लघुकथा अकेला कब तक लड़ेगा जटायु, बलराम अग्रवाल द्वारा

अकेला कब तक लड़ेगा जटायु(लघुकथा)

लेखक - बलराम अग्रवाल

लगभग चौथे स्टेशन तक कम्पार्टमेंट से सभी यात्रा उतर गये। रह गया मैं और बढ़ती जा रही ठंड के कारण रह-रहकर सिहरती, सहमी आँखों वाली एक लड़की। कम्पार्टमेंट में अनायास उपजे इस एकान्त ने अनेक कल्पनाएँ मेरे मन में भर दीं—काश! पत्नी इन दिनों मायके में रह रही होती… बीमार… अस्पताल में होती… या फिर….। कल्पनाओं के इस उन्माद में अपनी सीट से उठकर मैं उसके समीप जा बैठा।
गाड़ी अगले स्टेशन पर रुकी। एक….दो… तीन नये यात्रियों ने प्रवेश किया, पूरे कम्पार्टमेंट का चक्कर लगाया और एक-एक कर उनमें से दो हमारे सामने वाली बर्थ पर आ टिके।
 
लेखिका -अंजू शर्मा डरना मना है — Vcare Language Academy
‘‘कहाँ जाओगे?’’ गाड़ी चलते ही एक ने पूछा।
‘‘शामली।’’ मैं बोला।
‘‘यह?’’ सभ्यता का अपना लबादा उतारकर दूसरे ने पूछा।
‘‘येयि… यह…।’’ मैं हकलाया।
‘‘मैं पत्नी हूँ इनकी।’’ स्थिति को भाँपकर लड़की बोल उठी। अपनी दायीं बाँह से उसने मेरी बाँह को जकड़ लिया।
‘‘ऐसी की तैसी… तेरी …और तेरे शौहर की।’’ दूसरे ने झड़ाक् से एक झापड़ मुझे मारकर लड़की को पकड़ लिया। 
‘‘बचा लो… बचा लो… यों चुप न बैठो…।’’ मेरी बाँह को कुछ और जकड़कर लड़की भयंकर भय और विषाद से डकरा उठी। दुर्धर्ष नजर आ रहे उन गुण्डों ने बलपूर्वक उसे मेरी बाँह से छुड़ा लिया। मेरे देखते-देखते छटपटाती-चिंघाड़ती उस लड़की को कम्पार्टमेंट में वे दूसरी ओर को ले गए।
‘‘लड़की को छोड़ दो।’’ उधर से अचानक चेतावनी-भरा स्वर आया। यह निश्चय ही उस ओर बैठ गया तीसरा यात्री था।
उस गहन रात को दनादन चीरती जा रही गाड़ी के गर्भ में उसकी चेतावनी के साथ ही हाथापाई और मारपीट प्रारम्भ हो जाने का आभास हुआ। काफी देर तक वह दौर चलता रहा। कई स्टेशन आए और गुजर गए। डिब्बे में अन्ततः नीरवता महसूस कर मैंने पेशाब के बहाने उठने की हिम्मत की। जाकर संडास का दरवाजा खोला—तीसरे का नंगा बदन वहाँ पड़ा था… लहू-लुहान… जगह-जगह फटा चेहरा।
आहट पाकर पलभर को उसकी आँखें खुलीं…नजरें मिलते ही आँखों के पार निकलती आँखें। मर मिटने का तिलभर भी माद्दा तुम अपने अन्दर संजोते तो लड़की बच जाती… और गुन्डे!… कहती, मेरे मुँह पर थूकती…थू-थू करती आँखें। उफ्फ्…।
 
बलराम अग्रवाल 
नोएडा 

Author