नीता सैनी द्वारा लघु कथा मुस्कुराहट वाली चादर

मुस्कुराहट वाली चादर (लघुकथा)

लेखिका नीता सैनी

तू खुश तो है रानो ?”  रानो से उसकी सहेली ने पूछा। 
“हु उँ … ” इतना ही बोल पायी रानो और उसने बिस्कुट की प्लेट सुरेखा की तरफ बढ़ा दी ।  “ले ना, तूने तो चाय के साथ कुछ लिया  ही नहीं।”
रानो,  मैंने जो पूछा तूने उसका सही से जबाब नहीं दिया । बता ना ठीक से , रमेश जी तुझे  प्यार तो करते हैं ना?”
“हाँ , बहुत , बहुत ही ज्यादा ।” रानो ने कहीं खोई हुई सी आवाज में जबाब दिया ।
“चल ठीक है जो हुआ सो हुआ। अब तू सब कुछ भूलकर अपनी नई जिंदगी शुरू कर।” सुरेखा ने रानो को समझाते हुए कहा ।
“किसी को भूलना इतना आसान होता है क्या सुरेखा?” 
प्रेरणा गुप्ता गंतव्य की ओर — Vcare Language Academy
“आसान तो नहीं , लेकिन भूलने का भरम पालना पड़ता है बहन और इसी में सबकी भलाई है।”
हम्म.. एक लंबी सांस ली रानो ने । “इसीलिए तो हर वक़्त चेहरे पर मुस्कुराहट की झूठी चादर ओढ़कर रहती हूँ । वरना उन्हें लगता है कि मुझे पहले वाले कि याद आ रही है और वे उदास हो जाते हैं ।” 
रानो के अंदर का दर्द आंसू बनकर गालों पर लुढ़कने लगा । सुरेखा ने अपने हाथों से उसके आंसू पोंछें और दोनो सहेलियां गले लगकर फफक पड़ी । 
रोते रोते रानो बोली  “वो तो एक ही बार मरा लेकिन मैं तो रोज ही मरती हूँ । तिसपर कुछ लोग पीठ पीछे खुसर-फुसर करते हैं कि इसका क्या गया ? इसको तो नया खसम मिल गया।”
 
नीता सैनी , दिल्ली

Author