को जन्म। शिक्षा : एम. ए., पी-एच. डी. (हिन्दी) अनुवाद में स्नातकोत्तर डिप्लोमा। 
मौलिक कृतियों में 2 कहानी संग्रह, 7 लघुकथा संग्रह, आलोचना की 6 एवं बाल साहित्य की 15 पुस्तकें प्रकाशित। कहानियों व अन्य विधाओं की 35 पुस्तकें संकलित/सम्पादित। अनेक पत्रिकाओं के लघुकथा विशेषांकों का सम्पादन। 1993 से 1995 तक ‘वर्तमान जनगाथा’ का प्रकाशन व सम्पादन।
संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अन्तर्गत सीनियर फैलोशिप। ‘माध्‍यमिक स्‍तर के विद्यार्थियों के लिए स्‍वास्‍थ्‍य साक्षरता और शिक्षा के लिए भारतीय साहित्यिक स्रोतों से हिन्‍दी में अतिरिक्‍त पठन पुस्‍तक के निर्माण’ सम्बन्धी एन. सी. ई. आर. टी. की 2 योजनाओं में सम्पादन-कार्य में सम्बद्धता।
अनेक संस्थाओं से सम्मानित व पुरस्कृत। उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा वर्ष 2023 के लिए ‘डॉ॰ रामकुमार वर्मा बाल नाटक सम्मान’ से विभूषित। 
अनेक लघुकथाओं का विभिन्न हिन्दीतर भाषाओं में अनुवाद। कुछ पर लघु-फिल्म निर्माण भी।

Author