लघुकथा बिना नाल का घोड़ा बलराम अग्रवाल द्वारा

बिना नाल का घोड़ा (लघुकथा)

लेखक बलराम अग्रवाल

उसने देखा कि आफ़िस के लिए तैयार होते-होते वह चारों हाथ-पैरों पर चलने लगा है। तैयार होने के बाद वह घर से बाहर निकला। जैसे ही सड़क पर पहुँचा, घोड़े में तब्दील हो गया। अपने-जैसे ही साधरण कद और काठी वाले चमकदार काले घोड़े में। माँ, पिता, पत्नी और बच्चे—सबको उसने अपनी गरदन से लेकर पीठ तक लदा पाया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, सड़ाक् से एक हंटर उसके पुट्ठे पर पड़ा, ‘‘देर हो चुकी है, दौड़ो…!’’
वह दौड़ने लगा…ठकाठक…ठकाठक…ठकाठक…ठकाठक…।
‘‘तेज़…और तेज़…!’’ ऊपर लदे लोग एक-साथ चिल्लाए।
वह और तेज़ दौड़ा—सरपट।
लेखक -रामकरन सोनी बादल — Vcare Language Academy
कुछ ही देर में उसने पाया कि वह आफिस के सामने पहुँच गया है। खरामा-खरामा पहले वह लिफ्ट तक पहुँचा, लिफ्ट से फ्लोर और फ्लोर से सीट तक। ठीक से सीट पर अभी बैठा भी नहीं था कि पहले-से सवार घरवालों को पीछे धकेलकर बॉस उसकी गरदन पर आ लदा। 
‘‘यह सीट पर बैठकर आराम फरमाने का नहीं, काम से लगने-लिपटने का समय है मूरख! दौड़…।’’ उसके पुट्ठों पर, गरदन पर, कनपटियों पर संटी फटकारता वह चीखा।
उसने तुरंत दौड़ना शुरू कर दिया—इस फाइल से उस फाइल तक, उस फाइल से उस फाइल तक…लगातार…लगातार…और दौड़ता रहा तब तक, जब तक कि अपनी सीट पर ढह न गया पूरी तरह पस्त होकर। एकाएक उसकी मेज़ पर रखे फोन की घंटी घनघनाई—ट्रिंग-ट्रिंग, ट्रिंग-ट्रिंग…ट्रिंग…!
उसकी आँखें खुल गयीं। हाथ बढ़ाकर उसने सिरहाने रखे अलार्म-पीस को बंद कर दिया और सीधा बैठ गया। पैताने पर, सामने उसने माँ को बैठे पाया।
‘‘राम-राम अम्मा!’’ आँखें मलते हुए माँ को उसने सुबह की नमस्ते की, ‘‘पा लागूँ।’’ 
‘‘जीते रहो!’’ माँ ने कहा, ‘‘तुम्हारी कुंडली कल पंडितजी को दिखाई थी। ग्रह-दशा सुधारने के लिए तुम्हें काले घोड़े की नाल से बनी अँगूठी अपने दायें हाथ की अँगुली में पहननी होगी।’’
माँ की बात पर वह कुछ न बोला।
‘‘बाज़ार में बहुत लोग नाल बेचते हैं।’’ माँ आगे बोली, ‘‘लेकिन, उनकी असलियत का कुछ भरोसा नहीं है। बैल-भैंसा किसी के भी पैर की हो सकती हैं।…मैं यह कहने को आई थी कि दो-चार जान-पहचान वालों को बोलकर काला-घोड़ा तलाश करो, ताकि असली नाल मिल सके।’’
‘‘नाल पर अब कौन पैसे खर्च करता है अम्मा!’’ माँ की बात पर वह कातर-स्वर में बुदबुदाया, ‘‘हंटरों और चाबुकों के बल पर अब तो मालिक लोग बिना नाल ठोंके ही घोड़ों को घिसे जा रहे हैं…।’’ यह कहते हुए अपने दोनों पैर चादर से निकालकर उसने माँ के आगे फैला दिए, ‘‘लो… देख लो।’’
 
बलराम अग्रवाल 
नोएडा 

Author